श्री देवडूँगरी आश्रम से दो किलोमीटर दूर पीरोजपुरा नामक एक गाँव है। इसी गाँव में अमराराम जाट रहता था। इस जाट के बच्चे पैदा होते ही मर जाते थे। उसका चौथा बच्चा भी अचानक बीमार हुआ। इससे पहले तीन बच्चे काल के ग्रास बन चुके थे। यह चौथा बच्चा भी अचानक बीमार होकर दिन के एक बजे मर गया। उस बच्चे की माँ के हृदय में तूफान उठ रहा था। इसी तूफान में उसे एक आशा की लौ दिखायी दी। उसके मन में विचार आया कि हमारे पास ही (२ किमी. दूर पर) साक्षात् परमात्मा स्वरूप महात्मा विराजमान हैं। हमें उनके पास चलना चाहिये। ऐसा सुना गया है कि वे गुरुदेव दु:खी जनों के दुखों को दूर करते हैं।
ऐसा विचार कर वह मृत बच्चे की लाश को टोकरी में रखकर गुरुदेव के आश्रम में जा पहुँची। टोकरी, गुरुदेव के समक्ष रखकर उनके चरणों में सिर झुकाकर दीनता से रोती हुई प्रार्थना करने लगी कि "आपके दरबार से कोई निराश होकर नहीं लौटा। मुझ भिखारिन पर कृपा करो। मेरे बच्चे को जीवनदान दे दो, हे प्रभु! एक दुखियारी माँ की आशा पूरी करो । हे दाता मैं आपके सामने झोली फैलाती हूँ।"
श्री महाप्रभुजी अपने भक्तों के साथ विराजमान थे । एक भक्त राजपूत था। महाप्रभुजी ने उससे कहा, "बालजी, इस टोकरी में क्या है? महाप्रभुजी की आज्ञा पाकर बालजी ने उस टोकरी के ऊपर का कपड़ा हटाया और देखा कि उसमें एक बच्चे की लाश पड़ी है। बालजी ने गुरुदेव को वह टोकरी दिखायी। महाप्रभुजी ने टोकरी में देखकर उस जाटनी से कहा, "इस मृत बालक को यहाँ क्यों लाई हो? इस संसार में जीव अपने कर्मों के अनुसार आता-जाता ही रहता है।"
गुरुदेव की इस बात से जाटनी समझने वाली नहीं थी। वह हठपूर्वक बैठ गयी और प्रार्थना करने लगी, "आपने बहुत से दीन-दुखियों के दु:ख दूर किये हैं। मुझ अभागिन पर भी दया करो। मैं इस मृत बालक को लेकर घर नहीं जाऊंगी। इसे आप ही रखें।" इतना कहकर वह जाटनी उस मृत बालक को छोड़कर घर जाने लगी।
जाटनी को ऐसा करते देखकर परम् पूज्यनीय गुरुदेव हंसने लगे— कोई किसी का नाहिं। सांच पकड़ भज साईं । उन्होंने कहा, "यह भोली प्राणी सन्तों के रहस्य को जानती ही नहीं है, परन्तु शरण पड़े की लाज गुरुदेव ही रखते हैं।" यह कहते हुए गुरुदेव ने उस मृत बच्चे को अपने कर-कमलों में उठा लिया और बच्चे से कहने लगे, "बच्चे, तू आँखें खोल। तूने मेरे आश्रम में यह क्या झंझट पैदा कर लिया है? अगर तेरे घर वालों के साथ तेरे संस्कार समाप्त हो गये हैं तो तू मेरे नाम पर ही पागल की भांति जीवित रहना।"
सर्व शक्तिमान के ऐसा कहते ही उस मृत बालक ने आँखें खोल दीं और अचानक ही पेशाब कर दिया। यह लीला देखकर पास बैठे सभी भक्त गण आश्चर्यचकित रह गये। गुरुदेव की जय-जयकार से आश्रम गूँज उठा। अपने लाल को जीवित देखकर ममतामयी माँ जाटनी खुशी से फूली न समायी और वह गुरुदेव के चरणों में गिर पड़ी।
दोहा—
अनहोनी गुरु कर सकै, होनी देत मिटाय।
पारब्रह्म पुरुषोत्तम, सब कुछ देत बनाय॥
उस समय हर्ष के आँसू जाटनी के मुखमण्डल पर शोभायमान हो रहे थे। वह गुरुदेव से विनती करने लगी, "हे महाप्रभुजी, अगर यह बच्चा पागल हो जाएगा तो फिर हमारा इस दुनिया में कौन रहेगा?" जाटनी के इस विचार पर गुरुदेव ने कहा, "तुम चिन्ता मत करो, इसके बाद तुम्हारे तीन बच्चे और होंगे जो तुम्हारा सहारा बनेंगे।" इसके पश्चात् वह जाटनी मन ही मन प्रसन्नतापूर्वक श्री महाप्रभुजी के गुणगान करती हुई अपने बच्चे को गोद में उठाकर घर चली गयी। महाप्रभुजी के आशीर्वाद से उस जाटनी के तीन बच्चे और हुए जो आगे चलकर अपने माता-पिता को कमाकर देने लगे।