Lila Amrit

विश्वगुरु स्वामी महेश्वरानन्दजी · सभी अध्याय

विश्वगुरु श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी महाप्रभुजी के संदेश को निरन्तर संपूर्ण विश्व में फैला रहे हैं।

लेखक : स्वामी गजानन्द

स्वामी महेश्वरानन्दजी ने जब १९७२ में विदेशों में अपना कार्य प्रारम्भ किया तब वे युवा थे और जनता से उनका परिचय नहीं था। लेकिन जैसे अग्रि को सभी प्रकार के प्राणियों को आकर्षित करने के लिए विज्ञापन की आवश्यकता नहीं होती, वैसे ही एक आत्मसाक्षात्कारी सन्त को, एक सच्चे गुरु को जिज्ञासुओं को आकर्षित करने में समय नहीं लगता, मुश्किल से वे वियना में बसे और वहाँ शिक्षा देना प्रारम्भ किया, जब १९७३ में उन्हें चेकोस्लोवाकिया का निमंत्रण मिला (बाद में चेक और स्लोवाक गणतन्त्र में विभाजित हुए)। उसके बाद उन्हें १९७८ में हंगरी और यूगोस्लोविया के देशों (बाद में स्लोवेनिया, क्रोशिया, बोस्निया, सर्बिया और हर्जेगोविना में विभाजित) का १९८१ में निमंत्रण मिला। यह वास्तविक सत्य है कि उस समय इन देशों में साम्यवादी साम्राज्य का समय था और ऐसा लगता था कि श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी एक मात्र गुरु थे जो उन दिनों पूर्वी यूरोप के देशों में शिक्षा देते थे।

वहाँ का राजनीतिक शासन मुख्यतया स्वामीजी की गतिविधियों पर गुप्तरुप से नजर रखता था। यह वह समय था जब गुप्त पुलिस शक्तिशाली थी और हर स्थान पर उपस्थित रहती थी, यहाँ तक कि स्वामीजी के उपदेशों में भी उपस्थित रहती थी। यदि कोई भी शब्द राजनीति के बारे में, एक भी शब्द ईश्वर या धर्म के बारे में सुन लिया जाता तो स्वामीजी को जेल में बन्द कर दिया जा सकता। स्वामीजी को अपनी शिक्षा स्वास्थ्य और योग के पूर्ण लाभों पर एकाग्र करनी पड़ी। लेकिन बहुत से जिज्ञासुओं ने महसूस किया कि स्वामीजी इससे भी बहुत-कुछ अधिक दे सकते हैं। इसलिए उन में से कुछ लोग गुप्त सम्मेलनों में ईश्वर, ध्यान और मन्त्र के बारे में पूछने का साहस करने लगे और उनके खास शिष्य, वास्तविक शिष्य बन गये क्योंकि वे खतरे को बहुत अच्छी तरह जानते थे। बाद में उनमें से कुछ दूसरे देशों में "दैनिक जीवन में योग" के प्रख्यात शिक्षक बन गये।

१९८९ में साम्यवादी साम्राज्य के पतन के बाद स्वामीजी स्वतंत्रता से बोलने और उपदेश देने लगे। मानो बांध ही टूट गया हो। बहुत से जो पहले साहस नहीं करते थे वे भी स्वामीजी के पास आये और अपना स्नेह और भक्ति प्रकट की और उन्हें गुरु के रूप में स्वीकार किया। नये राजनीतिक नेता भी शीघ्र ही अपने देशों में स्वामीजी के कार्य की प्रशंसा करने लगे। उनमें सबसे पहले व्यक्ति चेकोस्लोवाकिया के राष्ट्रपति वाक्लाव हावेल थे, जिन्होंने १९९० में स्वामीजी को लिखा :-

"मैं प्रोफेसर परमहंस स्वामी महेश्वरानन्द को बधाई देता हूँ और बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूँ कि उन्होंने पिछले १८ साल के कठिन समय में चेकोस्लोवाकिया के लोगों की जीवन के आध्यात्मिक और सैद्घान्तिक पहलुओं को समझने के लिए नि:स्वार्थ सेवा की। मैं आशा करता हूँ कि प्रोफेसर आगे भी हमारे गणराज्य पर अपनी कृपा बनाए रखेंगे और मैं मानवों के आध्यात्मिक विकास और स्वास्थ्य के लिए उनके कार्य को सफलता की कामना करता हूँ।"

