Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

महासमाधि से पहले सूचना

मार्च सन् १९६३ को साबरमती आश्रम में श्री महाप्रभुजी का मुझे एक कृपापत्र मिला जिसमें एक खादी का चद्दर लेकर मुझे अपने पास जल्दी ही बुलवाया था। इस पत्र के समाचार ने मुझे आश्चर्य में डाल दिया क्योंकि श्री महाप्रभुजी ने कभी भी किसी चीज के लिए नहीं कहा था। मैं सोचने लगा कि श्री महाप्रभुजी ने आज खादी की चद्दर मंगवाने की कृपा मुझ पर कैसे की।

यह सोचकर मैं अपने भक्त डा. एन. डी. भट्ट के पास गया। उनसे मिलने के पश्चात् मैंने उनको, श्री महाप्रभुजी का कृपा पत्र भी दिखलाया। उस पत्र को डॉक्टर ने हृदय से लगाकर मुझसे कहा, "यह खादी की चद्दर की सेवा तो मुझे ही करने का सौभाग्य होना चाहिए।" तब मैंने उनसे कहा, "जैसी आपकी इच्छा।"

उसी समय डॉ. भट्ट ने एक उत्तम किस्म की खादी का थान मंगवा लिया और मेरे साथ खाटू चलने के लिए तैयार हो गये। इसके पश्चात हम दोनों श्री महाप्रभुजी के चरणों में खाटू पहुँचे। श्री महाप्रभुजी को साष्टांग प्रणाम कर हम दोनों ने उस खादी की चद्दर को भेंट कर श्री महाप्रभुजी के पास ही उनकी आज्ञा पाकर बैठ गये।

श्री महाप्रभुजी ने उस खादी की चद्दर को स्वीकार करने की अनुकम्पा की और कहा, "तुम दोनों ने बहुत ही अच्छा किया है, जो यहाँ आ गये।"

उसी दिन फाल्गुन शुक्ला पूर्णिमा की शुभ बेला में होली का पर्व था। श्री सतगुरु पूजा के बाद श्री महाप्रभुजी ने हमें पास बिठाया अति उत्तम एवं अमूल्य उपदेश दिये।

दूसरे दिन प्रात:काल ८ बजे श्री महाप्रभुजी ने हमें अपने कमरे में बुलाया, उनकी आज्ञा पाकर हम उनके पास सेवा में हाजिर हुए श्री महाप्रभुजी हमसे कहने लगे, "माधवानन्द, आज से दस माह पश्चात् पौष कृष्णा चतुर्थी के दिन तद्नुसार ५ दिसम्बर, १९६३ को इस संसार रूपी सराय को छोड़ दूँगा। यदि कुछ इच्छा हो तो कहो, कुछ माँगना हो तो माँग सकते हो, बाद में तुम यह मत कहना कि परमधाम जाने से पहले हमसे कुछ भी नहीं कहा या कुछ भी नहीं दिया।"

तब मैंने हाथ जोड़कर यही प्रार्थना की कि, "हे प्रभु ! बहुत वर्षों से मेरी यही इच्छा है कि आपके सुयशमय पवित्र लीला-अमृत को छपवाने की आप आज्ञा प्रदान करें।" तब परम-कृपा के सागर ने मेरी तरफ अमृत मय दृष्टि से देखकर मधुर मुस्कराहट के साथ कहा- "तथास्तु"।

यह शब्द सुनते ही मुझे अति हर्ष एवं अवर्णनीय आनन्द प्राप्त हुआ। मानो, निर्धन को अपार धनराशि प्राप्त हो गयी हो। फिर श्री महाप्रभुजी ने अपने परमधाम पधारने की बात बताई। श्री गुरुदेव की इस बात पर मैंने अज्ञानतावश ध्यान नहीं दिया। श्री महाप्रभुजी ने मुझे दो-चार बार यह कहा था किन्तु मैं कुछ भी नहीं बोला। मैंने तो केवल इतना ही उनसे निवेदन किया था कि, "हे प्रभुजी ! आपकी मनोहर मूर्ति सदा इस दुनियाँ में अखण्ड रहे।"

