एक समय आश्रम में भजन-कीर्तन चल रहा था। बहुत से भक्त लोग भी वहाँ पर थे। तभी अचानक एक घोड़ा आश्रम के पास से होता हुआ निकला। उस घोड़े पर कोई सवार नहीं था। केवल घोड़े की पीठ पर एक चमकती हुई तलवार दिखाई दे रही थी। उसे देखकर सभी भक्त गण आश्चर्य में पड़ गये। घोड़ा अपने आप ही ऐसे दौड़ रहा है जैसे कोई चतुर घुड़सवार, घोड़ा दौड़ा रहा हो। इस घोड़े की पीठ पर सिर्फ चमकती हुई तलवार का क्या रहस्य है।
तब श्री महाप्रभुजी ने उन भक्त गणों को कहा, "आप लोग इस वक्त यहाँ से चले जाइये, क्योंकि यह रौद्र रूप में परम योगीराज श्री देवपुरीजी महादेव का शुभागमन हुआ है। अभी कुछ ही समय पश्चात् वह घोड़ा पुन: आयेगा, अत: आप लोग यहाँ से चले जाइये।" महाप्रभुजी की आज्ञा पाकर सभी भक्त गण इधर-उधर छुपने लगे। महाप्रभुजी स्वयं कुछ समय के लिए पेड़ की ओट में चुपचाप खड़े हो गये।
इतने में रौद्र रूप श्री शिव योगी श्री देवपुरीजी महाराज आश्रम में पधारे और कहने लगे, "दीप, तुमने यह क्या माया फैलायी है? मैं सबका कल्याण कर देता हूँ।" ऐसा कहकर उन्होंने पहले तो उस वट वृक्ष के पत्ते (राम पत्ते) को उखाड़ फेंका। फिर एक गड्ढा खोदा और उसमें आश्रम में से सब वस्तुएं, जैसे जाजम, दरियां, रजाइयां, कम्बल, कपड़े, गाने-बजाने का सामान, बहुत-सी पुस्तकें और बहुत सारा आश्रम का सामान इकट्ठा करके उस गड्ढे में फेंक दिया और उसमें अग्नि जलाकर योगीराज धूणी तापने लगे। उस समय महाप्रभुजी के प्रिय भक्त श्री नाथूराम मेघवाल ने योगीराज श्री देवपुरीजी के सामने उपस्थित होकर नम्र निवेदन करते हुए प्रार्थना की कि, "हे देवाधिदेव महादेव, आपने यह सब क्या कर दिया? हम लोग तो इस स्थान पर आपका गुणगान व सत्संग करते हैं। आपने भजन के सभी साज-बाज एवं सामान जला दिया। अब इसके बिना सत्संग कैसे करेंगे?"
तब परम कृपालु योगीराज श्री देवपुरीजी ने कहा कि, "देवलोक में इन्द्रादिदेव तथा अप्सरायें, ईश्वरीय विभूति श्री विश्वदीप हरि का गुणगान करते हैं। मैंने इस सामान को इनके पास ही स्वर्गलोक में भेजा है। इस विषय में तनिक भी चिन्ता न करें। यहाँ पर तो सम्पूर्ण सामान पहले से भी अधिक आ जायेगा। ऐसा कहकर वहाँ रखी हुई उस पेटी को मंगवाया। उस पेटी में चांदी के रुपये थे। आप उनको निकालकर हथौड़े से तथा टाँकी से तोड़ने लगे। योगीराज एक-एक सिक्के के चार-चार टुकड़े करने लगे। इस प्रकार सभी सिक्कों के आपने टुकड़े-टुकड़े कर दिये। योगीराज ने उन टुकड़ों को आश्रम के चारों ओर फेंक दिया और कहने लगे कि, "श्री दीप के भक्तों के लिए यहाँ पर रुपये बो रहा हूँ, जिससे इनके सच्चे भक्तों में कोई भी निर्धन नहीं रहेगा।
इतना कहने के कुछ ही समय पश्चात योगीराज पदमासन लगाकर विराजमान हो गये। तब श्री महाप्रभुजी ने आकर आपको दण्डवत् प्रणाम किया और परिक्रमा करके निमनलिखित भजन प्रार्थना के रूप में गाया—
भजन—
अब तुम दया करो गुरुदेव जी, कैलाश विराजन वाले।
हम दास तुम्हारा कहाये, चरणों में शीश नवाये॥
हम शरण आपकी आयेंगे,भव-पार उतारने वाले॥ १॥
आप अलख अजोनी पूरा, मेरा भ्रम कर्म करो दूरा।
