यूरोप के डॉ. शीतल, आँख विशेषज्ञ की भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी के प्रति असीम श्रद्घा है। उनकी स्वयं की आवाज में टेप किया हुआ अनुभव प्रस्तुत है--
'ॐ नम: शिवाय ॐ नम: भगवते वासुदेवाय'यह मंत्र मेरा प्रारम्भिक मंत्र है जिसकी सहायता से मैंने अपना जीवन आगे बढ़ाया। प्रारम्भ में शिव भक्ति एवं प्रत्येक सोमवार को व्रत किया करता था। मुझे जीवन में कई योगी व महापुरुष मिले जिनकी कृपा से मेरी यात्रा आगे बढ़ती रही। भक्ति का मुख्य ध्येय ईश्वर दर्शन की यह पावन अभिलाषा योगीराज श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी के द्वारा सिद्घ हुई। अर्थात ईश्वरीय अवतार भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी के दर्शन कर मैं धन्य हुआ। मानव सेवा के उद्देश्य से मैं हिन्दुस्तान से ऑस्ट्रिया गया। वहाँ पर ईश्वर कृपा से १ सितम्बर, १९७२ को वहाँ के डॉ. होयमेन के सहयोग से यूरोप में ख्याति प्राप्त अस्पताल में मुझे एक गेस्ट डॉक्टर के रूप में सेवा प्राप्त हुई।
अपने कार्यों को लगन व धैर्य के साथ करता रहा। १९७५ में मेरा विवाह चंद्रलेखा शर्मा के साथ हुआ । विवाह के पश्चात् मैं अपनी धर्मपत्नी के साथ ऑस्ट्रिया में रहने लगा। ईश्वर कृपा व पत्नी की भक्ति के परिणामस्वरूप मेरे वेतन में बढ़ोतरी हो गयी व नौकरी स्थायी हो गयी।
मई, १८७५ की बात है मैंने अचानक ही एक समाचार पत्र के मुखपृष्ट पर एक समाचार पढ़ा। भारतीय योगीराज की तस्वीर छपी हुई देखकर मुझे बड़ी प्रसन्नता हुई। मैंने पढ़ा कि योगीराज अपनी योग-शक्ति से चलती हुई गाडिय़ाँ भी रोक सकते हैं। तब मुझे तथा मेरी पत्नी चंद्रलेखा को योगीराज से मिलने की तीव्र इच्छा हुई। संयोगवश मौसम खराब होने के कारण यातायात सुविधा उपलब्ध न होने से हमारी यह पावन इच्छा पूरी न हो पायी। पर योगीराज का चित्र मेरे मानस पटल पर उभरता रहा।
२ जुलाई, १९७५ को हमारे घर एक पुत्री का जन्म हुआ, उस दिन श्री गुरु पूर्णिमा का दिन होने की वजह से हमने उसका नाम कुमारी पूर्णिमा ही रखा। जब पुन: १९७५ में योगीराज ग्रास ऑस्ट्रिया पधारे, यह समाचार प्राप्त होते ही मैं अपनी पत्नी व बच्ची को साथ लेकर योगीराज के दर्शनार्थ ग्रास गया। वहाँ पर अनेकों यूरोपियन भक्त स्वामीजी को घेरे हुए बैठे थे। इस अपार भीड़ में मुझे योगीराज से मिलने की आशा कम होते हुए भी योगीराज महाराज ने हमें मिलने का अमूल्य समय प्रदान किया। हमे पूर्णिमा का अन्नप्राशन संस्कार भी परम-पूज्य स्वामीजी के कर कमलों द्वारा सम्पन्न कराने का सौभाग्य मिला। यूरोप में रहते हुए हमें विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस प्रकार हम समय-समय पर योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी से मिलते रहते थे। पर जिस ध्येय से मैं भटक रहा था वह पूरा नहीं हो पाया था। एक बार मैं अपनी पत्नी चंद्रलेखा को साथ लेकर आश्रम पहुँचा। वहाँ पर स्वामीजी से प्रथम बार भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी के बारे में सुना।
