
-: लेखक :-
राजऋषि ठाकुर श्री मदनसिंह दांता
जिला -सीकर
सदस्य राजस्थान विधान-सभा
सज्जनों !
सन्त-महात्माओं की महिमा अपार है। गुरु नानक साहब ने कहा है कि-
"सन्त की महिमा वेद न जान ही।
जैता सुणे तैता बखान ही॥"
इस प्रकार सन्तों की महिमा वेद और शास्त्र भी नहीं जान सकते हैं तो मेरे लिए कैसे संभव हो सकता है कि मैं उनके गुणों का बखान करूं।
महात्मा कबीरजी ने तो गुरु को गोविन्द से भी बढ़कर माना है।
मुझे सन्तों की जीवनी वर्णन का सौभाग्य मिला है तद्नुसार मैंने बिन्दु में सिन्धु व गागर में सागर भरने का प्रयत्न किया है। यह सब हरिकृपा है।
प्रस्तावना-एक समय आबू पर्वत पर अशोक वृक्ष के नीचे भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी व श्री स्वामी माधवानन्दजी महाराज विराजमान थे। तब श्री दीपनारायण महाप्रभुजी ने श्री स्वामी माधवानन्दजी को कुछ चिन्तायुक्त देखकर कहा, "माधव! तुम चिन्ता क्यों करते हो, जो मन में इच्छा कर रहे हो, वह तो अवश्य ही पूर्ण होगी।" तब श्री स्वामी माधवानन्दजी ने कहा, "हे सर्वलोकों के स्वामी! मैं आपसे करबद्घ प्रार्थना कर रहा हूँ, कि मेरे अन्तर्मन में बार-बार यह तीव्र इच्छा होती है कि परम पवित्र अमृत सागर दिव्य प्रकाश-पुञ्ज आपके नाम के अमृत प्रसाद को इस दुनिया में वितरण करने वाली कोई महान् विभूति अवतरित हो और इस संसार में कलि के पाप, ताप से जल रहे दीन-दु:खी प्राणियों को सच्ची शान्ति प्रदान करे। यह विभूति संसार में अज्ञान रूपी अन्धकार में भटकते राही को सच्चा रास्ता दिखाये। योग, वेदान्त द्वारा आत्मा-परमात्मा का ज्ञान देकर लोक-परलोक सुधारे। बस यही मेरी पावन इच्छा विश्व हितकारी दयालु आपके दरबार में पूर्ण होनी चाहिये।" इस प्रकार श्री स्वामी माधवानन्दजी की अर्ज सुनकर अनाथों के नाथ श्री महाप्रभुजी ने अपना वृहद हस्त-कमल श्री माधवानन्दजी के सिर पर रखा और आशीर्वाद देते हुए कहा, "तथास्तु"।
श्री महाप्रभुजी ने कहा, "हे माधव! ये तो पहले से ही भगवान् श्री देवपुरीजी महादेव ने नक्की तालाब पर अंग्रेज को बरदान दिया था। सो सत्यलोक से सप्तऋषियों में से एक ऋषि अथवा अन्य कोई दिव्य विभूति को इस पृथ्वी पर उतारेंगे। तुमने माँग लिया, अत: पहले उसका नाम माँगीलाल होगा तथा भगवान् महेश्वर के वरदान से और उन्हीं के अंश होने से बाद में नाम महेश्वरानन्द होगा। अत: इस महान् कार्य के लिए वही महान् योगी, त्यागी, शूरवीर, धीरवीर व सत्यवेत्ता होगा। केवल उनके द्वारा ही तुम्हारी इच्छा अवश्य पूर्ण होगी। परम कृपानिधान श्री महाप्रभुजी के श्रीमुख से यह वरदान पाकर श्री स्वामी माधवानन्दजी अति हर्षित हुए। हर्ष के आँसू बहाते हुए प्रभुजी के पवित्र श्री चरणों में गिर पड़े।
कुछ वर्षों पश्चात् श्री महाप्रभुजी का यह वरदान सिद्घ हुआ तथा १५ अगस्त, १९४५ को परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी का अवतार हुआ। किसी ने मुझसे प्रश्र किया कि, "क्या मोक्ष में गये हुए सत्यलोक से वापिस आ सकते हैं?"
