भक्तजनों के विशेष आग्रह पर मैं दूसरी बार सन् १९६८ में पुन: यात्रा पर निकल पड़ा। मैं दिल्ली, लखनऊ तथा सिलीगुड़ी होता हुआ दिनांक १८-१-६८ को गौहाटी (आसाम) पहुँचा। वहाँ पर भक्त सेठ श्री बनवारीलालजी ने मुझे बुलाया था। जब मैं वहाँ पहुँचा, तब वे किसी आवश्यकतावश बिहार गये हुए थे। वहाँ मुझसे कोई भी व्यक्ति परिचित नहीं था। मैं सेठजी की फर्म भारती स्टोर, राधा बाजार पहुँचा। उन दुकानवालों ने मेरी बात भी नहीं सुनी।
वहाँ पर मैं अपना सामान रखकर काशी के एक पण्डित के साथ कामाक्षा देवी के मन्दिर गया। वहाँ पर मैंने पशुओं की बलि चढ़ाते देखा। वह देखकर मुझे अत्यन्त ही घृणा हुई। मैंने मन ही मन में कहा, "हे महाप्रभुजी! भारतवासियों का यह अज्ञान और अंधविश्वास कब दूर होगा? कामाक्षा मातेश्वरी तो समस्त प्राणियों की माँ है। सभी चराचर देहधारी उसके बच्चेहैं। माता अपने बच्चों को कभी नहीं खाती है, माँ तो अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है। अगर किसी बच्चेको कोई अन्य व्यक्ति मारता है तो माँ बहुत दु:खी होती है। जो माँ अपने बच्चेकी बलि माँगती है वह माँ नहीं हो सकती है।" ऐसा विचार कर मैं बिना दर्शन किये ही वापिस शहर में लौट आया। मेरे साथ वाले पण्डितजी वहीं पर ठहर गये। वे तो वहाँ पर तंत्र-मंत्र साधने के लिए ही पधारे थे।
मैं लगभग एक बजे तक रहा। एक सेठ ने मुझे भोजन कराया। मैं भोजन ग्रहण करने के पश्चात् वापिस भारती स्टोर गया। वहाँ पर श्रीरामगोपालजी के मुनीमजी से मिला। उन्होंने अत्यन्त प्रेम से मेरा आदर-सत्कार किया। उन्होंने मुझे कहा कि, "आपके आगमन की सूचना सेठ श्री बनवारी लाल ने दे दी थी। लेकिन मैं सुबह यहाँ नहीं था, अत: आपको जो असुविधा हुई उसके लिए मैं क्षमा-प्रार्थी हूँ। आप कृपया मुझे क्षमा करें।" उन्होंने कहा कि आपका शुभ सत्संग आज यहीं होगा।
समस्त नगर में इस आयोजन की पूर्व सूचना दे दी गयी। उस रात्रि को सत्संग समारोह बहुत अच्छा हुआ। सभी भक्तों ने मुझसे १५-२० दिन तक वहीं पर सत्संग करने का अनुरोध किया। अत: भक्तों के विशेष निवेदन को मैं कैसे टाल सकता था?
श्री श्रवणकुमार शर्मा, व्यवस्थापक, पुस्तक भण्डार, फैन्सी बाजार वालों ने मेरा बहुत आदर-सत्कार किया। उनके घर सभी सदस्य गुरुभक्त हैं। मैं कुछ दिन तक वहाँ रहकर सत्संग करना चाहता था। उसी दिन अचानक ही वहाँ तेजपुर से सेठ श्री गुरुमुखरायजी का टेलीफोन आया कि, "श्री स्वामीजी पहले यहाँ पधारें तो अच्छा रहेगा। गौहाटी में सत्संग का कार्यक्रम बाद में रख देना।" यह सूचना मिलने पर मैं कार द्वारा तेजपुर गया। सेठ श्री गुरुमुखरायजी के यहाँ मैं ठहरा। वहाँ पर भी सेवा व सत्संग का कार्यक्रम उत्तम रहा।
मैं वहाँ से पं. आशारामजी के पास शीलघाट गया। वहाँ से फिर दिनांक २६-१-६८ को मैं नौगाँव गया। मैं वहाँ पर श्री रामलालजी दुर्गादत्तजी के यहाँ ठहरा उस समय कुछ गुण्डे लोगों ने गौहाटी के बाजार में अग्रि-काण्ड कर दिया था। सभी दुकानें जलकर खाक हो गयी थीं। यह सुनकर मुझे अत्यन्त ही दु:ख हुआ क्योंकि मैं अपने सामान की पेटी भारती स्टोर, राधा बाजार में ही छोड़कर आया था। उस पेटी में श्री महाप्रभुजी का चित्र, कुछ पुस्तकें तथा श्री महाप्रभुजी की हस्तलिखित लीलामृत की प्रतिलिपि रखी हुई थी। तब मैंने सोचा कि इस भयंकर अग्रिकाण्ड से तो मेरे जीवन का सर्वस्व ही जलकर राख हो गया होगा। इसकी चिन्ता को कारण मुझे पूरी रात नींद नहीं आयी।
प्रात:काल चार बजे मैं ध्यान-मग्न अवस्था में बैठा था तभी मुझे महाप्रभुजी की मधुर आवाज सुनायी पड़ी, "अरे माधव! क्या तुझे मेरा भरोसा नहीं है? मैं तुम्हारा सामान कैसे जलने दूँगा? तुम किसी प्रकार की चिन्ता मत करो। तुम्हारे सामान के कारण ही यह दुकान आग से बच गयी है।"
