ठाकुर साहब एक ऊँट को ७०० रु. में खरीद कर लाये। उस समय उन्हें रास्ते में ही योगीराज महाराज के दर्शन हो गये। तब ठाकुर साहब ने उन्हें दण्डवत प्रणाम कर कहा, "हे प्रभु! मैं यह ऊँट खरीद कर लाया हूँ।" तब योगीराज ने कहा, "ठाकुर साहब ऊँट के केवल बीस रुपये ही मिलेंगे।" योगीराज की बात को मिथ्या जानकर ठाकुर साहब वहाँ से चले गये। उन्होंने विचार किया कि सात सौ रुपये देकर लाया हूँ, अत: इसकी कीमत ५०० रुपये या ६०० रुपये तो कोई भी व्यक्ति दे सकता है, फिर भला योगीराज के कथनानुसार 20 रु. ही कैसे मिलेंगे? इस पर योगीराज ने कहा कि, "इस ऊँट को तुमने मुझे दिखाया इसलिए बीस रुपये मिलेंगे, वरना फूटी कौड़ी भी नहीं मिलती।" घर पहुँचते ठाकुर साहब को एक गरीब मजदूर आकर कहने लगा, "ठाकुर साहब, इस ऊँट को बेचना हो तो मुझे दे दीजिये।" ठाकुर साहब ने सोचा वैसे भी मुझे यह ऊँट बेचना तो है ही। ऐसा सोच कर ठाकुर साहब बोले, "जितने में मैं इसे लाया उतने रुपये में तू इसे ले जा।" इस पर मजदूर ने कहा कि, "मेरे पास अभी बीस रुपये हैं सो ले लीजिये, बाकी रकम मैं आपको बाद में दे दूंगा।" ठाकुर साहब ने मजदूर को वह ऊँट दे दिया। ठाकुर साहब उस मजदूर को भली-भाँति जानते थे, अत: उन्होंने सोचा शेष रकम भी जल्दी ही आ जायेगी।
मजदूर उस ऊँट को लेकर ज्योंही घर गया त्योंही ऊँट मर गया। गरीब मजदूर यह देखकर रोने लग गया। वह ठाकुर साहब के पास गया और हाथ जोड़कर कहने लगा कि, "ठाकुर साहब, आपका वह ऊँट घर ले जाते ही मर गया। मैं गरीब मजदूर आपकी शेष रकम चुकाने के लिए हैरान हूँ।"
गरीब मजदूर की इस बात से ठाकुर साहब को हैरानी हुई और उन्होंने मजदूर से कहा, "कोई बात नहीं, तुम चिन्ता मत करो।" शेष रकम देने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि मेरे गुरुदेव ने हुक्म दिया था कि मुझे इस ऊँट की कीमत बीस रुपये मिलेगी सो वह मुझे बीस रुपये मिल गये। इस घटना के बाद ठाकुर साहब गुरुदेव की आज्ञा के बिना कोई काम नहीं करते थे।