समस्त भक्तजनों के आग्रह पर मैं सन् १९६८ में बम्बई गया। वहाँ पर हमेशा की तरह अति उत्तम प्रकार से सत्संग कार्यक्रम होता था। कुछ दिनों बाद ही श्री महाप्रभुजी की निर्वाण तिथि थी। सभी भक्तजनों ने इस शुभावसर पर विशाल महोत्सव का आयोजन करने का निश्चय किया। भक्तजनों के आग्रह के साथ ही श्री केशवलाल सोलंकी के विशेष आग्रह को मैं नहीं टाल सका। उनके निवास-स्थान पर ही यह महोत्सव मनाने की मैंने स्वीकृति दे दी। सभी भक्तजनों ने इस अवसर पर बड़ी श्रद्घा एवं लगन के साथ पौष कृष्णा चतुर्थी को विशाल मेला एवं सत्संग कर इस महोत्सव को सफल बनाया। इस अवसर पर कई महान् धर्माचार्य भी पधारे। इस अवसर पर कई भक्तों व सन्तों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गयी।
दिनांक ११-१२-१९६८ को प्रात:काल पाँच बजे मैं ध्यान में बैठा था। तभी अचानक मुझे एक आवाज सुनायी दी। यह चिरपरिचित मधुर आवाज श्री महाप्रभुजी की थी। उन्होंने मुझसे केवल यही कहा था कि, "माधवानन्द! मैं तुम्हें एक विशेष बात बता रहा हूँ। बात यह है कि वर्तमान भारत के उप-राट्रपति श्री वी.वी.गिरि एक वर्ष पश्चात् ही राष्ट्रपति बन जायेंगे।" मैं केवल इतना ही सुन पाया था। तब मैंने विचार किया कि श्री महाप्रभुजी की यह भविष्यवाणी अवश्य ही सही सिद्घ होगी। इसी निश्चय के वशीभूत होकर उसी दिन मैंने उप-राष्ट्रपति श्री वी.वी.गिरि को एक पत्र लिखा जिसमें मैंने गुरुदेव श्री महाप्रभुजी के शुभ वरदान भरे शुभाशीर्वचन से उन्हें अवगत कराया। इस पत्र का उत्तर देते हुए उन्होंने आभार व्यक्त किया था।
तत्पश्चात् मैं दिनांक ४-४-१९६८ के दिन माउण्ट आबू गया। मैं वहाँ पर लाल मन्दिर सत्संग आश्रम में ठहरा हुआ था। अत्यन्त गर्मी के कारण मैंने तीन माह तक वहीं विश्राम किया। मई माह में राष्ट्रपति श्री जाकिर हुसैन का देहान्त हो गया। यह समाचार सुनकर मुझे श्री महाप्रभुजी के उन आशीर्वचनों का स्मरण हो आया। तब मैंने सोचा कि अब राष्ट्रपति के रिक्त पद पर श्री वी.वी .गिरि को ही कार्य-भार संभालना पड़ेगा।
कुछ समय बाद मैंने पूर्व पत्र का स्मरण दिलाते हुए श्री वी.वी.गिरि साहब को एक पत्र पुन: लिखा तथा साथ ही साथ मैंने उन्हें श्री महाप्रभुजी के मेले पर गाँव नीपल में पधारने के लिए एक निमंत्रण-पत्र भी भेजा था। इस पत्र एवं निमंत्रण के जवाब के रूप में उन्होंने स्वयं ने अपने हस्ताक्षर द्वारा पत्र लिखकर आभार व्यक्त किया।
कुछ ही दिनों बाद श्री वी.वी.गिरी ने उप-राष्ट्रपति के पद से त्याग-पत्र दे दिया एवं स्वतन्त्र रूप से राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ा। तत्कालीन काँग्रेसी श्री वी.वी.गिरि के पक्ष में नहीं थे फिर भी मुझे श्री महाप्रभुजी की भविष्यवाणी पर पूर्ण विश्वास था। तभी ध्यान में गुरुदेव की पवित्र वाणी ने मुझे पुन: आश्वस्त कर दिया था। कुछ समय पश्चात् श्री महाप्रभुजी की असीम कृपा से श्री वी.वी.गिरि साहब राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव में विजयी हो गये।
इस समाचार को सुनकर मुझे अत्यन्त प्रसन्नता हुई। मैंने उन्हें एक बधाई-पत्र भी लिखा था, इस पत्र के उत्तर में उन्होंने मुझे दिल्ली बुलाया था। उनके इस आमन्त्रण को स्वीकार करते हुए दिनांक ७ सितम्बर, १९६९ को प्रात: ११ बजे मैं दिल्ली राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्री वी.वी.गिरि साहब से मिला। मुझे देखकर गिरि साहब बहुत प्रसन्न हुए। उन्होंने परम पूजनीय गुरुदेव के प्रति बहुत-बहुत आभार व्यक्त किया। उस समय आई.पी.एस. श्री कुन्दनलालजी शर्मा भी सचिव के रूप में साथ थे। कुछ समय पश्चात राष्ट्रपति श्री वी.वी.गिरि ने राजस्थान यात्रा के दौरान राज-भवन जयपुर में मुझे आग्रह पूर्वक बुलाया था। वहाँ अच्छा सत्कार किया।