Lila Amrit

विश्वगुरु स्वामी महेश्वरानन्दजी · सभी अध्याय

"दैनिक जीवन में योग" पद्घति

लेखक : स्वामी गजानन्द

परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी ने भारत में ही पारम्परिक योग क्रियाओं की शिक्षा व सत सनातन धर्म और वेदान्त पर सत्संग कर, पूरे राजस्थान में श्री महाप्रभुजी की शिक्षा व उनके दिव्य प्रकाश का प्रसारण कर अपने धर्म-प्रचार का अभियान शुरू किया।

सन् १९७१ में, उन्हें इंग्लैण्ड से निमंत्रण मिला और उन्होंने प्रथम बार यूरोप की यात्रा की। मई १९७२ में वियना, आस्ट्रिया के एक योग केन्द्र ने उन्हें निमन्त्रित किया और वे वहाँ योग शिक्षा देने लगे। जल्दी उन्होंने आस्ट्रिया में बहुत से मित्रों व छात्रों का दिल जीत लिया। जब उन्होंने पश्चिमी लोगों की आध्यात्मिक सहायता की, जरूरत को महसूस किया तब से वे वियना और आस्ट्रिया के निवासी बन गये और विदेशों में अपना अनवरत कार्य प्रारम्भ किया।

इंग्लैण्ड में जहाँ स्वामीजी पहली बार गये थे, एक अद्भुत घटना घटी, जो स्वामीजी के अभियान पर प्रकाश डालती है।

इंग्लैण्ड के लेस्टर शहर में परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी का सत्संग व योग-साधना का कार्यक्रम चल रहा था। उस समय वह सनातन हिन्दू धर्म के मन्दिर में ठहरे हुए थे। पास में ही दूसरे कमरे में श्री योगेश्वरजी महाराज ठहरे हुए थे। जो रामकृष्ण परमहंस के अवतार माने जाते थे। उनका भी वहाँ सत्संग कार्यक्रम चल रहा था। परमहंस योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी शाम को श्री महाप्रभुजी की आरती-पूजा में एक दीपक जलाते थे, प्रार्थना के बाद अपना कमरा बन्द कर ताला लगा कर सत्संग करने के लिए अपने प्रोग्राम पर जाया करते थे।

एक दिन वापिस आकर कमरा खोला तो देखा कि "श्री महाप्रभुजी" के पास दो दीपक जल रहे थे। यह देखकर श्री महेश्वरानन्दजी को बड़ा आश्चर्य हुआ, कि मैंने तो एक ही दीपक जलाया था, दूसरा दीपक कहाँ से आया, ताला तो बंद था। इस प्रकार सात दिन तक ऐसा ही देखा। तब उन्होंने श्री योगेश्वरजी महाराज से पूछा कि "मैं तो ताला लगा कर जाता हूँ, यह पीछे से दीपक जला कर कौन जाता है? आप दिव्य दृष्टिवान हैं, आप अपनी दिव्य दृष्टि द्वारा पता लगाइये कि यह दूसरा दीपक कैसे जलता है?" श्री योगेश्वरजी महाराज ने ध्यान में देखकर कहा कि, "कोई यूरोपियन महान्‌ आत्माएं हैं जो अदृश्य रूप से आती हैं और श्री महाप्रभुजी की सेवा करके यह दीपक जलाती हैं और महाप्रभुजी साक्षात् परमात्मा है, इसलिए अन्तरिक्ष में गुप्त रहने वाली दिव्य आत्माएं श्री महाप्रभुजी की सेवार्थ आती हैं।"

तब महेश्वरानन्दजी ने कहा कि, "यह प्रभु की अद्भुत लीला है।"

कुछ दिनों बाद योगेश्वरजी ने स्वामीजी को एक संदेश के बारे में बताया जो उन्हें महाप्रभुजी से प्रत्यक्ष मिला था, कि परमहंस स्वामी महेश्वरानन्दजी को उनकी युवा उम्र से नहीं समझना चाहिए क्योंकि वे जन्म जन्मान्तर से महाप्रभुजी के भक्त और शिष्य हैं।