मुझे सवेरे ही फोन द्वारा पता चला कि कुछ गुण्डों ने "भारती स्टोर" के पास ही आग लगा दी थी। श्री महाप्रभुजी की परम कृपा से केवल दुकान की दीवारें ही गर्म हुई थीं, मगर दुकान पूर्ण रूप से सुरक्षित थी। उसके पड़ौस की सब दुकानें जल गयी थीं। श्री महाप्रभुजी की लीला के प्रभाव को सभी भक्तों ने सराहा। इस चमत्कार से वे बहुत ही प्रभावित हुए।
श्री रामजीलाल जी के सुपुत्र श्री जुहारमलजी नौगाँव फार्म का काम करते थे। वह भी अपने पिता की भाँति बहुत ही धर्मात्मा हैं। अपनी दुकान पर आये साधु-सन्तों को वे अन्न, वस्त्र आदि दान में देते ही थे। मेरी भी उन्होंने बहुत अच्छी तरह से आवभगत की। उनके वहाँ पर बहुत ही उत्तम प्रकार से सत्संग का आयोजन हुआ।
एक दिन संध्या के समय उनकी कोठी पर ऊपर के मकान में सभी भक्तगण श्री महाप्रभुजी की आरती तथा प्रार्थना कर रहे थे। उस समय जुहारमलजी की धर्मपत्नी श्रीमती परमेश्वरी देवी को श्री महाप्रभुजी को साक्षात् दर्शन हुए। प्रार्थना के बाद ही हम सभी भक्तगणों को पता चला। उस समय मैंने कहा, "श्री महाप्रभुजी की इन पर विशेष दयादृष्टि है।"
वहाँ से रवाना होकर मैं कार द्वारा गौहाटी पहुँचा। वहाँ पर शहर की दयनीय स्थिति को देखकर मेरे रोंगटे खड़े हो गये। ऐसा भयंकर अग्रिकाण्ड मैंने कहीं पर नहीं देखा था। करोड़ों रुपयों की सम्पत्ति जलकर भस्म हो गयी थी। श्री रामलालजी की इस शहर में भी बहुत बड़ी व्यापारिक फर्म है। श्री बनवारीलालजी भारती स्टोर का कामकाज देखते हैं। आप श्री महाप्रभुजी के अनन्य भक्त हैं। वहाँ पर कुछ समय तक ठहरने के पश्चात् वायुयान द्वारा गौहाटी से कलकत्ता पहुँचा।
श्री रामजीलालजी के छोटे भाई श्री झावरमलजी के सुपुत्र श्री बाबूलालजी भी बहुत धार्मिक प्रकृति वाले सज्जन हैं। उनको मेरे वहाँ आगमन की सूचना पूर्व में ही फोन द्वारा मालूम हो गयी थी। इसलिए वे अपनी कार लेकर ऐरोड्रॉम पर मुझे लेने के लिए आये। किन्तु मैं एक अन्य भक्त सेठ की गाड़ी से उनके फर्म पर पहुँच गया था। वहाँ पर उनके भागीदार सेठ श्री गणपतलालजी तौदी से मेरा परिचय हुआ। वे मुझसे मिलकर अत्यन्त प्रसन्न हुए।
कुछ ही समय पश्चात् श्री बाबूलालजी भी वहाँ आ गये। मुझे अच्छे भवन में ठहराया। श्री बाबूलालजी उनकी धर्मपत्नी श्रीमती निर्मला देवी तथा परिवार के सभी सदस्यों ने मेरा बहुत ही उत्तम आदर-सत्कार किया। वहाँ पर सत्संग का आयोजन भी बहुत अच्छा रहा। वहाँ से जब मैं रवाना हुआ तब कलकत्ता के रेल्वे स्टेशन तक मुझे पहुँचाने के लिए आये।
कलकत्ता से मैं ट्रेन द्वारा बैजनाथ धाम, देवधर तथा जयसीढ़ी पहुँचा। वहाँ पर मैं प्राकृतिक चिकित्सालय में गया। वहाँ पर मैं सेठ श्री रामकुंवरजी के निवास-स्थान पर ठहरा। उस चिकित्सालय में उनका कुछ इलाज चल रहा था। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी तथा उनके पुत्र श्री बनवारीलाल भी उनकी सेवा में मौजूद थे। श्री बनवारी लालजी बहुत धर्मात्मा, दानवीर तथा सन्त पुरुष हैं। इन सभी सदस्यों ने मेरा बहुत आदर किया तथा वहाँ पर सत्संग का भी वृहद आयोजन था। मैं इनकी सेवा को कभी भूल नहीं सकता। उनके परिवार के सभी सदस्य श्री महाप्रभुजी के अनन्य भक्त हैं। मुकुन्दगढ़ में भी इनकी विशाल कोठी है। वहाँ पर भी मैं कभी-कभी जाता ही रहता हूँ। वे लोग मेरा बहुत आदर-सत्कार करते हैं। जयसीढ़ी से जब मैं रवाना होने लगा तब सभी भक्तगण मुझे स्टेशन तक पहुँचाने के लिए आये।
वहाँ से मैं ट्रेन द्वारा बाँकुड़ा (पश्चिम बंगाल) पहुँचा। वहाँ मैं, सेठ श्री फूलचन्दजी रावत के यहाँ ठहरा। वहाँ पर सेठ व सेठानी दोनों ने ही मेरा बहुत अच्छा आदर-सत्कार किया। वहाँ पर अन्य भक्तों ने भी मेरी बहुत अच्छी सेवा की। सन् १९५६ में तो सेठ श्री फूलचन्दजी रावत व उनकी धर्मपत्नी तो मेरे साथ बद्रीनारायणजी की यात्रा पर भी थे।
