Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

पृथ्वी सिंह परिहार, बेरा-रामसागर

ॐ सोऽहं श्रीगुरुदीपाय नम:

श्री श्री १००८ विश्वगुरु महामण्डलेश्वर परमहंस श्री स्वामी महेश्वरानन्दपुरी जी महाराज के श्री चरणों में एक तुच्छ सेवक (पृथ्वी सिंह परिहार, बेरा-रामसागर) का कोटि-कोटि प्रणाम।

स्वामी जी महाराज

मैं आपके श्री चरणों में अपने जीवन की कुछ बुरी तथा कुछ बहुत अच्छी घटनाओं को सुनाना चाहता हूँ। अगर कोई गलती हो तो मूर्ख प्राणी समझकर माफ करें। हुकुम, सर्वप्रथम मैं अपने जीवन की शुरूआती घटनाओं को बताना चाहूँगा, जिन्होंने मेरे जीवन को हिलाकर रख दिया था :-

1. बचपन में ही मेरे पिताजी ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली थी और मेरी माताजी कहीं और चली गईं। तब से मेरे चाचाजी ने मुझे बड़ा किया।

2. शादी होने के बाद मेरी पत्नि की अकसर तबीयत खराब रहने लगी। सभी परिवार वाले यही कहते कि मेरे पिताजी पित्तर हो गये है और वे ही हमें परेशान कर रहे हैं। रात्रि में मेरी पत्नि बहुत डरती तथा बच्चेभी डरते और चिल्लाते थे।

3. एक दिन मैं अपने रिश्तेदार ब्रह्ममजी के कहने पर उनके साथ एक बालाजी के भोपे के पास गया। उनके पास में लगातार 6 महीनों तक जाता रहा, मगर मेरी पत्नि की तबीयत में कुछ भी सुधार नहीं हुआ।

मैंने परेशान होकर आत्महत्या का मानस बना लिया था फिर एक दिन मैं मेरे रिश्तेदार ब्रह्ममजी के पास वापिस यह कहने के लिए गया कि मेरी तबीयत तथा मेरी पत्नि की तबीयत में कुछ भी सुधार नहीं हैं।

उस दिन मैंने उनके घर में महाप्रभुजी की तस्वीर के दर्शन किए। उनकी तस्वीर की तरफ देखते ही मुझे ऐसा अहसास हुआ मानो महाप्रभुजी मुझे कह रहे हों कि तू कहाँ जा रहा है? मैं कई जन्मों से तेरे साथ हूँ।

मैंने उसी क्षण उस तस्वीर में विराजित महाप्रभुजी के बारे में जानने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने मुझे महाप्रभुजी के बारे में बताया कि आपश्री खाटू आश्रम में विराजते हैं वहीं पर आपश्री की समाधि है।

उसी दिन से वह तस्वीर मेरे हृदय में समा गयी। फिर मैंने गुरुजी एवं आपके बारे में जाना।

आप सभी विभूतियों के बारे में जानकर तत्काल ही मेरा मानस बदल गया। मैंने मेरे रिश्तेदार से महाप्रभुजी, गुरुजी एवं स्वामीजी की एक-एक तस्वीर ले ली। साथ में उन्होंने मुझे 'दिव्य-दर्शन' नामक किताब भी दे दी।

महाप्रभुजी की तस्वीर मैंने अपने घर के मन्दिर में रख दी। उसी दिन से एक गजब का चमत्कार हुआ कि मेरी पत्नि खुद को थोड़ा स्वस्थ महसूस करने लगी। उसका मन घर में लगने लगा। और मुझे भी घर अच्छा लगने लगा।

थोड़े दिनों बाद ही मेरे रिश्तेदार ने बताया कि गुरुजी दो महीने बाद नीपल आश्रम के मेले में पधार रहे हैं। मैं लालायित हो उठा न जाने कब दर्शन होंगे। कब ये दो महीने पूरे होंगे।