श्री महाप्रभुजी के गुणगान सुनकर अपार हर्ष हुआ। हमारे मन में महाप्रभुजी के दर्शन की तीव्र आकांक्षा जाग्रत हुई। इस उद्देश्य से मेरी पत्नी चंद्रलेखा शर्मा ने योगीराज श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी को अपना गुरु धारण किया। शरद् पूर्णिमा के दिन स्वामीजी से महाप्रभुजी का जपमंत्र प्राप्त कर अपने जीवन को सफल माना।
दूसरी बार हम वियना गये। वहाँ इण्डियन अम्बेसी के लोगों ने गुरुजी श्री महेश्वरानन्दजी के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया था। इतनी बड़ी सभा में योगीराज श्री महेश्वरानन्दजी ने अपना व्याख्यान दिया। विशाल सत्संग में अत्यन्त व्यस्त होते हुए भी स्वामीजी हम से अत्यन्त स्नेहपूर्वक मिले। उन्होंने हमें अपने पास बैठाया। उनकी दयालुता एवं विशाल सहृदयता देखकर हमें अत्यन्त प्रसन्नता हुई। आशीर्वाद लेकर मैं अपने घर आया।
यहाँ का कानून सख्त हो गया। मुश्किलें बढ़ती ही गई। Schärding में मेरा कार्य खत्म हो गया। नई नौकरी की आशा में पुरानी नौकरी छोड़ बैठा। अब मैं पूर्णत: बेरोजगार हो गया। जैसा कि महाप्रभुजी के जीवन-चरित्र में उल्लेखित है कि जो व्यक्ति भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी की भक्ति करता है उसे किसी प्रकार की कमी नहीं रहती है। जीवन-चरित्र को मानना व अमल करना उतना मुश्किल है जितना कि भयंकर माया से निकलना। गुरुमंत्र के जाप में इतनी अद्भुत शक्ति है कि मुझे कुछ भी मुसीबत नहीं आयी। फिर मुझे परम-पूज्य सदगुरु देव स्वामी माधवानन्दजी के दर्शनों की प्रबल इच्छा थी। अत: मैं फरवरी १९७९ को स्वदेश भारत लौटा। फिर जयपुर जाकर स्वामी माधवानन्दजी के दर्शन कर धन्य हुआ।
सायंकाल की प्रार्थना के पश्चात् स्वामीजी ने मुझे श्री महाप्रभुजी का जीवन-चरित्र प्रदान किया। श्री महाप्रभुजी के बारे में बहुत जानने को मिला। लगभग तीन सप्ताह पश्चात् मैं भारत से पुन: ऑस्ट्रिया गया। Zeel Am See में कुछ समय पश्चात् आँखों के अस्पताल में फिर से नौकरी मिल गई। वहाँ पर मेरे एक मित्र थे जो कि होटल के मालिक थे। अक्सर उनके पास जाकर हम सत्संग किया करते थे। एक बार हम रात के समय वहाँ से चले। रास्ते में अचानक हमारी कार में पेट्रोल खत्म हो गया। बाहर भयंकर ठण्ड थी, बर्फ भी गिर रही थी। कुछ ही दूरी पर एक-दो घर दिखाई दिये। इन घरों में रोशनी थी। पेट्रोल के लिए मैं वहाँ गया लेकिन वहाँ पर पेट्रोल नहीं मिला। कोई अन्य सहारा भी नजर नहीं आ रहा था। मैं दु:खी व निराश हुआ। सत्य है निर्बल का बलराम।
उस समय कार में बैठी चंद्रलेखा श्री महाप्रभुजी के ध्यान में मग्र थी। उसकी आत्मा में विश्वास जाग्रत हुआ। उसे ऐसा आभास हुआ जैसे महाप्रभुजी साक्षात् यह कह रहे हो, "तुम लोग चिंता मत करो, तुम्हारी गाड़ी तुम्हें अपने घर पहुँचायेगी।" तभी चंद्रलेखा ने मुझे कहा, "आप गाड़ी स्टार्ट कीजिये। श्री महाप्रभुजी की कृपा से हम लोग घर पहुँच जायेंगे।" मैंने सोचा गाड़ी में पेट्रोल तो है ही नहीं, फिर गाड़ी स्टार्ट कैसे होगी? तदुपरान्त भी आशा व विश्वास के साथ श्री महाप्रभुजी को प्रणाम करके गाड़ी स्टार्ट की। मुझे ताज्जुब हो रहा था कि गाड़ी स्टार्ट हो गयी। हम लोग श्री महाप्रभुजी की कृपा से सकुशल अपने घर पहुँच गये। यह चमत्कार देखकर हम दंग रह गये थे। हमारी प्रसन्नता का कोई पार नहीं था।