मैं वहाँ से नागपुर होता हुआ चन्द्रपुर (महाराष्ट्र) पहुँचा। यह स्थान चान्दा के नाम से भी जाना जाता है। मैं वहाँ पर वकील साहब श्रीमान मोहनलालजी बजाज के यहाँ ठहरा। श्री लक्ष्मीनारायणजी के मन्दिर में पाँच दिन तक सत्संग का आयोजन रखा गया। कांग्रेसी कार्यकत्र्ता श्रीमती यशोधरा देवी ने भी वहाँ पर मेरी अच्छी सेवा की। आप बहुत सी संस्थाओं की संचालिका भी हैं। श्री बंकटलालजी बजाज भी श्री महाप्रभुजी के अनन्य भक्त थे।
वहाँ से मैं नागपुर, इटारसी, ग्वालियर तथा भोपाल (म.प्र.) होता हुआ दिल्ली पहुँचा। वहाँ पर राजस्थान हाऊस में ठहरा। भारत के तत्कालीन उप-प्रधानमंत्री श्री मोरारजी देसाई से मिला। करीब एक घण्टे तक वे मेरे से आध्यात्मिकता पर सत्संग चर्चा करते रहे। वहाँ से जयपुर होता हुआ नीपल आश्रम पहुँचा।
इस समय श्री महाप्रभुजी के मेले के अवसर पर भारत के तत्कालीन खाद्य मंत्री श्री जगजीवनरामजी नीपल आने वाले थे अत: मुझे शीघ्र ही नीपल पहुँचना आवश्यक हो गया था।
इसके पश्चात् मैं अहमदाबाद स्थित अपने आश्रम में गया। भक्तजनों के विशेष आग्रह पर वहाँ से बड़ौदा होता हुआ पूना पहुँचा। इस यात्रा में मेरे साथ माँगीलाल जी गर्ग, जो अब परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्द जी के नाम से विख्यात हैं, मेरे साथ थे, बचपन से ही मेरे पास रहे हैं। आप बहुत ही सरल एवं सच्चे भक्त हैं। हम दोनों पूना में पण्डित श्री शंकरलालजी के यहाँ ठहरे। आप मेरे गुरुभाई भी हैं। उनके यहाँ पर सत्संग तथा आदर-सत्कार बहुत अच्छा रहा।
उन्होंने सेतुबन्ध रामेश्वर की यात्रा का अच्छा प्रबन्ध कर दिया था एवं अपने पुत्र को भी हमारे साथ भेज दिया था। प्रथम श्रेणी डिब्बे में हमारे लिए सीट आरक्षित पूर्व में ही कर दी गयी थी पूना से हम सब मैसूर राज्य के शिमोगा सिटी में पहुँचे। हम लोग वहाँ पर श्री मिश्रीलालजी खत्री के निवास-स्थान पर ठहरे। आप श्री महाप्रभुजी के परमभक्त हैं।
आपने वहाँ पर विशाल सत्संग का आयोजन करवाया तथा बड़े आदर सत्कार के साथ हमें कार द्वारा शृंगेरी मठ ले गये। यह मठ जगतगुरु आद्य शंकराचार्यजी का परमधाम है। इस पवित्र तीर्थ को देखकर मुझे अति प्रसन्नता हुई। वहाँ पर मैं वर्तमान श्री शंकराचार्यजी से भी मिला। हम दोनों में परस्पर सत्संग सम्बन्धी वार्ता भी हुई। वहाँ पर मैं समयाभाव के कारण अधिक समय तक नहीं रुक पाया। वहाँ से विदा होते समय श्री शंकराचार्यजी ने मुझे एक उत्तम प्रकार के रुद्राक्ष की माला व कुछ साहित्य दिये थे। मैंने भी उनको अपना साहित्य भेंट किया था।
वहाँ से हम वापस शिमागो सिटी होते हुए बंगलौर पहुँचे। वहाँ पर हम एक दिन ठहर कर मैसूर गये। वहाँ के दर्शनीय स्थलों को हमने देखा। वहाँ का एक बगीचा "वृन्दावन गार्डन" बहुत सुन्दर है। वहाँ से रवाना होकर हम लोग रामेश्वरम गये। वहाँ पर भगवान् रामेश्वर के दर्शन व पूजा की। वहाँ पर सागर का दृश्य अत्यन्त मनोहर लगा।
एक दिन वहाँ ठहर कर हम कन्याकुमारी गये। वहाँ पर हमने श्री स्वामी विवेकानन्द मेमोरियल देखा। वहाँ से हम मदुराई, पक्षीतीर्थ तथा मद्रास होते हुए श्री तिरुपति बालाजी पहुँचे। वहाँ का दृश्य मनोहर था। वहाँ के सभी स्थलों को देखकर हमें हार्दिक आनन्द तथा शांति की अनुभूति हुई। वहाँ से हम रायपुर तथा सोलापुर होते हुए हम बम्बई पहुँचे। मैं वहाँ पर "श्री माधवानन्द हॉल" गुलाबबाड़ी में ठहरा। दिनांक १६-१२-७० को श्री महाप्रभुजी की निर्वाण तिथि को वहाँ पर बड़ा भारी सत्संग महोत्सव बनाया गया। इस महोत्सव में सभी धर्मों के आचार्यों, विद्वानों, सन्तों, महात्माओं, बड़े-बड़े अधिकारियों, सेठों तथा हजारों अन्य भक्तों ने सम्मिलित होकर सत्संग का अनुपम लाभ उठाया। वैसे तो सत्संग वहाँ पर प्राय: होता ही रहता है, परन्तु उस दिन की रौनक कुछ और ही थी।
