Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

विभिन्न स्थानों पर सत्संग

मैं मेयो कॉलेज अजमेर में डॉ. मनोहरसिंहजी के यहाँ ठहरा हुआ था। उनके पिताजी सरदार श्री बसन्तसिंहजी के अनुरोध पर उनके साथ मैं दिल्ली, लुधियाना तथा अमृत सर के स्वर्ण मन्दिर को देखता हुआ फगवाड़ा होकर उनके गाँव कंग रोड पहुँचा। वहाँ पर ४ दिन तक सत्संग का आयोजन रखा गया। सत्संग बहुत उत्तम रहा। वहाँ से मैं जालंधर गया। वहाँ पर छावनी में श्रीराम मन्दिर में ठहरा। सेठ श्रीमान रामेश्वरलाल ने वहाँ पर सत्संग का अति उत्तम आयोजन कराया। शहर के बहुत से लोग उस सत्संग समारोह में प्रतिदिन उपस्थित होते थे। मैं वहाँ पर लगभग एक सप्ताह भर ठहरा। राह में अम्बाला ठहरकर मैं कुरूक्षेत्र पहुँचा।

वहाँ पर दो दिन तक रुका तथा इसके पश्चात दिल्ली, नागपुर, अकोला होता हुआ पीर मंगरूल (महाराष्ट्र) पहुँचा। मैं वहाँ पर श्री भूरमलजी लादूरामजी वर्मा के यहाँ ठहरा। उनके यहाँ पर दस दिन तक बहुत अच्छा सत्संग रहा। वहाँ पर बहुत से लोगों ने गुरु भक्ति भी धारण की। वहाँ से जब मैं रवाना होने लगा तो अनेक भक्तगण मुझे अकोला स्टेशन तक पहुँचाने आये। श्री महाप्रभुजी के भजनों की पुस्तक "पद विरहनी" श्री भूरमलजी लादूरामजी ने अपने खर्चे पर प्रकाशित करवायी।

वहाँ से रवाना होकर मैं भूसावल, खण्डवा होता हुआ श्री ओंकारेश्वर महादेव गया। वहाँ पर मैंने श्री ओंकारेश्वर महादेव के दर्शन किये। वहाँ कई स्थलों पर सत्संग भी किया था। वहाँ से चलकर मैं इन्दौर पहुँचा। यहाँ पर मैं २४ दिन तक रहा। यहाँ पर भी सत्संग बहुत अच्छा हुआ। इसके बाद में रतलाम, उज्जैन होता हुआ छपरा में स्नान करके महाकालेश्वर महादेव के दर्शन करके भक्तों के आग्रह पर पाँच दिन तक वहाँ सत्संग करता रहा। बाद में बीना व झाँसी में सत्संग करता हुआ कानपुर पहुँचा। मैं कानपुर में पन्द्रह दिन तक सत्संग करता रहा।

इसके पश्चात मैं लखनऊ गया। वहाँ पर सात दिन तक ठहरकर कुम्भ के मेले में प्रयाग गया। वहाँ पर मैं महाण्डलेश्वर श्री कृष्णानन्दजी के कैम्प (अहमदाबाद वाले) में रहा। एक सप्ताह पर्यन्त मैं वहाँ पर सन्तों का समागम व दर्शनों का लाभ लेता हुआ काशी पहुँचा। कुछ समय तक वहाँ ठहरकर मैं गयाजी गया। वहाँ पर पण्डित मोहनलालजी मिठाई वालों के यहाँ ठहरा। उन्होंने सत्संग का आयोजन किया। वहाँ पर प्रबन्ध भी बहुत अच्छा किया गया। श्री मोहनलालजी ने मेरी बहुत अच्छी सेवा की। वहाँ से कार द्वारा मैं बोध गया मठ में गया वहाँ पर महन्तजी से मिला। उनके समागम से मुझे बहुत आनन्द आया। उन्होंने मुझे अपने मठ में बनने वाली कुछ औषधियाँ तथा त्रिफला का चूर्ण दिया। वहाँ पर बोधि वट वृक्ष को भी देखा।

