मैं अहमदाबाद जा रहा था। दिनांक १७ जून, १९७६ को मैं फालना स्टेशन पहुँचा। रात्रि को मेरा स्वास्थ्य अचानक ही खराब हो गया। इसके उपचारार्थ मैंने कुछ दवाइयाँ लीं और सोचा कि ठीक हो जाऊंगा। उसी अवस्था में मैंने वहाँ से देसूरी के लिए प्रस्थान किया। वहाँ पर डाक-बंगले में रुका। अभी तक मेरे स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ। जब मेरा स्वास्थ्य ज्यादा खराब होने लगा तो वहाँ से फिर मैं सादड़ी गया तथा अस्पताल में भर्ती हो गया। डॉक्टर ने मेरे लिए कॉटेज (अलग कमरा) की व्यवस्था कर दी थी। वहाँ मैं पाँच दिन तक उपचार के लिए ठहरा, किन्तु स्वास्थ्य लाभ नहीं हुआ। स्वास्थ्य दिन-प्रतिदिन ज्यादा खराब होने लगा। मुझे रात्रि को ठंडा बुखार तथा दिन को गर्म बुखार आता ही रहा।
अपने इलाज के लिए मैं जयपुर गया। यहाँ पर भी मेरे लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध करवायी गयीं। दो डॉक्टरों की मेरे लिए विशेष सेवा में दिया। लेकिन अफसोस! यहाँ पर भी दिन-रात डॉक्टरों द्वारा मेहनत किये जाने के बावजूद भी मेरे स्वास्थ्य में कोई सुधार नजर नहीं आया। मेरी आवाज बिलकुल बैठ गयी। उस परिस्थिति में मुझे ऐसा प्रतीत हुआ कि जैसे मैं शीघ्र ही शरीर त्याग दूँगा। डॉक्टर भी मेरा उपचार करते हुए निराश होने लगे थे।
चारों ओर से निराशा हाथ लगने के पश्चात् मात्र एक ही आशा की किरण शेष थी, वह यह कि गुरुदेव श्री महाप्रभुजी की समाधि पर जाकर चरण-रज पाने की इच्छा। इसी आशा के साथ मैं कार द्वारा खाटू स्थित श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम पहुँचा। लोगों ने मुझे उठाकर श्री महाप्रभुजी की समाधि के सामने बैठा दिया। श्री महाप्रभुजी की समाधि के समक्ष सिर झुकाते हुए ही मैं बेहोश हो गया तथा इस बेहोशी की अवस्था में मुझे श्री महाप्रभुजी के दर्शन हुए। मेरे पीछे लगभग दस फीट की दूरी पर एक भयंकर काला सर्प आ रहा था। श्री महाप्रभुजी ने उसे पकड़कर दूर फेंक दिया। शीघ्र ही मुझे पुन: होश आया। तब मुझे ज्ञात हुआ कि वह काला व भयंकर सर्प ही मेरा काल था। श्री महाप्रभुजी ने मेरी उससे रक्षा की। अब मैं शरीर नहीं त्याग सकता। उस दिन मेरा स्वास्थ्य कुछ ठीक हो गया।
इस अवसर पर वहाँ विशाल सत्संग का आयोजन रखा गया। इस सत्संग में उदयपुर से परम भक्त श्री सुरेन्द्रकुमार अग्रवाल भी वहाँ उपस्थित हुए थे। मेरी बिगड़ी हालत को देखकर उन्होंने मुझसे उदयपुर चलने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि, "मेरा लड़का धर्मेन्द्र डॉक्टर है उससे आपका इलाज करवाऊँगा।" ऐसा आग्रह कर वे मुझे उदयपुर ले गये और अपने सुपुत्र डॉ. श्री धर्मेन्द्र कुमार से मेरा इलाज प्रारम्भ करवा दिया। श्री अग्रवाल ने अपने घर ही एक अलग कमरे की व्यवस्था करवा कर दी। श्री महाप्रभुजी की परम कृपा से व सुरेन्द्रकुमार की पवित्र भावना के फलस्वरूप एवं श्री महेश्वरानन्दजी की आन्तरिक संकल्प शक्ति से मेरा स्वास्थ्य सुधरने लगा और इस प्रकार श्री महाप्रभुजी ने मुझे नया जीवन प्रदान किया तथा मैंने श्री महाप्रभुजी की समाधि पर सत्संग करने का संकल्प लिया।