"हम भक्तगण मनोहर सुगुण स्वरूप के चरण-कमलों को निरखकर ब्रह्मानन्द, परम आनन्द प्राप्त करते रहें। आपके द्वारा हजारों भक्तों का उद्घार होगा। आपसे अनेक दु:खी जीव दु:खों से छुटकारा पायेंगे। विश्व का परम सौभाग्य है जो आप जैसे ईश्वरीय विभूति ने विश्वहितार्थ अवतार लिया है।

हे महाप्रभुजी! आप अनाथों के भी नाथ हैं।" इतना कहते-कहते मेरा हृदय भर आया, नेत्रों में अश्रुधारा बहने लगी तथा कण्ठ अवरुद्घ हो गया। इससे आगे मैं कुछ भी नहीं बोल पाया। मैं श्री महाप्रभु जी के चरणों में गिर पड़ा। तब उन्होंने मेरे सिर पर अपना हस्तकमल रखा और कहा कि, "बेटा ! मेरे सत्य-स्वरूप की ज्योति अखण्ड है वह तेरे साथ है। वह ज्योति सर्वत्र रक्षा करेगी तथा मेरा तुझ पर अखण्ड पहरा रहेगा।"

"तू जो कुछ भी चाहेगा वही मैं पूर्ण करूंगा। लेकिन अज्ञानतावश तू मेरे ब्रह्मालीन होने की बात सत्य नहीं मान रहा है। मैं सच कहता हूँ मेरी बात पर विश्वास करो माधव, अब मैं अवश्य ही चला जाऊंगा।"

मैंने श्री महाप्रभुजी के कथन की सुनी-अनुसनी करते हुए उनके दीर्घायु होने की प्रार्थना करता रहा। उन्होंने मुझे एक-दो बार आज्ञा प्रदान की, परन्तु मैं उनका पालन नहीं कर पाया। आज भी जब मैं उस अन्तिम आज्ञा का स्मरण करता हूँ, तो पछताकर के दु:खी होता हूँ। कुछ समय पश्चात् मैं और डॉ. भट्ट पुन: अहमदाबाद लौट गये। जब कभी परस्पर हम दोनों मिलते थे, तब होली का वह त्यौहार व महाप्रभु की याद आती है तथा वे लीलामय वचन वह घटना भी याद आ जाती है और अन्तिम दर्शन हमारे सामने प्रत्यक्ष हो जाता है।

मैं तो सदैव यही आशा करता था कि श्री महाप्रभुजी की मनोहर मूर्ति को देखते-देखते मैं उनकी चरण-रज में समा जाऊंगा। प्राणनाथ श्री महाप्रभुजी के समाधिस्थ होने की खबर मैं अपने कानों से नहीं सुनना चाहता था, पर भविष्य के पेट में कुछ उल्टा ही था।

कुछ समय पश्चात् राजस्थान के सेवकों के आग्रह से मैं राजस्थान आया। यहाँ पर मैं राणी गाँव (जिला पाली) की पहाड़ी पर निर्मित श्री धर्मनारायणजी भूतपूर्व दीवान (जोधपुर राज्य) के पहाड़ी किले पर ठहरा। श्री वी.एन. काक जयपुर वाले की देखरेख में मेरे लिए प्रबन्ध किया गया था। वहाँ पर सत्संग में आसपास के ग्रामीण लोग प्रतिदिन आते रहते थे। उन दिनों श्री महाप्रभुजी श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम पर ही विराजते थे।

ऐसे तो परम कृपानाथ भगवान्‌ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी ने सभी भक्तों को दो वर्ष पूर्व ही कहना प्रारम्भ कर दिया था कि, "मैं अब इस संसार रूपी सराय को छोड़ दूंगा।" श्री गुरुदेव की इस बात पर किसी ने विश्वास नहीं किया था। कारण यह था कि कोई भी भक्त यह कल्पना भी नहीं कर सकता था कि श्री महाप्रभुजी हमें छोड़ जायेंगे।