दिनांक ५-१-७१ को जब मैं उसी हॉल में बैठा हुआ था तभी करीब चार बजे एक अपरिचित व्यक्ति ने आकर मुझे नमस्कार किया। उसने पूछने पर ज्ञात हुआ कि उसका नाम सेठ नरोत्तमदास जवेरी है। मैंने उससे मेरे पास आने का कारण पूछा तो उसने, समाधि की विधि को जानने की जिज्ञासा प्रकट की। तब उस समय मैंने उसे इतना ही कहा था कि, "योग और समाधि से आपका क्या प्रयोजन है? आप तो एक कुशल व्यापारी एवं गृहस्थी हैं। समाधि तो बहुत बड़े-बड़े त्यागी साधु-संन्यासी भी साधने में असमर्थता पाते हैं। अत: मेरे विचार से तो आपको अच्छा सत्संग करना ही पर्याप्त हैं। आप समाधि की बातों को छोड़ दीजिये।"
क्षमा मांगते हुए वह सेठ कहने लगा कि, "स्वामीजी! मैंने आज तक किसी को गुरु नहीं बनाया है। बचपन से ही मेरी अन्तर्रात्मा में योग समाधि की तीव्र प्रेरणा रही है। मैं कभी-कभी एकान्त में बैठकर ऐसे ही 'ॐ' का ध्यान करता था। आज से तीन साल पहले मैंने रात्रि के दस बजे 'ॐ में कुछ ध्यान लगाया तो मुझे ऐसा आभास होने लगा जैसे मैं हवा में ऊपर उठ रहा हूँ। इस अवधि में पवन ऊपर की और चढ़ते ही मैं स्थूल शरीर का भाव भूल गया। सर्वप्रथम तो मुझे भयंकर अंधेरा दिखायी दिया, थोड़ी देर बाद ही प्रकाश हुआ। मैं इस स्थिति में लगभग सवा घण्टे तक ही रह पाया। मेरा पवन उतर गया। मैं अनूठे आनन्द का अनुभव करने लगा।"
उसी दिन से मैंने समाधि नियमित रूप से लगानी प्रारम्भ की और उसकी अवधि बढ़ती ही गयी। अब मैं आपकी कृपा से पाँच से सात घण्टे तक समाधि में रह सकता हूँ। मुझे ध्यान में अनेक देवी-देवताओं, ब्रह्मा, विष्णु, महेश, चौबीस अवतारों एवं ऋषि-मुनियों के दर्शन होते रहते हैं।
इस समय पाँच दिन से मेरे समाधिकालीन ध्यान में एक गुरुदेव आने लगे हैं जिनके सिर पर पगड़ी है, वे महान् तेजस्वी एवं अति मनोहर व्यक्तित्व वाले हैं। ऐसे गुरुदेव के आगमन पर सभी देवता उनको शीश झुकाते हैं। उनका चेहरा हमेशा मुस्कराता हुआ लगता है। परन्तु वे गुरुदेव बोलते कुछ भी नहीं हैं। क्या कारण है? अत: हे स्वामीजी! आप यदि उन गुरुदेव के विषय में कुछ जानते हो तो मुझे विस्तारपूर्वक बताने की कृपा कीजिये।"
सेठ के उपरोक्त वृतान्त को सुनकर मेरा ध्यान श्री महाप्रभुजी के दिव्यस्वरूप की ओर गया। अत: हो न हो विश्व के सदगुरु भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी ही होंगे। ऐसा सोचकर मैंने अपने बैग में से श्री महाप्रभुजी का एक फोटो निकालकर उस सेठ को दिखाया।
श्री महाप्रभुजी के फोटो को देखकर श्री जवेरी अत्यन्त हर्षित हुए और नमस्कार कर कहने लगा, "हाँ-हाँ गुरुदेव! सच बिलकुल यही वे गुरुदेव हैं जो मुझे हमेशा दर्शन देते हैं। आप कृपया मुझे शीघ्र बतलाइये कि यह गुरुदेव अब कहाँ विराजमान हैं? मैं उनके दर्शन कर अपने जीवन को धन्य बनाना चाहता हूँ। क्या आप उनके शिष्य हैं। आप मुझे भी अपना गुरुभाई बना लीजिये।" ऐसा कहते हुए उन्होंने मुझे प्रणाम किया।
उस समय मैने श्री जवेरी से कहा, "आपके अहोभाग्य हैं जो आपको त्रिलोक वन्दनीय श्री महाप्रभुजी ने ध्यानावस्था में दर्शन देकर कृतार्थ बनाया है। वे तो सचमुच विश्व की आत्मा हैं। वैसे स्थूल शरीर से तो उन्होंने ५ दिसम्बर, १९६३ महासमाधि धारण की थी। उनका दिव्य शरीर प्रकाशयुक्त सर्वत्र विराजमान है, जो आपको साक्षात् रूप से ध्यान में दर्शन देते हैं। यह तो आपके तप का प्रभाव है। आप कल संध्या को मुझसे मिलने का कष्ट करें।" ऐसा कहकर उस समय तो मैंने उनको भेज दिया।
दूसरे दिन ठीक चार बजे ही श्री जवेरीजी मेरे पास आये। उसी समय श्री सोमप्रकाश भटनागर भी वहीं आ गये। श्री जवेरीजी का पूरा वृत्तान्त मैंने श्री भटनागर को सुनाया। उस समय श्री नरोत्तमजी जवेरी ने भी श्री भटनागरजी को ध्यानमग्र अवस्था में गुरुदेव के दर्शन का वृत्तान्त कह सुनाया। उस समय श्री जवेरी की शंका का समाधान श्री भटनागर द्वारा ही स्पष्ट करना चाहा था। श्री भटनागरजी ने दस मिनट ध्यान लगाकर देखा। ध्यान के पश्चात् अत्यन्त हर्षित होकर कहने लगे, "भाई जवेरी साहब, आप पूर्व जन्म में एक महान् योगी थे, पूर्व जन्म में श्री महाप्रभुजी से योग प्राप्त किया था, आप हमारे गुरुभाई हैं। भक्त हितकारी श्री महाप्रभुजी ने आपको दर्शन दिया है, आपकी गुरुदीक्षा नहीं हो पायी है। इस कारण ध्यान में वे आपसे बोलते नहीं हैं। आप द्वारा गुरुदीक्षा ग्रहण करने के पश्चात् ही गुरुदेव आपसे बात करेंगे।"