कुछ समय पश्चात् कई कार्यों में व्यस्त हो जाने के कारण मैं अपना संकल्प भूल गया, परिणामस्वरूप उसी वर्ष दीपावली के दूसरे दिन ही मुझे वही बीमारी पुन: प्रारम्भ हो गयी। पूर्व की भाँति ही जयपुर व अन्य स्थानों पर इलाज करवाया परन्तु कुछ भी सुधार नजर नहीं आया।
उस समय यूरोप से परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी यहाँ पधारे हुए थे। उन्होंने भी मेरा अनेक प्रकार से उपचार किया मगर मुझे तनिक भी लाभ नहीं हुआ तब अचानक ही मुझे मेरे द्वारा पूर्व में किया गया संकल्प याद आया। मैं मन ही मन सोचने लगा, "अरे मैं तो भूल ही गया कि मैंने श्री गुरुदेव की समाधि पर सत्संग करने का संकल्प लिया था। मैं अपना संकल्प निभा नहीं सका, जिसकी वजह से पुन: रोगग्रस्त हुआ।"
तब मैंने श्री महेश्वरानन्दजी को श्री महाप्रभुजी की समाधि पर सत्संग करने का याद दिलाया। अन्य कई भक्तजनों ने भी मेरे स्वास्थ्य सुधार के लिए इस सत्संग को जल्दी करने को कहा। उस समय तत्काल ही मेरा स्वास्थ्य सुधरने लगा तथा कुछ ही समय पश्चात् मैं बिलकुल ठीक हो गया। सभी प्रत्यक्षदर्शी भक्तजनों ने इस चमत्कार को देखा तो उन्हें भी गुरुदेव श्री महाप्रभुजी के प्रति अपार श्रद्घा उत्पन्न हुई।
दूसरे दिन श्री महेश्वरानन्दजी ने मुझे वायुयान द्वारा आबोहवा बदलने के लिए बम्बई भेजा। मुझे अत्यन्त कमजोर व निर्बल अवस्था में देखकर बम्बई के भक्तगण चिंतित हो गये। कुछ दिनों बाद मैं पूर्णतया स्वस्थ हो गया। यह सब श्री महाप्रभुजी की लीलामय कृपा का फल था।
उस समय श्री महेश्वरानन्दजी का योग शिविर गीता-भवन, जोधपुर में चल रहा था। उन्होंने मुझे वायुयान का टिकट भेजकर अपने पास बुलाया। उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए मैं बम्बई से वायुयान द्वारा जोधपुर आ गया।
योग शिविर समाप्त होने पर श्री महेश्वरानन्दजी के साथ मैं श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम, बड़ी खाटू पहुँचा। वहाँ पर बहुत सुन्दर सत्संग का आयोजन हुआ। मुझे गुरुदेव श्री महाप्रभुजी की परम कृपा से नया जीवन प्राप्त हुआ।
ओपावा
5.1.1975
मेरे महान् प्रिय गुरु!
दिसम्बर माह के मध्य में हमने स्वामी महेश्वरानन्द जी को आमंत्रित किया और हमने उनके आगमन का बहुत अधिक आनन्द उठाया। उन्होंने हमें आपके व आपके गुरुदेव महाप्रभुजी के बारे में बहुत कुछ बताया। स्वामी जी के सत्संग के बाद एक शाम मैंने आपके गुरु के बारे में अनुभव किया, जिसे कि मुझे अवश्य लिखना चाहिए, जैसे कि स्वामी जी ने मुझसे कहा। मैं बैठा हुआ ध्यान कर रहा था, उसी समय अचानक मुझे महसूस हुआ कि मैं कमरे में अकेला नहीं हूँ। एक व्यक्ति ने लम्बा सफेद चोगा पहने हुए तथा हाथ में छड़ी लिए हुए कमरे में प्रवेश किया और वह व्यक्ति मेरे नजदीक आकर मेरे बगल में बैठ गया।
