Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

विविध दिव्य दर्शन

विविध रूप सर्वात्मा, अन्तर्यामी, घट-घट वासी तथा स्वयं प्रकाशमय भगवान्‌ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी अपने सभी भक्तों तथा शिष्यों को अपने-अपने इष्ट देवों के रूप में दर्शन देते थे--

१. विष्णुके रूप में - जब हम सभी गुरु भाई संन्यासी तथा गृहस्थी आपस में श्री महाप्रभुजी के सम्बन्ध में चर्चा करते थे। तब कोई कहता था कि, "श्री महाप्रभुजी तो साक्षात् नारायण विष्णुभगवान्‌ हैं, वे अपने पक्ष में तर्क प्रस्तुत करते हुए कहते हैं कि हमने बहुत से क्षेत्रों में महाप्रभुजी में ही गुण तथा पूर्ण लक्षणों को विष्णुके रूप में देखा है।"

२. ब्रह्मा के रूप में -- कई भक्त यह मानते हैं कि श्री महाप्रभुजी साक्षात् ब्रह्मा रूप दिखलायी देते हैं। इसका तर्क देते हुए यह कहते थे कि श्री महाप्रभुजी की वाणी में वेद तथा वेदान्त के अमृत को जब हम सुनते हैं, तब हमें साक्षात् यह अनुभव होता है कि चारों वेदों के ज्ञान के ज्ञाता भगवान्‌ स्वयं ब्रह्मा वे ही हैं।

३. शिव के रूप में -- कुछ भक्तों की दृष्टि में श्री महाप्रभुजी साक्षात् परम कल्याण स्वरूप भोले भण्डारी शिव का अवतार हैं। वे कहते हैं, "हमें तो इनमें साक्षात् श्री भगवान्‌ शिव के समस्त लक्षण दिखायी देते हैं। ऐसा परमयोगी न तो हमने देखा है न सुना है। परमयोगी स्वयं अपने पास कुछ न रखकर सब कुछ दूसरों को लुटा देते हैं। यही कारण है कि श्री महाप्रभुजी का कोई भी भक्त तथा शिष्य निर्धन व दु:खी नहीं है। उनके साथ ही भक्तों का धन-धान्य, पुत्र के साथ-साथ ज्ञान तथा योग का अलौकिक सुख प्राप्त है, इसलिए हमारी दृष्टि में तो श्री महाप्रभुजी परम कृपासागर श्री कैलाशपति ही हैं।"

४. राम के रूप में -- कई भक्तों का यह भी मानना है कि श्री महाप्रभुजी तो भगवान्‌ राम के अवतार हैं। एक भक्त ने कहा,"मैं रामायण का नित्य पाठ करता था। मैं भगवान्‌ राम के अतिरिक्त किसी अन्य को नहीं मानता था। लेकिन जब मुझे श्री महाप्रभुजी के दर्शन का अवसर मिला तब मेरे मन में यह विचार उठने लगा कि श्री महाप्रभुजी अंग प्रत्यंग से शीलवन्त, धैर्य और वीरता की साक्षात् मूर्ति, परम दया के सागर, भक्तन हितकारी, भव-भयहारी, भक्तन को अलौकिक आनन्द देने वाले तथा भू-भार हरने के लिए श्री भगवान्‌ दीपनारायण महाप्रभुजी, भगवान्‌ "श्रीराम" ही बन आये हैं। भगवान्‌ राम की ही तरह यह चारों भाई हैं। सभी भाईयों में पे्रम व्यवहार भी बिल्कुल वैसा है। यही नहीं श्री महाप्रभुजी की मनोहर चाल, कृपामय दृष्टि, कोमल अंग, उभरती हुई भृकुटी, अति सुन्दर व सुडौल बदन, सुन्दर वाणी तथा सारगर्भित ज्ञान वाले सभी लक्षणों से तुलना करने पर साक्षात् श्री रामजी ही हैं। हम पतित लोगों को पावन करने के लिए ही श्री राम ने महाप्रभुजी के रूप में अवतार लिया है।"

५. श्री कृष्ण के रूप में -- कोई भक्त यह भी कहता है कि मैं कई वर्षों से भगवान्‌ श्री कृष्ण का अनन्य भक्त हूँ। मैं प्रतिदिन श्री गीताजी का पाठ करता हूँ। मेरे हृदय में तो श्री महाप्रभुजी की भव्य मूर्ति श्री कृष्ण भगवान्‌ के रूप में ही समायी हुई है। हाँ, एक बार इष्ट भगवान्‌ श्रीकृष्ण ने ही मेरे ध्यानावस्था में मुझसे कहा था कि, "खाटू में भगवान्‌ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी मेरा ही अवतार हैं। तुम नि:संकोच आनन्दपूर्वक उनके चरणों में चले जाओ। मैं गीता का ज्ञान वहीं पर सगुण रूप में दे दूँगा।"