श्री भटनागर साहब से यह सुनकर श्री जवेरीजी ने उन्हें ही अपना गुरु बनाने की इच्छा प्रकट की। इस पर श्री भटनागर ने उनसे कहा, "मैं किसी का गुरु नहीं बन सकता। मुझे श्री महाप्रभुजी का आदेश नहीं है। यह कार्य तो महाप्रभुजी ने श्री माधवानन्दजी को सौंपा है। वे ही उनके दरबार के सिपाही हैं। जो दुनिया के जीवों को जगाते हैं और इस गुरु दरबार में भर्ती करते हैं।"
इसके पश्चात् जवेरी ने मुझसे ही गुरु नाम की दीक्षा देने की विनय की। मैंने उन्हें मनोकामना पूर्ण होने का शुभाशीर्वाद दिया। श्री जवेरी ने मेरे हां करने पर बहुत खुशी प्रकट की। तुरन्त ही वह बाजार से गुरुपूजा हेतु उचित सामग्री, चादर, पुष्पमाला, अगरबत्ती तथा नारियल भेंट में ले आये। मैंने उनको गुरुदीक्षा का नियम समझाकर यह मंत्र "ॐ सोहं श्री दीप परिपूर्ण नारायणाय नम:" बतला दिया। यह मंत्र ही इष्ट मंत्र है। आप इसे जप कर देखिये। इसका प्रभाव आपको तुरन्त ही मालूम पड़ जायेगा। इस मंत्र को जपना प्रारम्भ करने के तीन दिन बाद आप मुझसे अवश्य मिलें।" इसके बाद हम सबने गुरु प्रार्थना की। गुरु-प्रार्थना के बाद श्री जवेरी अपने निवास-स्थान को लौट गये।
तत्पश्चात् श्री जवेरी इस घटना के तीसरे दिन मेरे पास उपस्थित होकर कहने लगे, "आपके बताये मंत्र को मैं नियमित एवं नित्य ही जपने लगा, तभी मेरे शरीर को विद्युत तरंग-सा धक्का लगा। मुझे ऐसा आभास होने लगा कि मेरे शरीर में से एक यम के समान काला राक्षस बाहर निकल कर खड़ा हो गया। मुझे प्रथम बार तो उसे देखकर भय लगने लगा, परन्तु मैं उस गुरु-मंत्र के जाप को निरन्तर जपता रहा। तभी मैंने देखा कि वह राक्षस बहुत तीव्र गति से भागने लगा। वह भागता हुआ चिल्ला रहा था। उसने कहा, "मुझे इस मंत्र की चोट से मत मारो। इतना कहते हुए वह राक्षस मेरी आँखों से ओझल हो गया। इसके पश्चात् मैं कुछ हल्कापन अनुभव करने लगा। इससे पूर्व (ध्यान से पूर्व) मेरा शरीर अत्यन्त भारी एवं जकड़ा हुआ, आलस्ययुक्त एवं सदैव दर्दमय रहता था।"
इसके पश्चात् मेरी भृकुटी में से टॉर्च की भांति एक लाइट निकलने लगी। शनै:-शनै: मेरे सामने 'ॐ' का स्वरूप बनने लगा तथा उसमें श्री महाप्रभुजी का मन्द-मन्द मुस्कराता हुआ चेहरा देखा। श्री महाप्रभुजी मुझसे कहने लगे, "तू मेरा है, मैं अनादि काल से भक्तों की संभाल रखता हूँ, परन्तु कोई भक्त लोग, मोहमाया एवं धन के वशीभूत होकर मुझे भूल जाते हैं किन्तु मैं उन्हें कभी नहीं भूलता। समस्त लोगों पर मेरी निगाह रहती है। तू चिन्ता मत करना, माधवानन्द से मेरी गीता ले आना।" इतना कहते हुए गुरुदेव अन्तर्ध्यान हो गये। अत: हे स्वामीजी! अब आपसे श्री विज्ञान दीप गीता की एक प्रति देने हेतु प्रार्थना कर रहा हूँ।
श्री जवेरी की प्रार्थना पर मैंने उन्हें वह पुस्तक दे दी। श्री जवेरी उस पुस्तक को लेकर वहाँ से चले गये। पुन: तीसरे दिन श्री जवेरी मेरे पास आये। हम सब बैठे हुए थे। मैंने श्री जवेरी से पूछा, "आज आप अत्यन्त प्रसन्नचित्त दिखाई दे रहे हैं क्या कारण है? तब श्री जवेरी ने कहा, "हे स्वामीजी! परसों रात्रि के नौ बजे मैं श्री महाप्रभुजी की उस गीता को लेकर पढ़ने बैठा ही था कि तभी मेरी समाधि लग गयी। उस समय मुझे ऐसा आभास होने लगा कि मेरे समक्ष ही एक आराम कुर्सी पर श्री महाप्रभुजी विराजमान हैं। वह मेरे हाथ से उस गीता को लेकर स्वयं पढ़कर मुझ को उसका सरलार्थ समझाने लगे। मैं तो उस मनोहर ज्ञानामृत को पी कर ब्रह्मानन्द में अति आनन्द-विभोर हो गया। यह क्रम प्रात: पाँच बजे तक चलता रहा।"
