Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

दुश्मन से दुर्व्यसन बुरा है

राजस्थान शेखावटी फतेहपुर में डा. सिसोदिया के आग्रह से सत्संग भवन में ठहरा हुआ था। एक दिन सवेरे घूमने के लिए रेलवे स्टेशन गया। वहाँ एक साधु घूम रहा था। उसके चेहरे पर बड़ी उदासी छायी हुयी थी। मैंने पूछा, "महाराज! आप क्यों इतने चिन्तित हैं यहाँ कैसे खड़े है?" मेरे पूछने पर उसकी आँखों में पानी आ गया और हाथ जोड़कर बोला कि मैं आज रेल से कटकर मरने के लिए यहाँ खड़ा हूँ। मैंने पूछा, "महाराज आपको इतनी क्या तकलीफ है? क्यों मरना चाहते हो।" तब वह गिड़गिड़ाकर बोला, "मैं सात दिन से भूखा हूँ और मेरे पास वस्त्र नहीं हैं। इस भयंकर सर्दी में रात को मिट्टी की टीलों में घुसकर रात निकालता हूँ। ऐसे महादुखी जीवन से तो मरना ही अच्छा है।" इतना कहकर फूट फूटकर रोने लगा। और बोला कि मुझे आप मत बचाना। मुझे अन्त समय में आपके दर्शन हो गये यह मेरा भाग्य है। मैंने उसे सान्त्वना देते हुए प्रेम से आपने पास बिठाया। और एक पुलिस के सिपाही को बुलाकर कहा कि ध्यान रखना कि यह साधू भागकर ट्रेन के नीचे नहीं आ जाये। इसकी चौकसी रखो। फिर मैंने उस साधू से पूछा कि तुम किस जाति के हो। साधू कब बने, क्यूं बने और बनने का क्या कारण है। तुम्हारे गुरु कौन हैं, अभी वो हैं या नहीं, किस आश्रम में तुमने यह भेष पहना है। सब शान्ति से दिल खोलकर बताइये। पहले आप चाय नाश्ता लीजिए। फिर आप अपना हाल सुनाइये। बाद में मेरे साथ चलकर हलवा,पूड़ी,खीर, पकौड़ी खूब पेट भर खाइये। मेरे साथ रहिए। कपड़े जूते सब मंगवा दूँगा। तब वह बोला कि मैं जन्म से सुनार जाति हूँ।

यहाँ एक साधू का आश्रम था। मेरे पिता के गुजरने के बाद मेरी माताजी साथ लेकर इस आश्रम में रहने लगी और मैं आश्रम का सब काम करता था। मुझे मार-मारकर चक्की पिसवाते, गाय सेवा कराते व दूध दुहाते, गोबर डलवाते थे। वलोणा कराते, भोजन बनवाते, बर्तन साफ कराते। कपड़े धोना, जंगल से लकड़ी लाना, कुएं से पानी खींचकर भरना ,सब काम करता था। कुछ समय बाद मेरी माताजी गुजर गयी। उसके बाद मेरे गुरुजी ने आश्रम के मकान को बेच दिया। कुछ भी नहीं रखा और मकान वालों ने मुझे निकाल दिया। तब मैं वहाँ से लक्ष्मणगढ़ धर्मशाला में आकर ठहरा। धर्मशाला में मुझे एक कोठरी दे दी। उसमें रहने लगा और सेठ ने कहा कि धर्मशाला के बाहर दुकानें हैं। उनकी देखरेख करना। कोई तोड़-फोड़ न करे। और मेरे पास कुछ रुपये थे। उससे दो खाट खरीदे, दो गद्दा, दो रजाई, दो कम्बल, दीवार घड़ी व मेरी जरूरत का सामान खरीदा। एक दिन दुकान वाला तोड़-फोड़ कर रहा था तो मैंने मना किया। इससे मुझे सभी दुकानवालों ने मिलकर बहुत बुरी तरह से मारा और पुलिस को बुलाकर, उसको कुछ पैसे देकर डण्डों से बहुत बुरी तरह पिटवाया और मुझे कहा कि भाग जाओ। भूल से भी इधर आये तो जान से मार डालेंगे और मुझे धक्का देकर निकाल दिया। और मेरे कमरे की चाबी पुलिस वाला थाने ले गया। उसके बाद मेरी यह दशा हुई है। अब मैं जी के क्या करूं। मैंने कहा, "चिन्ता मत करो तुम्हारा सब सामान मैं तुम्हारे साथ पुलिस भेजकर मंगवा दूँगा।" उसने कहा, "मुझे देखते ही मारने दौड़ेंगे। इसलिए मैं तो वहाँ नहीं जाऊँगा।" पुलिस का सिपाही बोला, "मेरे साथ चलो, तुम्हें कोई नहीं मारेगा। अगर गड़बड़ करेगा तो मैं थाने से और पुलिस बुलाकर सबको सीधा कर दूँगा।" उस समय मेरा जयपुर का आश्रम बनने वाला था। मुझे सामान की जरूरत थी सो पुलिस उनके साथ भेजकर सारा सामान जयपुर पहुँचा दिया, और उसको अपने साथ ले गया। खूब अच्छी तरह भोजन कराया। उसके लिए कपड़े मंगाये, जूते की नयी जोड़ी मंगवा दी। यानि उसको मेरे पास कोई कमी नहींरखी। बहुत प्रेम से रखा। लेकिन वो मेरे से छुपकर बीड़ी पीता था। मैंने उसे बीड़ी पीने को मना किया। फिर भी नहीं छोड़ी तो मैंने उसे थोड़ा डांटा, तो वह अपने परम आनन्द को ठोकर मारकर भाग गया।

केवल बीड़ी के दुर्व्यसन के कारण उसने सुख वैभव छोड़ दिया।