जब महात्मा गाँधी व इनके देशभक्त सहयोगी स्वराज्य प्राप्ति की योजना बना रहे थे, जिस वक्त अंग्रेज सरकार भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों व जनता का अमानवीय रूप से दमन कर रही थी, देश की जनता अंग्रेज शासन की क्रूरता से बुरी तरह भयभीत थी। उस समय जनता के ये विचार थे कि जिस गोरी सरकार के साम्राज्य में सूर्य कभी अस्त नहीं होता, आधुनिकतम परमाणु हथियारों से जिनकी सेनाएं सुसज्जित हैं, जबकि हम भारतीयों के पास अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ने लिए लाठी व पत्थर हैं। हम भारतीयों के पास साहस व बहादुरी जरूर है, लेकिन अस्त्र-शस्त्र की दृष्टि से हम कई गुना उनसे कमजोर हैं।
अत: हम उनके विरुद्ध लड़ें भले ही, लेकिन भारत में उनके साम्राज्य को स्वप्न में भी मूलत: नष्ट नहीं कर सकते। उस समय श्री महाप्रभुजी अपनी मण्डली सहित जगह-जगह घूमकर प्रचार कर रहे थे कि भारतवासियों घबराओ मत, स्वराज्य प्राप्त करना अपना जन्मसिद्ध अधिकार है। इसे हम किसी भी कीमत पर लेकर ही रहेंगे व हमारा भारतवर्ष जल्दी ही स्वतंत्र हो जायेगा। हिम्मत रखो, धैर्य व बहादुरी के साथ अंग्रेज सरकार के विरुद्ध लड़ो। इस प्रकार पूज्य श्री महाप्रभुजी के आह्वान पर हजारों हताश-निराश लोगों में नई चेतना जागृत हुई तथा हिम्मत व जोश के साथ देश को स्वतंत्रता दिलाने में अपने प्राण न्यौछावर करने लगे।
इस समय श्री महाप्रभुजी सुन्दर भजन बनाकर सुरीली आवाज में सुनाते थे। आपके जोशीले भजनों की अमृत मयी वाणी से लोगों में दिव्य शक्ति भर जाती थी तथा लोग अपने कष्टों को भूल जाते थे। सिर्फ एक यही धुन रहती कि महाप्रभुजी के कहे वचन कभी असत्य नहीं होते। धैर्य रखकर डटे रहो, अपनी रक्षा व लाज श्री महाप्रभुजी के हाथ है। साक्षात् नारायण अपने रक्षक हैं, फिर डर किस बात का, विजय अवश्य ही अपनी है। श्री महाप्रभुजी ने एक भजन सुनाया—
भजन
अब तुम हियो कोई मत हारो जी, सब राम रटाने वाले ॥टेर॥
तुम श्री नाथ ध्यावो, शारद को सदा मनावो,
जीवों को मती सतावो जी, सब फतह कराने वाले॥१॥
तुम भलां धरां का जाया, गुणवान घराना पाया,
भारत में जन्म धरयाजी, सब साज सजाने वाले॥२॥
तुम प्रीत रखो सब भाई, द्वितीय को दूर हटाई,
तुम कोई रीस मत लाई जी, सत्य वचन सुनाने वाले॥३॥
तुम खाओ खूब कमाओ, माया को खूब जुड़ाओ,
आपस में मती लड़ाओ जी, कछु लाज रखाने वाले॥४॥
तुम एक-एक को चाहो, तुम तुरन्त भला फल पाओ,
कोई झगड़ो मती रचावो जी, सब लोग हंसाने वाले॥५॥
तुम शील सतोगुण राखो, कोई कूड़ वचन मती भाखो,
रिश्वत को निश्चय त्यागो जो, सत दीप बनाने वाले॥६॥
इस भजन के बाद एक और भजन सुनाया।
भजन
अब तुम ज्ञान करो सब लोगों जी,
भारत के रहने वाले॥ टेर॥
तुम धर्म सनातन पालो, इधर-उधर मत भालो।
दुष्टों को दूर निकालो जी, तुम गऊ बचाने वाले॥ १॥
