Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

पूज्यनीय गुरुदेव के प्रति ठाकुर हरिसिंह पंवार की अनुभव स्मृति

हमारे परिवार में शुरु से ही श्री महाप्रभुजी की भक्ति होती रही है। मुझे बचपन से ही गुरुदेव का दर्शन व सत्संग प्राप्त हुआ। पूज्य गुरुदेव स्वामी माधवानन्दजी से मैंने गुरु भक्ति व गुरुमंत्र दीक्षा धारण किया। गुरुदेव की कृपा से उत्तरोत्तर मेरे में भक्ति के भाव जागृत होते रहे हैं और समय-समय पर दुख संकट में गुरुदेव ने मेरी रक्षा की, लौकिक-अलौकिक मेरी इच्छायें गुरुदेव की कृपा से पूर्ण होती रही हैं। मेरे अन्तर में इच्छा थी कि मुझे सुयोग्य, शुभलक्षणवाली, शुभगुणों वाली, धर्मात्मा, गुरुभक्ति करने वाली धर्मपत्नी प्राप्त होनी यानि मिलनी चाहिए। कुछ समय के बाद उदयपुर मगरी हाकिम के नाम से प्रसिद्घ ठाकुर श्री शिवसिंह जी राठौड़ की कुंवरी समन्दकंवर से मेरा संबंध हो गया।बड़े ठाठ से विवाह हुआ और मेरी इच्छा अनुकूल ही मेरे को पत्नी प्राप्त हुई। पूर्ण रुप से मेरी आज्ञाकारी, पूर्ण गुरुदेव की भक्त होने से हमारे दोनों का जीवन परम सुख आनन्द, स्वर्ग के समान परम सुख से हमारा गृहस्थ आश्रम चलने लगा। चार पुत्रियाँ व एक पुत्र गुरुदेव की दिव्य कृपा से दिव्य संस्कार वाले हैं। सब में परम गुरुदेव परमात्मा की भक्ति के संस्कार भी पूर्ण रूप से हैं। हमारे परिवार में किसी प्रकार का दुर्व्यसन नहीं है, सादा जीवन है। उदयपुर में राठौड़ हाउस में रहता था, तब हमारे गुरुदेव स्वामी माधवानन्दजी वहाँ पधारे, अच्छा सत्संग हुआ। उसके बाद गुरुदेव ने फरमाया कि, हरि सिंह जी, ये मकान शहर के बीच में भीड़-भाड़ में होने से अशान्त रहता है इसलिए मैं चाहता हूँ कि आपका शहर के बाहर बंगला हो, ताकि शुद्घ हवा में घूमने फिरने और शान्तिपूर्वक सुख से रहने का आराम हो। तब मैंने हाथ जोड़कर प्रार्थना की कि इतनी तो अभी मेरी सामथ्र्य नहीं कि मैं बंगला बना सकूं। तब गुरुदेव ने फरमाया कि आपका बंगला महाप्रभुजी एक वर्ष में बना देंगे। कुछ समय बाद हिरण मगरी सेक्टर-१३ में सुगमता से एक प्लाट मिल गया और श्री महाप्रभुजी की कृपा से मेरे मित्रों व सज्जनों की सहायता से मेरा बंगला एक वर्ष में बन गया। पूज्य श्री गुरुदेव का वचन सत्य हुआ। इस प्रकार बहुत से भक्तों के कार्य सिद्घ हुए हैं- सो मुझे पूरा अनुभव है। अब उसी बंगले में हम रहते हैं। हमारे घर हमेशा गुरुदेव की प्रार्थना, पूजा, भजन, सत्संग चलता रहता है। मेरा सुपुत्र कुंवर धर्मेन्द्रसिंह भी गुरुदेव का अटल भक्त है, जैसे कोई पूर्व जन्म का तपस्वी हो वैसा उनका सद्व्यवहार है। जब मैं जालौर में नौकरी में था, उस समय हमारे गुरुदेव स्वामी माधवानन्द जी हमारे यहाँ पधारे थे, उनके साथ १०-१२ वर्ष की आयु का लड़का था, बिल्कुल साधारण अवस्था में, मैंने सोचा यह साधारण बालक जो पढ़ा लिखा भी कम है क्या बनेगा -क्या सेवा करेगा - परन्तु वह कहता है कि मैं - स्वामी जी का शिष्य बन कर साधू बनूँगा- लेकिन जिस पर गुरुदेव परमात्मा की कृपा हो जावे - फिर वह क्या नहीं बन सकता है। भगवान्‌ सब कुछ कर सकते हैं जैसे कहा है:"

मूक होत बाचाल, पंगु चढ़ई गिरिवर गहन।
जासू कृपा सो दयाल आउ सकल कवि मल कलिमल दहन॥

गूंगा, वाचाल ज्ञानी हो सकता है, पंगु पहाड़ लांघ सकता है- अन्धे के अन्तर द्वार खुल सकते हैं- जिस पर कृपा हो जावे वह स्वयं भी राजा बन सकता है - देव भी सर पर चंवर ढुलाते हैं विश्व वन्दनीय हो जाता है। लाखों लोग उनको भगवान्‌ की तरह पूजते हैं। विदेशी भी उनके चरणों में लोटते हैं।

इसलिए सर्व धर्मों में मुख्य बात यह है "गुरु कृपा ही केवलम, अनहोनी गुरु कर सके होनी देत मिटाय।"

यही प्रत्यक्ष प्रमाण है कि वही छोटा बालक आज विश्व के पूज्य परम हैं वह है योगीराज स्वामी महेश्वरानन्दजी हमारे सामने विद्यमान हैं। वह भारतीय योग वेदान्त, भारतीय संस्कृति का सारे विश्व में प्रचार कर रहे हैं यह हमारे भारत का गौरव है। विश्व के मानव हित के लिये राजस्थान में पाली जिले में जाडन में विश्व दीप गुरुकुल स्वामी महेश्वरानन्द आश्रम स्थापित किया है, जिसमें विश्व के साधक, यहाँ आकर साधना करेंगे, जिसमें जाति-पाति, ऊँच-नीच, काले-गोरे का कोई भेदभाव नहीं है। इस गुरुकुल में शिक्षा शोध संस्थान, हॉस्पीटल, अनाथ आश्रम योग साधना का केन्द्र है और मानव हितकारी कार्य होता है।

आपका
हरिसिंह, उदयपुर