इस बीच मैं हमेशा महाप्रभुजी की तस्वीर के सामने ध्यान लगाकर बैठता। हर समय महाप्रभुजी मुझे नजर आने लगे।

मैंने आज तक ये सुना ही था कि महापुरुषों की लीला अलौकिक होती है, लेकिन उस दिन साक्षात् जान भी लिया क्योंकि लगभग चार दिन बाद ही गुरुजी का हमारे रिश्तेदार के यहाँ पधारना हो गया। मेरे भगवान्‌ खुद चल कर पधारे। मैंने और मेरी पत्नि ने शीघ्र ही गुरुजी के दर्शन किए। गुरुजी ने हमें मंत्र-दिक्षा दी।

"ऊँ श्री दीप निरंजन सब दुख भंजन"

मैं हमेशा इस गुरुमंत्र का जाप करता। मेरा तो जीवन ही बदल गया। करते-करते वो दिन आ ही गया जब नीपल आश्रम में मेला लगा। उस मेले में आप, गुरुजी और बहुत से भक्तजन पधारे थे।

उस सतसंग में मैंने मन ही मन महाप्रभुजी से प्रार्थना की, मेरा सब कुछ आपका है। मेरे सुख-दु:ख आपके हाथ में हैं। आप मेरी पत्नि के दु:खों को दूर कीजिए।

रातभर सतसंग चला। सुबह ११ बजे हमें गुरुजी के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। गुरुजी ने हमें लीला-अमृत एवं गुरु-गीता नित्य-पाठ के लिए दी।

फिर सुबह हम गुरुजी एवं आपश्री स्वामीजी के साथ बोलागूड़ा गये। वहाँ पर दर्शन करके जाडन आश्रम होते हुए जोधपुर आए। वापिस आने के बाद मैं हमेशा लीला-अमृत का पाठ करने लगा। मेरा मन स्थिर रहने लगा, जहाँ भी जाता महाप्रभुजी की तस्वीर आँखों के सामने रहती। सुबह-शाम हमेशा घर पर पूजा-आरती करता।

मन में एक बार ख्याल आया कि गुरुजी एवं स्वामीजी को अपनी कुटिया में पधारने के लिए अर्ज करूं। लेकिन मन में एक संकोच भी था। वह यह कि मैं तो तुच्छ सेवक हूँ, आपके पास तो बड़े-बड़े लोग आते हैं। लेकिन एक रात मुझे स्वप्न आया कि गुरुजी एवं स्वामीजी मेरी कुटिया में पधारे हैं, और मैं अपने पूरे परिवार के साथ उनको प्रणाम कर रहा हूँ। और तभी मेरी आँख खुल गयी। मैंने मन ही मन प्रणाम किया। मुझे पूरी रात नींद नहीं आई।

एक दिन सुबह ६ बजे मैं और मेरी पत्नि महाप्रभुजी की आरती कर रहे थे। तभी अचानक मेरी बेटी नींद से जगी। और कहने लगी मैंने अभी महाप्रभुजी को आपके पास खड़े हुए देखा। हम सभी ने महाप्रभुजी को कोटि-कोटि प्रणाम किए।

उस दिन से मुझे विश्वास हो गया कि मेरे प्रभु की लीला अलौकिक है। वे साक्षात् दर्शन देते हैं और आत्मा में पूर्ण विश्वास दिलाते हैं।

एक बार जोधपुर में गुरुजी का पधारना हुआ। तब मैंने गुरुजी से पूछा कि मैं जब भी महाप्रभुजी की लीला-अमृत पढ़ता हूँ तो मेरा हृदय गद्गद् हो जाता है और जब भजन गाता हूँ तो आँखों में आँसू आ जाते हैं।

गुरुजी ने फरमाया कि - बेटा , तुम्हारे में महाप्रभुजी की भक्ति जागृत हो रही है, उनकी कृपा तुम्हारे ऊपर बरस रही है। पिछले जन्म में तुम महाप्रभुजी से बिछुड़े हुए हो। अत: रोजाना महाप्रभुजी की सतसंग, भक्ति करते रहना।