एक वर्ष पहले पुन: सभी भक्तों को महासमाधि के सम्बन्ध में श्री महाप्रभुजी ने संकेत दिया था किन्तु उन पर भी किसी भक्त ने ध्यान नहीं दिया। छ: महीने पहले फिर श्री महाप्रभुजी ने हम सबको कहा था, "तुम लोग मानते ही नहीं हो परन्तु यह सच है कि मैं अब शीघ्र ही तुम से बिछुड़ जाऊंगा।" यही नहीं परमधाम पधारने के दो महीने पूर्व आपने भक्तजनों को बुलाकर अपने समाधि स्थल को बताते हुए श्रीमहाप्रभुजी ने कहा कि, "इस जगह मेरी समाधि बनाना।"

श्री महाप्रभुजी ने १५ दिन पहले ही फिर सभी भक्तों को पत्र एवं तार द्वारा अपने समाधिस्थ होने की सूचना भेज दी थी।

उस समय गाँव खाटू के ठाकुर साहब तथा माँजीसा जोधपुर गये हुए थे। श्री महाप्रभुजी ने महासमाधि लेने से दो दिन पूर्व एक आदमी को भेजकर वहाँ से अचानक ही खाटू बुला लिया था।

वहाँ पर हजारों भक्त दर्शनार्थ आये थे तथा और भी आ रहे थे। श्री महाप्रभुजी उनको विविध प्रकार से परम हितकारी उपदेश देते थे। हजारों भक्तगण उस समय श्री महाप्रभुजी की सेवा में उपस्थित थे। वैद्य आशारामजी ने नम्र निवेदन किया, "हे महाप्रभुजी ! मैं आज ही अपनी नौकरी पर जाना चाहता हूँ। आप मुझे आज्ञा प्रदान कीजिये।" तब श्री महाप्रभुजी ने उसे कहा कि, "आशाराम! मैं कल चला जाऊंगा तुम यहीं पर ठहरो। कल मुझे पहुँचाकर चले जाना।"

आशाराम को विश्वास नहीं हो रहा था कि श्री महाप्रभुजी कल वास्तव में ही चले जायेंगे। सभी भक्त यही सोच रहे थे कि परम कृपासागर श्री महाप्रभुजी बहुत प्रसन्न चित्त तथा आनन्द में हैं, वे कहीं नहीं जायेंगे। यह तो केवल लीला मात्र दिखा रहे हैं। ऐसा सोचकर श्री आशारामजी नौकरी पर चले गये।

दिनांक ५ दिसम्बर, १९६३ को सबेरे चार बजे मैं मानसिक ध्यान में आसन पर बैठा और श्री महाप्रभुजी के दर्शन कर दण्डवत प्रणाम कर प्रभु के पावन चरणों को मैंने हृदय से लगाया, सिर पर लगाया। श्री महाप्रभुजी ने अपना वृहद हस्तकमल मेरे सिर पर रखा और मधुर मुस्कराते हुए कहा, "मुझे आज सत्यलोक जाना है। देखो तुम्हारे पीछे, यह चार दूत मुझे लेने के लिए आये हैं। तब मैंने पीछे मुड़कर देखा तो चार विष्णुजैसे दिखाई दिये, उन्होंने श्री महाप्रभुजी की सात परिक्रमा करके दण्डवत प्रणाम किया तथा हाथ जोड़कर श्री महाप्रभुजी से कहा, "प्रभु सर्वलोकों में आपके स्वागत की सुन्दर तैयारियाँ हो गयी हैं, सभी लोकों में उत्सव मनाये जा रहे हैं।