वहाँ भगवान्‌ बुद्घ के विशाल मन्दिर तथा भव्य मूर्तियों के दर्शन कर मैं वापिस गयाजी गया। वहाँ से दूसरे दिन प्रात:काल मुझे श्री मोहनलालजी अपनी कार द्वारा राजगिरि पहाड़ दिखाने ले गये। वहाँ पर मैंने जरासंध की राजधानी के खण्ड अवशेष देखे, गुफाएं देखी तथा ठण्डे व गर्म जल के कुण्ड में स्नान किया। वहाँ पर भोजन व सत्संग के उपरान्त नालन्दा के पुराने विश्वविद्यालय को भी मैंने देखा। इस विश्वविद्यालय को देखकर मैं बहुत प्रभावित हुआ। वहाँ से वापिस गयाजी गया। वहाँ पर वापिस पं. मोहनलालजी के यहाँ ही ठहरा। वहाँ से मोहनलालजी ने अपनी कार द्वारा स्टेशन तक पहुँचाया।

वहाँ से मैं पटना (बिहार) पहुँचा। सेठ श्री बद्रीप्रसादजी अग्रवाल के यहाँ ठहरा। वहाँ पर पं. दुर्गादत्तजी खाटू निवासी ने रामायण के पारायण में मेरा सत्संग प्रवचन का आयोजन रखा। थोड़े दिन तक वहाँ ठहरकर मैं दिल्ली होता हुआ जोधपुर में कुछ दिन ठहरकर, समदड़ी, बालोतरा, पंचपदरा, बाड़मेर तथा जैसलमेर पहुँचा। कांग्रेसी नेता श्री आत्मारामजी गर्ग के यहाँ ठहरा। वहाँ से पोकरण व रामदेवरा में श्री रामदेवजी के दर्शन करता हुआ फलौदी होकर जोधपुर पहुँचा। जोधपुर में गीता भवन में मैंने चातुर्मास किया। वहाँ पर प्रतिदिन बहुत अच्छा सत्संग होता था। इसके बाद मैं अहमदाबद के आश्रम में पहुँच गया।

मेरी इस विशाल यात्रा का प्रयोजन यह था कि मैं श्री महाप्रभुजी का सन्देश जन-जन तक पहुँचाना चाहता था। प्रत्येक स्थान पर मैं अपने उद्देश्य में सफल होता जा रहा था। इस प्रकार मेरी यात्रा का क्रम भी जारी रहा। कुछ दिन अहमदाबाद ठहरने के पश्चात् भक्तों के विशेष आग्रह पर मैं दिल्ली व कलकत्ता गया। वहाँ पर भी सत्संग का कार्यक्रम बहुत ही अच्छा रहा। वहाँ से मैं कटक (उड़ीसा) में सेठ श्री श्यामसुन्दरलालजी के यहाँ ठहरा। उनके निवास पर भी सत्संग बहुत अच्छा रहा। सेठजी ने बड़े प्रेम से मेरी सेवा की। मेरी पुस्तक "माधवानन्द आनन्द प्रकाश" छपवाया। वे मुझे अपनी कार से भुवनेश्वर और जगन्नाथपुरी ले गये। वहाँ पर दर्शन करके मैं वापस आया। चलने लगा तो उन्होंने हवाई जहाज का टिकट मंगवाया और मुझे अत्यन्त स्नेह से ऐरोड्रॉम तक पहुँचाने आये।

वहाँ से मैं वायुयान द्वारा कलकत्ता व गौहाटी होता हुआ जोरहाट (आसाम) पहुँचा। वहाँ पर मैं सेठ श्रीमान आर.सी. मालपानीजी के यहाँ ठहरा। वहाँ पर इतना उत्तम सत्संग का आयोजन हुआ कि उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा।

वहाँ से मैं सेठ हीरालालजी के पास टीटाबर गया। वहाँ पर भी सत्संग बहुत अच्छा रहा। वहाँ से मैं सेठ श्री गुरुमुखरायजी तेजपुर गया। ये सेठजी गाँव खाटू के ही मूल निवासी हैं। कुछ समय वहाँ ठहरकर मैं पण्डित आशारामजी के पास सीलघाट गया। पण्डित ने भी सत्संग का प्रबन्ध किया था। उन्होंने मेरी सेवा में भी कोई कमी नहीं रखी। कुछ समय वहाँ ठहर कर पुन: जोरहाट होता हुआ दिनांक १७-२-६६ को शाम की गाड़ी से जाने का विचार कर रहा था, तभी मुझे यह आवाज सुनाई दी कि, "माधव! आज की यात्रा रद्द कर दो, आज कहीं मत जाना।" यह आवाज सुनते ही मैंने सोचा, "मेरे समीप कोई व्यक्ति भी नहीं है। फिर यह आवाज कहाँ से सुनायी दी?" फिर मैंने ध्यान से श्री महाप्रभुजी का स्मरण किया तो मुझे यह स्पष्ट आभास हुआ कि यह आवाज तो श्री महाप्रभुजी ने मुझे सावधान करने के लिए ही दी थी।