तब मैंने कहा कि, "मोक्ष का अर्थ यह है कि मोह का क्षय हो जाना। संसार में किसी प्रकार के पदार्थ से मोह नहीं रहता है। वह स्वेच्छा से पुन: आ सकता है। उन पर अन्य संसारी प्राणियों की तरह कर्म बन्धन नहीं है। जिस प्रकार जेल में सजा भुगत रहा कैदी अपने कुकर्मों के द्वारा ही वहाँ जकड़ा हुआ होता है, वह चाहते हुए भी स्वतन्त्र नहीं रह सकता है। कभी-कभी राजा (सत्ताधारी) जब किसी शुभ अवसर पर जेल में कैदियों की दशा का अवलोकन करता है और अपनी इच्छा से कई कैदियों पर दया कर उन्हें रिहा करने के आदेश देता है। इस प्रकार राजा भी जेल में प्रवेश करता है। परन्तु वह स्वतन्त्र होता है उस पर किसी का बन्धन नहीं होता है, वह कैदी नहीं होता है। वह तो स्वेच्छा से ही अन्य को बन्धनमुक्त करने को ही जेल में प्रवेश करता है। ठीक इसी प्रकार संसारी प्राणी भी संसार में हैं, आने का कारण भिन्न-भिन्न है। महान् पुरुष तो धर्म हित अवतार लेते हैं। परोपकार के लिए भगवान् श्रीकृष्ण ने कहा था- "हे अर्जुन! तुम्हारे व मेरे अनेक जन्म हुए। तुम नहीं जानते पर मैं सब कुछ जानता हूँ।" ऐसे ही दिव्य दृष्टिवान महापुरुष सब कुछ जानते हैं। समय-समय पर महापुरुषों का जीवों की जागृति के लिए अवतार होता है।" प्रिय पाठकगणों, जैसे महात्माओं ने कहा है--
तीन सजावत देश को, सती, सन्त और सूर।
तीन लजावत देश को, कपटी, कायर और क्रूर॥
समय-समय पर इस पवित्र भारत-भूमि पर सन्त, योगी, सती व वीरों का अवतार होता रहा है, और होता रहेगा। ऐसे में देश के पुत्र रत्न ही महान् पुरुष माने जाते हैं। उनसे ही देश का गौरव व शोभा रही है व रहेगी। जैसे कहा भी है--
चन्दन उगा भूमि पर, खुशी हुआ बनराय।
धन्य हमारे भाग्य हैं, कीमत देंगे बढ़ाय॥
और बाँस उग्यौ भूमि पर, काँपे सब बनराय।
कोई दिन ऐसा आयेगा, सबको देंगे जलाय॥
पृथ्वी पर चन्दन का वृक्ष पैदा होने पर सभी वृक्षों को खुशी हुई। उन्होंने सोचा कि इस चन्दन के प्रताप से इनकी हवा मात्र से उनके आसपास रहने वाले सभी वृक्षों से भी सुमधुर चन्दन की सुगन्धी सहज ही प्राप्त हो जायेगी। हमारा अहोभाग्य है और जब जंगल में बाँस का वृक्ष पैदा होता है तब सभी वृक्षों में भय व्याप्त हो जाता है। कहने लगते हैं कि किसी दिन इन बाँस के वृक्षों की आपस की रगड़ के कारण आग पैदा हो जायेगी और हम सभी वृक्ष जलकर नष्ट हो जायेंगे, यह हमारा दुर्भाग्य है।