जब योगीराज श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी ने यूरोप में योग और वेदान्त सिखाना प्रारंभ किया तब उन्हें यह समस्या आई कि वे जैसा भारत में सिखाते हैं वैसा यहाँ नहीं सिखा सकते। विदेशियों को महाप्रभुजी का संदेश समझाने के लिए उन्हें सिर्फ विदेशी भाषाऐं ही नहीं सीखनी पड़ीं वरन् उनकी मानसिकता, उनकी जीवन शैली और उनकी मानसिक, मनोवैज्ञानिक और शारीरिक समस्याऐं भी समझनी पड़ीं। विदेशियों की कुर्सी पर बैठने की आदत होती है। इसलिए उन्हें ध्यानासन में बैठने में परेशानी होती है। दफ्तर और कम्प्यूटर कार्य और बेचैन जीवन शैली से गर्दन और पीठ दर्द, तनाव और इससे संबंधित कई समस्याएं हो गई हैं। मांस खाने, सिगरेट और शराब पीने को ये अधर्म नहीं मानते क्योंकि ये उनकी साधारण दिनचर्या में है। एक अर्से से संयुक्त परिवार समाप्त हो गये हैं, बच्चों का पालन पोषण स्नेहरहित वातावरण में होता है। बुजुर्गों को वृद्घाश्रमों में छोड़ दिया जाता है और विवाह माता-पिता द्वारा निर्धारित नहीं किये जाते अपितु प्रेम की भावुकता से किए जाते हैं, उसका परिणाम यह होता है कि तीन विवाहों में से कम से कम दो का तो तलाक हो जाता है। आध्यात्मिकता को सामाजिक जीवन का संपूर्ण भाग नहीं मानते लेकिन एक व्यक्तिगत रूचि मानते हैं। पश्चिमी लोग भौतिक आराम, खुशी और विलासिता को ही पूर्णता पाने की कोशिश करते हैं लेकिन यह हृदय को तृप्त नहीं कर सकती। परिणामत: खालीपन का अनुभव, लक्ष्यहीनता निरर्थकता ही पश्चिमी संस्कृति की विशालतम समस्या है इसी कारण लोग जीवन के वास्तविक मूल्यों और सत्यार्थ को ढूंढ़ने लगे हैं।

स्वामीजी को पश्चिमी जीवन के पहलुओं को समझने में, नियमानुसार अपनी शिक्षा उनको ग्रहण कराने में और पुराने ऋषियों और मुनियों का संदेश पश्चिमी लोगों तक पहुँचाने में काफी बाधाओं का सामना करना पड़ा। परिणामत: इस पद्घति का विकास हुआ, दैनिक जीवन में योग प्राचीन वैदिक संस्कृति और उनके गुरुओं की शिक्षा पर आधारित है लेकिन हमारे समय की आवश्यकताओं के अनुरूप रची गई है। जैसे कि इस आधुनिक समाज में मनुष्य शान्तिपूर्ण और प्राकृतिक प्रेम से जीवन नहीं जी रहा है इसलिए उसे पुन: यह सीखना है कि कैसे श्वास ले, कैसे तनाव रहित रहे, कैसे बैठे और कैसे खड़ा रहे। इसलिए दैनिक जीवन में योग शिक्षा पद्घति को इस ढंग से आठ उत्तरोत्तर स्तरों में बनाया गया है ताकि वह आयु, स्वस्थता या सांस्कृतिक पृष्ठ भूमि को अछूता रखते हुए प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपयोगी है। पहला स्तर, सर्वहित आसन, स्वयं में एक आधारभूत स्वास्थ्य कार्यक्रम का है जो शरीर के प्रत्येक भाग को ढक लेता है और सारी आधारभूत क्रियाओं का परिचय करा देता है।

दैनिक जीवन में योग का उद्देश्य शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य की प्राप्ति करना है, दूसरे शब्दों में एक व्यक्ति को मानसिक शान्ति, सौहार्दता और जीवन में पूर्णता की खोज में जो आवश्यक है वह सब उपलब्ध कराना है।

शारीरिक स्वास्थ्य को प्राप्त कर उसे बनाए रखने के लिए इसमें मुख्यत: शारीरिक व्यायाम, जो धीरे-धीरे एकाग्रचित्त से किए जावे, प्राणायाम और शरीर को तनावरहित करने की क्रिया जिसमें योग निद्रा, एक पूर्ण तनाव रहित क्रिया, जो कि एक अति उपयोगी तनाव-निवारक क्रिया है, सम्मिलित है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जो मूल्यवान व्यायाम दैनिक जीवन में योग मे हैं, वे हैं - नादी शुद्घि के व्यायाम, आंतों के व्यायाम (हठ योग क्रियाएं), एकाग्रता के व्यायाम (जैसे त्राटक) उसके साथ-साथ मुद्राएं एवं बन्ध। इन्हीं मूलभूत व्यायामों से पीठ दर्द निवारण के लिए योग, जोड़ों के दर्द के लिए योग प्रौढ़ व्यक्तियों के लिए योग, बच्चों के लिए योग आदि विशिष्ट कार्यक्रम तैयार किए गये हैं।