आपके दर्शन की राह देख रहे हैं। वैकुण्ठ में तो नारदजी नाच रहे हैं। अब प्रभु जल्दी प्रस्थान करें, देर न करें।" तब मैंने मन में सोचा कि विष्णुतो एक है और ये चार कहाँ से आ गये? तब अनतर्यामी श्री महाप्रभुजी ने कहा "यह विष्णुनहीं है, विष्णुके पार्षद हैं। विष्णुलोक में रहने वाले सभी विष्णुके समान ही लगते है, शिव लोक में शिव के समान, ब्रह्मालोक में ब्रह्मा के समान, इन्द्र लोक में इन्द्र के समान तथा देवलोक में देव समान लगते हैं। सर्वलोक वहाँ के अधिपति के समान होते हैं।"

इतने में करोड़ों सूर्य के समान अति प्रकाशमान दिव्य सिंहासन आया जिसमें हीरे, माणक, मोती आदि सुशोभित हो रहे थे। श्री महाप्रभुजी, जैसे अपने स्वदेश जाने की तैयारी में हो, वैसे ही उस सिंहासन में पार्षदों सहित विराजमान हो गये। फिर वह सिंहासन वहाँ से ऊपर की और अन्तरिक्ष में तेजी से चलता हुआ दिखाई दिया।

गन्धर्व गान कर रहे थे। चारों वेद, ष्टशास्त्र, श्रुति, स्मृति, छन्द इत्यादि अनेक प्रकार से श्री महाप्रभुजी की महिमा गा रहे थे। पंच तत्व अपना विविध रंगों में अपना नृत्य प्रदर्शन कर रहे थे।

फिर देवलोक आया। वहाँ विभिन्न प्रकार के नाच-गानों के साथ स्वागत हुआ। वहाँ से फिर इन्द्रलोक, वहाँ कुछ अनूठा ही स्वागत दृश्य देखा। देवराज इन्द्र तथा धर्मराज आदि श्री महाप्रभुजी के दर्शन के लिए पूजा सामग्री लेकर उपस्थित थे।

विष्णुलोक में तो स्वागत का कहना ही क्या, स्वयं लक्ष्मी का ही इन्तजाम था सो नाना प्रकार के सजावट, नृत्य-गान अनूठा ही था। शिव लोक में तो कुछ और ही स्वागत की तैयारी थी, स्वागत में शिव-पार्वती का ताण्डव नृत्य भी हुआ। इस प्रकार सर्वलोकों में नई-नई रचनाएं देखते हुए सत्य लोक पहुँचे। वहाँ पर अनन्त सूर्यों के समान, चन्द्र सूर्य के बिना, निर्मल प्रकाश था।

अमृत की वर्षा के समान आनन्द था। सर्दी-गर्मी, सुख-दु:ख का आभास ही नहीं था। महाप्रकाशमान बहुत-सी ज्योतियाँ श्री महाप्रभुजी की परिक्रमा दे रही थी एवं केवल एक ही मधुर आवाज आ रही थी- "ॐ सत्य ब्रह्म श्री दीप परिपूर्ण नारायण नम:" सर्वलोकों में भी यही आवाज सुनायी देती थी। मुझे मेरे शरीर का कोई भान नहीं था केवल साक्षी रूप से यह दृश्य ध्यान अवस्था में देख रहा था।

इतने में मेरे ध्यान का दृश्य मिट गया। मैं पूजा-कक्ष में ही बैठा पाया। मैंने सोचा कि सात्विक सत्य साधना से साधक को कई प्रकार के दिव्य दर्शन होते रहते हैं, मगर आज का दृश्य तो कुछ और ही था। उस दिन बार-बार यही दृश्य स्मरण होता रहा था।

उस दिन श्री महाप्रभुजी बहुत प्रसन्नचित्त तथा बड़े आनन्द से आश्रम में विराजमान थे। वे ऐसे लग रहे जैसे कोई महान् वीर पुरुष अपने शत्रुओं को जीत कर एवं विश्व को अपने अधिकार में लेने पर जिस प्रसन्नता से आनन्द-विभोर होकर स्वदेश लौटने की तैयारी कर रहा हो। आपके चेहरे पर आज अनूठा ही तेज बरस रहा था।