ठीक उसी प्रकार जिस पावन भूमि पर महापुरुषों का अवतार होता है, उस देश, गाँव, प्रान्त आदि सभी की शोभा उस महान् पुरुष के दिव्य प्रकाश से सहज में ही बढ़ती है और बाँस के समान दुष्ट पुरुष के पैदा होने के कुल, समाज, देश आदि कलंकित होता है। चन्दन वृक्ष के समान ही महान् पुरुष के माता-पिता को देवता भी वन्दन करते हैं। हमारी पवित्र भारत-भूमि के राजस्थान प्रान्त के पाली जिले के अन्तर्गत सोजतसिटी तहसील मुख्यालय से १२ कि.मी. दूर रूपावास (पुरोहितान) गाँव में १५ अगस्त, १९४५ के पावन दिन परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी का जन्म हुआ। इनके पिता पण्डित श्री कृष्णरामजी गर्ग ज्योतिष के कुशल ज्ञाता, विद्वान, भक्त और ज्ञानी पुरुष थे तथा इनकी माता श्रीमती फूलकँवरी देवी धर्मात्मा, पवित्र, तपस्विनी देवी है।
परमहंस योगीराज महेश्वरानन्दजी का जन्म होते ही बड़े-बड़े ज्योतिषाचार्यों ने ज्योतिष विद्या के अनुसार भविष्यवाणी की थी कि, "ये महान् तपस्वी, त्यागी, ज्ञानी, योगी व विश्व-वन्दनीय महात्मा होगा।" आज पन्द्रह अगस्त का दिन हमारे देश के लिए गौरवशाली दिन माना जाता है। ज्योतिष के अनुसार आज सिंह राशि का चन्द्र होने से सिंह के समान तेजस्वी व चन्द्रमा के समान निर्मल, ज्ञानी व सर्वआत्माओं को त्रयताप से निवृत्त कर परम शान्ति व परम प्रकाश देने वाले होंगे। इनका नामकरण सिंह राशि होने से माँगीलाल रखा गया। श्री माँगीलालजी में बचपन से ही भक्त, ज्ञानी, सन्त के सभी गुण स्वाभाविक थे। ये तीन भाई व तीन बहनें हैं। श्री माँगीलालजी पढ़ाई में बड़े चतुर व होशियार थे। अपनी कक्षा में हमेशा शीर्ष छात्र रहे तथा परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होते थे। अपने सहपाठियों से हमेशा स्नेहपूर्वक बातें करते थे। इसलिए विद्यालय के समस्त अध्यापकगण, कर्मचारीगण व अन्य छात्र श्री माँगीलालजी को दिल से चाहते थे। वे घर पर भी अधिक समय एकान्त में प्रभु स्मरण में बिताया करते थे।
दैवयोगवश श्री माँगीलालजी की १२ वर्ष की आयु में ही इनके पिता का देहावसान हो गया। इसके पश्चात् इनके परिवारजनों पर भारी संकट आया। घर का समस्त कार्यभार इनकी माताजी पर आ गया। ऐसी परिस्थिति में श्री माँगीलालजी ने स्कूल जाना छोड़ दिया। अत: आप अधिक विद्याध्ययन नहीं कर सके। उस समय श्री माँगीलालजी का विद्याध्ययन जारी रखने हेतु परमहंस श्री स्वामी माधवानन्दजी के पास गाँव नीपल भेज दिया गया। परमहंस श्री स्वामी माधवानन्दजी ने श्रीमती फूलकँवरी देवी के भाई होने के नाते आगे विद्याध्ययन हेतु अपने पास रखा।
कालान्तर में स्वामीजी का भक्तिभाव व योग-साधना को देखकर माँगीलालजी को ईश्वरीय प्रेम और प्रगाढ़ भक्ति रंग लग गया और उनके पूर्व संस्कार जाग्रत हो गये। विद्याध्ययन में मन न लगने के कारण विद्यालय जाना बन्द कर दिया। इसके पश्चात् संन्यास ग्रहण करने के लिए स्वामी माधवानन्दजी से बार-बार आग्रह करने लगे।