इसके पश्चात् मेरा ध्यान खुला। उस आनन्द में मुझे इस लम्बे समय का आभास ही नहीं हुआ। ऐसा अलौकिक आनन्द आज तक मेरे जीवन में न तो कभी आया और न ही मैंने सुना अथवा देखा। वह मनोहर, सुमधुर एवं ओज व आकर्षणयुक्त मेरे हृदय में स्थायी रूप से बस गया। उसके बिना अब कुछ भी अच्छा नहीं लगता। अन्त में श्री महाप्रभुजी ने मुझसे यह कहा कि, "मुझे माधवानन्द से कई महत्वपूर्ण कार्य करवाने हैं, अत: तुम सदैव उनसे मिलते ही रहना।"
इसलिए, "हे स्वामीजी! मेरे योग्य सेवा कार्य हो तो आप मुझे आज्ञा दीजिये।" मैंने जवेरी की इस बात को ध्यानपूर्वक सुना। मैंने उनसे श्री महाप्रभुजी के अखण्ड जप को करते रहने का निर्देश दिया। मेरे इस शरीर से भी श्री महाप्रभुजी को कराना होगा उस कार्य को आप करेंगे, मुझे क्या चिन्ता है? मैंने तो अपनी समस्त चिन्ताओं को श्री महाप्रभुजी के चरणों में सुपुर्द कर दिया है।
कुछ समय उस आश्रम में ठहरकर मैं नीपल (पाली) पहुँचा। उस समय श्री महाप्रभुजी का मेला नजदीक था। अत: मुझे यहाँ आना आवश्यक हो गया था। इस मेले में श्री महाप्रभुजी को श्रद्घाञ्जलि अर्पित करने के लिए भारत के सुप्रसिद्घ योगीराज श्री स्वामी शिवानन्दजी ऋषिकेश वाले पधारने वाले थे। श्री शिवानन्दजी ने अफ्रीका, यूरोप, इंग्लैण्ड, अमेरिका आदि देशों में भारतीय योग के माध्यम से वैदिक धर्म का बहुत प्रचार किया।
इसी बीच मैं कुछ दिन तक अजमेर मेयो कॉलेज में कार्यरत डॉ. मनोहरसिंहजी के यहाँ ठहरा और राष्ट्रवाणी प्रेस से श्री महाप्रभुजी के भजनों की 'अनुभव प्रकाश' पुस्तक प्रकाशित करवाया। मैं हमेशा ही सत्संग के लिए श्री सच्चिदानन्दजी शर्मा, विभागाध्यक्ष टेलीफोन एण्ड टेलीग्राफ, की कोठी पर जाता था। वे बहुत धार्मिक प्रकृति वाले एवं ज्ञानी सत्संगी पुरुष थे। श्री सच्चिदानन्दजी शर्मा २५ वर्षों से स्वाध्याय मण्डल तथा सत्संग संचालन की व्यवस्था करते थे। वहाँ से मुझे श्री सन्तरामजी डी.आई.जी. पुलिस, जयपुर, राज. के यहाँ सत्संग के लिए आमंत्रित किया गया। मैं उनके आग्रह को टाल नहीं सका। वहाँ पर सत्संग कार्यक्रम अति उत्तम रहा। श्री सन्तरामजी ने हमारी सेवा-चाकरी में कोई कमी नहीं रखी। उस दिन के बाद प्राय: इनके यहाँ सत्संग के लिए जाता ही रहता हूँ।
वहाँ से मैं सीकर, मुकुन्दगढ़ होता हुआ झुंझुनु पहुँचा। वहाँ पर रानी सती का भव्य मन्दिर देखा। रानी सती के दर्शन किये। इस मन्दिर को देखकर हृदय प्रसन्न हो गया। राजस्थान में इस प्रकार का भव्य मन्दिर एक ही है।
व्यवस्था समिति के मैनेजर श्री हीरालालजी ने मेरे ठहरने की व्यवस्था उसी मन्दिर में की। श्री हीरालालजी एवं तहसीलदार श्री सुरेश कुमार गुप्ता ने मेरा अतिथि सत्कार करने में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रखी। इनके प्रेम व सेवा को मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा। झुंझुनू के तहसीलदार श्री सुरेश कुमार गुप्ता व हीरालालजी ने मुझे अपनी जीप द्वारा रामगढ़ पहुँचाया था।
वहाँ पर गंगा मन्दिर में सत्संग का शुभ-आयोजन अच्छा रहा। रामगढ़ से मैं फतहपुर आया। यहाँ पर मैं श्री कृष्ण सत्संग भवन में ठहरा। वहाँ के अध्यक्ष डॉ. नन्दकिशोर सिसोदिया ने सत्संग का अति सुन्दर आयोजन करवाया। डॉ. नन्दकिशोरजी ने हमारे लिए ठहरने व खाने-पीने की अच्छी व्यवस्था कर रखी थी। कुछ समय तक वहाँ पर सत्संग करने के पश्चात् वहाँ से बीकानेर, श्री गंगानगर व हनुमानगढ़ जंक्शन होता हुआ नोहर पहुँचा। वहाँ पर श्री नरपतसिंहजी तहसीलदार के वहाँ ठहरा। उन्होंने ठहरने की अच्छी व्यवस्था की।