तुम वेद पुराण विचारो, नीति का करो प्रचारो।
तुम हियो कोई मत हारोजी, सब प्रीत कराने वाले॥ २॥
कोई आपस में मत झगड़ो, लुच्चों का सेटा पकड़ो।
कोई लोग हुआ है नगड़ों जी, नहीं 'ऐन' गिनाने वाले॥ ३॥
तुम बड़े पुरुष सब देखो, दुर्बल को मत ना फैंको।
कोई करो राम को लेखोजी, कई काल निभाने वाले॥ ४॥
श्री पूज्य देवपुरीजी पाया, वो निरक्षर निर्दाया।
श्री स्वामी दीप सत गायाजी, सब सैन मिलाने वाले॥ ५॥
कुछ समय बाद श्री महाप्रभुजी अपने सेवक समुदाय सहित माउण्ट आबू विराजमान रहे। सत्संग की अमृत धारा तो अखण्ड चलती ही रहती थी। प्रभु ने अपने भक्त मण्डल को कहा, महात्मा गाँधी अब साबरमती आश्रम पर हैं। अत: चलो उनसे मिलकर ही आगे की यात्रा करेंगे। तब समस्त सेवक समुदाय चलने के लिए सहर्ष तैयार हुआ। श्री महाप्रभुजी व सेवक समुदाय अपने निजी वाहन से गाँधीजी के पास साबरमती पहुँचे। श्री महाप्रभुजी का शुभागमन सुनकर महात्मा गाँधी बहुत प्रसन्न हुए। गाँधीजी सहर्ष श्री महाप्रभुजी के स्वागतार्थ द्वार पर आये। दोनों ही महान् पुरुषों का मिलन अनुपम था। दोनों का वार्तालाप अमृत तुल्य आनन्द दे रहा था।
महात्मा गाँधी ने कहा, "आज आपका प्रवचन सुनने का आनन्द हमें भी मिलना चाहिये। आपका स्वर मधुर व बुलन्द है, आपके शब्दों में वो दिव्य शक्ति है, जो कि सुनने वाले के अन्तरतम में अपूर्व ज्ञान का प्रकाश करती है। आपके भजन भी बड़े मनोहर व सारगर्भित हैं।
आप तो विश्व हितकारी, जीवनतारण, उबारण, कारण ही आये हो। इस पर श्री महाप्रभुजी ने मधुर मुस्कान के साथ कहा, "आपका अवतार देश के उद्धार के लिए है। आपका संकल्प कोई नहीं रोक सकता। आपकी देश सेवा चिरस्मणीय रहेगी। आपकी अमर गाथा जीवों को प्रेरणा देती रहेगी।" ऐसा कहकर यह भजन गाया।
भजन
स्वराज हमेशा जय-जयकार।
क्या राजा और क्या बादशाह, सबके ऊपर हम सरकार॥टेर॥
सच्चा तोलो, सच्चा बोलो, झूठ कपट छोड़ो बेकार।
सम्पत राखो साँची भाँखो, ध्यान धरो हरि ओमकार॥ १॥
उत्तम-मध्यम का भरम मिटावो, हो जावो सब ऐकाकार।
रक्त बिन्द की सबकी काया, विश्वनाथ शम्भू इकसार॥ २॥
एक ब्रह्म सर्वोत्तर व्यापक, ऊंच-नीच कहना धिक्कार।
चार वर्ण मिथ्या अभिमानी, एक वर्ण मनुष्य अवतार॥ ३॥
भिन्न-भिन्न कर बनी पंक्ति, चोरा-चोरी का किना व्यवहार।
भूल भरम में फंस गये प्यारे, बिन सतगुरु नहीं होवे विचार॥ ४॥
सतगुरु श्री स्वामी देवपुरीजी, तीनों लोक का है सरदार।
श्री स्वामी दीप सत्य बकता नेता सतगुरु का मैं ताबेदार॥ ५॥
भजन
सुनो-सुनो बहन और भैया, तुम भारत के रवैया॥टेर॥
ये हिन्द देश है अपना, तुम स्वधर्म पर डटना।
जब सुख होवे मन चैया॥ १॥
विद्या का ठाट जमावो, वेदों की धूणी लगावोजी।
आपस में प्रेम रखैया॥ २॥
हाथों से सूत कातरो, स्वदेशी वस्त्र धारोजी।
तब होवे देश सुखैया॥ ३॥
सतगुरु की शरण सिधावो, तुम सच्ची शिक्षा पाओजी।
हरि ॐ कार रहैया॥ ४॥
