Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

नीपल आश्रम की स्थापना

थोड़े दिन बाद जब मैं ध्यानमग्र था। तब श्री महाप्रभुजी ने मुझे दर्शन देकर यह आज्ञा प्रदान की-कि, "हे माधव! तुम्हारे गाँव नीपल में ही मेरे नाम के तीर्थधाम की स्थापना करो। मेरा दिव्य प्रकाश वहाँ अखण्ड रूप से विद्यमान रहेगा। वहाँ पर शुद्घ भावनाओं से आने वाले सभी भक्तों के दु:ख दूर होंगे और उनकी मनोकामनाएं भी पूर्ण होंगी। श्री महाप्रभुजी की इस पवित्र आज्ञा को शिरोधार्य किया। मैं इस पुनीत कार्य को सम्पन्न करने में लग गया।"

नीपल में आश्रम बनवाने की इच्छा से मैंने श्री मूलचन्दजी धारीवाल तहसीलदार देसूरी को एक पत्र लिखा। उस पत्र को पाते ही श्री मूलचन्दजी अपने दो सेवकों के साथ नीपल आ गये। उनके आगमन पर गाँव की जनता को अत्यन्त प्रसन्नता हुई। "आश्रम कहाँ बनाया जावे?" इस प्रश्न पर श्री धारीवालजी ने गाँव के सभी भक्तजनों से परामर्श किया।

नीपल गाँव की नदी के उस पार पश्चिम की तरफ जो नाडौल-रानी सड़क के निकट भू-भाग पर लोगों को जिन्द, भूत, प्रेत इत्यादि का भयंकर डर था, उसी स्थान पर मैंने आश्रम बनाने का पूर्ण निर्णय किया। यहाँ आश्रम बन जाने से भय के स्थान पर अभयदान मिले। साथ ही आसुरी देवी एवं क्षेत्रपाल के नाम के पत्थर थे, वहीं रास्ते के दक्षिण में इमली के विशाल वृक्ष के नीचे मामादेव का चबूतरा था।

लोगों में भय व्याप्त था कि इन देवताओं के कारण ही गाँव नीपल में ज्यादातर लोग बीमार होते जा रहे हैं। इन सब कारणों को ध्यान में रखते हुए मैंने सभी भक्तजनों की सलाह से वहीं पर आश्रम बनवाने का निश्चय किया। "श्री महाप्रभुजी के नाम से यह भूमि पवित्र होगी।" ऐसा विचार कर श्री महाप्रभुजी का नाम लेकर आश्रम भवन का पाया खोदना प्रारम्भ कर दिया। उस क्षेत्रपाल आसुरीदेवी की सभी मूर्तियों को नींव में डलवा दिया गया।

कुछ ही समय में एक बहुत सुन्दर भवन बनकर तैयार हो गया। गाँव के लोग इस भवन को देखकर दंग रह गये। वे कहने लगे कि ऐसे क्रूर देवताओं को भी नींव में दबा दिया गया तो भी श्री माधवानन्दजी का कुछ भी नहीं हुआ। यह सब श्री महाप्रभुजी की कृपा का ही अद्भुत चमत्कार है।

मामादेव की इमली के ऊपर बलि के बकरों के चमड़ों के तोरण बनाये हुए लटक रहे थे। यह दृश्य भी मुझे आश्रम की मर्यादा के अनुकूल नहीं लगा। इसलिए एक भक्त से उन तोरणों को उतरवाकर जंगल में बहुत दूर फिंकवा दिया। इस बात की खबर गाँव में फैल गयी। कुछ माँसाहारी तथा श्री मामादेव के भक्तों ने मेरे इस कार्य को बहुत ही अनिष्टता का सूचक बताया।