श्री महाप्रभुजी अपनी मधुर मुस्कराहट के साथ सबका मन जीत रहे थे। आप १३५ वर्ष की आयु प्राप्त करने पर भी एक नौजवान की भाँति स्फूर्ति-युक्त व शक्तिशाली दिखलायी दे रहे थे।

पौष कृष्ण चतुर्थी तदनुसार ५ दिसम्बर, १९६३, बुधवार को प्रात:काल बहुत ही आनन्दपूर्वक सत्संग का आयोजन किया गया। सबको प्रभु ने अपने पावन हाथों से आज भोजन कराया उस समय अति आनंद एवं ज्ञानामृत बरसता रहा। उस महाआनन्द का वर्णन करने की शक्ति मेरी इस लेखनी में नहीं है।

"ॐ नमो श्री प्रभु दीपनारायणाय।" इस महामन्त्र की धुन भी कीर्तन के मध्य सुनाई दे रही थी। शाम को पाँच बजने में दस मिनट ही शेष रहे थे तभी श्री महाप्रभुजी ने सभी भक्तगणों को अपनी इच्छानुसार वर माँगने हेतु कहा था।

उस समय प्रेम-विह्वल भक्तों में से किसी के भी मुँह में कोई शब्द नहीं निकला। सभी भक्तों ने एक ही स्वर में यही कहा था "हे महाप्रभुजी! क्या हम सबको आप अनाथ कर रहे हैं?" इस पर श्री महाप्रभुजी ने उन सबको शुभाशीश के रूप में कहा "आप सभी सदैव सनाथ हैं। मैं सदैव आप लोगों के साथ हूँ।"

"मेरी आत्मा अखण्ड, अजर व अमर है। मानवदेह ही पंच महाभूत हैं। अत: इस देह को तो जाना ही होगा। ईश्वर का यही कानून है कि इस संसार रूपी सराय में जो आयेगा, वह एक न एक दिन तो अवश्य ही जायेगा। कानून को कोई नहीं मिटा सकता है। मुझे आप सदैव अपने पास ही जानें। जो भक्तगण यहाँ पर नहीं आये हैं उनको मेरा दर्शन वहीं पर हो जायेगा जहाँ वे होंगे। आप लोगों ने मुझसे कुछ नहीं पूछा, यह भी आपकी एक भूल है।

'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

समय बहुत खराब आ रहा है, ध्यान रखना।" यह कहते-कहते ही पाँच बजे "ॐॐ" उच्चारण कर एक दम श्री महाप्रभुजी ने अपने प्राण को ब्रह्मरन्ध्रों में चढ़ा लिया।

उसी समय सभी शिष्यों तथा सन्त-भक्तों ने देखा था कि श्री महाप्रभुजी की नब्ज चली गयी तथा उनका पार्थिव शरीर ठण्डा हो गया। इतने पर भी उनके श्री मुखारविन्द पर वही ब्रह्मतेज भास रहा था। यह लीला देखकर बड़े-बड़े डॉक्टर लोग भी अचम्भा करते रह गये थे। इस प्रकार की समाधि को परम योगेश्वर ही कर पाते हैं। यह योग कला तो हमारी साइन्स की परिधि से बाहर की अमूल्य देन हैं।

भक्तजनों ने श्री महाप्रभुजी के पार्थिव शरीर को दर्शनार्थ २४ घन्टे तक उच्च आसन पर विराजमान कर दिया था। उनके अन्तिम दर्शन के लिए बाहर से लोग हजारों की संख्या में आने लगे। वे आरती व पूजा करके अपनी अश्रुधाराओं से श्री महाप्रभुजी को श्रद्घाञ्जली अर्पित कर रहे थे। सभी यही कह रहे थे कि, "विधाता ने हमारा सर्वस्व लूट लिया है। अब हम अनाथ हो गये हैं। हमारे परम सौभाग्य श्री महाप्रभुजी को हमसे छीन लिया है। यह अच्छा होता यदि हम ही हमारे इष्टदेव से पहले ही चले जाते। अब उनके अभाव में हम सभी भक्तजनों का जीवन सर्वथा ही सूना हो गया है। हाय! महाप्रभुजी आप हमें छोड़कर क्यों चले गये?"