श्री सतगुरु देव गोस्वामी धन्य आये भारत भूमि जी।
कहै श्री दीप गवैया॥ ५॥
श्री महाप्रभुजी ने भजनों के बाद मधुर व बुलन्द आवाज में कहा, "प्रिय देशभक्तों, यह हिन्द देश अहिंसा का पुजारी है। किसी को दु:ख देना नहीं चाहता है। 'अहिंसा परमोधर्म:' यह प्राचीन वेद आज्ञा है। सत्यधर्म पर डटे रहो, सत्य का कभी नाश नहीं होता है। सत्य की विजय हमेशा है। सादा जीवन उच्चे विचार रखो। हाथों से सूत कातो और खादी पहनो। विदेशी फैशन में बर्बाद मत होओ। देखो तुम्हारे सामने महात्मा गाँधी का कितना सादा जीवन है। यह पूर्व में अजयपाल राजा थे। अजय यानि बकरी अर्थात् बकरी पालने वाला। ये बकरी चराने के बाद राज शासन सत्य से चलाते थे। इनकी आज्ञा का पालन पशु-पक्षी भी करते थे।
उस समय रावण का राज्य था। रावण सब राजाओं से कर (टैक्स) लेता था। मगर अजय राजा के नाम से घबराता था। एक दिन रावण ने अपनी रानी मन्दोदरी से कहा, "मैं आज अजय राजा की शक्ति को देखना चाहता हूँ।" तब रानी मन्दोदरी ने अनाज के दाने कबूतरों को डाले और सब कबूतर दाने खाने लगे। इतने में रानी मन्दोदरी ने कहा, "राजा अजयपाल की सौगन्ध दाना मत खाओ।" यह आवाज सुनकर सब कबूतर उड़ गये। एक कबूतर बहरा था उसने आवाज नहीं सुनी, और दाना खाने के लिए जैसे ही मुंह नीचा किया वैसे ही वह कबूतर मर गया। तब रानी मन्दोदरी ने कहा, देखा राजा अजयपाल का प्रभाव।
इस पर भी अहंकारी रावण को विश्वास नहीं हुआ और अपने सैनिकों को राजा अजयपाल के पास कर लेने भेजा। अधिकारी वहाँ पहुँचे। उस समय राजा अजयपाल बकरियाँ चराने वन में गया हुआ था। जब शाम को लौटा तब पता चला कि लंका से कर लेने के लिए अधिकारी आये हैं। तब राजा अजयपाल नहा-धोकर राजकीय पौशाक पहनकर राजगद्दी पर बैठे। अधिकारियों को बुलाया और कहा कि तुम्हारे रावण के राजभवन का नक्शा बनाकर बताओ। तब अधिकारियों ने नक्शा बनाकर बताया। तब राजा अजयपाल ने डण्डे से उस नक्शे का थोड़ा भाग मिटाया, फिर मुस्कराकर कहा, "आप वापस लंका जाओ और वहाँ पर राज-भवन का यह भाग खत्म हो गया हो तो वापस मत आना। इस डण्डे से यहाँ बैठे-बैठे पूरी लंका को मिटा सकता हूँ। जाओ तुम्हारे रावण को कह देना।" जब वे अधिकारी वापस लंका गये तो उन्होंने देखा कि राजभवन का वह भाग गिर गया था, जिस पर नक्शे में राजा अजयपाल ने अपना डण्डा घुमाया था।
इस घटना से रावण चुप हो गया, और कर (टैक्स) लेना भूल गया, वही राजा अजयपाल के अवतार महात्मा गाँधी है। इसीलिए बकरी और लकड़ी (डण्डा) हमेशा साथ रखते हैं। जहाँ भी ये महात्मा गाँधी जायेंगे वहाँ उनके डण्डे से सब ठण्डे हो जायेंगे। देखो इनकी शक्ति भक्ति से अंग्रेजों को जाना पड़ेगा।
ये वचन सुनते ही सब भक्त सज्जनों ने श्री महाप्रभुजी की जय-जयकार करते हुए कहा कि श्री महाप्रभुजी का वचन सत्य होता है। प्रभु का वचन तीनों कालों में असत्य नहीं हो सकता है। श्री महाप्रभु फिर आबू पधारे।
