देवडूँगरी संन्यास आश्रम पर भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी अपने भक्तों के बीच विराजमान थे और ज्ञानामृत की वर्षा करते थे। उस समय खाखी साधुओं की जमात वहाँ आयी। उस जमात के महन्त श्री जानकीदास जी बड़े हठयोगी थे। यह महन्त बाहरी हठयोगिता तथा कठोर तपस्या पर अधिक बल देते थे। उस महन्त ने वहाँ आकर श्री महाप्रभुजी से खूब जोर के शब्दों में कहा, "हम त्यागी, तपस्वी और ज्ञानी साधू हैं। हम पंच धूणी तपने वाले हैं। हमारे लिए आप लकड़ी व कण्डों की व्यवस्था कर दीजिये। हम यहाँ पर पंच धूणी लगाकर तपस्या करेंगे। आपको भी हमारी तरह पंच धूणी तपस्या करना चाहिये, जिससे आपका तप बढ़ेगा। आप तो लोगों के बीच आराम से बैठे रहते हो इस प्रकार कभी तपस्या नहीं होती।" महन्त के इन शब्दों को सुनकर श्री महाप्रभुजी ने अपने सुमधुर कण्ठ से उसे यह भजन सुनाया—
भजन
क्या तुम धूणी सुलगाबै, जोगी बन के माही।
बिन लकड़ी मेरी जगे धूनियां, नजर धुआं नहीं आई॥
इस धूणी में गंगा बहवै, बिच में जोगी नहाई॥ १॥
मधुर वाणी गाँवै जोगी, अनहद तान मिलाई।
ढूंढ़ने वाँको जो कोई जावै, है नेड़ा नहीं आई॥ २॥
ऐसा जोगी घट-घट रमता, सबसे दूर रहाई।
अलख निरंजन है अविनाशी, गर्भवास नहीं आई॥ ३॥
षट चक्कर के ऊपर योगी, सिद्ध आसन को लाई।
श्री स्वामी दीप कहे, बिरला योगी उस धूणी को पाई॥ ४॥
इस भजन द्वारा श्री महाप्रभुजी ने उस महन्त को धूणी का वास्तविक अर्थ समझाया और कहा, "ईश्वर में अखण्ड धुन लगी रहने को सच्ची और सही धूणी कहा है। ऐसी धूणी के तपने से ही जन्म-जन्म के पाप जलकर भस्म हो जाते हैं। ये लकड़ी एवम् कण्डे जलाकर धूणी तपने से तो केवल सर्दी ही दूर होती है। समस्त जीवात्माओं को अज्ञानता व अविद्या रूपी ठण्ड लगी हुई है, वह तो इस आध्यात्मिक धूणी के तपने से ही दूर हो सकती है।" श्री महाप्रभुजी के इस व्याख्यान को सुनकर जमात के सभी महात्माओं को सच्चा ज्ञान प्राप्त हुआ। साधुओं ने श्री महाप्रभुजी से अनेक प्रश्न पूछे। जैसे, यह धूणी कैसी है? कौनसी है? इसे करने की विधि आदि।
श्री महाप्रभुजी ने सभी साधुओं की जिज्ञासा को शान्त करते हुए उन साधुओं के प्रत्येक प्रश्न का उत्तर दिया। श्री महाप्रभुजी ने साधुओं को आध्यात्मिक धूणी तपने की विधि बतायी और एक भजन सुनाया—
भजन
यह धूणी परे की, कोई एक सन्त पिछाणी।
दसों द्वार बन्द कर राखै, अन्दर माहीं निरन्तर झांके॥
सहज समाधी लागै, उनके सोहं शब्द चढाणी।
पान-अपान मिलावे श्वासा, अरौ उरद बिच खाले पासा॥
आपो-आप रमै निर्वासा, देख लिया निर्वाणी।
नाभि कमल से पलटी श्वासा, मेरुदण्ड में किया फुवासा॥
त्रिवेणी में श्वास श्वासा, पूनम चन्द्र उगाणी।
पंख हजार कमल प्रकाशा, सहस्र दल पर हंस निवासा॥
तुरिये रूप अनूप अस्वासा, चेतन पुरुष पुराणी।
श्री देवपुरीजी ज्ञान बताया, पूर्ण ब्रह्म मोय दरसाया॥
स्वामी दीप चरण चित लाया, कुदरत खेल खिलाणी॥
इस भजन को सुनकर सभी साधू मंत्र मुग्ध हो गये और महन्तजी को भी धूणी का सच्चा अर्थ समझ में आ गया। महन्तजी हाथ जोड़कर श्री महाप्रभुजी से दीनभाव से प्रार्थना करने लगे कि, "हे गुरुदेव! आज आपने हमारी आँखें खोल दी। आप जैसे महात्माओं के दर्शन दुर्लभ हैं। आज से पहले मुझे अब तक कोई 'धूणी' शब्द का सही अर्थ समझा नहीं पाया। अत: अज्ञानतावश मैं बाहरी धूणी तपने को ही सही तपस्या समझता रहा। आपने हमें सही (आध्यात्मिक) धूणी तपने का रहस्य समझाया, आप महान् हैं। हम तो आपके चरणों की धूल के बराबर भी नहीं हैं। मैंने पूर्व में अपनी अज्ञानतावश जो अपशब्द कहे हैं, उसके लिए मैं आपसे क्षमा चाहता हूँ।" तब परम दयालु श्री महाप्रभुजी ने उस महन्त को शुभाशीर्वाद दिया। इसके बाद पूरी जमात ने आध्यात्मिक धूणी शुरू कर दी।