Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

केशवचन्द्र को श्री महाप्रभुजी ने बचाया

केशवचन्द ने मुझसे ऐसे नाम तथा पाठ-पूजन विधि बतलाने का अनुरोध किया, जिसके अपनाने से विघ्र बाधाएं नष्ट होकर उसके जीवन में अन्न, धन तथा सम्पत्ति का प्रादुर्भाव सम्भव हो जाये। उसने कहा, "आप मुझे सकल कामना सिद्घि का मन्त्र दीजिये। जिसका स्मरण निरन्तर करता रहूं।" तब मैंने उसको सतगुरु चालीसा के पाठ के साथ "ॐ प्रभु दीप निरञ्जन, सुब दु:ख भंजन" के मन्त्र को जपते रहने का सुझाव दिया। ऐसा करते रहने पर तुझे अपार आनन्द का अनुभव होगा तथा भूत-प्रेत, पितृ देव, मलीन आत्माएं तुझे दु:ख नहीं दे पायेंगी।

उस दिन से श्री केशवचन्द ने मेरी सलाह के अनुसार सत गुरु चालीसा पाठ, आरती तथा मन्त्र का जाप शुरू किया। मैंने उसको श्री महाप्रभुजी का छोटा चित्र व दो पुस्तकें और दे दी थीं। कुछ समय पश्चात मैं तो राजस्थान आ गया तथा वह केशवचन्द भी अपने गाँव चला गया।

एक दिन श्री केशवचन्द ने अपने गाँव के बाहर एक बाबा को जंगल की ओर बैठे हुए देखा। केशव ने उस बाबा को सन्त महात्मा जानकर भोजन कराने की बात सोची। उस बाबा ने केशव से वहीं पर खाना लाने के लिए कहा। वह बाबा तो अघोरी तथा मैली विद्या में निपुण था। उसने ज्योंही केशवचन्द को देखा, त्योंही अपना चेला बनाने का दृढ़ निश्चय कर लिया।

केशवचन्द जैसे सुडौल, नौजवान की सेवाओं का आनन्द वह उठाना चाहता था, उस बाबा ने एक मिश्री का टुकड़ा लिया व उसे मन्त्र से साध लिया। इसी के सहारे ही वह बाबा केशवचन्द को अपने वश में करना चाहता था। बाबा उसकी राह देखने लगा। ठीक बारह बजे केशव भोजन लेकर आया और भोजन बाबा को सौंपकर उसके पास ही बैठ गया। बाबा ने भोजन ग्रहण किया तथा देर तक केशव से इधर-उधर की बातें करता रहा। इसके पश्चात् वह मिश्री का टुकड़ा केशव को देकर खा लेने के लिए कहा। केशव ने प्रसाद समझकर उस मिश्री को खा लिया।

इसके कुछ समय पश्चात् केशवचन्द का दिमाग चकराने लगा। उसके दिमाग में विचारों का चक्रवात आने लगा। उसने सोचा, "मुझे सदैव इस बाबा के पास रहना चाहिए। उसके मन में यह भी विचार आया कि अपने घर से कुछ रुपये व जेवरात लाकर बाबा को भेंट कर दे। ऐसा सोचकर केशव अपने घर गया। घर में प्रवेश करते ही सामने के कमरे में उसने श्री महाप्रभुजी के चित्र को देखा। "ॐ प्रभु श्री दीप निरञ्जन, सब दु:ख भंजन।" मन्त्र का उसे स्मरण हो आया। इस मन्त्र को जपते ही केशव को होश आया। श्री महाप्रभुजी की लीला के अद्भुत प्रभाव ने केशवचन्द को सही राह दिखलायी। ऐसा कर वह अपने पलंग पर सो गया। उधर उस अघोरी बाबा ने केशवचन्द की राह देखी। उसने अपने इष्ट मन्त्र-बल से प्रेत आदि की सहायता लेने पर बल दिया।

उस बाबा के मन्त्रों के प्रभाव से केशवचन्द के घर में एक भयंकर रूप वाले काले प्रेत ने प्रवेश किया। उस प्रेत को देखते ही वह बालक केशवचन्द घबरा गया। उसने कहा, "हे महाप्रभुजी, आप मेरी रक्षा कीजिये।" इतना कहने पर उसे एक विशाल प्रकाश पुञ्ज दिखायी दिया। तब श्री महाप्रभुजी ने उसके सिर पर अपना हस्तकमल रखकर कहा, "बेटे! तुम घबराओ मत, मैं तुम्हारी रक्षार्थ तैयार खड़ा हूँ।" तभी केशवचन्द को ऐसा आभास हुआ कि कृपानाथ अपनी मधुर-मुस्कान लिए श्री महाप्रभुजी उसके पीछे ही खड़े हैं। वह उनके चरण कमलों में गिर पड़ा। तब श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा, "मैं अपने भक्तों पर अखण्ड पहरा रखता हूँ। नुगरों से न्यारा हूँ व सुगरे भक्तों के सदैव साथ हूँ। समस्त लोकों से मेरे भक्त को किसी प्रकार का भय नहीं है।"

उस समय प्रेत को श्री महाप्रभुजी ने आज्ञा दी कि उस बाबा को तीन बार उसकी धूणी पर ही पछाड़ दे। उस पिशाच ने श्री महाप्रभुजी की आज्ञा का पालन किया। कुछ ही समय पश्चात वह अघोरी बाबा हाय तौबा मचाता हुआ बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तब उसने अपने इष्टदेव की साधना की तथा अपनी त्रुटि को जानना चाहा श्री महाप्रभुजी के भक्त श्री केशवचन्द को चक्कर में डालने का ही यह फल भुगतना पड़ा है। तुम भी श्री महाप्रभुजी की आराधना करके अपना जीवन सफल बनाओ। उस अघोरी बाबा ने अपने किये के लिए कई बार क्षमा माँगी। श्री महाप्रभुजी ने उसे दर्शन दिये। उस बाबा ने इसके पश्चात् आसुरी उपासना को सदैव के लिए त्याग दिया। उसने सच्चे सन्त के लक्षणों को श्री महाप्रभुजी के श्रीमुख से सुनने की अभिलाषा प्रकट की।

श्री महाप्रभुजी के अनुसार सच्चा साधु वही है जो विश्व के सभी चराचर में अपनी आत्मा देखता है। सदैव ही स्वयं तो अमान रहता है तथा दूसरों को मान देता है। वह संसार के सभी सुख भोगों को मिथ्या मानता है तथा अपनी श्रद्घा के अनुसार एकान्त में रहकर आत्म-चिन्तन करता है। किसी भी प्राणी से राग-द्वेष नहीं रखता है। उपरोक्त साधुओं के विभिन्न लक्षणों को श्री महाप्रभुजी के श्रीमुख से सुनकर वह अघोरी बाबा, श्री महाप्रभुजी के पावन चरण-कमलों में गिर पड़ा। तभी श्री महाप्रभुजी अदृश्य हो गये। उस अघोरी बाबा ने केशव से क्षमा माँगी तथा वह आपबीती सुनाकर वहाँ से चुपचाप ही चला गया।

इस प्रकार श्री महाप्रभुजी की झाँकी सभी भक्तगणों की सदैव प्रेरणा स्त्रोत बनी रहेगी।