एक बार वे लोग आवेश में भरे हुए मेरे पास आये और कहने लगे, "आपने यह तोरण क्यों उतरवाये? यह मामादेव क्रूर देव है। आपको व गाँव वालों को भारी दु:ख देगा। आपने यह ग$जब कर दिया।" मैंने उनसे कहा, "तुम्हारी बात ठीक है। लेकिन तुम्हारे मामादेव गत रात्रि को रोते हुए मेरे पास आये थे तथा आते ही उन्होंने मुझे कहा, "हे स्वामीजी! मैं तो शुद्घ सनातन आत्मदेव हूँ। मैं तो सदैव सभी की रक्षा करता हूँ, किन्तु यह भक्त बहुत ही अज्ञानी हैं। ये लोग मेरे नाम पर पशुबलि चढ़ाते हैं स्वयं ही माँसाहार करते हैं जिससे कि मेरा नाम बदनाम हो रहा है मैं तो खाता-पीता नहीं हूँ। मैं तो सदैव ही आनन्द में रहता हूँ। इमली पर से तोरण की बदबू को दूर कीजिये।"

इसके बाद वे अदृश्य हो गये। अत: मैंने तो आपके देवता की ही इच्छा को पूरा किया है फिर भला आप मुझ पर नाराज क्यों हो रहे हैं?" वे लोग मेरे विचारों को जानकर शान्त होकर श्री महाप्रभुजी की लीला के इस चमत्कार की सराहना करने लगे।

इन भक्तों ने मुझे बतलाया कि आपकी पाँच वी पीढ़ी पूर्व समर्थ श्री अमीचन्दजी व श्री मामादेवजी में बहुत अच्छे सम्बन्ध थे। श्री मामादेवजी स्वयं घोड़ा बनकर श्री अमीचन्दजी को दूर-दूर ले जाते थे। उस समय के राजा-महाराजादि भी श्री अमीचन्दजी की बात मानते थे, इसलिए श्री माधवानन्दजी एवं श्री मामादेवजी का मिलन अवश्य ही हुआ होगा। इस धारणा के साथ ही वे लोग अपने-अपने घरों को लौट गये।

आश्रम बनने तक मैं वहाँ ठहरा। मेरे मन में मूर्ख लोगों द्वारा की जा रही पशुबलि रोकने का विचार हुआ। उस चबूतरे पर श्री महादेवजी की स्थापना होनी चाहिए। उसके पास में कुँए के मालिक ने विरोध किया क्योंकि उसको यह भय था कि मामादेव जी अप्रसन्न हो जायेंगे।

संयोग ही ऐसा हुआ कि चबूतरे के पाये को खोदना शुरू किया गया, तभी पास वाले रहट (कुंए) की लकड़ी की लाट टूट गयी। तब वह किसान दौड़ता हुआ मेरे पास आकर कहने लगा कि, "हे स्वामीजी! मामादेवजी गुस्से में आ गये हैं व मेरे रहट की लाट तोड़ दी है। ये मेरा सर्वनाश कर देंगे। अत: शीघ्र ही कार्य को बन्द करो।"

मैंने उसे समझाते हुए कहा कि, "श्री महादेव की स्थापना के बाद सब आनन्द हो जायेगा।" मैं यही सोच रहा था कि इस भोले-भाले किसान को कैसे समझाऊं?

मैंने सोचकर उस किसान को कहा, "श्री मामादेवजी ने मेरे कान में कहा है, कि लाट पुरानी व सड़ी होने के कारण टूटी है। यह किसान मेरा झूठा नाम ले रहा है, सो अब मैं इस किसान की खबर लूंगा।"

मैंने कहा "बोल, अब क्या कहता है।" तब किसान ने कहा, "हाँ-हाँ, लाट थी तो बहुत पुरानी व सड़ी हुई भी थी तभी टूटी है। मामदेव, आपने नहीं तोड़ी आप तो दयालु देव है, मैंने अज्ञानतावश झूठ बोला सो क्षमा करें।" फिर चबूतरे का काम प्रारम्भ हुआ। वहाँ पर श्री महादेव जी की स्थापना हुई। पूरे श्रावण महीने में वर्षा नहीं हुई थी तथा स्थापना होते ही वर्षा हुई। भक्तजनों को बहुत खुशी हुई। "अब वहाँ पर किसी प्रकार के जीवों की बलि नहीं चढ़ाई जाती है।" अब तो भक्तजन इस स्थान पर सत्संग का अच्छा आयोजन करते हैं। रहट पर नयी लाट लगा देने के बाद रहट अच्छी तरह से चलने लगा।