परन्तु स्वामीजी इन सबसे अधिक महत्व देते हैं सात्विक शाकाहारी पौष्टिक आहार को। भोजन न केवल हमारी शारीरिक ऊर्जा व शक्ति का साधन है, परन्तु हमारे शरीर और मानस, हमारी आदतें और गुण और हमारे कर्मों को पूर्णतया प्रभावित करता है। स्वामीजी निरन्तर यह कहते नहीं थकते कि हमेशा ताजा और स्वास्थ्यप्रद सात्विक शाकाहारी भोजन करो और माँस, मछली, अंडे, शराब और नशीले पदार्थों से दूर रहो। अहिंसा परमो धर्म:- यह सब धर्मों का सार है, आध्यात्मिकता का सार है। स्वामीजी कभी भी ऐसे व्यक्ति को मंत्र दीक्षा नहीं देंगे, जो शाकाहारी न हो या उस दिन से पूर्ण शाकाहारी न हो या उस दिन से पूर्ण शाकाहारी रहने की प्रतिज्ञा न करता हो। एक बार स्वामीजी ने कहा था, "हो सकता है मैंने कुछ भी मूल्यवान कार्य न किया हो, पर एक कार्य मैंने सत्य रूप में किया है कि दुनिया भर में मेरे द्वारा लाखों व्यक्ति शाकाहारी बन गये हैं।"

शारीरिक स्वास्थ्य की अपेक्षा मानसिक स्वास्थ्य प्राप्त कर लेना बहुत कठिन है। साधारणतया हम लोग हमारे मन और इन्द्रियों को वश में रखने के बजाय उन पर ही आधारित रहते हैं। जब हम हमारे नकारात्मक विचारों, भावनाओं व डर पर विजय करना चाहते हैं और मानसिक संतुलन बनाना, संतोष और आत्मविश्वास लाना चाहते हैं तब हमें पहले ईमानदारी से हमारे मन का विश्लेषण कर शुद्घिकरण करना पड़ता है। इसके लिए स्वामीजी ने एक विशिष्ट प्रणाली तैयार की है,"आत्मानुभूति"।

स्वामीजी ने एक बार समझाया था, "पारंपरिक ध्यान की क्रियाएं 'मैं कौन हूँ' प्रश्र पर आधारित थीं जिसका प्रत्यक्ष उद्देश्य आत्मज्ञान था अर्थात अपनी दिव्य आत्मा का अनुभव करना। वह पुराने समय में ऋषियों और मुनियों के लिए तो ठीक था, पर आजकल हमारे मन सांसारिक इच्छाओं, मोह और भय द्वारा इतने प्रदूषित हैं कि पहले हमें उसका शुद्घिकरण करना है। इसीलिए मैं पहले यह प्रश्र रखता हूँ कि मैं कैसा हूँ।"

आसन और प्राणायाम के समान आत्म अन्वेषण ध्यान को भी आठ भागों में बांटा गया है और उसे स्तर दर स्तर सीखा जा सकता है। मानसिक स्वास्थ्य प्राप्त करने की दूसरी पद्घतियां राजयोग के यम और नियम सिद्घान्तों को जानना है जिनमें से एक अहिंसा है, नियमित रूप से सत्संग में जाना और मित्रों को ढूंढने में भी सावधानी बरतना, शास्त्रों का अध्ययन करना या दूसरे आध्यात्मिक प्रेरणा वाले साहित्य को पढ़ना और मंत्र तो सर्वोपरि है ही। स्वामीजी कहा करते है "मंत्र के बिना ध्यान रस विहीन फल के समान है, एक प्लास्टिक के सेव के समान"। जो कोई भी शारीरिक स्वास्थ्य से अधिक पूर्णता चाहता है उसे गुरु की खोज कर मंत्र-दीक्षा लेनी चाहिए। हमारे कर्मों की शुद्घि का प्रमुख साधन मंत्र जाप ही है, और वास्तव में हमारी मानसिक समस्याओं के गहन कारण ये ही हैं।