मेरे घर पर हमेशा शाम को सतसंग होती है। जब मैं भजन गाता हूँ तो महाप्रभुजी को खुद के सामने विराजमान देखता हूँ। ऐसा महसूस होता है मानो महाप्रभुजी ही मुझे भजन द्वारा उपदेश दे रहे हैं।

एक बार गुरुजी मण्डोर में सायण राम जी के यहाँ आए हुए थे। मैं और मेरी पत्नि दोनों गुरुजी के लिए वहाँ गए। सतसंग पूरी होने के बाद जब हम गुरुजी को प्रणाम करके वापिस जाने लगे तो गुरुजी ने फरमाया कि मैं तुम्हारे घर चलूंगा।

उसी उसी दिन से मुझे विश्वास हो गया कि गुरुजी आत्मज्ञानी हैं। उन्होंने मेरी आत्मा की बात को जान लिया। गुरुजी हमारे घर पधारे। सभी परिवार वालों ने दर्शन किए। पूरे दिन तक गुरुजी की सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आपने ज्ञान-गंगा से माया-मोह, पित्तर सभी का भ्रम मिटा दिया। और फरमाया कि हमेशा महाप्रभुजी का ध्यान-पूजा-अर्चना करते रहना।

कुछ दिनों बाद मैं सपरिवार खाटू दर्शन के लिए गया। वहाँ से आने के बाद एक दिन मैं घर पर महाप्रभुजी के भजन लिख रहा था। उसी समय एक अमुक आदमी ने मुझे बुलाया और कहा कि सात दिन तक कहीं पर यात्रा के लिए मत जाना। थोड़े समय बाद मैं उस बात को भूल गया और चार दिन पश्चात ही अपने मित्रों के साथ परशुराम महादेव चला गया। और वापिस आते वक्त नीचे गिरने से मेरा पाँव टूट गया। तब मुझे विश्वास हो गया कि वो आदमी कोई और नहीं स्वयं महाप्रभुजी ही थे।

महाप्रभुजी ने विज्ञान दीप-गीता में फरमाया कि तू और किसी को प्रणाम मत कर। मुझे प्रणाम करने से स्वत: ही सभी को प्रणाम हो जाता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए मैंने अपने घर से अन्य देवी - देवताओं की तस्वीरें हटा दीं। हर जगह महाप्रभुजी, गुरुजी तथा स्वामीजी की तस्वीरें लगा दीं।

मेरे मन में एक शंका हमेशा रहती थी कि देवपुरी सा महादेव एवं महाप्रभुजी एक रूप ही है या अलग-अलग।

एक दिन मुझे सपना आया कि मैं जाडन आश्रम में देवपुरी सा भगवान्‌ को प्रणाम कर रहा हूँ। खड़ा हुआ तो शिव लिंग में साक्षात् महाप्रभुजी के दर्शन हुए। ऐसा लग रहा था मानो यह आवाज आ रही हो कि - जो देवपुरी सा महादेव हैं वही मैं स्वयं हूँ। उनमें और मुझमें कोई भेद नहीं हैं। संसार के जीवों को बताने के लिए हमारा गुरु शिष्य का रिश्ता है ताकि दुनिया भ्रम में न रहे।

उसी दिन से शंका दूर हो गयी। जो देवपुरीजी महादेव हैं वही दीपनारायण महाप्रभुजी हैं। मेरा अंधेरा दूर हो गया मैंने आत्मा से लाखों-लाखों प्रणाम किए।

मुझे महाप्रभुजी के दोहे याद आने लगे

मैं मेरा निज आप हूं, तत्वमसि निरमोय।
करता हूँ मैं वन्दना, मेरी मुझ को होय॥

महापुरुष अपने आपको प्रणाम करते हैं और अपने आपका ही नाम लेते हैं। जो देवपुरीजी महादेव हैं वही दीपनारायण महाप्रभुजी हैं।

