विश्व यात्रा करते हुए श्री परमहंस योगीराज श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी १५ दिन की भारत यात्रा पर पधारे। १४ अगस्त, १९८३ की रात को बम्बई उतरे। मैं उन्हें लेने अहमदाबाद तक अपनी कार लेकर गया था। मैं अहमदाबाद में वेद मन्दिर में ठहरा हुआ था। दूसरे दिन श्री बी.एल. पटेल आई.ए.एस. के यहाँ हमारा भोजन था। मैं अपने सेवक समुदाय सहित उनके वहाँ भोजन करने गया। वहाँ पर बहुत से भक्त सत्संग के लिए आये हुए थे। श्री पटेल के पास श्री महाप्रभुजी का जीवन-चरित्र गुजराती में छपा हुआ पहले से ही था। सभी भक्तों के सामने ही उन्होंने मुझसे प्रश्र पूछा, "गुरुजी! मैंने श्री महाप्रभुजी का जीवन-चरित्र चार-पाँच बार अच्छी तरह पढ़ा है इसमें वर्णित उनकी अमृत लीला पढ़कर मैं आनन्द-विभोर हो जाता हूँ। मगर मेरे दिमाग में बार-बार यह प्रश्र पैदा होता है कि सच्चे साधु तो चमत्कार दिखाते ही नहीं है और जो चमत्कार दिखाते हैं, उनको कठिन तपस्या के पश्चात् जो सिद्घि प्राप्त होती है वह चमत्कार दिखाने में खत्म हो जाती है। अर्थात वह साधु सिद्घिहीन हो जाता है। तब फिर उस साधु की क्या गति होती है आप तो जानते ही हैं, मैं क्या कहूं? इसलिए मुझे भी श्री महाप्रभुजी की सिद्घियों के बारे में बहुत शंका हो रही है। उन्होंने यह चमत्कारिक सिद्घियाँ क्यों व किसलिये दिखलायीं? क्योंकि यह लीलामृत पूरा चमत्कारिक सिद्घियों से ही भरा पड़ा है?"
श्री बी.एल. पटेल का यह प्रश्र सुनकर मैंने उनसे कहा कि, "सुनो भाई! मैं तुम्हें एक उदाहरण देकर समझाता हूं कि जिस प्रकार राष्ट्रपति किसी यात्रा पर जाता है, तो उनके निश्चित स्थान पर पहुँचने से पूर्व ही लोग स्वागत की समस्त तैयारियाँ करते हैं। इस प्रकार के स्वागत या तैयारियों के लिए राष्ट्रपति किसी प्रकार का आदेश तो नहीं देता है। यह सब कामकाज तो स्वत: ही हो जाता है। ठीक वैसे ही विश्वपति परमात्मा जहाँ पर भी अवतार लेते हैं, वहाँ पर कुदरत, देवी-देवता सब प्रकार की सिद्घियाँ बिना कहे ही उनके दैवी कार्य को करते रहते हैं। जिस प्रकार कि सूर्योदय होते ही सभी प्राणी अपने आप ही उठ जाते हैं व कार्य में लग जाते हैं। सूर्य तो किसी को भी कुछ भी करने को नहीं कहता है। इसी प्रकार जब विश्वपति परमात्मा प्रकट होते हैं, वे सूर्य की तरह निष्काम, निर्वाण स्वरूप हैं। इनकी सत्ता मात्र से ही सब कार्य अपने आप होने लगते हैं। जैसे कल्प वृक्ष के नीचे स्वाभाविक ही समस्त इच्छाएं पूर्ण होती हैं। और सांसारिक लोग किसी कारणवश साधु, फकीर बन जाते हैं व संसार को सत्य समझकर अपनी महान्ता बताने के लिए जो कष्ट सहते हैं तथा न करने योग्य कार्य भी करके अपनी तांत्रिक विद्या सिद्घ करने के लिये जो लोगों को क्षणिक व अस्थायी चमत्कार बताते हैं, उनकी सिद्घि कुछ समय के लिए ही काम आती है। अन्त में वह सिद्घिहीन होकर नरक में जाता है। जैसे अथाह समुद्र का पानी पशु, पक्षी आदि के पीने से कम नहीं होता है ठीक वैसा का वैसा ही रहता है और छोटे से तालाब का पानी कुछ समय तक जानवरों के पीने के बाद ही सूख जाता है। इसी प्रकार से ब्रह्म दरिया अथाह कृपा का सागर परम शुद्घ परमात्मा है।
इनके स्वरूप में कम-ज्यादा का प्रश्र ही पैदा नहीं होता। हमेशा पूर्ण ही रहते हैं और छोटे साधु जो कुछ साधना करके तान्त्रिक शक्ति द्वारा सिद्घि एकत्रित करते हैं, यह उधार की सिद्घि होती है, जो समय के साथ समाप्त हो जाती है और बाद में उनकी वही दशा हो जाती है जो आप कह रहे हैं।, पूजनीय महाप्रभुजी का जीवन चमत्कारों से परिपूर्ण है तथा भविष्य में भी रहेगा। अपने भक्तों को भवसागर से पार करने के लिए वे सदैव तत्पर रहते हैं। ऐसा करने से उनकी सिद्घियों में कुछ भी कमी नहीं आती। वह तो स्वयं ईश्वरीय अवतार हैं।"
यह शंका समाधान सुनकर सभी उपस्थित भक्तजनों को अत्यन्त प्रसन्नता हुई। सभी उपस्थित भक्तजनों ने मुक्त कण्ठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि, "ऐसा उचित शंका का समाधान करने वाला सत्संग ही तो पूज्य महाप्रभुजी की कृपा का फल है।"
इसके पश्चात् बहुत देर तक अन्य शंकाओं का समाधान चलता रहा। वह सत्संग बहुत ही अच्छा रहा। अहमदाबाद के भक्तजन बहुत ही प्रभावित हुए।