आश्रम बनने के बाद सर्व भक्तों ने मुझे कहा, "अपने परम पूज्य गुरु परमात्मा सर्वेश्वर भगवान्‌ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी की मूर्ति सुन्दर सफेद संगमरमर की इस आश्रम में स्थापित होनी चाहिए और इसके स्थापना हेतु राजस्थान के मुख्यमन्त्री श्री सुखाडिय़ा साहब को आमन्त्रित करे।" सभी भक्तों के आग्रह से मैं जयपुर गया, वहाँ श्री सन्तरामजी शर्मा पुलिस महानिदेशक (आई.जी.पी.) के बंगले पर ठहरा। वहाँ बहुत से सत्संगी आये और श्री सन्तरामजी बहुत प्रसन्न हुए। श्री सन्तरामजी सन्त स्वभाव के सतपुरुष थे।

वहाँ बहुत ही अच्छा सत्संग हुआ, फिर मैंने श्री सन्तरामजी से कहा कि, "मेरा विचार श्री महाप्रभुजी की मूर्ति बनाने का है।" तब श्री सन्तरामजी बड़े प्रसन्न हुए और बोले, "यह सेवा मैं करूँगा, यह पवित्र सेवा कार्य गुरु कृपा से ही मिलता है।" फिर शर्माजी ने मूर्ति बनाने का कार्य जयपुर के प्रसिद्घ मूर्ति कलाकर श्री हीरालाल एण्ड सन्स को दिया। मूर्ति तैयार होने पर मूर्ति को नीपल पहुँचाने के लिए शर्माजी ने पुलिस के गार्ड को नीपल तक भेजा, फिर मैंने श्री शर्माजी के द्वारा मुख्यमन्त्री को मूर्ति स्थापित हेतु आमन्त्रण-पत्र भेजा जो श्री सुखाडिय़ा साहब ने सहर्ष स्वीकार किया और दिन के ११ बजे दिनांक १३-७-६५ को गुरु पूर्णिमा (आषाढ़ सुदी पूनम) को पहुँचने का समय दिया।

इस महोत्सव के शुभ अवसर पर देश-विदेश के हजारों भक्त, सन्त, महात्मा, विद्वान, भजन-मण्डली, आस-पास के गाँवों की जनता उमड़ पड़ी, सब श्री महाप्रभुजी की मनोहर मूर्ति के दर्शनार्थ लालायित थे। भजन, कीर्तन, धुन माईक पर चल रहा था और पुलिस के महानिदेर्शक श्री सन्तरामजी शर्मा पहले ही पधारे हुए थे। पाली जिलाधीश श्री एच.एल. रमानी पुलिस अधीक्षक श्री गुमानसिंहजी भाटी व बहुत से विधायक व मन्त्रीगण उपस्थित थे। मुख्यमंत्री 11 बजे आने वाले थे मगर 12 बजे तक भी नहीं आये। कड़ाके की गर्मी से नदी की रेत गर्म थी। गर्मी के मारे सब घबराने लगे, सब श्री महाप्रभुजी से प्रार्थना करने लगे, "प्रभु, हमको क्या आज यहाँ तपस्या करा रहे हो। कोई कह रहा था महाप्रभुजी तो साक्षात् विद्यमान हैं मगर अपनी दृढ़ता कितनी है, वह देख रहे हैं।"

बहुतों ने श्री महाप्रभुजी से कहा, "प्रभु, आप जीवों के त्रिताप मिटाते हो तो आज यह असह्य गर्मी तो मिटा दो। बहुत से लोगों ने कहा, यह परीक्षा तो बड़ी महंगी पड़ रही है। इतने में उत्तर दिशा से घने बादल उमड़ आये, ठण्डी हवा चलने लगी, वातावरण अनुकूल बन गया, कुछ लोगों को ठण्ड लगने लगी। तब सभी जन-समूह श्री महाप्रभुजी की जय-जयकार मनाने लगे और कहने लगे कि, "दु:ख भंजन दातार ही दु:ख हरण कर सकते हैं। इस समय अमृत जैसे आनन्द का आभास हो रहा है।"