मैं नहीं जानता था, लेकिन मैंने अनुमान लगाया कि वे महाप्रभु जी ही थे। अगले दिन मैंने इसके बारे में स्वामी महेश्वरानन्दजी को बताया और उनसे महाप्रभुजी की वेशभूषा व छड़ी के बारे में पूछा और तब उन्होंने कहा कि महाप्रभु जी वास्तव में इसी प्रकार के वस्त्र धारण करते थे व छड़ी के साथ चलते थे। अब मैं महाप्रभुजी को हर समय अपने आस-पास लेकिन पहले से अलग अन्दाज में महसूस करता हूं। अब यह अधिक से अधिक मेरे ख्यालों में व ध्यान में रहते है। क्या आप ऐसा नहीं सोचते कि महाप्रभुजी के दर्शन होना मेरी कल्पना के जैसा ही था। मैं यह भी कहना चाहूँगा कि एक बार मैंने महाप्रभु जी का चेहरा तस्वीर में देखा, लेकिन कभी नहीं जानता था कि वे कैसे कपड़े पहनते थे तथा अपने साथ छड़ी भी रखते थे। कृपया मेहरबानी करके मुझे लिखिए कि इस घटना के बारे में आपकी क्या राय है और क्या वे वास्तव में आपके गुरु महाप्रभु जी ही थे।
मैं आपके बारे में बहुत अधिक सोचता हूँ और हम सभी आपके हमारे देश में आगमन की इच्छा रखते हैं और चाहते हैं कि आप हमें यहाँ आकर ज्ञान प्रदान करें।
आपको हमारे इस पत्र का उत्तर देने के लिए पूर्व में ही बहुत-बहुत धन्यवाद।
लेडिस्लेव डोहनल
हॉस्कोवा-2,
74601, ओपावा चेकोस्लोवाकिया,
पेटनर कोल्लर,
ए-3400 वाइद्लिंग,रोजनबुहेलगासे 11
आस्ट्रिया/यूरोप
आमंत्रण
पूज्यनीय स्वामी माधवानन्दजी महाराज हम आपको ऑस्ट्रिया (यूरोप) आमंत्रित करने में बहुत अधिक रुचि रखते हैं। हम चाहते हैं कि आप हमें अपना बहुमूल्य समय प्रदान करें तथा हमें भारतीय संस्कृति, योग, वेदान्त आदि का ज्ञान प्रदान करें। हमें बहुत खुशी होगी यदि आप हमें 1 मई से जुलाई 1975 के अन्त तक का सुअवसर देंगे।
हम आपकी यात्राओं के खर्चे व आपके यूरोप निवास के व्यय की सारी जिम्मेदारी लेते हैं। हम आशा करते हैं कि आप हमारे मेहमान के रूप में इस आग्रह को अवश्य स्वीकार करेंगे।
आपके आगमन के लिए अत्यधिक आतुर
आपका आज्ञाकारी
पेटनर कोल्लर परिवार
इस प्रकार मुझे यूरोप के भक्तगणों द्वारा अनेक आमन्त्रण पत्र प्राप्त हुए हैं, इसके तुरन्त पश्चात् ही परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी ने स्विस एयर (स्वीटजरलैण्ड) का टिकट मेरे पास भेज दिया। उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए मैं दिनांक १५-४-१९७५ को वहाँ से वायुयान द्वारा विदेश यात्रा के लिए रवाना हुआ। भारतीय भक्तजनों ने मुझे भावभीनी विदाई देते हुए कहा था, "विदेशों में आप अनेक स्थानों पर पधारेंगे। वहाँ पर आपके द्वारा भक्तजनों को भारतीय संस्कृति एवं वेदान्त के सही स्वरूप को जानने का अवसर मिलेगा, जिससे भारत का गौरव बढ़ेगा।"
जयपुर से अजमेर, ब्यावर, मारवाडज़ंक्शन, आबू, अहमदाबाद, बड़ौदा और सूरत होता हुआ मैं बम्बई पहुँचा। मार्ग में सभी शहरों में भक्तजनों ने मेरा स्वागत किया एवं विदेश यात्रा के लिए हार्दिक बधाई दी।
मै "श्री माधवानन्द हॉल" गुलाल बाड़ी, बम्बई में सात दिन तक भक्तजनों के साथ सत्संग रहा। तत्पश्चात् बम्बई में दिनांक १-५-१९७५ को रात्रि के १२ बजे वायुयान द्वारा ऑस्ट्रिया (वियना) की यात्रा पर रवाना हुआ। श्रेष्ठ वायुयान में चाय-नाश्ते के साथ रंगीन सिनेमा की भी व्यवस्था थी। मेरे पास वाली सीट पर एक गुजराती डॉक्टर थे। वे अमेरिका जा रहे थे। डॉक्टर भक्त थे, मार्ग में उन्होंने कई बार मेरे से सेवा के लिए पूछा। वह रात अत्यन्त आनन्द के साथ व्यतीत हो रही थी। परन्तु मेरे लिए तो वह लम्बी होती रही। वैसे सामान्यत: रात्रि