उस परिस्थिति में स्वामीजी उलझन में पड़ गये। उन्होंने सोचा कि मेरी बहिन कहीं ऐसा न सोच ले कि मैंने तो माँगीलाल को पढ़ने के लिए भेजा था और स्वामीजी ने उसे साधु बना दिया। इस कारण स्वामीजी श्री माँगीलालजी को साधु बनने से मना करते रहे। इसके पश्चात् स्वामीजी ने श्री माँगीलालजी को अहमदाबाद में एक दुकान खुलवाकर वहाँ पर बैठा दिया। इस दुकान का नाम था, "श्री दीपनारायण जनरल स्टोर्स"। लेकिन दुकान पर भी श्री माँगीलालजी का जी नहीं लगा, फलस्वरूप वे दुकान सम्भाल नहीं सके, आखिर दुकान को बन्द करना पड़ा।
इसके पश्चात् दूसरी बार स्वामीजी ने श्री माँगीलालजी को राजस्थान के बाड़मेर जिले में जिप्सम हाल्ट के मैनेजर जी.एल.माथुर से कहकर, जो कि स्वामीजी के शिष्य व भक्त थे, नौकरी दिलवा दी। परन्तु वहाँ पर भी उनका दिल नहीं लगा। वहाँ का मैनेजर व समस्त स्टाफ श्री माँगीलालजी के उच्च विचारों से बहुत प्रभावित हुए। वहाँ रहते हुए भी श्री माँगीलालजी अपने पत्रों में श्री स्वामीजी से संन्यास ग्रहण करने का आग्रह करते रहते। श्री स्वामीजी ने उनके पत्रों का जवाब देना बन्द कर दिया।
अन्त में श्री माँगीलालजी ने अपने आखिरी पत्र में यह निवेदन किया कि, "स्वामीजी या तो आप मुझे अपने पास बुला लें, नहीं बुलाया तो मैं आत्महत्या कर लूंगा या साधु बनकर चला जाऊंगा, फिर कभी भी आपसे नहीं मिलूंगा। आपकी सेवा में मेरा यह अन्तिम पत्र है इसके बाद भविष्य में कभी आपको पत्र नहीं लिखूँगा। आपकी जैसी इच्छा हो वैसा ही मुझ्रे तुरन्त जवाब देना।" यह सन्देश पढ़कर श्री स्वामीजी ने सोचा कि अब श्री माँगीलाल को तीव्र वैराग्य हो गया है। अगर मैंने इसे नहीं सम्भाला तो कहीं भाग जायेगा या कुछ कर लेगा तो मेरे हाथ से निकल जायेगा क्योंकि वैराग्य की अवस्था ही ऐसी होती है। इस वैराग्य ने हजारों को दीवाना कर दिया है। और सच्चा सतगुरु न मिलने के कारण बहुत से व्यक्ति तीर्थों में भटकते रहते हैं, बहुत से पंचधूणी तपते हैं वह उल्टे लटकते हैं तथा बहुत से व्यक्ति तन्त्र-मन्त्र की सिद्घि के चक्कर में मलिन खानपान करके श्मशानों में कष्ट भोगते हैं। आखिर असफलता व निराशा ही हाथ लगती है। अन्त में पछताते हैं क्योंकि आत्मज्ञान के बिना जीव के दु:खों का अन्त नहीं होता है। केवल आत्मज्ञानी सदगुरु के द्वारा ही सच्ची शान्ति मिलती है और अपने लक्ष्य को प्राप्त कर लेते हैं। आत्मज्ञानी सन्त का मिलना बहुत दुर्लभ है। इस विशाल दुनिया में कौओं और बगुलों के झुण्ड पाये जाते हैं। परन्तु हंसों के झुण्ड नहीं होते हैं अत: सन्त भी हंसों की भाँति झुण्ड में नहीं मिलते। राजरानी भक्तिमती मीरा ने कहा है--