इस लीलामय स्मरण को पा करके मैं श्री महाप्रभुजी के पास गया था। गीता का सरल भावार्थ मैंने श्री गुरुदेव के श्रीमुख से सुना था। यही नहीं श्री कृष्ण के रूप में श्री महाप्रभुजी ने अनेक भक्तों को दर्शन भी दिये हें। उनकी समस्त क्रियायें भगवान्‌ श्रीकृष्ण के समान हैं।

यह तो पूर्व प्रसंग में ही एक स्थान पर उद्धृत किया जा चुका है कि श्री महाप्रभुजी ने अपनी माताजी को भी बाल्यावस्था में मनमोहन श्रीकृष्ण के रूप में दर्शन दिये थे। उनके प्रेमी भक्तों का कहना है कि हमारे इष्ट देव श्रीकृष्ण के बिना इतना मनमोहक और कोई दूसरा हो ही नहीं सकता।

६. नाना रूपों में -- कई भक्तों का मत अलग-अलग ही था। किसी की दृष्टि में श्री महाप्रभुजी एक विशिष्ट महर्षि के रूप में अवतरित जान पड़ते। कई भक्त कहते हैं कि महान् वक्ता तथा विद्वान श्री वेदव्यासजी की छवि को ही उस रूप में देखते थे।

कुछ भक्त श्री महाप्रभुजी को आदि शंकराचार्य के प्रतिरूप ही मानते थे।

७. ब्रह्मा को भी बनाने वाले महा ब्रह्मा-- मेरी स्वयं की मान्यता कुछ भिन्न ही है। मेरी आत्मा में अनेक प्रश्र पैदा होते हैं। उनका समाधान मैं श्री महाप्रभुजी के नाम को स्मरण करने मात्र से सदैव हल किया हुआ पाता हूँ। वेद, वेदान्त, उपनिषद्, गीतादि के प्रमाण वाली श्री महाप्रभुजी की अमृत वाणी मेरे मन की शंकाओं को निर्मल बना देती है।

इस लीला के स्मरण के आधार पर मैं श्री महाप्रभुजी को, ब्रह्माजी को भी बनाने वाला सर्वोच्च महाब्रह्मा समझता हूँ। मेरा मन तो रात-दिन श्री महाप्रभुजी के स्मरण में ही मग्र रहता है। इस आनन्द की अनुभूति में भी मैं असमर्थता का अहसास करता हूँ।

इस प्रकार अनेक भक्तों द्वारा कबीरदास, गुरुनानक, ईसा मसीह आदि अनेकों रूपों में श्री महाप्रभुजी को देखा गया है।

आश्रम के बाहर हम सभी गुरु भाई परस्पर अपने प्रेम को प्रकट कर रहे थे, उसी समय श्री महाप्रभुजी ने अपने कमरे से बाहर पधार कर कहा, "तुम लोग परस्पर वाद-विवाद क्यों कर रहे हो, मैं तो सभी में व्याप्त हूँ। मैं सर्व में हूँ, सर्व मुझ में हैं।" यह सुनकर हम सभी उनके मुखकमल को निहारने लगे, क्योंकि श्री महाप्रभुजी की मधुरता में हम सभी मग्न थे।

मधुराति मधुरम महाप्रभु, महामधुरम मूरतिमधुरम
सूरतमधुरम अंगमधुरम रंगमधुरम ढंगमधुरम संगमधुरम
अमृत वाणी है अति मधुरम, आवाज मधुरम दीदार मधुरम
मुकुट मधुरम शीश अति सुन्दर, भाल मधुरम
तिलक अति सुन्दरम नेत्र अति सुन्दर, अमृत -दृष्टि महामधुरम
कर्ण अति सुन्दर नासिका परम सुन्दर, दन्त पंक्ति महासुन्दरम
ओष्ठमधुरम मुस्कान महामधुरम, कण्ठ अति मधुरम
भुजा महाविशालम अति सुन्दर अंगुल्य अंगुठा नखमणि महाप्रकाशितम
हस्तरेखा महाविचित्रम, सीना अति विशालम सुशोभितम
उदर मधुरम गणपत सम, विशाल चरण कमल सुन्दरम
महामधुरम चरण नखमणि महामधुरम परसत महातिमरहणं
आनन्द करणम ध्यान धरम ऋषिसरम परम पावन होत मधुरम
विराजत आसन सुशोभितम, दर्शन अति मधुरम त्रिताप हरणम
सर्वसुख करणम चाल अति मधुरम लटक महामधुरम
सत्संग अति मधुरम ज्ञान गहन गम्भीरम ध्यान धुन मधुरम
पल-पल निरखत मनमोहन हरि अनुपम,
मन-बुद्घि नहीं कर सके ऋणम
गूंगे गूड़ ज्यूं माधवानंद मनमगनम,
स्वासोंस्वास उनकी लगनम
विश्वदीप हरे मम विद्यनम भक्तजनों पर प्रभु अति प्रसन्नम
क्या समझे नर मूढ़ अज्ञान विरला सन्त यह रमज पिछान् नाम महामधुरम, कार्य सब मधुरम।