राजस्थान के बहुत से लोगों ने मुझसे कहा कि, "श्री महाप्रभुजी आपको डराते व धमकाते बहुत हैं जैसे कोई गुनहगार हो। इसका क्या कारण है?"
तब मैंने उनसे कहा कि, "श्री महाप्रभुजी के दरबार में सभी गुनहगार हैं। वहाँ पर कौन अपनी साहूकारी प्रस्तुत कर सकता है।" श्री कबीरदासजी ने एक भजन कहा है--
"गुरुजी, मैंने अवगुण बहुत किये।" सन्त तुलसीदासजी ने भी एक जगह कहा है, "हूँ प्रसिद्घ पातकी प्रभु तू पाप पुञ्जहारी।" इस संदर्भ में सूरदासजी ने कहा है--
"मो सम कौन कुटिल खल कामी" और मैं तो कई जन्मों का अपराधी, पापी, गुनाहगार व कर्मकीट के भार से दबा हुआ हूँ।
इस प्रकार संतों ने अपने प्रभु से विविध प्रकार से अपनी-अपनी कमी बताते हुए विनय की है। तभी तो भक्त भवभंजनहार अपने भक्तों के अवगुणों का नाश करने वाले हैं। अपने भक्तों को सुख और शान्ति प्रदान करते हैं। भक्त के हितार्थ उनके कष्ट स्वयं सह लेते हैं। अत्यन्त दयालु श्री महाप्रभुजी अपने भक्त को कभी भी दु:खी नहीं देखना चाहते हैं। हमेशा सुख ही देते हैं। वे अपने भक्तों का शुभहित ही चाहते हैं। आप लोग भी महाप्रभुजी की अद्भुत लीला से अनभिज्ञ हैं। इसलिए ऐसा कह रहे हैं।
एक बच्चेपर बाप से सौ गुणा ज्यादा प्यार माँ का होता है और एक माँ से सौ गुणा ज्यादा प्यार हरि का व हरि से भी सौ गुणा ज्यादा प्यार परम कृपासागर गुरुदेव का शिष्य रूपी बालक पर होता है जिसको हर कोई व्यक्ति नहीं जान सकता है। हनुमान चालीसा में भी कहा गया है- "कृपा करो गुरुदेव की नाईं।" गुरुदेव के समान कृपालु त्रिलोक में कोई नहीं होता है। इसलिए आप भी गुरुदेव के समान कृपा करें। श्री महाप्रभुजी तो अमृत सागर हैं, उनमें कटुपन व जहर कभी नहीं हो सकता है। प्रभु हमारे लिए कटु हों तो भी वे अत्यन्त मीठे हैं। प्रभु जो कुछ भी कहते व करते हैं उसमें हमारा भला ही भला है। इस संदर्भ में यह भजन सुनो--
भजन (पदराग-योगिया)
सतगुरु खारा है सो मीठा, सतगुरु खारा है सो मीठा।
कुलक्षण कुकर्म छुड़ावे, ऐसा परम दयालु दीठा॥ टेर॥
अवगुण मेटिया ज्ञान सिखाया, सत शब्दों से पीटा।
काम, क्रोध, मद लोभ छुड़ाके, देवे ब्रह्म की निष्ठा॥ १॥
बड़ा भाग्य पुन: पूर्व जाग्या, चरण कमल में लौटा।
सम्मुख दर्शन होय श्याम जी, कर्म नाश भया कीटा॥ २॥
सतगुरु सायब श्री देवपुरीजी, व्यापक है समदृष्टा।
स्वामी दीप शरण पद पाकर, सतगुरु है मम इष्टा॥ ३॥
इस भजन के पश्चात् मैंने इस पर व्याख्या करते हुए गुरु के महत्व को समझाया। उनके अत्यन्त आग्रह पर मैंने उन्हें एक भजन और सुनाया--
भजन
हाँ फकीरी साधु, निर्भय घूरे रे निशाण।
श्रुति स्मृति ज्ञाता, ऐसा है चतुर सुजान॥ १॥
योग युक्त अनुकूल सब जाने, अष्टा अंग परवान।
अगम निगम सारी पहुँचाने, सब मेटी खेंचा तान॥ २॥
भक्ति विमल निर्गुण अविनाशी, करणी परे रहमान।
डींगे न डोले यथार्थ बोले, ज्यूं मीठा महराण॥ ३॥
कृपा ज्यां परहै करड़ाई, यह उनकी पहुँचान।
समदृष्टि शीतल सुखदाई, गरवा गोविन्द जाण॥ ४॥
सतगुरु सायब श्री देवपुरीजी, निरबन्धन भगवान्।
श्री स्वामी दीप शरण सतगुरु की, चरण कमल कुर्बान॥ ५॥
इन भजनों को सुनकर भक्तजनों ने मुझसे कहा "श्री महाप्रभुजी आपको मारते-पीटते भी हैं। इसका क्या कारण हैं? हमें समझाइये।"
तब मैंने उनसे कहा, "देखो! संसार माता-पिता तथा गुरु अपने बालक के अवगुणों को निकालने व सदगुण सिखाने के लिए समय-समय पर उन्हें डराते धमकाते रहते हैं यह उनको पूर्ण अधिकार भी है। फिर भी बालक जब अपने अवगुणों को छोड़ नहीं पाता तब भला सतगुरु को तो अपने भक्त को जीव से शिव एवं नर से नारायण बनाने के लिए सब प्रयास करने पड़ते हैं।"
