सहारनपुर (उ.प्र.) से श्री महाप्रभुजी के पास अहंकारी व्यक्तियों का झुण्ड आया। इनमें एक खाकी बाबा, एक अघोरी बाबा, एक संस्कृत व्याकरणाचार्य पण्डित, एक राजकवि, एक बगुला भगत सेठ, एक परमवीर चक्रधारी, सेवा निवृत्त फौजी अफसर आदि थे। हरिद्वार में किसी से इन लोगों ने सुना, श्री महाप्रभुजी से तब से मिलने के लिए उत्सुक थे। इन सभी ने मिलकर अपने विचारों से श्री महाप्रभुजी को नीचा दिखाना चाहा। ये लोग मन ही मन श्री महाप्रभुजी से ईर्ष्या करने लगे। ऐसा कहा जाता है कि इन लोगों ने पूर्व में भी कई साधु-महात्माओं का अपने अधकचरे ज्ञान से अपमान किया था। इस मण्डली को अपने ज्ञान पर काफी गर्व था। इसी कारण जहाँ कहीं भी ये किसी पहुँचवान ज्ञानी, साधू की महिमा सुनते, वहाँ पर उनका अपमान करने पहुँच जाते और उनको नीचा दिखाने का प्रयास करते।
यह मण्डली जब गुरुदेव के आश्रम में पहुँची तब श्री महाप्रभुजी ने उनको कोमलवाणी में कहा, "आप लोग यहाँ पर किस उद्देश्य से आये हैं? मैं आपके लिए क्या सेवा कर सकता हूँ?" श्री महाप्रभुजी के इन वचनों को सुनकर उन चालाक और घमण्डी लोगों का दल स्तब्ध रह गया। उनमें से एक राजकवि बोला, "हमने सुना है, आप बड़े अनुभवी एवम् ज्ञानी हैं। परन्तु हमें विश्वास नहीं होता। अगर आप वास्तव में ज्ञानी महात्मा हैं तो कोई स्वरचित कविता सुनाइये। आपकी कविता में व्याकरण एवम् मात्राओं के हिसाब से कहीं भी अशुद्धि होगी तो आपको हमारे आगे हार माननी पड़ेगी।" इधर पण्डित मन ही मन सोच रहा था कि महाप्रभुजी को मैं संस्कृत व्याकरण की ज्ञान चर्चा में अवश्य ही नीचे दिखाकर रहूंगा। सभी महानुभाव अपने-अपने मन में अलग-अलग रूप से नीचा दिखाने का ताना-बाना बुन रहे थे। उन्होंने निश्चय कर रखा था कि श्री महाप्रभुजी कहाँ जाने वाले हैं? इनको नीचा दिखाकर ही रहेंगे।
इन सबकी मन की बातों को अन्तर्यामी श्री महाप्रभुजी ने जान लिया। फिर अपने अनुभव से एक कविता बनाई। उस कविता को पढ़कर उन्होंने अपने सुमधुर वाणी में उन घमण्डी महानुभावों को सुनाई। कविता निमनानुसार थी—
छन्द
कहा वेद पाठी त्रिपाठी कहावें।
कहा शास्त्र वेत्ता कवि पद पावें॥
कहा भाल तिलक अति शुद्ध सोहे।
कहा रूप देखे मनोकाम मोहे॥ १॥
कहा शुद्ध वस्त्र पटू पाट पहरे।
चिदानन्द दाता नहीं चित हेरे॥
कहा देव भाषा पढ़े शोभा पाई।
कहा काव्य व्याकरण चर्चा चलाई॥ २॥
कहा सूर सैनि अपभ्रन्स जान्यो।
मार्ग दीप सत कहावे पिछान्यो॥
कहा नायक भेद नायक बखाने।
निराकार स्वामी नहीं चित जाने॥३॥
कहा रस नवऊ रचे छन्द रुड़े।
कहा चित्र चित्रम् परी पूर पूरे॥
कहा सोख्यमे भयो छत्रधारी।
कहा भोग भोगे अतिशुद्ध नारी॥ ४॥
वह अन्त खाक मिलें पवन संगा।
बिना राम नाम व्यर्थ यह प्रसंगा॥
कहा बाज बाजी नाचे नृत्यधारी।
कहा दास दासी आज्ञा हो सिरधारी॥ ५॥
कहा दुर्दमाते मन्द धार चाले।
बड़े भ्रंग श्रांगी श्रुति पास माले॥
कहा दान भाट करे कीर्त लीने।
प्रभू चरण शरणं कदे नाहीं चिन्हे॥ ६॥
कहा मस्त हाला छके छाक छक्यौ।
श्रुति ज्ञान विद्या सुने नाही थाक्यौ॥