श्री महाप्रभुजी की आज्ञा को शिरोधार्य करते हुए मैंने उस दिन की यात्रा रद्द कर दी। दूसरे दिन प्रात:काल ही एक अखबार में समाचार पढ़ा कि कल संध्या वाली गाड़ी जिससे मैं यात्रा करना चाहता था, वह गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। उस गाड़ी, के दो-तीन डिब्बे नागा लोगों ने उड़ा दिये। यह जानकर कि, "श्री महाप्रभुजी का सदैव मुझ पर पहरा रहता।" मुझे उनका उक्त आशीर्वाद स्मरण हो आया। मैं गुरुदेव के अनन्त उपकारों की छत्र-छाया में ही उनकी लीलाओं का आनन्द लेता रहा हूँ। सदैव यही इच्छा मेरे हृदय में समायी रहती है।

इसके पश्चात् मैं वहाँ से रवाना होकर आसाम से सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) आया। मैं वहाँ पर सेठ श्री भंवरलालजी किशन गोपालजी के फार्म पर ठहरा। वहाँ पर ठाकुरबाड़ी में सत्संग का आयोजन रखा गया। वहाँ की सम्पूर्ण व्यवस्था उनके छोटे भाई श्री सत्यनारायणजी काकाणी ने की थी।

इसके पश्चात् श्री भंवरलालजी मुझे कार द्वारा दार्जिलिंग ले गये। वहाँ पर हम दोनों ही एक विख्यात व्यापारी के यहाँ ठहरे। उन्होंने अपने वहाँ पर आश्रम बनवाने का विचार रखा। इस पर आगे विचार करने का आश्वासन देकर हम दोनों वापिस सिलीगुड़ी आ गये। श्री भंवरलालजी ने प्रथम श्रेणी का रेल्वे टिकट आरक्षित करवा रखा था। अत: उसी रात्रि को मैं अपने शिष्यों सहित साढ़े दस बजे वाली ट्रेन से रवाना हो गया। मुझे स्टेशन तक पहुँचाने के लिए हजारों भक्त आये।

प्रात: पाँच बजे खजूराघाट के स्टेशन पर उतरा। वहाँ से जलयान द्वारा पौने नौ बजे खपराघाट पहुँचा। मेरे पास कलकत्ता तक का टिकट था। प्रात:कालीन संध्या ध्यान में लग गया। कुछ समय पश्चात एक टी.टी.ई. ने आकर मुझसे पूछा कि, "क्या आपका नाम स्वामी माधवानन्द है?" जब मैंने उस अजनबी के मुंह से अपना नाम सुना तो आश्चर्य होना स्वाभाविक था। इसी बीच उस टी.टी. ई. महोदय ने मुझसे कहा, "आपका टिकट जहाज में पड़ा हुआ मिला है, अत: यह लीजिये।" कहते हुए उसने मुझे वह टिकट सौंपा। तभी मुझे याद आया कि जलयान से जब मैंने अपना टिकट दिखाने के लिए बाहर निकाला था तब भूलवश वहीं पर गिर गया था। मैंने श्री महाप्रभुजी को लाख-लाख धन्यवाद अर्पित करते हुए कहा, "हे महाप्रभुजी! आपकी कृपा लीला मुझ पर कैसी अनुपम है आपने अपने चमत्कारों द्वारा मेरा खोया हुआ टिकट मेरे पास पहुँचवा दिया।"

इस लीला को देखकर वहाँ बैठे सभी मुसाफिरों ने मुझसे कहा, "आप पर श्री महाप्रभुजी की परम कृपादृष्टि है।" इसके पश्चात् मैं आराम से कलकत्ता पहुँचा। मैं वहाँ पर कॉटन स्टेट में श्री व्यासजी के यहाँ पर ठहरा। उस समय सेठ मदनलालजी का पच्चीस वर्षीय लड़का केशवचन्द मेरे पास सत्संग में प्रतिदिन आया करता था। वह शुद्घ प्रेम व निष्काम भाव से सत्संग में मेरी सेवा करता था।