Lila Amrit

दिव्य लीलाएँ · सभी अध्याय

काली भेड़ को जीवनदान

गाँव कचरास में एक ग्वाले की काली भेड़ मर गयी। चमार लोग ले जा रहे थे। तभी अचानक उनके सामने योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज प्रकट हो गये और पूछा, "तुम लोग इस भेड़ को कहाँ ले जा रहे हो। लाओ मेरे पास मैं इसका इलाज करता हूँ।" चमार लोग डरते-डरते इस काली भेड़ को योगीराज के पास ले गये। योगीराज ने उस मरी हुई काली व कुरूप भेड़ के मुंह पर कुछ ठण्डे जल की बूंदें छिड़कीं। पानी के छींटे लगते ही मरी हुई काली, कुरूप भेड़ जीवित हो गयी तथा कुरूप से सुन्दर हो गयी। लोग उसे देखते ही आश्चर्य करने लगे। कई लोग उस काली भेड़ को पाने के लिए योगीराज से मनोकामना करते रहते, लेकिन योगीराज ने उस भेड़ को किसी को नहीं दिया। उस भेड़ को योगीराज अपने आश्रम में ले गये और सदैव अपने पास रखने लगे।

इस आश्चर्य का रहस्य समझाते योगीराज अपने भक्तों से कहा करते थे, "यह पूर्व जन्म में बहुत धनवान सेठानी थी, परन्तु इसमें गुरु भक्ति नहीं होने से इसकी यह दुर्गती हुई। थोड़े दिनों बाद इसकी यह योनि (जूण) समाप्त हो जायेगी और अगले जन्म में यह फिर एक धनवान सेठ के घर में जन्म लेगी।"