Lila Amrit

दिव्य लीलाएँ · सभी अध्याय

महिला सम्मेलन

दिल्ली में अखिल भारतीय महिला सम्मेलन था, जिसमें श्री महाप्रभुजी को शुभ आशीर्वाद देने हेतु आमंत्रित किया गया था। तब श्री महाप्रभुजी ने इसी शर्त पर निमंत्रण स्वीकार किया कि उनके पधारने एवं प्रवचन का समाचार पत्रों इत्यादि में प्रकाशित नहीं कराया जायेगा एवं न ही प्रचार किया जाएगा।

श्री महाप्रभुजी कुछ शिष्यों सहित दिल्ली पधारे एवं गृह मंत्री श्री गोविन्द वल्लभ पन्त के यहाँ ठहरे। वहाँ सब मंत्रीगण आये और भव्य स्वागत किया। दूसरे दिन लाल बहादुर शास्त्री के यहाँ स्वागत सत्संग हुआ, जिसमें सरदार वल्लभभाई पटेल भी थे। नेहरूजी व श्रीमती इंदिरा गाँधी इत्यादि नेतागण आये हुए थे। किसी ने नेहरूजी से कहा कि आप तो साधुओं को नहीं मानते हैं, आप कैसे पधारे। नेहरूजी ने कहा कि मैं सच्चे साधू को पहुँचानता हूँ। उस समय लाल बहादुर शास्त्री ने कहा, इस समय भारत में भगवान्‌ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी जैसा तपस्वी त्यागी जनता का हितकारी महात्मा दुर्लभ है।

दूसरे दिन राष्ट्रपति भवन में भी भव्य सत्संग समारोह हुआ, जिसमें सब मंत्रीगण थे। श्री महाप्रभुजी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को लौहपुरुष का वरदान दिया था। वह उस समय से लौहपुरुष के नाम से विख्यात हुए। उस समय आकाशवाणी के कलाकारों द्वारा बहुत से भजन गाये गये, जिसमें यह भजन भी प्रस्तुत किया गया :

धन्य धन्य भारत भूमि कोटि कोटि वन्दन हमारा।
श्री दीप दयालु का देश हमको प्राणों से अति प्यारा॥
विश्व हितकारी परम सुखसागर प्रभु ने लिया यहीं अवतारा।
अनन्त ऋषि मुनि और योगी भारत के ये उच्चे सितारा॥
रामकृष्ण, बुद्ध, गुरुनानक, गाँधी,
नेहरू ने यहीं देह धारा।
लाल बहादुर और पटेल वल्लभ
लौह पुरुष सबके सरदारा॥
हिमालय है शीश भारत का
हिम स्वर्ण का मुकुट है धारा।
गंगा यमुना और कावेरी
भारत का चरण पखारा॥
इन्द्रलोक ब्रह्मलोक स्वर्ग से भारत भूमि महिमा अपारा।
देवी देवता वन्दे भारत भूमि सब करते हैं जय-जयकारा॥
सागर की लहरों से भारत की शोभा हो रही अपरम्पारा।
राजस्थान पाली जिले में नीपल में है विश्व गुरुदारा॥
देश के दीपक श्री दीप दयालु जगमग ज्योति होत उजारा।
माधवानन्द कहे भारत भूमि को शत-शत है प्रणाम हमारा॥

उसके बाद श्री महाप्रभुजी सम्मेलन में पधारे। अति सुन्दर उच्चे आसन पर विराजमान हुए। सम्मेलन में आये हुए सभी सज्जनों ने महाप्रभुजी को प्रणाम किया। श्री महाप्रभुजी ने मधुर मुस्कराकर सबको आशीर्वाद दिया और फरमाया - "सज्जनों! यह भारत दिव्य भूमि है। इसमें नारी का स्थान बहुत ऊँचा है। माताओं और बहनों! आप साक्षात् शक्ति रूपा हैं। आपने ब्रह्मा, विष्णु, महेश, राम, कृष्ण चौबीस अवतार ऋषि-मुनि, योगी, धीर, वीर, महान्‌ पुरुषों को जन्म दिया है। वे सब तुम्हारी ही गोद में तुम्हारे बालक होकर पले हैं। तुम उन सबकी मातायें हो। तुम्हारे अन्दर महान्‌ अद्भुत शक्ति है जो सोई हुई है। पूर्ण सतगुरु मिलने से ही उस महान्‌ शक्ति को जाग्रत कर सकते हैं। आपकी तरह ही अम्बा, कालिका, आशा पूर्णा बाघेश्वरी, त्रिपुर सुन्दरी, शारदा, सरस्वती, पार्वती, सीता, गार्गी, मैत्रेयी, महारानी चूड़ाला, महारानी मन्दालसा और भी अनेक वीर महिलायें हुई हैं, जिन्होंने संयम रखकर सतगुरु से योग साधना सीख कर दिव्य शक्ति को जाग्रत कर देश और धर्म की रक्षा की। वे आद्य शक्ति मानी जाकर पूजी जाती हैं। वह तुम्हारे ही जैसी थी। तुम्हारे एक-एक में इतनी शक्ति भरी हुई है कि पूरे देश को पलट सकती हैं। मनुष्य में ईश्वर के समान शक्ति भरी हुई है। सतगुरु मिलने से ही जाग्रत होती है। सत्य धर्म पर अटल रहो, जिससे ईश्वर तुम्हारा साथ दे और तुम्हारा संकल्प पूरा हो। ऐसी-ऐसी वीर महिलाएं हुई हैं, जिन्होंने अपने पति, पुत्रों को भी देश के लिए समर्पित कर दिया। जागो और दिव्य शक्ति को जगाओ और देश धर्म के लिए न्यौछावर हो जाओ।