चंद्रलेखा अपने पूजा-कक्ष में गयी और श्री महाप्रभुजी की अनुकम्पा को याद कर अपनी आँखों में अश्रुधारा बहाती हुई अनन्य भाव से प्रार्थना करने लगी। श्री महाप्रभुजी के दर्शनों की इच्छा तीव्र हुई, मन लालायित हो उठा। उस महाशक्ति महाप्रभुजी के दर्शन फरवरी १९८० में साक्षात् रूप में किए।
घटना इस प्रकार है कि एक रात चंद्रलेखा श्री महाप्रभुजी का ध्यान करते-करते सो गयी। इतने में एक अजीब-सा तूफान महसूस हुआ। उसे ऐसा आभास हुआ जैसे दरवाजे, खिड़कियाँ सब खडख़ड़ाने लगे हों। तभी अनायास ही श्री दीपनारायण महाप्रभुजी श्वेत-वस्त्रों में प्रकट हुए। उसके मन में एक तरफ प्रसन्नता थी, दूसरी तरफ घबराहट भी थी। एकाएक वह समझ ही नहीं पायी कि यह सब क्या दृश्य है, तभी श्री महाप्रभुजी अपनी मधुर मुस्कराहट के साथ कहने लगे, "बेटी! चिंता मत करो। मैं सदैव ही तुम्हारे साथ हूँ। एक सूचना तुम्हें देना चाहता हूँ। तुम्हारी उम्र अब १३ वर्ष और शेष है। पर तुम चिंता मत करो, तुम चाहोगी तो मैं तुम्हारी उम्र और बढ़ा दूंगा।"
यह सुनकर वह आनन्द-विभोर हो गयी। उसने मुझे जगाना चाहा पर वह ऐसा नहीं कर पायी। प्रात:काल उसने मुझे सारा वृत्तान्त सुनाया। यह सब घटना का वर्णन सुनकर मैं आश्चर्यचकित था। इस प्रकार मैंने अपने आपको अभागा महसूस किया। मुझे भी श्री महाप्रभुजी के दर्शन की इच्छा सताने लगी।
एक बार मैं श्री महाप्रभुजी का जीवन-चरित्र पढ़ रहा था। उसमें एक स्थान पर लिखा था कि, "प्रभु एवं भक्त के बीच जो थोड़ी जगह है वह गुरुमंत्र द्वारा ही मिट सकती है और प्रभुजी का साक्षात्कार हो जाता है।" अत: ३० मार्च, १९८० को योगीराज परमहंस श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी से मैंने गुरुदीक्षा प्राप्त की और स्वामीजी द्वारा बताये हुए मार्ग पर चलने लगा। मई, १९८० में परम पूजनीय गुरुदेव श्री माधवानन्दजी का यूरोप में आगमन हुआ। तब हम सब भक्तजनों को उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जिस समय स्वामीजी हमारे गाँव पधारे,उस समय मैं विभिन्न परिस्थितियों में जकड़ा हुआ था और मेरे पास रोजगार नहीं था। सरकार की तीन शर्तें मेरे सामने थीं—
१. ऑस्ट्रियन नागरिकता ग्रहण करना, २. डिग्री का रिकोग्राइज होना ३. रोजगार के लिए और परीक्षायें आवश्यक। मैं इनमें से एक भी शर्त पूरी नहीं कर सकता था। न तो मुझे ऑस्ट्रियन नागरिकता प्राप्त थी और न ही मेरी डिग्री रिकोग्रीज हो पायी थी। जिस समय स्वामीजी हमारे यहाँ पधारे तब उन्होंने कहा कि, "डॉक्टर साहब, आपके सामने तीन समस्यायें हैं जिनके समाधान हेतु मैंने महाप्रभुजी से प्रार्थना की।" तब श्री महाप्रभुजी ने मुझसे कहा, "मैं सब जानता हूँ मैं अन्तर्यामी हूँ। डॉ. शीतल की सब जरूरतें अवश्य ही पूरी करूंगा।"
