पाली जिले के गाँव नारलाई के सिखी चौधरी चतराराम जी श्री महाप्रभुजी के अनन्य भक्त और शिष्य थे । श्री महाप्रभुजी की सेवा में देवडूँगरी संन्यास आश्रम में रहते थे। वहाँ गाँव नाडोल के चौधरी वक्ताराम महाप्रभुजी के शिष्य थे। वे संन्यासी हो गये थे। उनका नाम श्री स्वामी सेवापुरी था। चतराराम व स्वामीजी और बहुत से भक्त शिष्य वहाँ रहते थे। श्री महाप्रभुजी के महासमाधि के बाद श्री सेवापुरीजी ने अपने गाँव नाडोल में जीवित समाधि ली। समाधि का चबूतरा नाडोल में आज भी मौजूद है। उसके बाद चौधरी चतरारामजी ने भी अपने कुएं के पास ही समाधि ले ली। उनके सुपुत्र श्री कुपाराम ने वहाँ चबूतरा बनाया श्री कुपारामजी अच्छे धार्मिक पुरुष हैं। हरेक आये गये साधू की सेवा करते थे। उस गाँव में एक पाखण्डी साधू आ गया। हनुमानजी के मंदिर के पास डेरा डाला। अपनी आसुरी सिद्घियां दिखाने लगा, जिससे गाँव के बहुत से लोग आने लगे। श्री कुपाराम ने भी आटा दाल घी शक्कर लाकर दिया। फिर भी पाखण्डी ने कुपाराम से और कुछ माँगा, कुपाराम जी चिन्ता में पड़ गये। शाम को ध्यान में साक्षात् श्री महाप्रभुजी प्रकट हुए और कहा कि तू चिन्ता मत कर ये तो पाखण्डी धूर्त है। अपनी मैली विद्या के चक्कर में लोगों को भरमाता है। तुम उनके पास मत जाओ, तू मेरा है। मुझे छोड़ कर ही मत जाना। मेरा ध्यान जप करते रहना। ऐसा कहते-कहते श्री महाप्रभुजी अदृश्य हो गये। और दिव्य ज्योति की तरंगें कुपाराम में प्रवेश हो गईं। तब से कुपाराम श्री महाप्रभुजी की भक्ति में दीवाने से हो गये। तो गाँव वालों व सगे सम्बन्धियों ने कहा कि ये तो बिगड़ गया। इसे भूत लग गया। इसलिए इसको जन्तर मन्तर जादू टोना से इलाज कराओ। सब परिवार के लोग रोने लग गये। तब कुपाराम ने कहा कि आप ऐसा मत करिए। मुझे कुछ नहीं हुआ है। मुझे तो श्री महप्रभुजी की अमर ज्योति का प्रसाद मिला है। उसके बाद नीपल आश्रम में आये। परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्द जी से सिर पर बांधने के लिए भगवा वस्त्र लेकर धारण किया। आज भी महाप्रभुजी की भक्ति में पूर्ण तल्लीन हैं। बहुत से रोगी उनके पास आते हैं, रोग मुक्त हो जाते हैं।
लेखक · सभी अध्याय