जीव को अनादि काल के पाप कर्मों को निकालने के लिए ही सतगुरु कठोर उपाय करते हैं। स्वर्ण में भी कान्ति उसको तपाने पर आती है वैसे ही चाँदी, ताँबा, लोहा आदि सभी धातुओं को तपाकर पीटे बिना कीमती व सुन्दर वस्तुएँ नहीं बन सकती। लकड़ी को काटे-पीटे बिना कोई सुन्दर कीमती फर्नीचर नहीं बन सकता है। मिट्टी को भी पटक-पटककर पीटे बिना व तपाये बिना अच्छा बर्तन नहीं बन सकता है।
जैसे सोने-चाँदी के आभूषण बनाना सुनार ही जानता है, लोहे के औजार बनाना लोहार ही जानता है, लकड़ी के फर्नीचर आदि कीमती सामान बनाना मिस्त्री (सुथार) ही जानता है तथा मिट्टी के बर्तन बनाना कुम्हार (प्रजापति) ही जानता है उसी प्रकार जीव से शिव अर्थात नर से नारायण बनाना भी सिर्फ सच्चे सतगुरु ही जानते हैं जो कि मन-बुद्घि से परे हैं।
यहाँ तक कि पशु भी मारे-पीटे बिना सुधरते नहीं है और भोजन भी अग्रि पर तपाये बिना तैयार नहीं होता। इसके अलावा भी उसको अच्छी तरह से चबाये बिना गुणकारी रस नहीं बनता। हमें भी हंसते-हंसते सभी ताड़ना सहन करनी चाहिए। वर्तमान के बच्चेमाता-पिता व गुरु के दबाव को सहन नहीं कर पाते जिससे कि उनमें अविद्या व आसुरी प्रवृति को पनपते देखा जा सकता है तथा वे दर-दर की ठोकरें खाते फिरते रहते हैं। यह उत्तर सुनकर उन लोगों ने मुझसे पुन: प्रश्र पूछा, "आप सब ठीक ही कहते हैं। आपको श्री महाप्रभुजी के पास जाने पर ही पता चलेगा कि असलियत क्या है?" कुछ गुरु भाई तो मुझसे द्वेष-भाव रखते थे। वे मन ही मन अत्यन्त प्रसन्न हो रहे थे और कुछ गुरु भाईयों का व्यंग्य तो जले पर नमक छिड़कने के बराबर हो रहा था।
इस वातावरण ने मुझे भी चिन्ता में डाल दिया। इतने पर भी मेरा दिल बार-बार पूर्ण विश्वास के साथ कह रहा था कि, "चाहे सूर्य अन्धकारमय हो जाये, चाहे चन्द्रमा आग बरसाने लगे, चाहे सागर व हिमालय अपनी मर्यादा त्याग दे, किन्तु मेरे प्राणनाथ मनमोहन श्री महाप्रभुजी अपने परम दया के स्वभाव को कभी नहीं छोड़ सकते हैं।"
इतने पर भी मैं अन्य लोगों के कहने से चिन्ता व भय से ग्रस्त, श्री महाप्रभुजी के पास आश्रम (खाटू) पहुँचा। मैंने श्री महाप्रभुजी को चरण-स्पर्श व दण्डवत प्रणाम किया तब उन्होंने मुझे अमृत मयी दृष्टि से देखा। श्री महाप्रभुजी ने अपने दोनों हस्तकमल मेरे सिर पर रखकर मुझे आशीर्वाद दिया। मैं धन्य-धन्य हो गया।
तब उन्होंने मुझसे पूछा, "हे माधव ! तुम इतने भयभीत क्यों हो? मेरे पास तो आने के बाद सर्वत्र आनन्द ही आनन्द है। इस भय का मिथ्या तूफान तुमने कैसे खड़ा कर दिया? यहाँ पर तो अभय आनन्द ही व्याप्त है, जिस प्रकार सूर्य के निकट सभी धातु पिघलकर नष्ट हो जाते हैं ठीक उसी प्रकार ही गुरु-कृपा से समस्त दोष जलकर नष्ट हो जाते हैं। अत: हे माधव! अब तुझे चिन्ताओं से मुक्त ही रहना है। इतना कहकर श्री महाप्रभुजी ने एक भजन सुनाया जो इस प्रकार है-
भजन
सजन तुम्हें माफी रे मजा करना।
मजा करना सतगुरु साहेब की शरणां ॥ टेर॥
अगर तू है मेरा तो रहूंगा तेरा, तन की पनैया सिलानी होगी।
फिर क्या मुश्किल रे भवसागर तिरणा॥ १॥
मैं बेचूंगा जब बिकना होगा, फिर मैं तेरा बेचा बिक जाऊंगा।
अगर तुझे विश्वास नहीं तो, वेद सन्त वरणा ॥ २॥
मेरी मेहरम को कोई नहीं जानता, जीव आदि-अनादि अज्ञानता।
अगर तू है मेरा बन्दा, तो क्यूं किसी से डरना ॥ ३॥
हुक्म वही है हुजूर का बनो, मेरे कदम की खाक सार।
स्वामी दीप कहे सुण रे बालक, अजर-अमर होय फिरना ॥ ४॥
यह भजन सुनते समय मेरे हृदय में अनोखा आनन्द छा गया। मैं रोमांचित व प्रसन्न हो श्री महाप्रभुजी के पावन चरणों में गिर पड़ा। वह घड़ी और वह दिन अब भी मुझे याद आता है तो मैं आनन्द-विभोर हो जाता हूँ। मैं अपने जीवन के उस क्षण के अमृत आनन्द को कभी भी नहीं भूल पाता हूँ।
दोहा- मेरे मन की पादुका कर, धारण करो चरणा।
ऐसी मेहर करो दाता, मिट जावे सब फिरना॥
जब मेरे मन रूपी आपकी पादुकाएं हों और आप उन्हें चरणों में धारण कर लेंगे तो मेरा मन कहाँ जा सकता है? हमेशा अविचल आनन्द ही रहेगा।