जबकि मैंने इस समस्याओं का जिक्र भी किसी से नहीं किया था। फिर भी आप अन्तर्ध्यान से सब कुछ जान गये। आपने मुझे इन समस्याओं से मुक्ति दिलाने का आशीर्वाद दिया। मेरि इच्छा पुत्र जन्म की इच्छा थी वह भी श्री महाप्रभुजी अवश्य ही पूरी करेंगे। गुरु के चरणों में आने से हमारी सभी उलझे कार्य स्वत: ही सुलझने लगे। कुछ ही दिनों पश्चात् Selamsee से मेरे नाम एक रजिस्टर्ड पत्र आया। मैंने खोलकर देखा वह मेरा नियुक्ति पत्र था। मुझे अत्यन्त प्रसन्नता हुई। यह सब तो महाप्रभुजी का आशीर्वाद था। मैंने १७ जुलाई, १९८० को Selamsee जाकर अपना कार्यभार संभाला। श्री महेश्वरानन्दजी ने यह भविष्यवाणी की थी कि डॉ. शीतल को ऑस्ट्रियन नागरिकता प्राप्त हो जायेगी।
योगीराज श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी की भविष्यवाणी सत्य हुई और ३० जुलाई, १९८० के दिन मुझे ऑस्ट्रियन नागरिकता प्राप्त हो गयी।
Selamsee के एक अस्पताल की विशेष घटना प्रस्तुत कर रहा हूँ। एक दिन मैं एक बच्चेकी आँख का ऑपरेशन कर रहा था। मेरे साथ तीन अन्य डॉक्टर भी थे। बच्चेकी आँख से खून बहना प्रारम्भ हो गया था। उस पर नियन्त्रण पाने का कोई उपाय समझ में नहीं आ रहा था। मेरे सहायक डॉक्टर भी निराश होने लगे थे। ऑपरेशन बिगड़ जाने की स्थिति में आँख का खतरा था। उस विषम परिस्थिति में मैंने श्री महाप्रभुजी का स्मरण किया। मैं प्रार्थना करने लगा कि, "हे महाप्रभुजी! इस बच्चेकी आँख बचा लो।" तब कुछ ही देर बाद एक आश्चर्य देखने को मिला। बच्चेकी आँख के छोटे ध्रुव से थोड़ा सा दबाब देते ही खून बहना बिलकुल बन्द हो गया। ऑपरेशन सफल रहा। वह बच्चा अपनी आँख से भली प्रकार देख सकता है। यह सब श्री महाप्रभुजी की असीम कृपा का फल है।
इस घटना व चमत्कार से सब डॉक्टर प्रभावित हुए। वह ऑपरेशन पूर्णतया सफल रहा। आज तक सभी डॉक्टर इस घटना को याद कर रोमांचित होते रहते हैं। सभी डॉक्टर इस सफल ऑपरेशन की विधि व अनुभव पर मुझे एक पुस्तक लिखने का आग्रह करने लगे। पर मैं क्या लिखता? यह सब का सब श्री महाप्रभुजी की असीम कृपा का ही चमत्कार व फल था।
मैं एक बार श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी से मिलने के लिए Puch Bei Hallen आश्रम गया। वहाँ पर स्वामीजी से सत्संग करने के पश्चात् मैं वापिस लौटने लगा। उस समय मैंने गाड़ी की टंकी में देखा कि पेट्रोल नहीं था। पेट्रोल पम्प भी वहाँ से ४० कि.मी. दूर था। वहाँ तक मेरी गाड़ी पहुँच नहीं सकती थी। उस समय श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी ने मेरी स्थिति को भाँप लिया। उन्होंने मुझसे कहा, "श्री महाप्रभुजी का स्मरण कर गाड़ी स्टार्ट करो, निश्चित तौर पर तुम आराम से पेट्रोल पम्प तक पहुँच जाओगे।" स्वामीजी भी हमारे साथ ही रवाना हुए। कुछ ही समय में हम लोग आराम से पेट्रोल पम्प तक पहुँच गये। श्री महाप्रभुजी का यह अद्भुत चमत्कार देखकर मैं अत्यन्त प्रभावित हुआ। इस प्रकार की घटनाएं कई घटित होती रहीं।