१९९३ में स्वामीजी के अभियान की २०वीं वर्षगांठ पर, स्वतंत्र स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति माइकल कोवाक ने लिखा :

"मैं आपके 'दैनिक जीवन में योग' कार्यक्रम का हृदय से आभारी हूँ जो हमें अपने आप में और प्रकृति के साथ आनन्दित रहने में तथा समाज और व्यक्ति को जीवन में शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य तक पहुँचने में मार्गदर्शन करता है।"

इसी वर्ष स्वामीजी को स्लोवाक के शिक्षा और विज्ञान मंत्रालय द्वारा पदक से सम्मानित किया गया और सांस्कृतिक मंत्री ने भी अपनी प्रशंसा व्यक्ति की।

"हम हमारे लोगों की नि:स्वार्थ सेवा के लिए आपको धन्यवाद देते हैं। हम आपकी 'दैनिक जीवन में योग' शिक्षा की प्रतिष्ठा को मानते हैं जिसका लक्ष्य विश्व-शान्ति और सभी जीवित प्राणियों की सुरक्षा तथा वातावरण का संरक्षण है। विशेषत: हम भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति और विवेक तथा प्राचीन वैदिक साहित्य में संग्रहित ज्ञान को हमारे दैनिक जीवन में प्रसारित करने के लिए धन्यवाद देते हैं। हम कामना करते हैं कि यह प्रेम और ज्योति का संदेश संपूर्ण विश्व में फैले।"

अगले वर्षों में स्वामीजी को बहुत प्रतिष्ठा मिली और बहुत से समारोह हुए। वास्तव में "दैनिक जीवन में योग" इतने विस्तार से संसार के और किसी देश में प्रसिद्घ नहीं हुआ जितना चेक और स्लोवाक के गणराज्यों में, जहाँ हजारों योग के शिक्षक हैं और लाखों लोग स्वामीजी की योग पद्घति का अभ्यास करते हैं। इसका सांस्कृतिक सम्मेलनों, युवक सम्मेलनों, खेल संस्थानों और व्यक्तिगत सभाओं में और साथ ही साथ शिक्षण संस्थाओं, पाठशालाओं और विश्वविद्यालयों में भी अभ्यास किया जाता है। १९८८ और १९९२ के बीच स्लोवाकिया के शिक्षा मंत्रालय और ब्रातिस्लाव विश्वविद्यालय ने शिक्षकों, चिकित्सकों, मनोवैज्ञानिकों, विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों और उनके मार्गदर्शकों के लिए स्वामीजी के कई शिक्षण-शिविरों की व्यवस्था की। १९९९ में "दैनिक जीवन में योग" स्लोवाकिया की पाठशालाओं में प्रारम्भ किया गया।

प्रारम्भ से ही स्वामीजी के कार्य का महत्वपूर्ण बिन्दु चिकित्सकीय सहायता है। "दैनिक जीवन में योग" विभिन्न रोगों की चिकित्सा और उनसे बचाव के लिए बहुत अधिक प्रभावशाली साबित हुए हैं। सिर्फ स्लोवाकिया के चिकित्सालयों में ही दो लाख से अधिक रोगियों ने २४ वर्षों की अवधि में "दैनिक जीवन में योग" पद्घति से चिकित्सा का लाभ उठाया है।

१९८८ और १९९१ के बीच स्वामीजी ने प्राग विश्वविद्यालय और चेक गणराज्य के दूसरे स्थानों में "पुनरूद्घार के लिए योग" योग के रोग निवारक व्यायाम, और योग अभ्यास के मनोवैज्ञानिक प्रभाव, इन विषयों पर व्याख्यान दिए। १९९० में चिकित्सकीय अनुसंधान ने पेस्टनी और स्लोवाकिया में "महेश्वरानन्द की योग पद्घति से बेक्टरव रोग (Bechterew) का इलाज" को सम्मानित किया। ब्रेटिस्लावा और स्लोवाकिया के विश्वविद्यालय में पहली बार स्वामीजी के साथ अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन किया गया जहाँ उन्होंने नशीली दवाओं और शराब मुक्ति के लिए योग अभ्यास पर व्याख्यान दिया।

