गाँव कचरास में एक अन्धा मेघवाल रहता था। वह रोज कुछ कण्डे (थेपड़ी) लेकर आश्रम पर धूणी के लिए आया करता था। उससे श्री महाप्रभुजी ने पूछा, "राम! तू हमेशा आश्रम में क्यों आता है?" तब उसने कहा, "हे प्रभु, मैं हमेशा यहाँ पर आपके दर्शन के लिए आता हूँ।" इस पर महाप्रभुजी ने कहा कि "तेरी आँखें तो हैं ही नहीं फिर तू मेरे दर्शन कैसे करता होगा?"
वह अन्धा बोला, "हे दीनबन्धु, मुझे आप पर पूरा विश्वास है कि एक दिन आप अवश्य मेरी आँखों को ज्योति दान देंगे। तब मैं आपके शुभ दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करूँगा। मुझे दृढ़ विश्वास है कि आपकी छत्रछाया में रहकर कोई भी निराश नहीं लौटेगा।" मेघवाल के इस उत्तर से गुरुदेव प्रभावित हुए। उन्होंने अपने पास बैठे भक्त से कहा, "तुम एक रोटी लाकर दो।" आज्ञानुसार उसने एक रोटी लाकर गुरुदेव को दी। दीनबन्धु श्री महाप्रभु ने उस रोटी के दो टुकड़े करके उस भक्त से कहा, "ये रोटी के टुकड़े उस अन्धे मेघवाल को दे दीजिये।" तब उस भक्त ने गुरुदेव की आज्ञानुसार रोटी के टुकड़े अन्धे मेघवाल को देकर खाने को कहा। मेघवाल ने अमृत तुल्य रोटी के टुकड़ों को गुरुदेव का प्रसाद समझकर खा लिया। इनको खाते ही उसकी आँखें खुल गयीं। उसकी आँखों में ज्योति आते ही वह सब कुछ देखने लगा। उसने श्री महाप्रभुजी के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य समझा।
अब अन्धे मेघवाल को सब कुछ दिखने लगा था। वह गुरुदेव श्री महाप्रभुजी के चरणों में गिरकर वन्दना करने लगा। तब प्रभु ने कहा, "कोई किसी का नाहीं। सांच पकड़ भज साँई।"
"हे गुरुदेव आपकी परम कृपा से ही मेरी आँखों को ज्योति मिली है।" ऐसा कहकर वह अपने घर चला गया।
रामचरितमानस में लिखा है—
जो इच्छा करहिं मन मांही
हरि कृपा कछु दुर्लभ नाहीं
परमपूज्य गुरुदेव कल्प वृक्ष के समान हैं। उनकी छत्रछाया में रहकर भक्त जनों की मन वांछित इच्छा परिपूर्ण होती है।