एक और घटना प्रस्तुत कर रहा हूँ, जब मेरी बच्ची पूर्णिमा के कान मे असह्य दर्द हुआ था। कई कान विशेषज्ञों से उसका इलाज करवाया मगर कुछ भी फायदा नहीं हुआ। आखिर सभी डॉक्टरों ने मिलकर तय किया कि कान का ऑपरेशन किया जाय। इस निश्चय को सुनकर पूर्णिमा रोती हुई कहने लगी, "मेरी श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी से बात कराओ।" बच्ची की यह इच्छा जानकर मैंने टेलीफोन द्वारा स्वामीजी से बात की। उधर स्वामीजी ने सब हालात जानने के पश्चात् रिसीवर पूर्णिमा को सौंपने का आदेश दिया। मैंने रिसीवर पूर्णिमा के कान से लगा दिया। फोन पर श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी ने न मालूम क्या शब्द सुनाये कि उसके शब्द सुनते ही कान का दर्द ठीक हो गया। कुछ ही समय पश्चात् बच्ची उठकर खेलने लगी।
दूसरे दिन जब डॉक्टरों ने बच्ची को स्वस्थ अवस्था में देखा तो चकित हो गये। उन्होंने बच्ची के कान की जाँच की। कान बिल्कुल स्वस्थ था। वास्तव में श्री महाप्रभुजी के नाम-मात्र में अपार शक्ति है।
एक घटना और प्रस्तुत कर रहा हूँ। २६ जनवरी, १९८१ को प्रात: चार बजे ब्रह्ममुहूर्त में मैं श्री महाप्रभुजी का ध्यान कर रहा था। तभी मन में ऐसा आभास हुआ जैसे भयंकर आवाज करते हुए अन्धे लोगों के साथ पशुओं की टोली मेरी ओर आ रही है, तभी गर्जना के साथ आवाज सुनायी दी, "शीतल, दरवाजा खोलो, पशु जैसे अज्ञानी लोग व अन्धों की सेवा करो। मैं यहाँ सबको लेकर आया हूँ।" लेकिन मुझ अभागे की दरवाजा खोलने की हिम्मत नहीं हुई। मेरी अन्तर्रात्मा में आवाज आयी कि स्वयं महाप्रभुजी पधारे थे। दरवाजा न खोलने का मुझे बहुत पश्चाताप हुआ।
मैंने रो-रोकर श्री महाप्रभुजी से दया की पुकार की, "हे दया के सागर ! मुझ पापी को पुन: दर्शन देकर पावन करो।" ऐसे ही लगातार दो दिन तक पुकार करता रहा। तीसरे दिन ध्यानावस्था में बैठा था तभी मेरे समक्ष साक्षात् श्री महाप्रभुजी प्रकट हो गये और अपनी चिरपरिचित मधुर मुस्कराहट के साथ कहने लगे, "बेटा शीतल! किसी प्रकार की चिन्ता मत करो, मैं सदैव तुम्हारे साथ हूँ। तुम्हारी समस्त इच्छाएं अवश्य ही पूर्ण होंगी।" इतना कहकर वे अदृश्य हो गये। वह मनमोहन मूर्ति आज तक मेरे नयनों में बसी हुई है। श्री महाप्रभुजी के दिव्य चमत्कारों का वर्णन मैं कर ही नहीं सकता क्योंकि चमत्कार बहुत हैं और मेरी मति अति लघु है। वह तो अनन्त हैं।
यह सब परमहंस योगीराज श्री स्वामी महेश्वरानन्दजी की कृपा का ही फल है। इस प्रकार मेरी समस्त विकट समस्यायें महाप्रभुजी की परम कृपा से सुलझ गईं। मुझे वहाँ पर पाँच -सात अन्य प्रशस्ति-पत्र मिले। "आँख विशेषज्ञ" बनने की मेरी हार्दिक इच्छा भी पूरी हो गयी।
एक बार श्री महेश्वरानन्दजी अपने विदेशी शिष्यों सहित भारत पधारे थे। फरवरी, १९८१ को मैं भी श्री महाप्रभुजी की समाधि के दर्शन और श्री स्वामी माधवानन्दजी के दर्शन की इच्छा से भारत आया। बम्बई "आई कांफ्रेंस" में उपस्थित होकर मार्च १९८१ को जयपुर आश्रम पहुँचा। वहाँ पर अन्य कई लोगों के साथ श्री महेश्वरानन्दजी की माताजी की आँखों का ऑपरेशन भी किया। गुरुजी के शिष्यों सहित महायोगी शिव अवतार श्री देवपुरी जी की समाधि के दर्शनार्थ कैलाश गये।