स्वामीजी को ऐसी ही उच्च प्रतिष्ठा हंगरी और यूगोस्लाविया के राज्यों में मिली, जहाँ स्वामीजी ने कुछ वर्षों बाद शिक्षा देनी प्रारम्भ की। यहाँ "दैनिक जीवन में योग" सांस्कृतिक संस्थानों, क्रीड़ा संस्थानों, पाठशालाओं, चिकित्सालयों और प्राकृतिक चिकित्सालयों में सिखाई जाती है। योग के बाल-विद्यालयों में महत्वपूर्ण परिणाम मिले हैं और कई स्थानों पर स्थानीय सरकारों से भी संरक्षण मिला है। बुडापेस्ट और अन्य देशों में हंगरीय नशा निवारक संस्थानों ने भी योग के आश्चर्यजनक परिणामों की व्याख्या की है। हंगरीय दूरदर्शन और आकाशवाणी कार्यक्रमों द्वारा भी स्वामी महेश्वरानन्दजी के साक्षात्कार प्रसारित किए और जनता तक उनका संदेश पहुँचाया। स्वामीजी का योग सिद्घान्त पहली बार १९८४ में प्रकाशित हुआ। जब १९८८ में दूसरा संस्करण आया उसकी कुछ हफ्तों में ही सवा लाख से अधिक पुस्तकें बिक गईं। १९८२ में बुडापेस्ट विश्वविद्यालय हंगरी द्वारा "दैनिक जीवन में योग" योग शिक्षकों के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रम के रूप में प्रतिष्ठित किया गया। पाँच वर्ष बाद यही स्लोवानिया में हुआ, जब सरकार ने "दैनिक जीवन में योग" की शिक्षा को व्यवसाय के रूप में प्रतिष्ठित कर दिया और ल्युबल्याना विश्वविद्यालय को शिक्षार्थियों को डिप्लोमा देने के लिए मान्यता दे दी।

वियना, ऑस्ट्रिया में जहाँ स्वामीजी ने अपना विश्वव्यापी अभियान प्रारम्भ किया, वे १९७६ में एक आश्रम खोलने में सफल हुए। यह यूरोप में पहला आश्रम था। यह आश्रम "शिकनेदर्गस्स" योग कक्षाओं के लिए सिर्फ एक बड़ा कक्ष था जो आज इनके शिष्यों के लिए एक तीर्थ है और आज भी स्वामीजी के अन्तर्राष्ट्रीय आश्रमों का मुख्यालय है। बाद में नगर में भी दूसरा बड़ा आश्रम बनाया गया और धीरे-धीरे स्वामीजी का कार्य ऑस्ट्रिया के दूसरे शहरों में भी फैल गया। स्वामीजी को एक ईसाई पादरी विल्हेल्म मंत्लर और डॉ. होयोस शाही परिवार के सदस्य से, विशेष सहारा मिला। दोनों ही स्वामीजी के प्रथम शिष्यों में से थे और दोनों ने ही योग सम्मेलनों के लिए अपने आवास प्रदान कर स्वामीजी को सहयोग प्रदान किया। डॉ. होयोस के खेत का १८ वर्षों तक योगदान रहा, जहाँ स्वामीजी प्रतिवर्ष गर्मी की छुट्टियों में शिष्यों का मार्गदर्शन करते थे।

जैसे-जैसे स्वामीजी की गतिविधियाँ और अधिक देशों में फैलती गईं, धीरे-धीरे ये सम्मेलन अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन बन गये और इनको स्थानान्तरित कर दिया गया क्योंकि समारोह का स्थान अब पर्याप्त नहीं था। आजकल ये सम्मेलन हंगरी और चेक गणराज्य में हो रहे हैं, स्ट्रिल्की गाँव में स्वामीजी के सबसे बड़े यूरोपीय आश्रम में प्राय: ५००-१००० शिष्य इन सम्मेलनों में भाग लेते हैं और गुरु पूर्णिमा पर तो १०००-२००० शिष्य आते हैं। ये गर्मी के सम्मेलन स्वामीजी की शिक्षा के उच्च प्रकाश बन गये हैं, ६ सप्ताह के निरन्तर सम्मेलनों में योग साधना और सत्संग पूरे दिन चलता है। सत्संग वहाँ के वातावरण को सिर्फ स्वामीजी के उपदेशों से ही पवित्र नहीं करता वरन् महाप्रभुजी के भजनों एवं कीर्तन करने से भी होता है, प्रत्येक भारतीय के लिए एक आश्चर्यजनक सत्य है कि स्वामीजी विदेशियों को प्रेम और उत्साह से भजन गाने के लिए प्रेरित करने में सफल हुए हैं। प्राय: स्वामीजी भजनों का अनुवाद अपने उपदेशों में करते हैं, इस प्रकार महाप्रभुजी का संदेश शिष्यों तक पहुँचाते हैं।