वहाँ से चूरु, रतनगढ़ होता हुआ मैं श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम बड़ी खाटू पहुँचा। वहाँ पर मैंने श्री महाप्रभुजी की समाधि के दर्शन किए तथा अर्चना भी की। वहाँ से मैं माउण्ट आबू गया। वहाँ पर नक्की तालाब (पवित्र सरोवर) की 'ॐ' गुफा में निवास किया। वहाँ पर मेरी इच्छा श्री दीपनारायण महाप्रभुजी के लीला-अमृत को लिखने की हुई। गाँव नारलाई का रामलाल गर्ग था, उसने यह जीवन लीला-अमृत मेरे बताये अनुसार लिपिबद्घ किया। यह मेरी छोटी बहिन श्रीमती सुगनदेवी का सुपुत्र है।
भक्तों के विशेष आग्रह से मैं बम्बई गया, वहाँ सेठ श्री जे.बी. अगासीवाला सी.ए. के प्रभा सदन बंगले में सान्ताक्रूज़ में ठहरा, वहाँ प्रतिदिन बहुत अच्छा सत्संग होता रहा। सेठ-सेठानी बहुत प्रेमपूर्वक हमारी सेवा करते थे।
शहर में जगह-जगह सत्संग का आयोजन होता रहता था, गोरे गाँव में भी जब सत्संग हुआ उसमें गाँप ढालोप वाले दर्जी पुखराजजी ने भी सपरिवार गुरु-भक्ति धारण की, उस समय उनके बहुत गरीबी थी तथा काम-काज भी ठंडा था। इसलिए मैंने उन्हें कहा यह गुरु प्रार्थना तुम नित्य नियम से करना, गुरुदेव सब आनन्द करेंगे। उन्होंने बहुत श्रद्घा से नित्य जप किया, उनके आज बहुत अच्छा काम है, मकान व दुकानें आदि सभी प्रकार का नाम भी ॐ श्री दीप टेलरिंग शॉप है। श्री पुखराज दर्जी गृहस्थ में रहते हुए भी सन्त हैं। उन्होंने अपने अनुभव से यह आरती बनाई है-
आरती
मन रे आरती संजोऊं, श्री पूज्य दीप निरंजन की।
श्री दीप निरंजन की मेरा सब दु:ख भंजन की ॥ टेर॥
पारब्रह्म पुरुषोत्तम प्रगट, सेवा सुर्गुण की।
अन्दर-बाहर है परिपूर्ण, ज्योति निर्गुण की ॥ १॥
ऋषि-मुनि अवतार अवलिया, चाह रज-चरण की।
तुम्हारी कृपा जिस पर होवे, समझे सेन अगम की ॥ २॥
सांचे मन से ध्यान लगावे, मिटे अविद्या मन की।
नाम आपको सर्व-सुखदाता, ताप निवारण तनकी ॥ ३॥
श्री पूज्य दीप दयालु दाता, लाज रखो भक्तन की।
आप बिना है कौन हमारा, आस करुं अब किसकी॥ ४॥
श्री माधवानन्दजी कृपा करके दीनी सेन समझन की।
पुखराज दर्जी निज मन से, माला जपे दर्शन की॥ ५॥
कच्छ में बिदड़ा शहर के निवासी शाह जखुभाई जैन परम भक्त व कट्टर जैन था। सत्य की खोज में था। अत: बम्बई बोरीवली में मेरे पास सत्संग में आया। श्री महाप्रभुजी की महिमा सुनी और मेरे से गुरु-भक्ति धारण की। उसके कोई पुत्र नहीं था, पुत्र के लिए श्री महाप्रभुजी से प्रार्थना करता रहता था। इसलिए महाप्रभुजी ने पुकार सुनी तो एक पुत्र हुआ। इससे महाप्रभुजी के प्रति विशेष श्रद्घा हुई और नियम से श्री महाप्रभुजी का ध्यान स्मरण, पाठ-पूजा करना शुरू किया। कुछ समय पश्चात् एक और पुत्र हुआ। इससे श्री महाप्रभुजी के प्रति और भी पूर्णतया श्रद्घा हो गई।
एक दिन सवेरे जखुभाई जैन मंदिर में पूजा दर्शन को जा रहा था। रास्ते में साक्षात् श्री महाप्रभुजी के दर्शन हुये, जखुभाई ने चरणों में दण्डवत् प्रणाम किया, हर्ष के आँसू उमड़ पड़े। श्री महाप्रभुजी ने सिर पर वृहद् हस्त-कमल रखकर आशीर्वाद दिया। जखुभाई ने कहा, "प्रभु मेरे घर पधारो।" तब श्री महाप्रभुजी ने मधुर मुस्कराहट से कहा, "मैं तेरे अन्दर आत्मा के घर आ रहा हूँ।" ऐसा कहते ही प्रभु का दृश्य बदल गया सूक्ष्य ज्योति के रूप में भक्त के अन्तर में प्रवेश किया। जखुभाई को परम आनंद परम प्रकाश प्राप्त हुआ, प्रभु का बाहरी रूप अदृश्य हो गया।
जखुभाई मंदिर न जाकर वापस घर गया। रास्ते में लोगों ने पूछा, "पूजा किये बिना कैसे जा रहे हो?", जखुभाई ने कहा, "जिसकी पूजा करता था वह भगवान् महावीर पूजा के फलस्वरूप आज साक्षात् मिल गये हैं। अब मैं किसकी पूजा करूं, विश्व पिता श्री दीपनारायण भगवान् मिल गये हैं। अब मुझे उसके बिना कोई नजर नहीं आता", उसके बाद महाप्रभुजी की पुस्तकें, फोटो, मंजीरे की जोड़ी हर समय अपने पास रखते थे। जहाँ भी जाते, वहाँ महाप्रभुजी का ही गुणगान करते भजन गाते थे।