गुरु पूर्णिमा की सत्संग में हजारों भक्त आये थे। उस समय सत्संग में किसी एक भक्त ने श्री महाप्रभुजी से हाथ जोड़कर प्रार्थना कर कहा, "हे प्रभु! आपने स्वराज्य का तो वरदान दे दिया था, मगर ये स्वराज्य कब तक रहेगा, फिर किसका राज आयेगा? सतयुग कब आयेगा? ऋषि-मुनियों का राज कब होगा? और आप स्वयं परमात्मा आकर सत्यधर्म के राज्य की स्थापना कब करोगे? सो आज्ञा फरमाओ।"
यह सुनकर श्री महाप्रभुजी ने मधुर मुस्कान के साथ कहा, "ये तो विश्व हितकारी प्रश्न हैं। सुनो ! ये स्वराज्य लम्बे समय तक रहेगा। उसके बाद कम्युनिस्ट राज्य होगा। वह भी लम्बे समय तक रहेगा। उसके बाद कई प्रकार के राज्य होंगे। फिर सतयुग की छाया पड़ेगी। तब सतलोक से महर्षि अवतार लेंगे। थोड़े परिश्रम से राज्य उनके हाथ में आयेगा। यह महर्षियों का राज होगा।" फिर इस विषय पर एक भजन सुनाया—
भजन
हो राज महर्षियों को हो वेला रे।
चार वर्ण से न्यारा है, महात्मा यह प्रकट हेला रे॥ १॥
जात वर्ण कुल आश्रम सारा, यह पाप धुपेला रे।
पाप-जाल पाखण्ड मिटेला, सीधा होवेला गेला रे॥ २॥
कर अभिमान सभी हारेला, लोग हुआ गेला रे।
होस बिना को मानखो, वृथा भटक मरेला रे॥ ३॥
ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, क्षूद्र, यह अभिमान गलेला रे।
पंथवादी और सभी सम्प्रदाय, यह सर्वत्र मिटेला रे॥ ४॥
सतगुरु सायब श्री देवपुरीजी, अनुभव भाखेला रे।
श्री स्वामी दीप शरण, सतगुरु की यह अगम लखेला रे॥ ५॥
(नोट— उपरोक्त भजन पद बिरहनी के पृष्ठ १८७ पर है।
यह भजन सुनाकर श्री महाप्रभुजी ने कहा कि महर्षियों के राज्य के पश्चात् मैं स्वयं अवतार धारण करूँगा।
गीता के अनुसार—
यदा-यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत।
अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्॥
अर्थात् जब मैं सत्यलोक से आऊंगा तब सतयुग भी मेरे साथ ही आयेगा तथा सत्यधर्म की स्थापना करूँगा। मुझे कोई लड़ाई झगड़ा नहीं करना पड़ेगा। जैसी मेरी इच्छा होगी वैसी ही सब जीवों की इच्छा हो जायेगी। मैं चाहूँगा वैसे ही सब चाहेंगे। सब विश्व मेरे में है मैं सब विश्व में हूँ। (All In One, One In All)
इसका भी भजन सुनो—
दिलवर देख्या हो देहली में, सतगुरु श्याम करे स्वराज॥ टेर॥
आप अलख अटल अविनाशी, निर्भय ज्ञान समाज।
न्यायाधीश ईश सुखराशी, सारे सबका काज॥ १॥
धरम हेतु अवतार धारकर, भक्त बिरद की लाज।
सबका हेतु है हितकारी, तीव्र कानूनी बाज॥ २॥
सबका हक हिसाब फैसला, श्रीमुख देत आवाज।
साधु रक्षा, दुष्ट दलन, हरि तोड़े गैर रिवाज॥ ३॥
पक्ष रहित सबकी पत राखै, कषुहन न हो नाराज।
श्री स्वामी दीप कहे भाई साधो, सर्वोपरि सिरताज॥ ४॥
यह भजन सुनकर सब भक्त अतिहर्षित हुए और आपस में कहने लगे कि अन्तर्यामी दिव्य दृष्टिवान से क्या छिपा हुआ है? कुछ नहीं छिपा है, सब जानते हैं।