विधायक श्री मोहनराजजी जैन का भाषण चल रहा था, उन्होंने बहुत-सी जन हितकारी बातें बताई। फिर उन्होंने कहा कि, "इस आश्रम की स्थापना हमारे प्रान्त के लिए परम सौभाग्य की बात है। इस आश्रम के महात्माओं द्वारा ज्ञान का प्रकाश मिलेगा, अज्ञान दूर होगा। नशा आदि से छुटकारा मिलेगा भूले-भटके को सही रास्ता मिलेगा, आत्म-शांति, सत्य उपदेश मिलेगा। यह आश्रम ज्ञान, शांति व आनन्द का केन्द्र है। यहाँ योग-साधना द्वारा रोग मुक्त होगा। श्री महाप्रभुजी सकल सिद्घि दाता हैं। आपने प्रत्यक्ष देखा है कि गर्म मौसम को ठण्डा कर दिया है।"

इतने में एक बजे मुख्यमंत्री श्री मोहनलाल सुखाडिय़ा आ गये। सबने हर्ष ध्वनि की, जनता का अभिवादन स्वीकार करने के बाद श्री मुख्यमंत्री महोदय ने शांति से कहा, "मेरे आने में देर हुई, आप लोगों को कष्ट हुआ होगा उसके लिए मैं क्षमा चाहता हूँ, मेरा देरी से आने का कारण यह है कि मैं बीमार हूँ, मेरा इलाज दिल्ली में हो रहा है। बाहर जाने की डॉक्टर की मना है। मगर स्वामीजी की आज्ञा को मैं टाल नहीं सका। ऐसा कौन अभागा है जो सन्तों की आज्ञा पालन न करे।"

मैंने एक बार ही श्री दीपदयालु के दर्शन जयपुर में किये थे तब उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। उनके आशीर्वाद से हर जगह सफलता मिली व मिल रही है। उस महान्‌ विभूति का मुझे बार-बार स्मरण होता है। मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूँ। साथ ही आज के दिन गुरु पूर्णिमा के पवित्र अवसर पर भी श्री दीपदयाल की सेवा व पूजा का अवसर मुझे मिला।

यह आश्रम श्री महाप्रभुजी की स्मृति की याद दिलाता है और दिलाता रहेगा। इस आश्रम में आने से पतित-पावन होंगे व आत्म-शांति प्राप्त करेंगे। अनेक चिन्ताओं से निवृत्ति होगी, अज्ञान रूपी अन्धकार मिट कर प्रकाश की ज्योति फैलेगी। आश्रम का मतलब है सबको आश्रय मिले। इसमें जात-पात, ऊँच-नीच, अमीर-गरीब, देश-विदेश, काला-गोरा का कोई भेदभाव नहीं है।

अगर किसी आश्रम या मन्दिर में भेदभाव है तो फिर वह आश्रम या मन्दिर नहीं, वह तो धर्म के ठेकेदारों का अड्डा है। आश्रम, मठ, मन्दिर व महात्मा, जनता का भार हरण करने वाले होते हैं। वे जनता पर भार रूप नहीं होते। श्री महाप्रभुजी का ज्ञान निष्पक्ष, सरल, अमृत तुल्य विश्व के लिए परम उपयोगी है। उनके आश्रमों में सत्य का ही वातावरण मिलता है। आशा करता हूँ इस आश्रम में ज्यादा से ज्यादा आध्यात्मिक लाभ जनता प्राप्त करेगी।

ऐसे विविध प्रकार से जनता को सम्बोधित करके कहा, "अब स्वामीजी का आशीर्वाद वचन चाहता हूँ।" तब मैंने खड़े होकर कहा, "श्री महाप्रभुजी का अमृत आशीर्वाद आप पर सदा रहे और श्री महाप्रभुजी से प्रार्थना करता हूँ कि हमारे राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री मोहनलाल सुखाडिय़ा दीर्घायु और स्वस्थ रहें, इनके द्वारा ज्यादा से ज्यादा जनता की सेवा हो। "