"देश परदेश मैं फिरी, साधुओं का बहुत सुकाल।
जिनके देखे नयन ठेर, उनका पड़ा दुष्काल॥"
ऐसा सोचकर स्वामीजी ने माँगीलालजी को पत्र भेज कर अपने पास बुला लिया। स्वामीजी ने श्री माँगीलालजी से कहा, "अपना मन ईश्वरीय साधना में दृढ़ संकल्प करके लगाओ, जिन्दगी की राह चाहे कितनी ही विपदापूर्ण क्यों न हों। परन्तु जिन्दगी से पलायन साधु सन्तों का कार्य नहीं है। यह तो कायरता है। दिव्य कार्यों पर कुर्बानी का दृढ़ संकल्प करो तथा मंजिल पर जा सकोगे अन्यथा साधु होने का नाम ही मत लेना। ज्ञान की घाटी बहुत ज्यादा कष्टप्रद है इसमें बड़े-बड़े सिद्घ पुरुष, महात्मा, पीर औलिया इत्यादि भी फिसल जाते हैं। अत: सोच-विचार कर इस कुर्बानी के रास्ते पर आना चाहिये।"
ऐसा सुनकर श्री माँगीलालजी ने कहा कि, "हे प्रभु! मैं आपके समक्ष यह दृढ़ संकल्प लेता हूँ कि चाहे मेरे प्राण ही क्यों न चले जायें, परन्तु मैं इस साधना को नहीं छोडूँगा, यही मेरा दृढ़ संकल्प है।"
इतना दृढ़ विश्वास देखकर स्वामी माधवानन्दजी ने श्री माँगीलालजी को अपना शिष्य स्वीकार कर लिया और दीक्षा देना स्वीकार कर लिया। दीक्षा देने के पश्चात् इनका नाम श्री महेश्वरानन्दजी रखा गया। अपने प्राणप्रिय इष्टदेव विश्ववन्दनीय भगवान् श्री दीपनारायण जी महाप्रभुजी का अनुष्ठान प्रारम्भ करवाया। एक ही चटाई पर सोना, खाने के लिए दूध और कुछ फल। बस इसी से गुजारा करना। अधिकतर समय ईश्वर साधना में व्यतीत करना।
इस प्रकार छ: महीने व्यतीत होने के पश्चात् दीपावली के शुभ अवसर पर प्रात: काल ब्रह्ममुहूर्त में चार बजे श्री महेश्वरानन्द को ध्यानमग्र अवस्था में अकस्मात् बिजली का शॉक-सा लगा, वे देह का भान भूल गये। उस समय उन्हें करोड़ों सूर्यों के समान प्रकाश पुञ्ज दिखाई दिया। उन्हें ऐसा आभास हुआ जैसे अमृत सागर में प्रवेश किया हो। ऐसा अखण्ड व अभूतपूर्व आनन्द उन्हें प्राप्त हुआ। वह प्रकाश पुञ्ज अनन्त समुद्रों के समान गम्भीर व असीम था। इस अतिमनोहर प्रकाश में त्रिलोक वन्दनीय भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी परम मनोहर दिव्य स्वरूप में प्रकट हुए। उस समय ऐसा प्रतीत हुआ जैसे देवगन्धर्व, ऋषि-मुनि, ब्रह्मा, विष्णु, महेश और अनन्त प्रकाशमान महाविभूतियाँ श्री महाप्रभुजी की परिक्रमा कर रहे हैं। वे सभी विविध प्रकार से श्री महाप्रभुजी की स्तुतियाँ गा रहे हैं। चारों ओर से यह आवाज बार-बार आ रही थी, "ॐ सत्यब्रह्म श्री दीपनारायण परिपूर्ण नम:।"
सभी के चेहरों पर श्री महाप्रभुजी का प्रकाश चमक रहा था। एक सूर्य सम्पूर्ण विश्व को प्रकाशित कर रहा था। इसी प्रकार श्री महाप्रभुजी का प्रकाश उन सभी में और समस्त विश्व में प्रकाश दे रहा था। सभी में श्री महाप्रभुजी का समावेश है।