स्वामीजी ने सिर्फ अंग्रेजी सीखने का ही प्रयास नहीं किया, वरन् उन्होंने जर्मन भाषा भी सीखी, शीघ्र ही उनका स्विट्जरलैण्ड और जर्मनी में भी स्वागत हुआ। जर्मनी में १९८७ में उनका अनवरत कार्य प्रारम्भ हुआ और १९९३ में हम्बर्ग शहर में उनका आश्रम स्थापित हुआ। यहाँ से हमें एक माता अपनी पुत्री स्वेन्या के आश्चर्यजनक उपचार की हमें जानकारी देती है। वह २ वर्ष से डेर्मटोम्योसीटिस रोग से पीडि़त थी, एक ऐसा रोग जिसमें असहाय पीड़ा होती है और मांसपेशियाँ और स्नायुतंत्र बहुत दुर्बल हो जाता है, इसलिए स्वेन्या बिल्कुल नहीं चल सकती थी। उसे पहियों वाली गाड़ी (व्हील चेयर) में बैठना पड़ता था। वह एक पेन भी मुश्किल से पकड़ पाती थी। माता और पुत्री दोनों पूर्णत: निराश हो चुकी थीं। माता ने अपनी डायरी में लिखा :

"७ जून १९९४ : मैं बहुत दु:खी हूँ, ऐसा क्यों? लेकिन मुझे स्वयं को आश्चर्य हो रहा है कि मुझे अब भी विश्वास है कि इस दु:ख का कोई गहन अर्थ है। महाप्रभुजी की तस्वीर के सामने मैंने एक बार फिर मार्गदर्शन और शक्ति के लिए प्रार्थना की। 'आपकी इच्छा ही पूर्ण होगी' भारी हृदय से मैंने सबकुछ उन पर ही छोड़ दिया। कल क्या होगा?"

८ जून १९९४ : दूसरी सुबह मेरी पुत्री वर्णन करती है: 'हमेशा के समान मेरी माता को मेरे चलने की शक्ति को जाँचना था। अचानक मेरे शरीर में इतनी अधिक शक्ति आ गई कि हम दोनों खुशी से चिल्लाई। मैं अपने पलंग से कूद पड़ी, खुशी से तालियाँ बजाती हुई घर में दौड़ने लगी।'

फिर हम अस्पताल गये, किन्तु हमेशा की तरह (व्हील चेयर) पहियों वाली कुर्सी में नहीं चिकित्सक को बहुत आश्चर्य हुआ कि स्वेनिया पैदल आई है। कल तक वह इतनी कमजोर थी कि लिख भी नहीं सकती थी आज वह पद्मासन का प्रदर्शन कर रही थी। चिकित्सक बहुत आश्चर्य चकित हुआ और स्वामीजी की तरफ लक्ष्य किया जिनकी तस्वीर उसके पलंग के पास थी। अपने चिकित्सक संदेश में उसने इसे साफ-साफ आश्चर्यजनक उपचार बताया।

अक्टूबर १९९४ में स्वेनिया और उसकी बहन को स्वामीजी ने मंत्र दीक्षा दी। उनका स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन हमें हमेशा शक्ति देता है और हमेशा हमारे साथ रहता है।"