दैनिक जीवन में योग से तीसरा मुख्य लक्ष्य सामाजिक स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है। सामाजिक स्वास्थ्य वह योग्यता है जिससे हम अपने आप में प्रसन्न रह सकते हैं और दूसरों को प्रसन्न करने में भी सक्षम हो सकते हैं। स्वामीजी महाप्रभुजी की यह शिक्षा अपने शिष्यों को हमेशा याद दिलाते रहते हैं: "प्रत्येक प्राणी को कम से कम इतना प्रेम करो जितना तुम अपने आप से करते हो। ईश्वर का प्रकाश प्रत्येक प्राणी में है। उनको प्रेम करना और उनकी सेवा करना ईश्वर को प्रेम करना और उसकी सेवा करना है।" अर्थात दूसरों के साथ शुद्घ संपर्क और शुद्घ हृदय से वार्तालाप करो, यह समझने की कोशिश करो कि उन्हें क्या चाहिए, समाज के लिए उत्तरदायित्व समझो और उसके लिए कार्य करो। पड़ौसियों की और समाज की सार्थक और रचनात्मक सेवा करो। प्रकृति और वातावरण को संरक्षित रखने में सहायक बनो और संसार में शान्ति के लिए कार्य करो, मानव के कल्याण और सभी प्राणियों के कल्याण के लिए कार्य करो। स्वामीजी अपने शिष्यों में सेवा भाव बढ़ाने के लिए केवल उपदेश ही नहीं देते वरन् मुख्यतया सक्रिय सेवा करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं जैसे योग कक्षाओं का संचालन करना, आश्रम के लिए कर्म योग करना, निशुल्क गतिविधियाँ चलाना आदि।

योग का सर्वोच्च लक्ष्य आध्यात्मिक स्वास्थ्य, प्रार्थना, ध्यान, मंत्र, क्रिया, सकारात्मक सोच और सहनशीलता से ही प्राप्त किया जा सकता है। फिर स्वामीजी अहिंसा पर जोर देते हुए कहते है,"किसी भी व्यक्ति को किसी को भी मन, वचन और कर्म से नुकसान नहीं पहुँचाना चाहिए। इसमें आवश्यकताओं को स्वीकार करना, विभिन्न मत, सांस्कृतिक परम्पराएं, दूसरों के धर्म और उनका आदर करना भी शामिल है।" मानवों को रक्षक होना चाहिए, विनाशक नहीं। वे गुण जो वास्तव में हमें मानव बनाते हैं वे हैं:- देने की, समझने और क्षमा करने की योग्यता, जीवन की रक्षा करना, व्यक्तित्व का सत्कार करना, सभी प्राणियों की स्वतंत्रता योग शिक्षा का पहला अभ्यास है। इस उपदेश का गहराई से पालन करने पर सहनशीलता, पारस्परिक प्रेम, सहायता और सौहार्द सिर्फ व्यक्तियों में ही नहीं वरन् सभी प्राणियों, राष्ट्रों, जातियों और धर्मों में विकसित होता है।

आध्यात्मिकता की पहुँचान किसी धर्म विशेष से नहीं करनी चाहिए। "दैनिक जीवन में योग" का मौलिक सिद्घान्त धार्मिक स्वतंत्रता है। योग धर्म नहीं है, यह संपूर्ण आध्यात्मिकता और बुद्घि का स्तोत्र है, सभी धर्मो की जड़ है। योग धार्मिक सीमाओं को तोड़ता है और एकता का मार्ग जोड़ता है। वास्तव में स्वामीजी के शिष्य इसका प्रमाण देते हैं क्योंकि वे विभिन्न धार्मिक पृष्ठभूमियों से आते हैं जैसे हिन्दू, जैन, ईसाई, यहूदी आदि।

"दैनिक जीवन में योग" द्वारा स्वामी महेश्वरानन्दजी जिज्ञासुओं का जीवन के पथ पर मार्ग प्रशस्त करते हैं जिससे वे जीवन के वास्तविक लक्ष्य को समझ सकें। जानवर भी सोने, खाने-पीने और प्रजनन में दक्ष होते हैं। फिर मनुष्यों और जानवरों में क्या फर्क हुआ? ईश्वर की, सृष्टि की सेवा करने और मोक्ष प्राप्त करने के लिए मानव जीवन दिया गया है। पृथ्वी पर श्रेष्ठतम विकसित प्राणी होने के नाते सिर्फ मानव ही आत्मज्ञान और जीवात्मा और परमात्मा के मिलन से अपनी वास्तविक सत्य प्रकृति को समझने में सक्षम है। यही मानव जीवन का और योग का वास्तविक लक्ष्य है।