बारह घण्टे की होती है किन्तु वह रात्रि तो सत्रह घण्टे की हो गयी। कारण भारत व यूरोप के मध्य ४-३० घण्टे के समय का अन्तर रहता है। यूरोप के समयानुसार मैं प्रात: ८ बजे ऑस्ट्रिया (वियना) पहुँचा। वहाँ एरोड्रॉम (हवाई अड्डे) पर हजारों नर-नारी यूरोपियन भक्तजन स्वागत के लिए खड़े थे। वे सभी अपनी-अपनी कारों के पास अपने हाथों में फूलों के गुलदस्ते लिए खड़े थे। परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी अनेक भक्तजनों के साथ मुख्य-द्वार पर ही गुरुदेव की जय-जयकार कर रहे थे। जैसे ही मैं वायुयान से उतरा वैसे ही जय-जयकार की ध्वनि से भव्य स्वागत किया गया। भक्तों ने उस समय मेरे अनेक चित्र भी लिए।
इसके पश्चात् मैं वहाँ पर पीटर कोलर बैंक मैनेजर के निवास स्थान पर पहुँचा। उनकी पत्नी ने भारतीय विधि से मेरी पूजा व आरती की, मुझे दूध व फलों का नाश्ता कराया गया। मेरे ठहरने की व्यवस्था भी उनके बंगले पर की गयी। दिनभर भक्तगणों का दर्शनार्थ आवागमन चलता रहा। मेरे आगमन की सूचना वहाँ के समाचार-पत्रों के मुखपृष्ठ पर "भारत के होली गुरु आये हैं" शीर्षक से छपी थी। दोपहर के भोजनोपरांत मैंने कुछ समय के लिए विश्राम किया। सायंकाल ४ बजे सत्संग सभा का आयोजन हुआ।"
सत्संग में आये भक्तजनों की संख्या देखकर मैं दंग रह गया। उन सभी के बैठने की व्यवस्था की गयी। मैंने व्याख्यान एवं भजन सुनाया। हजारों भक्तों ने सत्संग की गतिविधि को टेप-रिकॉर्ड कर लिया। कई कैमरामैन फोटो खींचने में व्यस्त थे। सर्व प्रथम स्वागताध्यक्ष ने हर्षोल्लास के बीच नम्र शब्दों में कहा था, "सज्जनों! सूर्य हमेशा पूर्व में उदय होकर पश्चिम में रोशनी प्रदान करता हैं, ऐसा ईश्वरीय नियम है। इस नियम के अनुरूप भारतीय सदगुरु ज्ञानरूपी सूर्य के समान पूर्व से उदय होकर पश्चिम स्थित यूरोप की यात्रा पर पधारे हैं। वे अपने ज्ञान के प्रकाश द्वारा हमारे अज्ञान के अन्धकार को दूर करेंगे। हम भौतिकवाद में भटके हुए सत्य का रास्ता जानने के इच्छुक हैं।"
वैसे तो अनेक देशों से धर्मोपदेशक,ज्ञानी-विज्ञानी तथा सन्त यूरोप में आते रहते हैं, परन्तु यह हमारा सौभाग्य है कि आज विश्ववन्दनीय श्री श्री १००८ श्री भगवान् दीपनारायण महाप्रभुजी के योग साधना केन्द्र, जयपुर, राजस्थान (भारत) के प्रमुख साधक परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी के द्वारा अनेक यूरोपवासियों को सरल एवं वैज्ञानिक विधि से योग साधनों, आसनों तथा प्राणायाम की क्रिया का अभ्यास करवाया जा रहा है। इस प्रक्रिया द्वारा बाल, वृद्घ से लेकर युवा वर्ग तक सभी को लाभ मिला है और मिलता रहेगा।
इतने पर भी आप जैसे (श्री स्वामी माधवानन्दजी) होली गुरु (महान् गुरु ) के यहाँ पधारने से हमें अपार हर्ष हो रहा है। हम आपके प्रवचनों से सही एवं सत्य का रास्ता पा सकेंगे।
स्वागताध्यक्ष के इस हृदयोद्गार के पश्चात् मैंने वहाँ उपस्थित भक्तजनों को सम्बोधित करते हुए यह कहा कि, "सज्जनों! आज आप लोगों के मध्य उपस्थित होकर मैं अपने आपको एक विशेष प्रकार के सुका अनुभव कर रहा हूँ। आप सभी की मैं वचनों द्वारा जो सेवा करूँगा, वह आत्मा-परमात्मा की ही सेवा है। श्री महाप्रभुजी की परम अनुकम्पा से मुझे यह आपकी सेवा का सुअवसर प्राप्त हुआ है।"