समय के साथ-साथ जैसे-जैसे स्वामीजी का योग सिद्घान्त अधिक से अधिक लोकप्रिय होता गया उनका कार्य-कलाप यूरोप के अधिक से अधिक देशों जैसे - स्पेन, फ्रांस, इटली, नींदरलैण्ड, ग्रेट ब्रिटेन, ग्रीक आदि में बढ़ता गया। उसी प्रकार स्वामीजी की पुस्तकें जो मूलरूप से जर्मन में लिखी गई हैं उनका भी विभिन्न भाषाओं में अनुवाद हुआ जैसे : अंग्रेजी , हिन्दी, चेक, स्लोवाक, क्रोशियन, सेर्बियन, स्लोवेनियन, हंगेरियन, स्पेनिश और फै्रंच। १९८३ में उन्हें पहली बार समुद्र पार का निमंत्रण मिला और उनका कार्य ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैण्ड, अमेरिका और कनाडा में भी प्रारम्भ हो गया।

श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी को सत्यता से विश्वगुरु कहा जा सकता है, वे बिना थके भ्रमण करते हुए विश्व में चारों तरफ अपनी शिक्षा देते रहते हैं और लाखों भक्तों और शिष्यों के गुरु हैं जो कि करीब ३० देशों में फैले हुए हैं। १९९० में उन्होंने वियना में "अन्तर्राष्ट्रीय श्री दीप माधवानन्द आश्रम समागम" की सभी योग केन्द्रों और आश्रमों के लिए एकछत्र-संस्था के रूप में स्थापना की जहाँ उनके शिष्यों की सामुदायिक चेतना बलिष्ठ होती है। उनके "दैनिक जीवन में योग" पद्घति का अभ्यास इन दिनों इस पृथ्वी के सभी महाद्वीपों पर करीब तीन हजार स्थानों पर किया जाता है और कम से कम वर्ष में एक बार स्वामीजी हर देश में पधारते हैं और बहुत ही स्नेह से व्यक्तिगत रूप से अपने शिष्यों की देख रेख करते हैं। बहुत अधिक संख्या में शिष्य होने के उपरांत भी स्वामीजी हमेशा प्रत्येक के लिए पत्रों से, टेलीफोन से और व्यक्तिगत विचार-विमर्श के लिए उपलब्ध रहते हैं। स्वामीजी हमेशा जानते हैं कि उनके शिष्यों में क्या हो रहा है और हमेशा सुखद रूप से उनका पथ प्रदर्शन करते रहते हैं। ऐसा ही उन्होंने क्रोशिया में किया जहाँ उनकी सहायता की बहुत आवश्यकता थी।

"१९९२ के पतझड़ में जगरेब में स्वामीजी का पदार्पण था। क्रोशिया में सरकारी तरीके से लड़ाई समाप्त हो गई थी। नवनिर्मित क्रोशिया गणतंत्र के पीछे पूरे वर्ष का विनाश, डर और मृत्यु ताण्डव था। उस भयंकर और बोझिल वातवरण में स्वामीजी के आने की स्वीकृति हमारे लिए बहुत महत्त्वपूर्ण थी। उनके व्याख्यान का विषय था, "कर्म और पुनर्जन्म", जो योग का मूलभूत सिद्घान्त है, जो मानवता के अनन्त प्रश्रों के विशेष उत्तर देता है। हमारे जीवन का क्या लक्ष्य है और इस दु:ख और मुसीबत का क्या अर्थ है? स्वामीजी के प्रेम भरे शब्द, सहानुभूति और विवेक ने लोगों के हृदयों को छू लिया उनमें शान्ति और गर्माहट पहुँची और उन्हें आशा और बल मिला। हमें दृढ़ विश्वास है कि हजारों लोगों में से आज भी कई उस शाम को और स्वामीजी के शब्दों को याद करते हैं।"

पुराने यूगोस्लाविया से आये हुए वहाँ के विभिन्न देशों के स्वामीजी के शिष्यों ने स्वामीजी की प्रेम, सहनशीलता और शान्ति की शिक्षा का जीवन्त उदाहरण पेश किया। जब उन राज्यों में घृणा, आक्रमण व युद्घ चल रहा था, ऐसे समय में स्वामीजी के शिष्यों ने इन भावनाओं को अपने हृदयों में नहीं पनपने दिया और जहाँ तक संभव हुआ एक दूसरे को सहारा देना बन्द नहीं किया, और स्वामीजी के साथ अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में सेरबिया के शिष्य शान्तिपूर्वक स्लोवेनिया, बोस्निया और क्रोशिया के शिष्यों के साथ बैठे।

