छोटी खाटू के ठाकुर साहब बाहर गाँव गये हुए थे। वहाँ पर उन्होंने सुना कि गाँव से लगभग ५०० मीटर की दूरी पर योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज विराजमान हैं। योगीराज के दर्शनार्थ ठाकुर साहब अपना घोड़ा लेकर चल पड़े। मीलों दौड़ते-दौड़ते घोड़ा थक कर चूर हो गया, परन्तु ५०० मीटर की दूरी तय नहीं कर सका। ठाकुर साहब विचार करने लगे कि योगीराज की यह कैसी लीला है? घोड़ा दौड़ रहा है, फिर भी यह दूरी तय नहीं हो रही है।
ऐसा विचार करके ठाकुर साहब ने मन ही मन योगीराज को याद किया कि, "हे भगवान्! आप अपने दास को दर्शन देने की कृपा क्यों नहीं कर रहे हैं?" इतने में उन्हें एक आवाज सुनायी दी, "तुम घोड़े पर चढ़कर मेरे पास आना चाहते हो। यह तुम्हारी भूल है। सन्त महात्माओं के दर्शन के लिए हमेशा पैदल यात्रा करनी चाहिए।" इस आवाज को सुनकर ठाकुर शर्मिन्दा हो गया। वह घोड़े से उतरकर पैदल चलने लगा। पैदल पहुँचकर गुरुदेव के चरणों में साष्टांग दण्डवत् प्रणाम करने लगा और क्षमा याचना करने लगा, तब श्री गुरुदेव ने कहा कि—
दोहा—
सन्त मिलन को जाइये, तज माया अभिमान।
ज्यौं-ज्यौं पग आगे धरे, त्यौं-त्यौं यज्ञ समान॥
दर्शन किये इतना टले, काल, जाल, जम चोट।
शीश निवाये गिर पड़े, लाखों पाप की पोट॥
इस शिक्षा को शिरोधार्य कर दण्डवत प्रणाम करके चले गये। ठाकुर साहब के वहाँ से रवाना होते ही, योगीराज अदृश्य हो गये। इस घटना के तीन दिन बाद ठाकुर साहब को एक पत्र मिला, जिसमें लिखा था कि योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज बहुत दिनों से कैलाश आश्रम में विराजमान हैं।