गाँव कचरास में पशुओं में भयंकर बीमारी फैल गयी। इस अनोखी बीमारी से गाय, बैल व अन्य पशु खड़े-खड़े काँपने लगते थे व उनका चमड़ा फट जाता था तथा इस रोग से तत्काल मर जाते थे। सैकड़ों अच्छी नस्ल के पशु इस बीमारी के शिकार बन चुके थे। पूरे गाँव में हा-हाकार मच गया था। गाँव वालों ने इस रोग से पशुओं को बचाने के बहुत उपाय किये। ऐसे संकट के समय गाँव के कुछ लोग महाप्रभुजी के आश्रम में आकर निवेदन करने लगे, "हे कृपानिधान! आप हम गरीबों पर दया करो। हमारे पशुओं को इस भयंकर रोग से बचाओ।" गाँव के लोगों की इस विनती को सुनकर श्री महाप्रभुजी ने कहा, "तुम लोग यहाँ पर देर से आये हो, लेकिन कोई बात नहीं। अब मैं इस बीमारी को जड़ से नष्ट कर दूंगा।" गुरुजी का आशीर्वाद पाकर ग्रामवासी लौट गये। गाँव में जाकर उस रात रात्रि जागरण किया व प्रभु के नाम की माला जपते रहे।
प्रात:काल महाप्रभुजी उस गाँव के बाहर तालाब के किनारे गये। वहाँ पास ही एक भयंकर काँटों वाला झाड़ था। महाप्रभुजी ने बताया कि उस जाड़ में एक अनोखी बीमारी अदृश्य रूप से है। श्री महाप्रभुजी ने जमीन में दस फुट गहरा खड्ढा खोदने की आज्ञा दी और उस झाड़ को उस खड्ढे में डलवाकर ऊपर मिट्टी डलवा दी। श्री महाप्रभुजी ने गाँव वालों से कहा, "इस गाँव में यह बीमारी कभी भी नहीं आयेगी।" उसी समय बीमारी मिट गई और आज तक नहीं आई।