सज्जनों! आत्मा एक है, परमात्मा एक है, मानव एक है, धर्म एक है, तथा लक्ष्य एक है, लेकिन अनेक रास्ते होते हुए भी समावेश होता है। All In One, One In All (सभी में एक ही है, एक ही में सब कुछ है) विभिन्न प्रकार के मत-मतान्तर होते हुए भी लक्ष्य एक ही है। सुख की प्राप्ति, दु:ख की निवृत्ति तथा परम सुख के धाम आत्मा-परमात्मा को साक्षात् रूप में जानना ही उसका सही ज्ञान है। "मैं और तू" को मिटाकर एक रूप में होना ही जीवन का सच्चा रास्ता है।
अपने मन से सर्व वासनाओं को त्यागना ही सच्चा त्याग है। उस त्याग के द्वारा ही आत्मा-परमात्मा रूपी सुख के धाम अनायास ही मिल जाते हैं।
"Enter the kingdom of the Lord, through the gate of sacrifice."(प्रभु के साम्राज्य में प्रविष्ट होने का एक ही मार्ग है "त्याग") अपनी इच्छाओं के त्याग के बिना कोई भी मानव सुखी नहीं हो सकता है। एक ओर तो संसार में कुछ साधन ऐसे भी हैं, जो धीमी गति के होते हैं जैसे - बैलगाड़ी, घोड़ागाड़ी एवं ऊँटगाड़ी इत्यादि। दूसरी ओर ऐसे साधन उपलब्ध हैं जो शीघ्रातिशीघ्र बहुत कम समय में ही मंजिल तक पहुँचा देते हैं, जैसे- रेलगाड़ी, बस, वायुयान आदि।
सज्जनों! मानव शरीर एक अमूल्य हीरा है, क्योंकि इसमें ज्ञान शक्तियों का अपार भण्डार है। इस मानव शरीर के द्वारा ही लौकिक-अलौकिक ज्ञान को प्राप्त कर सकते हैं।"
उपरोक्त संक्षिप्त प्रवचन देने के पश्चात् वहाँ उपस्थित सभी भक्तजनों से जिज्ञासात्मक प्रश्नों को पूछने का अवसर प्रदान किया। इस दौरान एक सज्जन ने प्रश्न पूछा, "हे सदगुरु! हम सब आपके सत्संग में उपस्थित हुए हैं, इसमें क्या लाभ मिलेगा?" इस प्रश्न के उत्तर में मैंने संक्षिप्त में कहा-
“Peace of bliss is the result of Satsang” "सत्संग करने से व उसका अनुसरण करने पर आत्मिक शांति पाता एवं ईश्वर कृपा का पात्र बन जाता है। अत: सज्जनों! 'जैसे करे संग वैसा लागे रंग।' अच्छों का संग करने से ही मानव अच्छा बन सकता है। जिस प्रकार कि जौहरी के बिना हीरे की परीक्षा असम्भव है, ठीक वैसे ही सदपुरुषों के संग बिना आत्मा व परमात्मा को नहीं पहुँचाना जा सकता है। इसलिए उत्तम ज्ञानी पुरुषों का ही संग करना चाहिये। तभी तो किसी ने ठीक ही कहा है 'जैसा खाओ अन्न, वैसा रहे मन।' इस प्रकार आहार का भी हमारे मन पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है। हमें सदैव शुद्घ एवं सात्विक आहार ही ग्रहण करना चाहिये। तामसिक आहार से हमारे मन की चिन्ता, उद्घेग, भय, अशान्ति, बैचेनी तथा चंचलता अधिक रहती है। इसलिए मानव को मलीन खान-पान छोड़कर अर्थात त्यागकर पवित्र एवं सात्विक आहार को ही ग्रहण करना चाहिए।"
इसके बाद एक अन्य भक्त सज्जन अपने स्थान पर खड़े हुए तथा प्रश्न पूछा कि, "हे सदगुरु ! हमारे आधुनिक वैज्ञानिकों एवं डॉक्टरों ने तो शराब, माँस, मछली, अण्डे आदि के खान-पान को शक्तिवर्धक बताया है। क्या आपकी दृष्टि में यह सब वैज्ञानिक एवं डॉक्टर्स असत्य बता रहे हैं या क्या फिर आप हमें कमजोर बनाना चाहते हैं?"