स्वामीजी ने विश्वशान्ति और सहिष्णुता पर कार्य करना कभी बन्द नहीं किया। १९९९ में उदाहरण स्वरूप स्वामीजी ने ऑस्ट्रिया के सल्जबर्ग में ईसाई, सफिस और बौद्घ धार्मिक नेताओं के साथ "धर्म और सहिष्णुता" पर सम्मेलन किया। सन् २००१ में स्वामीजी को धार्मिक और आध्यात्मिक नेताओं के सहस्त्राब्दि विश्व-शान्ति सम्मेलन में निमंत्रण मिला था जो न्यूयार्क के "संयुक्त राज्य" मुख्यालय में हुआ था। वहाँ उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा, "आज विश्व में एक भी ऐसा देश नहीं है जो युद्घ में उलझा हुआ न हो। लाखों सिपाही, नागरिक, महिलाओं और बालकों को युद्घ के परिणामों को भुगतना पड़ता है किन्तु ईश्वर सबसे बराबर प्रेम करते हैं। वे महाद्वीपों, सीमाओं, जातियों, राष्ट्रों,राजनीतिक दलों और क्षेत्रों में कोई भेदभाव नहीं करते।"

११ सितम्बर २००१ में अमेरिका के विश्व व्यापार केन्द्र पर आतंकवादी हमले और परिणामस्वरूप अफगानिस्तान में युद्घ के बाद स्वामीजी ने सभी धर्मों के प्रतिनिधियों को निमंत्रित करते हुए "विश्वशान्ति के लिए प्रार्थना" यह एक अन्तर्राष्ट्रीय आन्दोलन प्रारम्भ किया। क्रोशिया, स्लोवेनिया, स्लोवाकिया, चेक गणतंत्र, हंगरी, ऑस्ट्रिया, स्पेन, अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और भी अन्य देशों से हजारों लोग आये और प्राचीन वैदिक श्लोकों का गान किया। (शुभ की प्रार्थना-३ परिशिष्ट में देखे)

सब प्राणियों को स्वास्थ्य मिले।
सब प्राणियों को शान्ति मिले।
सब प्राणियों का मंगल हो।
सब प्राणियों को पूर्णता मिले।
विश्व के सब प्राणी सुखी हों।

स्वामीजी का संदेश था "Instead of world peace we have a world in pieces!" अर्थात् विश्व शान्ति की जगह हमने विश्व को टुकड़ों में बांट दिया है।

संसार में शान्ति लाने के लिए प्रत्येक की सहायता की जरूरत है। शान्ति आपके स्वयं के हृदय में उत्पन्न होती है। ध्यान करो और दूसरों की सहायता करो, जो कुछ आपके पास है उससे संतुष्ट रहो। सफलता आपके हाथों में है, सच्ची शांति अपनी स्वयं की आत्मा में है। क्रोशिया के राष्ट्रपति, स्टयेपान मेसिच ने स्वामीजी को एक पत्र द्वारा धन्यवाद दिया।

प्रिय प्रोफेसर,

जैसा कि हम सबने अनुभव किया, हृदय की गहराई से निकली हुई सच्ची और स्नेहपूर्ण प्रार्थना, सांसारिक जीवन के उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करने में मानवता के लिए बहुत शक्तिशाली रूप से सहायक है। आज के संसार में जहाँ मानव की आत्मा अपने स्वयं के और दूसरों के स्वार्थों से थकी हुई है, ऐसी सहायता एक अपरिहार्य सहायता है जो आज तक नहीं मिली थी। उसी प्रकार २६ सितम्बर २००१ में उमग में विश्वशान्ति के लिए जो पिछला सम्मेलन हुआ था जिसमें विश्व-शान्ति के लिए जो सर्वधर्म प्रार्थना हुई थी वह भी एक मानव को दूसरे मानवों के साथ प्रेम और सौहार्द्र से रहने में और उसके प्राकृतिक संरक्षण के लिए सहनशीलता का वातावरण बनाने के लिए एक अमूल्य योगदान था। कृपया आपने यहाँ सम्मिलित आत्माओं को जो प्रकाश दिया उसके लिए मेरा गहन आभार स्वीकार करें। जेग्रेब ६ दिसम्बर २००१

स्ट्येपान मेसिच