सेवा ही सर्व धर्मों का मूल धर्म है और इस महोत्सव में आये लोग भूखे-प्यासे अब २ बजे तक श्री मुख्यमंत्रीजी के दर्शन के प्यासे बैठे रहे उनको बहुत-बहुत धन्यवाद। श्री मुख्यमंत्रीजी से कहना चाहता हूँ कि इन प्यासे लोगों की मुख्य प्यास यह है, कि हमारे गाँव के पास ही केसूली में बाँध बन जाये तो हमारी जनता की प्यास हमेशा के लिए मिट जायगी, यह ही हमारे जन-समूह की इच्छा है।

यह वचन सुनते ही श्री मुख्यमंत्रीजी ने केसूली बाँध की स्वीकृति उसी समय प्रदान की। थोड़े समय में बाँध बनाने के लिए सारे उपकरण केसूली आ गये। लेकिन कुछ नेता लोगों ने श्री सुखाडिय़ाजी से कहा कि, "केसूली में बाँध न बनकर गाँव ढारिया में बनना चाहिए, वहाँ विशेष उपयोगी रहेगा।" इस पर मुख्यमंत्री ने ढारिया बाँध की स्वीकृति दे दी और के सुली से उपकरण ढारिया चले गये। जब इस बात का मुझे पता चला तो मैं दिल्ली श्री मुरारजी देसाई के पास गया, मेरे कहने से तत्काल श्री देसाई ने मुख्यमंत्री राजस्थान को फोन पर कहा कि स्वामीजी की आज्ञा है, तत्काल केसूली बाँध बनाया जाय तब श्री सुखाडिय़ा ने तत्काल वापिस केसूली बाँध बनाने का आदेश दिया और मेरे नीपल आने के पहले ही ढारिया से सारे उपकरण केसूली पहुँच गये। काम शुरू हो गया और केसूली बाँध बन गया।

तब मुख्यमंत्री श्री मोहनलाल सुखाडिय़ा ने बाँध का नाम माधवानन्द सागर रखा। इस बाँध से आस-पास के गाँवों की जनता को सिंचाई की बड़ी सुविधा हो गई।

श्री महाप्रभुजी के शुभ आशीर्वाद से मुख्यमंत्री श्री मोहनलालजी सुखाडिय़ा का जीवन-पर्यन्त सितारा शिखर पर रहा, वे जब तक रहे हमारी आज्ञा का पूरा-पूरा ध्यान रखते थे उन्होंने वैशाख बदी चौथ को श्री महाप्रभुजी का मेला स्थापित किया।

सज्जनों! इस आश्रम में अब प्रतिवर्ष वैशाख कृष्णा चतुर्थी को श्री महाप्रभुजी के मेले का समारोह मनाया जाता है। इस मेले में मन्त्रीगण, राज्य-कर्मचारी तथा देश-विदेश के भक्तगण आते हैं। गाँव-गाँव से भजन-मण्डलियाँ, चंग पर गाने वालों का मारवाड़ी लोक-नृत्य, कलाकारों की मण्डलियाँ, घुड़दौड़, ऊँट दौड़ आदि की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होती हैं। इन सवारों को व मण्डलियों को योग्यतानुसार मेला प्रबन्धक समिति की ओर से पुरस्कार भी वितरण किया जाता है। इस अवसर पर प्रतिवर्ष भक्तजन सत्संग सेवा द्वारा अपने जीवन को सफल बनाते हैं।

इस प्रकार आषाढ़ शुक्ला पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) के दिन गुरु-पूजा का उत्सव बहुत हर्षोल्लास के साथ गाँव नीपल में मनाया जाता है।

पौष कृष्णा चतुर्थी को भी प्रतिवर्ष श्री महाप्रभुजी की निर्वाण तिथि के उपलक्ष में जयपुर व नीपल आश्रम में बहुत हर्ष व उमंग के साथ यह समारोह मनाया जाता है इसी दिन श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम बड़ी खाटू (राजस्थान)में भी सत्संग व मेले का शुभ आयोजन किया जाता है। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में हजारों भक्तगण आते हैं।