इसके समाधान हेतु मैंने उससे कहा, "आपके वैज्ञानिक एवं डॉक्टर्स झूठ नहीं कहते हैं। इन सबके खान-पान से शक्ति बढ़ती है परन्तु उससे राक्षसी शक्ति का वर्धन होता है। यदि कोई मानव राक्षस बनना चाहता है तो उसे माँस-मछली का सेवन करना चाहिये। हम लोग मानव को राक्षस से देव बनाते हैं। जो मानव दिव्य आनन्दस्वरूप ईश्वरीय भक्ति को प्राप्त करना चाहते हैं, तो उनको पहले आहार की शुद्घि करना परम आवश्यक है-"
१. हे सज्जनों ! आप समस्त भक्तजनों को आसन-शुद्घि करना अपेक्षित है।
२. आप सभी को प्राणायाम के द्वारा अन्त:करण को पवित्र करना चाहिये।
ऐसा करने पर ही प्रत्येक मानव को ईश्वरीय आनन्द मिल सकता है। इस प्रकार वहाँ उपस्थित अनेक भक्तजनों के प्रश्नों के उत्तर द्वारा शंका का समाधान किया गया। इसके बाद संध्या को आरती व पूजा का कार्यक्रम सानन्द सम्पन्न हुआ। रात्रि के भोजनोपरान्त सत्संग एवं प्रश्नोत्तर का कार्यक्रम हुआ, तत्पश्चात् रात्रि विश्राम किया गया।
दूसरे दिन सत्संग में पहले दिन से भक्तजनों की संख्या अधिक थी। मेरे प्रवचन के पश्चात् वहाँ के धर्मगुरु प्रीस्ट ने अपने अनुभव व अध्ययन के आधार पर यह प्रश्न किया कि, "हे सदगुरु! आपके भारत में ही ईश्वरीय विभूतियों का ज्यादा अवतार क्यों होता है? अन्यत्र क्यों नहीं? क्या भारतवासी ईश्वर को रिश्वत देते हैं? व अन्य देशवासी नहीं देते हैं? क्या ईश्वर भी रिश्वत लेते हैं?"
इस प्रश्न को सुनकर मैंने मुस्कराते हुए कहा "सज्जनों! ईश्वर सच्चा न्यायाधीश है, जिसके नियम व न्याय अटल हैं। हीरों की खान से हीरा ही निकलेगा, सफेद पत्थर की खान से सफेद पत्थर ही निकलता है और कोयले की खान से कोयला ही निकलता है, ठीक उसी प्रकार भारत की आध्यात्मिक भूमि से आध्यात्मिक पुरुषों का ही अवतार ज्यादा होता है।"
दूसरे सज्जन ने पूछा, "जब भारत-भूमि में ईश्वर तुल्य महापुरुष अवतार लेते हैं तब भी भारत में अधिकांश मानव दु:खी क्यों है? कृपया यह समझाने की कृपा कीजिये।"
"भारत एक त्याग प्रधान देश है। हजारों ऋषि-मुनियों की यह मान्यता सभी के लिए प्रेरणादायक रही है तथा रहेगी।"
"सुख की ऊपर सीला पड़ो नाम हृदय से जाय।
बलिहारी वो दु:ख की जो पल-पल नाम चिताय॥"
यदि सांसारिक वैभव से ही सुख शान्ति की प्राप्ति होती तो राजा भर्तृहरि, गोपीचन्द बलख-बुखारा जैसे बादशाह राजा-रानी मीराँ, भगवान् बुद्घ आदि राज वैभव को ठुकराकर त्याग के मार्ग को क्यों अपनाते? इन सब प्रश्नों का उत्तर स्पष्ट है कि त्यागी मानव ही सुख और दु:ख को समान मान्यता देते हैं, और उसे जान सकते हैं। यही नहीं अपार लौकिक सुख होने पर भी पश्चिमी देशों में प्राय: आत्म-शान्ति का अभाव पाया जाता है। आप समस्त आत्म-शान्ति की खोज के लिए प्यासे हैं।"