मैं निरख रहा हूँ नूराजी, सतसैन लखाने वाले॥ २॥
शिवयोगी बड़ा तपधारी, लीला है अगम अपारी।
कोई पार नहीं पायोजी, रचना के रचाने वाले॥ ३॥
अद्भुत है ख्याल तुम्हारा, है बहुत बड़ा विस्तारा।
विश्व व्यापक साराजी, आप सबमें समाने वाले॥ ४॥
प्रभू निरालेप निर्धारा, ज्यों जल भीतर है तारा।
सब घट में करत उजियारा जी, चेतन के दिखाने वाले॥ ५॥
तुम ईश्वर दीन दयालु, प्रभु सदा करो प्रतिपालू।
वचना से बड़ा विशालू जी, द्वितीया को मिटाने वाले॥६॥
इन्द्रियन को जीतने वाले, आप शूरवीर मतवारे॥
ऊंच-नीच इक सारे जी, सब एक गिनाने वाले॥७॥
कभी मौन धारकर बैठो, निजमन को करके सैठो।
कोई हरि नाम को लूटो जी, पद मोक्ष दिखाने वाले॥८॥
अधिक न्यून नहीं लेसा, कि निर्विकार जल ऐसा।
ज्यों सतीगुण जैसा जी, अभिमान छड़ाने वाले॥९॥
सतगुरु श्री देवपुरीजी पाया, वो सोहं नाद सुणाया।
तेरा दीप हरि यश गाया जी, तत् तुरिये मिलाने वाले॥ १०॥
ॐ नित्य सुधं निरामाशं निराकार निरन्जनम्।
नित्य बोधाय चिदानन्दम् गुरु ब्रह्मा नमाम्यहम्।
अखण्ड मण्डलाकारम् व्याप्तं येन चराचरम्।
तत्पदं दर्शितं येन तस्मै श्री गुरवे नम:॥
चैतन्यं शाश्वतं शान्तम् व्योमातीत निरन्जनम्।
नाद बिन्दू कलातीतम् तस्मै श्री गुरवे नम:॥
अखण्डानन्द बोधाय शिष्य सन्ताय हारीणम्।
सच्चिदानन्द रूपाय, तस्मै श्री गुरवे नम:॥
इस प्रकार प्रार्थना करने के बाद, योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज बड़े प्रसन्न हुए और कहा कि, "हे विश्वदीप! मेरी इस लीला को बेचारे संसारी जीव नहीं जान सकते हैं।" तब श्री महाप्रभुजी ने उनसे नम्र निवेदन करते हुए कहा कि, "आपकी शिव महिमा को वेद तथा शास्त्र भी नेति-नेति कहते हुए थक गये। आपकी कृपा के बिना भला दूसरे इस लीला को कैसे जान सकते हैं। किसी कवि ने उचित ही कहा है—
दुर्जन की कृपा भली, भली सज्जन की त्रास।
जब बादल गर्मी करे तब बरसन की आस॥
आपका कोप जीवों के अवगुण रूपी असुरों का नाश करने वाली दावानल अग्नि के समान है।
यह सुनकर योगीराज श्री देवपुरीजी मुस्कराते हुए अपने घोड़े पर सवार होकर खाटू के पहाड़ों में अदृश्य हो गये।
उस समय आश्रम में कुछ भी सामान नहीं रहा। तब सभी सेवकों ने विचार किया कि अब क्या करें? अचानक तथा एक साथ सामान कहाँ से लायें? ऐसी स्थिति में श्री महाप्रभुजी ने भक्त जनों से कहा, "आप लोग चिन्ता मत कीजिए, अभी कुछ ही क्षणों में समस्त सामान पुन: आ रहा है।" उसी समय एक सेठ वहाँ ट्रक लेकर आया। इस ट्रक में समस्त सामान भरा हुआ था। सेठ ने श्री महाप्रभुजी को नमन किया तथा समस्त सामग्री श्री महाप्रभुजी के चरणों में समर्पित कर दी । इसके पश्चात् वह सेठ वहाँ से चला गया। सभी भक्त जन अवाक् रह गये। उन्हें पता न चला कि वह सेठ कहाँ से आया था तथा चन्द समय पश्चात् ही कहाँ चला गया? उस समय हिन्दुस्तान में मोटर गाड़ियों का प्रचलन बहुत कम था। अत: भक्त जनों ने उस ट्रक को "बिना बैलों की गाड़ी" कहा। गुरुदेव के समक्ष ढेर सारी सामग्री को देखकर भक्त जन बहुत प्रसन्न हुए और श्री महाप्रभु की जय-जयकार करने लगे।