कहा मुग्ध मद्या मृगा नैन नारी।
अरे मूढ देखो यह अन्तिम खुवारी॥ ७॥
कृपा गुरु बिना नहीं भ्रम भाजे।
कल्पना व्यर्थ है, वृथा मूढ साजे॥
कहा नैत्र रक्ता नखों को बढावे।
जटा-जूट कहा शीश सुहावे॥८॥
कहा मृगछाला बिछी सिंह चर्मा।
लगे अङ्ग भस्मं धरे कोटि धर्मा॥
कहा आड बन्द मुञ्जा बनाये।
नहीं रूप जान्य सब धूलं मिलाये॥९॥
कहा अन्न खाई भरे कोट तोले।
रहा लक्ष मुद्रा दिये खत बोले॥
कहा जगत माहीं बड़ी सेठ बाजे।
हरि हू न जान्यौ नहीं मूढ लाजे॥ १०॥
कहा सब जीते खग धारा।
रण भूमि नहीं कहावें बकारा॥
छिदे अंग सारे लगे घाव गाड़े।
कहा रक्तं लिप्त भये पाँव भये आड़े॥ ११॥
ऐसे वीर होके बहु नाम पाई।
वृथा है, वृथा है, लख्यौ नाहीं साँई॥
कहा श्वान संगा भके रात ही हम।
कहा लोक देखे रटेगा जी हम॥ १२॥
कहा वस्त्र हीना नग्न रूपधारी।
कहा मृतिका पात्र भिक्षा बिहारी॥
कहा शुद्ध हीना बिना बुद्ध डोले।
कहे लोग चर्चा नहीं मुख बोले॥ १३॥
श्मशान भूमि अस्ति लीने।
नहीं खान-पान में शुद्ध-शुद्ध चीने।
कहा माँस भक्षी सुरापान पीवे।
कर जारि करम नीचा नीच जीवे॥१४॥
ऐसे रूप भ्रष्टा लखै लोग नासे।
यह पुरुष धन्यं सुजोती प्रकाशे॥
वह बुद्ध बावन सू आतम पिछाने।
वह ऊंच सर्व में हरि देव जाने॥ १५॥
यह शून्य माया नरा लोक है सारो।
बिना ज्ञान भक्ति वृथा जन्म थारो॥
श्री गुरु देवपुरीजी, पूरा सिद्ध पाया।
कृपा कर स्वामी दीप सुरस्ता बताया॥१६॥
चौपाई
यह तो सैन और कछु भाई, गुरुकृपा बिन भेद न पाई।
पढ़-पढ़ कर जो नर करहिं विवादा, निरक्षर अक्षर लखहि ज्यादा॥
श्री महाप्रभुजी ने इस कविता तथा चौपाई को बहुत मीठी एवम् सुरीली आवाज में उन्हें गाकर सुनाया। इसका सरल अर्थ भी आपने अच्छे ढंग से उन्हें समझाया।
आपकी वाणी में ऐसी अलौकिक आकर्षण एवम् दिव्य शक्ति थी कि सुनने वाले सभी मंत्र मुग्ध हो जाया करते थे। आपने ऐसा सारगर्भित एवम् परमहितकारी ब्रह्मानन्द वचनामृत सुनाया, जिसे सुनकर उन घमण्डी लोगों का अहंकार चूर-चूर हो गया। श्री महाप्रभुजी के चरणों में गिरकर सभी ने क्षमा मांगी। वे आपस में कहने लगे कि ऐसा सच्चा, महाज्ञानी, सर्वकला समर्थ तो कभी नहीं देखा था। आज ही प्रभु की कृपा हुई है, जिसके फलस्वरूप हमें आज ऐसे साक्षात् नारायण स्वरूप सद् गुरुदेव के शुभ दर्शन हो पाये हैं। रामायण में लिखा है, जो यहाँ चरितार्थ हो रहा है—
"बिन हरि कृपा मिले नहीं सन्ता" ऐसे श्री महाप्रभुजी के पावन दर्शन कर हम महातीर्थ नहा लिये हैं। इससे हमारे मन की दुर्भावनाएं धुल गयी। हम यह प्रार्थना करते हैं कि भगवान् हमें ऐसी विभूति के दर्शन नित्य कराया करें। इस निवेदन को सुनकर श्री महाप्रभुजी ने उन सब से कहा, "आप लोग भविष्य में किसी व्यक्ति का अपमान न करें, सब में प्रभु हैं।" सभी लोगों ने श्री महाप्रभुजी के वचनों को शिरोधार्य किया एवम् गुरुदेव के चरण-स्पर्श कर चरणों की रज को सिर पर लगाया तथा श्री महाप्रभुजी की हार्दिक प्रशंसा करते हुए लौट गये। ये सभी लोग श्री महाप्रभुजी के परम-भक्त बन गये। इसके बाद उन्होंने कभी किसी व्यक्ति का अपमान नहीं किया।