Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

श्री भूरसिंहजी को दर्शन

मेहरामजी गुडा के ठाकुर श्री भूरसिंह बीमार थे। इलाज के लिए उन्हें उदयपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहाँ से इन्होंने श्री महाप्रभुजी को पत्र लिखा कि, "मैं आपके पास कब आ सकूंगा।" इसके उत्तर में श्री महाप्रभुजी ने लिखा कि, "आज से सोलहवें दिन मेरे पास अवश्य आ जाओगे।"

इस पत्र के ठीक दसवें दिन ही श्री महाप्रभुजी ब्रह्मलीन हो गये। श्री भूरसिंहजी को इस लीला का पता नहीं था। इधर श्री भूरसिंहजी नियमित रूप से श्री महाप्रभुजी का ध्यान करते थे। श्री महाप्रभुजी के ब्रह्मलीन होने के कुछ दिन बाद दिन के दो बजे श्री भूरसिंहजी अपने कमरे में चार-पाँच आदमियों के साथ बैठे हुए थे। तभी उन्होंने देखा कि श्री महाप्रभुजी एक घोड़ागाड़ी द्वारा वहाँ आये। उन्हें देखकर भूरसिंहजी खुशी से झूमते हुए कहने लगे कि, "ओ हो ! कृपानिधान पधारे हैं।" सभी लोगों ने उनका हार्दिक स्वागत करते हुए उच्च आसन पर विराजमान किया। सभी ने साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया। इसके पश्चात् श्री महाप्रभुजी ने श्री भूरसिंहजी से कुशलक्षेम पूछी। उस समय भाव-विभोर होकर श्री भूरसिंहजी ने आपसे रामायण की चौपाई में अर्ज किया, "हे गुरुदेव ! आप कृपालु जिस पर अनुकूला। ताही न व्यापहि त्निविध भवसूला।"

इससे स्पष्ट हो जाता है कि श्री भूरसिंहजी रामायण के भी ज्ञाता थे। आप मधुर वाणी में चौपाइयों को गाकर पढ़ते थे। इसके पश्चात् श्री भूरसिंहजी ने श्री गुरुदेव से प्रश्र पूछा, "हे महाप्रभुजी! आज आप अकेले ही कैसे पधारे हैं? हमेशा आपके साथ पचास-साठ भक्तों की मण्डली रहती है।" तब श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराते हुए कहा, "मैं तो सर्व में हूँ सर्व मेरे में हैं।"

"मैं सबके पास हूँ। अब मुझे जल्दी जाना है, देखो! वह बाहर घोड़ागाड़ी खड़ी है।" ऐसा कहकर श्री महाप्रभुजी वहाँ से रवाना हो गये। श्री भूरसिंहजी व अन्य सभी लोग घोड़ागाड़ी में बैठाने के लिए बाहर तक आये। श्री महाप्रभुजी के विराजते ही घोड़ागाड़ी रवाना हुई। कुछ ही दूर गयी होगी कि अचानक घोड़ागाड़ी अदृश्य हो गयी।

यह रचना देखकर अनेक आदमी उन्हें ढूंढ़ने इधर-उधर गये किन्तु उनका तो कहीं पर भी पता नहीं चला।

इसके पश्चात् श्री भूरसिंहजी ने गहन विचार किया। उन्होंने सोचा कि श्री महाप्रभुजी आज यहाँ पर अकेले ही कैसे पधारे थे एवं अचानक ही घोड़ागाड़ी सहित अदृश्य कैसे हो गये? इस प्रकार से कई प्रश्र उनके मानस-पटल पर उभरने लगे। इसके पश्चात् श्री महाप्रभुजी की आज्ञानुसार सोलहवें दिन डाक द्वारा उन्हें एक पत्र मिला जिसमें श्री महाप्रभुजी के ब्रह्मालीन होने की सूचना थी। इस पत्र को पढ़ते ही श्री भूरसिंहजी की आँखें भर आयीं तथा कहने लगे, "हे नाथ! सदैव रखो आपके साथ ! हाय! हरि ॐॐॐ।" कहते हुए श्री भूरसिंहजी ने भी शरीर त्याग दिया।

उस समय उनका पुत्र श्री विजयसिंह उनके पास अकेला ही बैठा हुआ था। यह रचना देखकर वह दु:खी हो गया। वह विचार करने लगा कि, "अब मैं पिताजी के पार्थिव शरीर को गाँव कैसे ले जाऊंगा।" वह ऐसा सोच ही रहा था तभी एक अमेरिकन सज्जन ने उसके पास आकर उसकी समस्या को जानना चाहा तब श्री विजयसिंह ने उनसे सारी घटना बता दी।

तब उस अमेरिकन सज्जन ने कहा, "आप मेरी कार में अपने पिताजी के पार्थिव शरीर को अपने गाँव ले जाइये।"

उनके ऐसा कहने के बाद स्वत: ही सब प्रबन्ध हो गया। भक्त के भौतिक शरीर और आत्मा का भार भगवान्‌ पर होता है, वह स्वयं उसके सम्पूर्ण दु:ख को हरता है। सच है तभी तो गुरुभक्त व्यक्ति किसी भी लोक में दु:ख नहीं पाता है।