Lila Amrit

दिव्य लीलाएँ · सभी अध्याय

पुस्तकों से धूणी तपना

योगीराज खाटू के पहाड़ों में पधारे। एक दिन छोटी खाटू के ठाकुर साहब ईश्वरसिंह जी योगीराज के दर्शनार्थ पधारे थे। उन्होंने योगीराज को साष्टांग दण्डवत् प्रणाम करके अपने राज भवन में पधारने का निमंत्रण दिया और विनती की, "आपके चरण हमारे भवन के लिए वरदान सिद्ध होंगे।" योगीराज ने निमन्त्रण स्वीकार करते हुए कहा, "भक्त राज, मैं कल प्रात: दस बजे तुम्हारे यहाँ आऊँगा। अब आप जा सकते हैं।" योगीराज की आज्ञा पाते ही ठाकुर साहब चले गये। गुरुदेव के पधारने की स्वीकृति की खुशी में भवन को सजाने एवम् तैयारियाँ करने लगे।

दूसरे दिन प्रात: दस बजे योगीराज वहाँ पहुँच गये। योगीराज के पधारने पर ठाकुर साहब ने सपरिवार आनन्द का उत्सव मनाया तथा ठाकुर साहब, योगीराज को अपने पुस्तकालय में ले गये। पुस्तकालय में विभिन्न प्रकार के साहित्य की पुस्तकें संग्रहित थीं। योगीराज ने समस्त पुस्तकों को अलमारियों से निकालने की आज्ञा दी। योगीराज की आज्ञा पाते ही समस्त पुस्तकें अलमारियों से निकालकर योगीराज के सामने रख दीं गईं । इसके पश्चात् योगीराज ने मिट्टी का तेल मंगवाकर पुस्तकों के ढेर पर डाला और आग लगाकर धूणी तापने लग गये। ठाकुर साहब, योगीराज के इस क्रियाकलाप को देखकर स्तब्ध रह गये। जब सब पुस्तकें जलकर राख हो गयीं तब आपने ठाकुर साहब की ओर देखा और मुस्कराते हुए कहने लगे, "ठाकुर, दुनिया को मिथ्या ही भ्रमजाल में फंसाने वाली इन अनावश्यक पुस्तकों से व्यक्ति गुमराह हो जाता है। अत: मुझे यह उचित नहीं लगा और मैंने यह तुम्हारा सम्पूर्ण जंजाल जला डाला। तुम्हारे लिए हितकर जन कल्याणकारी व धार्मिक पुस्तकें मैंने नहीं जलायी हैं। सब पुस्तकों के जलने के बाद केवल ५ पुस्तकें शेष रह गई हैं, जिनको कि कहीं पर अग्नि ने छुआ भी नहीं।" श्री गुरुदेव की इस लीला एवम् अद्भुत चमत्कार को देखकर गढ़ में रहने वाले समस्त परिवारजन अत्यन्त आश्चर्यचकित रह गये और शेष बची पाँच पुस्तकें ही ठाकुर साहब जिन्दगी भर पढ़ते रहे।