श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी ने अपनी कठिन तपस्या के फलस्वरूप श्री महाप्रभुजी के दर्शन कर अपने जीवन को सार्थक व सफल बनाया। अन्तर्ध्यान में परम कृपा सागर पूज्यनीय भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी ने अपना वृहत् हस्त-कमल श्री महेश्वरानन्दजी के सिर पर रखा और कहा, "बेटा, तुम मेरे अनादि शिष्य हो, तुम मेरे सत्संग सेना के सच्चे सैनिक हो। भगवान् शिव के गण हो। सर्व धर्मों की साधना का सार रूप यह असीम प्रकाश है। सर्वधर्मों व मतपन्थों का मुख्य सार आत्मा व परमात्मा को साक्षात् जानना है।"
संसार में त्रिताप से जलते हुए प्राणियों को ज्ञानामृत द्वारा शान्ति देना और यौगिक आसन, प्राणायाम व सरल साधना द्वारा स्त्री, पुरुष,वृद्घ और बच्चों आदि सबको रोगमुक्त कर सत्यपथ की ओर अग्रसर करना। यह सेवाधर्म ही सर्वोत्तम धर्म है। जात-पाँत, ऊंच-नीच, काला-गोरा सब भेदभाव त्यागकर प्राणीमात्र में मुझे जानकर उसकी सेवा करो। यही मेरी सच्ची सेवा है। तुझ पर मेरा अखण्ड पहरा रहेगा। मैं सदैव तुम्हारे साथ हूँ। मुझे कभी दूर मत समझना। वैसे तो मैं सर्वव्यापक हूँ। मगर में प्यारे भक्तों की अन्तर्रात्मा में प्रकट होता हूँ।
सब घट साहिब रम रहें, कोई घट खाली नाय।
बलिहारी उस घट की, जो प्रकट हो गये आय॥
जिस घट में मैं प्रकट होता हूँ, वह घट मेरे ही समान है और वह मैं स्वयं ही हूँ। "ब्रह्म मेव ब्रह्मवे भवति" ब्रह्म को जानने वाला ब्रह्म ही है।" यह पवित्र वाणी करते हुए श्रीमहाप्रभुजी अन्तर्ध्यान हो गये। तब महेश्वरानन्दजी अपने प्रिय इष्टदेव के दर्शन कर व उनसे आज्ञा पाकर धन्य हो गये। उन्होंने उसी समय समस्त विश्व के मानव मात्र की सेवा का दृढ़ संकल्प लिया। फिर यह प्रार्थना की।
आत्मा की पुकार
मेरे अन्तर के स्वामी, मेरी आप से याचना हैं
कि आपका दैविक प्रकाश मेरी आत्मा आलोकित करें।
आपकी अरूणिमा मेरा पथ प्रदर्शन करे,
आपकी दैविक कृपा मुझे आप तक अग्रसर करें,
आप अपनी पावन गरिमा बरसायें,
जिससे जवन बाधाऐं पार कर सकूँ,
और आप तक के पवित्र पथ को तय करूँ,
मेरे तन-मन, बुद्घि, विचार और आत्मा आपको समर्पित हैं,
ताकि आपके प्रेम और प्रकाश का माध्यम बनूं,
मेरा प्रत्येक कर्म आपकी ओर उठाई डगर है।
अन्ततोरात्मा आपके दया सागर में विलीन हो,
हे प्रभु ! मुझे शान्ति, समन्वय, स्वतंत्रता और सन्तोष से जीने दें
सर्व वन्दित देवाधि देव
भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी
मेरी विनती है कि मेरा अध्यात्म पथ प्रदर्शित करें।