मेरे जवाब से उसे सन्तुष्टि मिली। कुछ समय पश्चात्, परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी के निर्देशन में एक "योग शिविर" का संचालन हुआ। भूतपूर्व राजा ग्रास के रईस डॉ. होयाज ने अपने "पानी होप तथा समरी याक" में इस शिविर का आयोजन करवाया। उस समय मैं भी उनके साथ वहाँ गया था। डॉ. होयाज के मित्र वहाँ पर मंत्री थे। उन्होंने उनको मेरे आगमन की सूचना फोन द्वारा दे दी थी। उन्होंने कहा, "एक भारतीय सदगुरु का आगमन हुआ है तथा उनके सत्संग का लाभ आपको भी लेना चाहिए।" उस मंत्री ने फोन पर ही जवाब देते हुए कहा, "भारत के सदगुरु (Holy Guru) छूआछुत रखते हैं, अत: उनके सत्संग में भला मैं कैसे उपस्थित हो सकता हूं? अगर मेरे साथ चाय पियें तो मैं आ सकता हूँ।" तब डॉ. होयाज ने उस मिनिस्टर साहब के विचारों से मुझे अवगत कराया।
मैंने उनसे कहा, "हम साधु तो सम्पूर्ण विश्व को अपनी आत्मा मानते हैं। मुझे तो उनके साथ एक ही मेज पर चाय पीने में सुख का अनुभव होगा। अत: आप अपने उन मित्र से कह दीजिये कि, "मैं छुआछुत को बिल्कुल नहीं मानता हूँ। सब हमारे हैं तथा हम सभी के हैं। कोई भी व्यक्ति प्रेम से आवे। श्री गुरुदेव का दरबार सबके लिए हमेशा खुला रहता है।"
मेरे इतना कहने पर डॉ. साहब ने अपने मित्र को फोन पर निमन्त्रण देते हुए कहा, "आप सहर्ष आइये। यहाँ पर श्री गुरुदेव के दरबार में किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं है।"
सायंकाल ५ बजे वह मंत्रीजी अपनी पत्नी को भी साथ लेकर मुझसे मिलने आये। उन दोनों ने आते ही मुझे प्रणाम किया, उन्होंने फूलों के गुलदस्ते भेंट किये। मैंने अंग्रेजी भाषा में आशीर्वाद दिया। मिनिस्टर को अंग्रेजी का शब्द अच्छा नहीं लगा, फिर दुभाषिए ने मुझे कहा कि मिनिस्टर साहब अंग्रेजी नहीं जानते हैं। तब मैंने कहा, " हमारे भारत में तो टीचर, क्लर्क भी बहुत अच्छी अंग्रेजी जानते हैं। यहाँ मिनिस्टर भी अंग्रेजी नहीं जानते हैं। वैसे वह मिनिस्टर सभी भाषाओं का ज्ञाता था। उसने मुझसे कहा कि, " आप क्या अंग्रेजी को देव-भाषा मानते हैं। अंग्रेजी भाषा तो इंग्लैण्ड वालों की है, हमें उससे क्या लेना-देना है। हम तो अपने देश की भाषा के ही सेवक हैं।
अगर हम अपनी भाषा के सेवक नहीं तो देश के भी सेवक नहीं। वैसे हिन्दी व संस्कृत भाषा को तो हम देव भाषा कह सकते हैं लेकिन अंग्रेजी को नहीं। हे स्वामीजी! आपके भारत के लोगों को अंग्रेजी ज्यादा अच्छी जानने का एक कारण है कि वे लोग अभी तक अंग्रेजी भाषा व फैशन के गुलाम हैं, हम नहीं।"
तब मैंने कहा कि मैंने सुना था कि'आप अपनी मातृ भाषा के सच्चे सेवक हैं, इसलिए मैंने आपकी परीक्षा लेने के लिए यह शब्द कहे थे, सो आप हमारी परीक्षा में सफल हुए हो। आप अपने देश व भाषा के सच्चे सेवक हो, इसलिए हार्दिक धन्यवाद। गुरुदेव को प्रार्थना करता हूँ,कि आपके द्वारा आपके देश की सेवा ज्यादा से ज्यादा हो। "यह सुनकर वह बड़ा प्रसन्न हुआ। और कहा कि, "हे स्वामीजी आप जैसे परमात्मा प्रिय के दर्शन भाग्यवान को ही मिलते हैं।"
"मोय भरोसा है हनुमंता, बिना हरि कृपा मिले नहीं संता।"
