श्री महाप्रभुजी के पास आश्रम में कुछ लोग भगवान् श्री कृष्ण की रासलीला दिखाने आये। बृजवासियों ने श्री महाप्रभुजी से प्रार्थना करते हुए कहा, "गुरुदेव, हमारे द्वारा प्रस्तुत भगवान् श्रीकृष्ण की रासलीला देखिये। आपकी आज्ञा हो तो हम आज से रासलीला दिखाना प्रारंभ करें।
बृजवासियों के इस निवेदन को सुनकर श्री महाप्रभुजी कहने लगे, "भाइयों, साधुओं को खेल, तमाशे, लीलाएं आदि नहीं देखने चाहिये। इनकी आध्यात्मिक रासलीला कोई और ही होती है। इस रासलीला को वे हमेशा ही देखते रहते हैं। सुनो, मैं तुम्हें रासलीला से सम्बन्धित सुनाता हूं—
चौपाई
गगन मण्डल में रास रचाया, सूरत सुहागिन ध्यान लगाया।
कमल-कमल की खिल गयी पत्ती, जहाँ खेलत है, चेतन शक्ति।
जहाँ पर धौला भंवर गुंजारे, काला हंस केर कर डारे।
जहाँ पानी मरत प्यासा, पवन करत तपबैठन आसा।
शीतल अग्नि तपत जल देखा, जानत है कोई सत्य विवेका।
त्रिया बालक क्षणा लगावै, धूणी तपत योगी सिलगावै।
पत्थर सलूणा, अलुणा, लूणा, धृत लूखो अन्न भूखो दूणा।
ताँ ऊपर शिव आप अजोणी, ध्यान धरै कोई जाणे मोनी।
बेगम की गम कहो कुण जाणी, झींणी तार लांगी निरवाणी।
अलख पुरीजी हैं परवानी, श्री देवपुरीजी गुरु-देस दीवानी।
सवैया
उल्टी नाल लगी त्रिवेणी, अमृत धार झरंदा है।
उस अमृत को योगी पीवै, वही हरि का बन्दा है।
एक फूल नीचे को फूले, ऊपर फूल फूलन्दा है।
इन दोनों को उलट मिलाओ, तब अनघड़ दरसन्दा है।
दोनों कंवल बिच कुदरत खेले, झिलमिल जोत जगन्दा है।
ज्योति परे अजोति जागी, उसके मांही मिलन्दा है।
यह माया अद्भुत की रचना, कोई-कोई खेल खिलन्दा है।
श्री स्वामी दीप ख्याल कर देखा, दुनियां अन्धा धुन्दा है।
गुरुदेव द्वारा इस आध्यात्मिक रासलीला के विवेचन को सुनकर वे बृजवासी समझ गये कि गुरुदेव की रासलीला निराली है, फिर वे अपनी रासलीला को क्यों देखेंगे?
फिर प्रभु ने कहा—
कोई किसी का नाहीं । साँच पकड़ भज साँई ॥