एक दिन की बात है। मैं अपने घर पर नहीं था। मेरी पत्नि और बच्चेही थे। तभी अचानक पूजा-स्थल से एक ज्योति आती हुई दिखाई दी। पहले तो मेरी बेटी घबरा गयी लेकिन थोड़े समय बाद में उसे विश्वास हो गया कि वो तो महाप्रभुजी की ही ज्योति थी। शाम को जब मैं वापिस आया तो घरवालों ने पूरा वृतान्त मुझे सुनाया। मन प्रभुजी की भक्ति में आनन्द की लहरें लेने लगा।

कुछ दिनों बाद मैं कैलाश-आश्रम में देवपुरीजी महादेव की बरसी पर गया। वहाँ पर स्वामीजी एवं गुरुजी को मैंने ज्योति के बारे में जिक्र किया। तब आपने फरमाया कि वह महाप्रभुजी की ज्योति थी। महाप्रभुजी स्वयं तुम्हारे घर पर आए थे।

मेरी आस्था को मजबूती मिलती रही। अगर कोई भी मुझे यह कह दे कि मैं काल हूँ। तो भी मैं महाप्रभुजी का नाम लेकर उसके सामने चला जाता हूँ। जिस पर महाप्रभुजी की कृपा हो उसे भला किसका डर।

एक रात मुझे सपना आया। एक महात्मा अपने आस-पास बैठे हजारों लोगों को अपने मंत्रों तथा जाप से अपनी तरफ खींच रहे हैं। मैं भी वहाँ बैठा हुआ हूँ और तभी मेरे ऊपर काला धुएँ का बवण्डर आता हुआ दिखाई देता है। मैं घबराने लगता हूँ और गुरुमंत्र 'श्री दीप निरंजन सब-दुख भंजन' का स्मरण करता हूँ। तभी वह धुंआ वापिस उस महात्मा की ओर लौट जाता है। महात्माजी घबराने लगते हैं और कहते हैं 'मुझे माफ कर दो।' मुझे इस मंत्र से मत मारो। और वह महात्मा वहीं पर मर जाता है। सभी लोग मुझे हाथ जोड़ने लगते है और मैं उनसे कह रहा हूँ कि मुझे हाथ मत जोड़ो। हाथ जोड़ने ही है तो महाप्रभुजी को जोड़ो। तभी मेरी आँख खुल जाती है।

हमेशा की तरह एक दिन सुबह ४ बजे मैं महाप्रभुजी के भजन गा रहा था। भजन गाते-गाते स्वत: ही मेरी आँखों से आँसू आने लगे।

मैंने मन ही मन महाप्रभुजी से प्रार्थना की आप मुझे कब दर्शन देंगे । कब इस सेवक के भाग्य जागेंगे। प्रभुजी आप मुझे दर्शन दिखावें। विचारों में आँख लग गई। लेकिन परमदयालु, सबके दाता मेरे प्रभु ने थोड़े समय बाद ही मुझे साक्षात् दर्शन दिए। महाप्रभुजी एक पाट पर सो रहे है और मैं उनके पास खड़ा हूँ।

मेरी आँख खुली तो मुझे विश्वास नहीं हुआ। मैं यही सोचता रहा कि कहीं पर पाट पर सोते हुए महाप्रभुजी की तस्वीर देखी होगी, उसी की स्मृति रही होगी।

कुछ समय पश्चात मैं जाडन-आश्रम आया। वहाँ पर गेंदड़ी वालों ने बताया कि जिस पाट पर महाप्रभुजी विराजते थे,वो पाट हमारे घर पर है। तत्काल मैं वहाँ पर गया और उस पाट के दर्शन किए जो मैंने सपने में देखा था।

मेरी जीवन धन्य हो गया। एक बार फिर आपके श्री चरणों में कोटि-कोटि नमन्।
"श्रीदीपनिरजंन, सुब दु:ख भंजन" श्री दीपनारायण भगवान्‌ की जय॥
आपका शिष्य
पृथ्वी सिंह परिहार (बेरा-रामसागर)