यह चौपाई विदेशी मंत्री से सुनकर मुझे उनके ज्ञान पर आश्चर्य हुआ। यूरोपियन भक्तों में भी भारतीय भाषा हिन्दी व भारतीय संस्कृति के प्रति इतना आदर देखकर मैं खुशी से फूला न समाया। मैंने उनके इस विचार की सराहना की तथा मैंने उनसे कहा, "मुझे आपसे मिलकर अत्यन्त प्रसन्नता हुई। आप एक आदर्श पुरुष हैं व आपके वक्तव्य से मैं प्रभावित हुआ।"
इसके पश्चात् उनसे मैंने विदा ली। ऐसे ही अनेक सज्जनों से शंका-समाधान करने का वहाँ पर मुझे अच्छा अवसर प्राप्त हुआ था। हजारों श्रद्घालुगण मेरे फोटोग्राफ एवं ऑटोग्राफ ले रहे थे। मैंने उनकी डायरियों में अपने हस्ताक्षर दिये।
इस प्रकार मैंने ऑस्ट्रिया में ग्रास, लीन्स, समरीयाक आदि अनेक शहरों का भ्रमण किया तथा धर्म प्रचार हेतु सत्संग का आयोजन भी रखा।
मैं चेकोस्लोवाकिया की राजधानी पराह, हाविरावा, ओलोमॉस, ब्रातिस्लावा आदि में भी गया। पराह शहर के डॉक्टरों ने तो इलैक्ट्रिक मशीन के तारों को मेरे शरीर पर लगाकर "योग-शक्ति" का भी परीक्षण किया था। उस समय उस मशीन की रिपोर्ट को देखकर वे आश्चर्यचकित रह गये। इसका वह फोटोग्राफ (चित्र) भी इस पुस्तक में छपा हुआ है। कई देशों का शान्तिपूर्वक भ्रमण करने के बाद अगस्त माह के अन्तिम सप्ताह में पुन: भारत लौट आया।
15 जून, 1976
धन्य दिव्यात्मा,
पूज्यगुरुदेव!
आपके आध्यात्मिक व शारीरिक कल्याण के लिए कृपया मेरी हार्दिक शुभकामनाएं स्वीकार करें। मुझे हमेशा आपके पवित्र चरण-रज का ध्यान रहता है। मैं हमेशा उन सुखद दिनों को याद करता हूँ जब मुझे आपके साथ अगस्त का महीना व्यतीत करने का सुअवसर प्राप्त हुआ था।
अब एक वर्ष बीत चुका है जब मैंने आपके पवित्र वचनों के द्वारा मंत्रदीक्षा ग्रहण की थी। मेरी सभी तरह की तलाश उसी समय रुक गई थी। मुझे आपके द्वारा एक ऐसा अद्भुत हथियार प्राप्त हुआ है, जिसे एक योद्धा के रूप में इस संसार में कैसे उपयोग में लिया जाए, लेकिन वास्तव में जो भी मैं करता हूँ वह सब इस न भूलने योग्य तोहफे के द्वारा परिवर्तित हो रहा है। मैं अब श्रद्धा से भरा हुआ हूँ तथा अपने को बहुत अधिक उपयुक्त महसूस करता हूं। मैं हमेशा महाप्रभु जी की सेवा में हूँ और लम्बे समय तक ईश्वर भक्ति के बारे में सुने व बोले बिना नहीं रह सकता हूँ।
हमारे पिछले सत्संग पर जो कि हर महीने के पहले सोमवार को होता था, हमने स्कॉटलैण्ड के व्यक्ति से प्रार्थना सुनी थी। पहली बार जो हमने सुना था वह आपके द्वारा कही गई प्रार्थना थी। शुरू में ही जब मैंने पवित्र व मधुर आवाज सुनी उसी समय मेरा हृदय व मन आपके पवित्र चरणों में नतमस्तक हो गया। वह आपके दिव्य दर्शन की एक अद्भुत संध्या थी। समय के साथ-साथ मैं अधिक से अधिक देख सकता हूँ कि गुरु शब्द की अपने आप में क्या पूर्णता है। यदि मैं अपने जीवन में आपको दुबारा देखने का अवसर प्राप्त नहीं कर सका, फिर भी मेरा हृदय, हे मेरे गुरुदेव! आपसे मिलने के कारण हमेशा खुशियों से भरा हुआ रहेगा।
अनन्त प्रेम व श्रद्धा के साथ
आपका
रोल्फ स्कारनिटजेल