इस प्रकार सम्पूर्ण भक्त समाज व्याकुल हो रहा था। उस स्थिति का वर्णन अवर्णनीय है। श्री महाप्रभुजी के मनोहर सगुणस्वरूप को अत्यन्त सुसज्जित, सुगन्धित कर बैकुण्ठी में विराजमान किया गया। सारे शिष्य तथा सन्त भक्त-मण्डल भव्य जुलूस में उनकी सवारी को समाधि स्थल तक ले गये। महात्माओं के विधि-विधान के अनुरूप श्री महाप्रभुजी को समाधि दी गयी।

विशेषत: उल्लेखनीय तथ्य यह है कि चौबीस घण्टे तक श्री महाप्रभुजी के पार्थिव शरीर को रखने पर भी शरीर न तो फूला न ही सख्त हुआ। यह सब लीलामयी महिमा का ही सूचक है जो हमें आज भी आश्चर्यचकित किये बिना नहीं रहता। श्री महाप्रभुजी की समाधि पर सत्रह दिन तक अखण्ड सत्संग, कीर्तन तथा भजनों का आयोजन किया गया। इसके बाद बड़ा भारी सत्संग मेला व भण्डारा हुआ जिसमें हजारों सन्तों, महात्माओं एवं भक्तजनों ने भाग लिया।

श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम में श्री महाप्रभुजी की अति सुन्दर समाधि बनी हुई है। जिस पर संंगमरमर की बहुत मनोहर छतरी बनी हुई है। वहाँ पर श्री महाप्रभुजी के चरण-पादुकाओं का दर्शन तथा अर्चन करके हजारों भक्तगण अपना मनोरथ सफल करते हैं। श्री महाप्रभुजी द्बारा महासमाधि लेने की सूचना बहुत से भक्त समुदाय को दी गयी। यह दु:खद समाचार पाते ही समस्त भारत के विभिन्न स्थानों पर भक्तों ने शोक-सभाओं का आयोजन किया और श्री महाप्रभुजी को श्रद्घाञ्जली अर्पित की।

श्री महाप्रभुजी के परमधाम पधारने से मुझे अत्यन्त हार्दिक दु:ख हुआ तथा बहुत ही व्याकुल हो गया था। उस समय श्री महाप्रभुजी के विरह में मैंने यह भजन भक्तजनों को सुनाया-

भजन (पद राग माल कोश)
प्रभु तोय किस दिशा ढूंढन जाऊं।
दर्शन बिना दासी दु:ख पावे, तड़प-तड़प घबराऊं॥ टेर॥
आप बिना मेरा जीवन सूना, कैसे धीर धराऊं॥ १॥
बिरह की मारी मैं फिरूं दुख्यारी, कैसे मन समझाऊं॥ २॥
राग-रंग मोय कुछ न सुहावे, बिलख-बिलख बिलखाऊं॥ ३॥
प्राणनाथ बिना साथ न भावे, सपने ही आन नहीं चहाऊं॥ ४॥
दिल का दर्द मेरा कोई नहीं जाने, किसको बात बताऊं॥ ५॥
इस जग वन में चोर सतावे, तुमको अर्ज सुनाऊं॥ ६॥
श्री दीप दयाकर दर्शन दीजो, दिल का दर्द मिटाऊं॥ ७॥
माधवानन्द कहे दर्शन होवे, अति आनन्द सुख पाऊं॥ ८॥