ऐसा देखकर उनके सम्बन्धी लोगों ने कहा, "यह क्या लफड़ा पकड़ा है। मंदिर में नहीं आते हो, ढुंढ़िया महाराज के व्याख्यान सुनने नहीं आते हो, तुम बिगड़ गये हो, अब तुम जैनी नहीं रहे।" उस पर जखुभाई ने मुस्कराकर कहा, "अब मैं सच्चा जैन बना हूँ, जैन का अर्थ है, ज्यान यानि आत्मा सब जीवों को अपनी आत्मा जानकर उनकी सेवा करना। झूठ-कपट, ठगाई से लोगों को धोखा देकर धन इकट्ठा करके थोड़ा-सा, पुण्य-दान करके पाप से छूटना चाहते हो कभी नहीं छूटोगे, झूट-कपट से जो धन संग्रह किया है, उसका फल तुम्हें भोगना ही पड़ेगा। कर्म किसी का कभी नहीं छूटता है, चाहे देवता भी क्यों न हो। चाहे तुम मन्दिर जाओ, संघ निकालो, नमोकार मन्त्र पढ़ो, आमल उपासना करो, यह सब निरर्थक है, सांच बिना नहीं सुधरोगे।" फिर यह भजन सुनाया।
भजन (पद राग पारवी)
मन सांच बिना रे नहीं सुधरे, चाहे जप-तप करो हजार रे।
मन दूणों-दूणों बिगरे ॥ टेर॥
तीर्थ व्रत करे चाहे कोई, इन बातों में भला न होई।
मूर्ख माल गंवावे सिगरे ॥ १॥
चाहे योग समाधि साजे, पढ़-पढ़ पोथा ज्ञान में गाजे।
यह सब झूठा जग रे॥ २॥
सांच राख सायब सुमरे, सतगुरु वचन पलक नहीं बिसरे।
हमेशा करे वह चित को निगरे ॥ ३॥
सतगुरु सायब देवपुरी-सा निर्भय ध्यान धरे।
स्वामी दीप सतगुरु की कृपा, भव सिन्धु सहज तिरे॥४॥
यह भजन सुनाकर कहा, "अपने अन्तर में खोजो, जिन खोजा तिन पाया। खोज लिया उन्हें ढुंढ़िया कहते हैं। जिन्होंने सत्य परमात्मा को ढूंढ़ लिया है। आजकल के बहुत से ढुंढिया महाराज इस शब्द के अर्थ को भी नहीं जानते हैं और जन्तर-मन्तर से अपना व दूसरों का जीवन बर्बाद करते हैं उनके व्याख्यान सुनने से क्या लाभ।"
यह सारगर्भित वचन सुनने के बाद सबने सराहना की। श्री जखुभाई, सन्त जीवन व्यतीत करते हुए अन्त में स्वस्थ शरीर होते हुए, सवेरे चार बजे उठकर स्नान आदि से निवृत होकर श्री महाप्रभुजी के सामने कुछ प्रार्थना करके कहा कि हे प्रभु, अब आपके बिना मुझसे रहा नहीं जाता है। आपने मेरी सभी इच्छाएं पूर्ण कर दीं, अब मुझे अपनी शरण में ले लो, ऐसा कहते-कहते शरीर त्याग दिया।
एक धनिक सेठ कई मिलों का मालिक था। वह मेरे सत्संग में आता था, उसने मेरी बहुत सेवा की। जब मैं बम्बई से खाटू श्री महाप्रभुजी के पास आने को रवाना हुआ तो सेठ भी मेरे साथ श्री महाप्रभुजी के दर्शन हेतु खाटू आया। दोनों ने श्री महाप्रभुजी के चरणों में साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया और बैठे।
मैंने हाथ जोड़कर प्रभुजी से कहा इन सेठजी ने बम्बई में मेरी बहुत अच्छी सेवा की। श्री महाप्रभुजी ने कहा, "मैं कहता हूँ तेरी सेवा नहीं की।" मैंने कहा, "ऐसे कैसे कह रहे है, हजारों रुपयों को मेरी सेवा में खर्च किया है।" तब श्री प्रभु ने मधुर मुस्कराकर कहा कि, "माधव! उसने तो न तेरी सेवा की न मेरी सेवा की, इसने जो भी किया है अपने लिये ही किया है। अच्छा भी इसके लिए और बुरा भी इसके लिये।" यह सुनकर सेठ बहुत प्रसन्न हुआ और स्नान करने को चला गया।
जब श्री महाप्रभुजी ने मुझसे कहा, "माधव! यह गंदा ठीकरा कहाँ से लाये हो, अच्छा बर्तन लाते तो उसमें कोई अमूल्य वस्तु (ज्ञान) धर देता।" मैंने कहा, "प्रभु गन्दा कैसे? सुन्दर गोरा शरीर है, हीरे-जवाहरात कीमती आभूषण पहने हुए है। सेन्ट (इत्र) की सुगन्ध आ रही है मुझे तो बहुत अच्छा लग रहा है। मैं तो इसके पास बैठने में अपनी शोभा मानता हूँ।" तब प्रभु ने मुस्करा कर कहा, "यह सब अज्ञानता के कारण तुम्हें ऐसा भास हो रहा है। इसके अन्दर दुर्वासना रूपी दुर्गन्ध भरी है। कल्पना रूपी कीड़ेे खा रहे हैं। अन्तर में महादु:खी है। चिन्ता की ज्वाला में जल रहा है, यह सब मुझे दीख रहा है। ऐसे लोगों को मेरे पास कभी मत लाना। चाहे निर्धन हो मगर निष्काम भक्त हो, मुमुक्षु हो, उसको मैं महान् राम रतन धन देकर विश्व का अधिपति बना सकता हूँ।"