एक बार योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज घूमते-घूमते खाटू के पहाड़ों के नीचे तलहटी में पहुँचे। वहाँ पर एक मुसलमान की पत्थरों की खान थी। वहाँ पानी का एक घड़ा रखा हुआ था। योगीराज वहाँ गये और प्रत्येक चीज की बारीकी से जांच करने लगे। आपके साथ में जो कुत्ते थे उनमें से एक कुत्ते ने पानी के घड़े को गिरा दिया और पानी निकल गया और घड़ा फूट गया। यह देखकर मुसलमान क्रोध से आग बबूला हो गया और उनको पुलिस के हवाले करने की धमकी दी । तब योगीराज ने उस मुसलमान के इतना कहते ही योगीराज उस मुसलमान के साथ थाने की ओर रवाना हो गये। थाने में जाकर योगीराज ने पुलिस थानेदार से कहा, "मुझे प्यास लगी है, अत: पहले तो मुझे पानी पिलाओ।" आज्ञा पाते ही थानेदार ने सर्वप्रथम तो योगीराज के लिए पानी का लोटा मंगवाया। पानी से भरा लोटा लाने पर योगीराज ने लोटे को वहाँ की रेतीली जमीन पर खड्ढा खुदवा कर पानी उसमें डाल दिया। फिर उसमें आपने हाथ-पाँव इत्यादि धोये। फिर आप पीने लगे तथा बाद में आपने कुत्तों को भी उसमें से पानी पिलाया। इतना सब करने के पश्चात भी वह पानी उतना ही रहा जितना पहले था। यह चमत्कार देखकर वह थानेदार व मुसलमान आश्चर्यचकित रह गये। थानेदार मन ही मन विचार करने लगा कि इस मरुधरा पर तो पानी की बूंद पड़ते ही वह मिट्टी में समा जाती है, उसी मरुभूमि पर आज केवल एक लोटा पानी भी इतना अनन्त कैसे हो रहा है? यह सब कुछ इस महापुरुष का ही चमत्कार है। ऐसा सोचकर थानेदार योगीराज के चरणों में गिर पड़ा और निवेदन करने लगा कि "हे अवतार! आपने कृपा करके मुझ जैसे पापी को दर्शन दिये। मैं आपका दास हूँ, मुझे अपने चरणों में स्वीकार करें।"
योगीराज की लीला देखकर मुसलमान भी आश्चर्यचकित था। उसने भी योगीराज को प्रणाम किया और अपने किये कर्मों के लिए क्षमा याचना करने लगा। योगीराज ने उस मुसलमान को क्षमा कर दिया और उसे समझाते हुए कहने लगे, "तुम अपनी पत्थर की खान पर लौट जाओ। वहाँ पर अपना पानी का घड़ा पूर्ववत् ही भरा हुआ मिलेगा।" योगीराज के इन वचनों को सुनकर मुसलमान प्रणाम करके अपनी पत्थर की खान की ओर चल दिया। वहाँ जाकर देखा तो योगीराज की आज्ञानुसार पानी का घड़ा पूर्ववत् जैसा ही भरा पड़ा था। योगीराज के इस चमत्कार से वह मुसलमान बहुत प्रभावित हुआ एवं अपने किये हुए बुरे व्यवहार पर बहुत पछताया। वह मुसलमान योगीराज को अपना पीर समझ कर उनका अनुयायी बन गया। इस घटना से प्रभावित होकर अन्य मुसलमान भी योगीराज को अत्यन्त श्रद्धा के साथ मानने लगे।