वहाँ से श्री महाप्रभुजी की समाधि के दर्शन हेतु बड़ी खाटू गये, जहाँ श्री महेश्वरानन्दजी अपने विदेशी शिष्यों सहित हमारे साथ थे। वहाँ पर सायंकाल प्रार्थना, पूजा व सत्संग का आनन्द रहा। वहाँ पर स्वामीजी ने हम कुछ शिष्यों को कहा, "आश्रम की छत पर चले जाओ, वहाँ ध्यान करो।" हमने उनकी आज्ञा को शिरोधार्य करते हुए छत पर जाकर ध्यान लगाना प्रारम्भ किया। वहाँ हमने एक अद्भुत घटना देखी। अन्धेरी रात में एक ऐसा प्रकाश पुञ्ज तारा आसमान में चमक रहा था, उसके प्रकाश में आरामपूर्वक पढ़-लिख सकते थे, और प्रकाश केवल आश्रम भवन पर ही था।
यह घटना चाहे बिना संस्कार वाले लोग न भी मानें पर यह सच है। यह सब श्री महाप्रभुजी का दिव्य चमत्कार ही था। जो हमने अपनी आँखों से देखा था। तत्पश्चात् मैं भारत से ऑस्ट्रिया लौट आया। यहाँ पहुँचते ही मुझे जिस पत्र का इंतजार था वह भी मिल गया। मुझे सब डिग्रियाँ भी मिल गयीं। यह इच्छा भी श्री महाप्रभुजी की परमकृपा से पूरी हुई। उस समय से तीन वर्ष पूर्व श्री माधवानन्दजी ने मुझसे कहा था, "तुम्हारे एक सुन्दर पुत्र होगा।" उनके वचन सत्य सिद्घ हुए।
२८ दिसम्बर, १९८३ को मैंने सोचा था कि, हजारों अन्धों का ऑपरेशन करूं और वह इच्छा भी पूरी हुई। मैंने अपने कमरों की सभी दीवारों एवं कोनों में श्री महाप्रभुजी की तस्वीरें लगा रखी हैं। मेरे पास कई रोगी आते हैं मैं तो उन्हें यही कहता हूँ जो कार्य असम्भव है वह श्री महाप्रभुजी की कृपा से सम्भव हो जाता है।
कोई माने या न माने, पर यह घटना सच है। बच्चों में जन्म से ही एक प्रकार की बीमारी पैदा होती है जिसे हम भामल रोग कहते हैं। यह बीमारी कई डॉक्टरों द्वारा इलाज करने के बावजूद ठीक नहीं होती। ऐसे रोग से ग्रस्ति एक बच्चेकी माँ मेरे पास आयी। तब मैंने उनसे कहा कि, तुम महाप्रभुजी के समक्ष प्रार्थना करो। तब बच्चेकी माँ ने श्री महाप्रभुजी से दु:ख-निवृत्ति के लिए प्रार्थना की। परिणाम स्वरूप उस बच्चेकी आँखें ठीक हो गयीं तथा आँखों में रोशनी आ गयी। यह सब कुछ मेरे इंजेक्शन का प्रभाव नहीं था। उस पर भी श्री महाप्रभुजी की परम कृपा थी। जिस किसी पर श्री महाप्रभुजी की कृपा हो जाती है उसके समस्त दु:ख दारिदय दूर हो जाते हैं।
परमपूज्य गुरुदेव माधवानन्दजी के आशीर्वाद स्वरूप १२ फरवरी, १९८२ को मेरे पुत्र-रत्न पैदा हुआ। उसका नाम 'नवेश' रखा। बच्चा जब एक वर्ष का हुआ तब श्री महाप्रभुजी की तस्वीर के समक्ष पहली बार यह शब्द बोला, "जय-जय"। शायद यह भी श्री महाप्रभुजी की जय-जयकार करने के लिए हमारे परिवार में आया है। यह हमको श्री महाप्रभुजी की तरफ से ज्यादा-से ज्यादा आकर्षित करता रहता है। यह सब हमारे घर में और बच्चों में भक्ति का जो पावन संस्कार पैदा हुआ है यह सब परमहंस योगीराज स्वामीजी श्री महेश्वरानन्दजी की परम अनुकम्पा का महान् प्रसाद है। श्री महाप्रभुजी से प्रार्थना करता हूँ जन्म-जन्म इसी प्रकार आपकी भक्ति प्राप्त हो।