Lila Amrit

दिव्य लीलाएँ · सभी अध्याय

भीख सच्चे दाता से

आश्रम में श्री महाप्रभुजी किसी धार्मिक ग्रन्थ का अध्ययन करके भक्त गणों को उसको सरल शब्दों में समझा रहे थे। उस समय दो मुसलमान फकीर आश्रम में उपस्थित हुए। उन फकीरों से श्री महाप्रभु ने पूछा, "तुम लोग भीख क्यों माँगते हो? अगर माँगना ही चाहते हो तो सच्चे बादशाह खुदा से ही ऐसी भीख क्यों नहीं माँगते जिससे तुम्हारे जन्म-जन्म की भूख और दु:ख मिट जाये? तथा तुम सदैव सुखी रह सको।"

ऐसे वचनों को सुनकर उन फकीरों ने आवेश में आकर कहा, "भीख माँगना साधू व फकीरों का काम है। बड़े-बड़े महात्मा जैसे गोपीचन्द भर्तृहरि तथा बलख बुखारा बादशाह आदि ने भीख माँगी थी। अत: हम जैसे लोगों को भीख माँगने में कोई दोष नहीं। आप स्वयं अमीर लोगों की तरह बैठे रहते हैं। आपको भी भीख माँगकर साधु धर्म के कर्तव्यों का पालन करना चाहिये।"

उन फकीरों की यह बात सुनकर महाप्रभुजी मुस्कराने लगे और कहा, "अरे भाई भिक्षा मैं भी माँगता हूँ, मगर तुम्हारी तरह नहीं।" तब फकीरों ने कहा, "आप कब भिक्षा माँगते हैं? कैसी भिक्षा माँगते हैं? हमने तो कभी नहीं सुना कि आप भिक्षा माँगते हैं।"

उन फकीरों की जिज्ञासा को शान्त करने के लिए श्री महाप्रभुजी ने एक भजन सुनाया—
भजन
तुम लखों फकीरों, हम फिरे रे अगम घर फेरी॥ टेर॥
हाले न चाले हम मतवाले, सुन्न सहर की सहल करालें।
बिना पात्र भिक्षा सब घाले, पग बिना पंथ करेरी॥
श्वास न वास निवास निरासी, स्वर्ग नर्क नहीं हैं कैलाशी।
अधर भौम पर वह प्रकाशी अद् भुत आप रमेरी॥
पिण्ड, प्राण कछु नहीं दरशे, सूक्ष्म वेद विवेकी परसे।
बिगर परों का हंसा नरशे, अजपा ध्यान धरे री।
श्री देवपुरीजी पूरा गुरु पाया, वह हमको परधाम बताया।
श्री स्वामी दीप चरणों, चित्त लाया केवल चुण चुगेरी॥

इस भजन का श्री महाप्रभुजी ने अर्थ भी समझाया। इसके अर्थ से प्रभावित होकर फकीर लोग कहने लगे, "आप खुदा से ही भिक्षा लेते हैं तो कृपया यह भी बताइये कि आपका खुदा है कहाँ?" फकीरों का प्रश्न सुनकर श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराकर कहा, "खुदा तुम्हारे व हमारे पास ही रहता है। हमारी आत्मा में ही इसका निवास स्थान है। इस संदर्भ में एक भजन और सुनाता हूँ। ध्यानपूर्वक सुनो—

भजन
खुदा-खुदा क्या करै, खुदा तेरे पास है।
इकतार से तू देखले, खुदा तेरे पास है।
सबके अन्दर एकसा जलवा प्रकाश में,
दिल में धरो धीरज यारो, खुदा तेरे पास है॥ १॥
हर दम धूणी लगा के, नबी-नबी करते रहो,
मिल जायेगा मौला तुझे, खुदा तेरे पास है॥ २॥
शहर उसका शिखर पर रहता है चिमक रूप में।
उस्ताद तुझे मिलायेगा, खुदा तेरे पास है॥३॥
विचार करके देख लो, दुनियां में कोई है भी नहीं।
इस रूह को पहुँचान लो, खुदा तेरे पास है॥४॥
सायब श्री देवपुरीजी पूरा, बता दिया वेदिल का नूरा।
स्वामी दीप देखिया पूरा, खुदा तेरे पास है॥५॥

श्री महाप्रभुजी के इस भजन को सुनकर फकीर लोग बहुत प्रसन्न हुए। फकीर लोग कहने लगे, "आप महान्‌ हैं। हिन्दू हो या मुसलमान सच्चा व्यक्ति सच्चा ही होता है।" फिर प्रभु ने कहा—

कोई किसी का नाहीं। सांच पकड़ भज सांईं।