निम्न चमत्कारिक घटनाएं मुझे कैलाश गाँव के एक व्यक्ति द्वारा ज्ञात हुई, जो इनका प्रत्यक्षदर्शी था । उसने बताया "एक बार श्री देवपुरीजी की दाँई टांग के निचले हिस्से पर एक फोड़ा हो गया। यह दिन-प्रतिदिन बिगड़ने लगा और इसमें मवाद भर गया। पैर में बहुत जलन होने लगी तब मेरे पिताजी ने देवपुरीजी से डॉक्टर द्वारा इलाज करवाने का आग्रह किया।"
श्री देवपुरीजी तब भी अपने पैर के बारे में लापरवाह थे। उन्होंने उत्तर दिया "यदि तुम्हें इससे तकलीफ होती है तो मैं इसे काटकर फेंक दूंगा।"
और उन्होंने ऐसा ही किया। तुरंत अपनी तलवार ली, उसे घाव पर रखा और अपनी पूरी पिंडली फोड़े समेत काटकर फेंक दी। नसों समेत उनकी हड्डी नजर आ रही थी। श्री देवपुरीजी ने सहज भाव से अपनी पगड़ी उतारकर उससे घाव को बाँध दिया और मुस्कुराकर मेरे पिताजी से बोले "अब ठीक है?"
मैं और मेरे पिताजी यह देखकर भौंचक्के रह गये। शीघ्र ही हम प्रणाम करके आश्रम से चले गये। अगले दिन हम पुन: देवपुरीजी के पास गये, यह देखने कि वे कैसे हैं। श्री देवपुरीजी ने हमे अपनी टाँग दिखाई। वह पूर्णतया ठीक थी। उस पर किसी प्रकार के घाव या व्रण के चिन्ह नहीं थे।
कैलाश गाँव के पास एक छोटा-सा गाँव है—"बाय"। इस गाँव में पण्डित जीवनराम वैद्य के छोटे भाई श्री रामेश्वर लाल बहुत वर्षों से असाध्य रोग से ग्रस्त थे। उन्होंने इलाज के लिए पानी की तरह पैसा बहाया। परन्तु असफलता ही हाथ लगी। वे निराश हो चुके थे। एक दिन उन्होंने योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज से अपने इस असाध्य रोग से छुटकारा पाने की विनयपूर्वक प्रार्थना की। योगीराज ने रामेश्वर से एक पैसा माँगा। योगीराज की आज्ञा पाकर रामेश्वर ने एक पैसा दे दिया। ठीक उसके दूसरे दिन ही रामेश्वर को इस असाध्य बीमारी से छुटकारा मिल गया।
योगीराज की इस लीला को समस्त गाँव वासियों ने देखा। योगीराज ने एक तरह से पण्डितजी को नया जीवन प्रदान किया।
अचानक हरिवासणी के महन्त श्री उदयपुरीजी महाराज बीमार हो गये। श्री महाप्रभुजी को अपने पिता के बीमार होने का आभास स्वत: ही हो गया था। आश्रम में विराजमान श्री महाप्रभुजी ने ध्यान लगाया तो मालूम हुआ कि उदयपुरीजी महाराज शीघ्र ही परमधाम पधारने वाले हैं। ऐसा आभास होते ही श्री महाप्रभुजी अपने गाँव हरिवासणी की ओर रवाना हो गये। गाँव पधारकर श्री महाप्रभुजी अपने पिताजी व माताजी से मिले। माताजी एवम् पिताजी अपने सुयोग्य, सुकुमार, साक्षात् प्रभु अवतार पुत्र श्री महाप्रभुजी से मिलकर अति प्रसन्न हुए। श्री महाप्रभुजी के पिताश्री ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा, "दीप, तुम सर्व-शक्तिमान एवम् सामर्थ्यवान हो। तुम अपने छोटे भाई-बहनों का भी ध्यान रखना। हमारे पश्चात् तुम्हारी छाया सदैव इनके साथ रहेगी। मैं आज यह संसार रूपी सराय छोड़कर जा रहा हूँ।" इस पर श्री महाप्रभुजी ने अपने पूजनीय देवतुल्य पिताजी को विश्वास दिलाते हुए कहा, "आप इनकी चिन्ता मत कीजिये। पीछे की आप किसी प्रकार की चिन्ता मत कीजिये। आपका शुभाशीर्वाद सदैव हमारे साथ रहेगा। आप आनन्दपूर्वक ब्रह्मलीन हो जाइये।" जब महाप्रभुजी यह कह रहे थे, तब श्री उदयपुरी महाराज ने अपने स्नेहवश अपने पुत्र को पास बुलाया और चेहरे की ओर देखने लगे। महाप्रभुजी की आँखें नम हो गयीं। कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साई। यह घड़ी कैसी थी, इसका वर्णन असम्भव है। श्री उदयपुरीजी महाराज के मुखारविन्द से अन्तिम संदेश के रूप में यह वाक्य निकला "विश्वदीप, तुम धन्य हो। जब ॐ रूप प्रभु स्वयम् मेरे सामने खड़े हैं तो इससे बढ़कर मेरे लिए और खुशी की बात क्या होगी। इतना कहकर उनके मुखमण्डल से "ॐ" "ॐ" शब्द निकले और उनके साथ ही ब्रह्मलीन हो गये। महाप्रभुजी स्तब्ध खड़े रहे। ततपश्चात् उन्होंने उदयपुरीजी महाराज की बैकुण्ठ यात्रा के लिए प्रबन्ध किया। इस अन्तिम संस्कार में अपार जनसमूह उमड़ पड़ा। संन्यासियों के रिवाज के अनुसार श्री उदयपुरीजी महाराज की समाधी बनायी गयी। उनके पीछे ब्रह्मभोज (भण्डारा) का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों साधु-संन्यासियों तथा स्त्री-पुरुषों ने भोजन (प्रसाद) किया। उनके बाद प्रभु ने पिता की अन्तिम इच्छा को पूर्ण रूप से निभाया।