"इतिहास पुराणानि तथा व्याख्यानानि यानि च महात्मानां च चरित्रं श्रोतं नित्यमेव च।" इतिहास, पुराण, आख्यान और महात्माओं के जीवन अमृत मय लीलाओं को नित्य सुनना चाहिये, क्योंकि उससे मनुष्य को अनेक उत्तम शिक्षाएं मिलती हैं।
प्रिय पाठकगणों,
अमृत पीने की किस को इच्छा नहीं होती है? सबकी होती है, परन्तु वह तो भाग्य से ही मिलता है। विश्व की महान् ईश्वरीय विभूति विश्ववन्दनीय वैदिक धर्माचार्य श्रीमत्परमहंस श्री १००८ श्री श्री स्वामी भगवान् दीपनारायण महाप्रभुजी के पवित्र लीला-अमृत निर्मल यश और प्रेरणादायक उपदेश रूपी अमृत पीने की प्रबल इच्छा से सारे विश्व में बहुत से भक्तों ने मुझसे बार-बार आग्रह किया कि प्रभु के निर्मल यश एवं लीला-अमृत को प्रकाशित करके हमें लाभान्वित करने की कृपा करें, जिससे हमको जीवन-संग्राम में सफलता प्राप्त करने के लिये उनके ज्योतिर्मय जीवन से प्रकाश एवं प्रेरणा मिल सके। हमारे जीवन में आध्यात्मिक उन्नति हो सके और हम भव-सागर को उनके नाम रूपी जहाज द्वारा सुगमता से पार कर सकें। बार-बार इस प्रकार की भावनाओं से भरे भक्तों के आग्रह मुझे मिलते रहे हैं और मेरी भी तीव्र इच्छा होती रही है, कि महाप्रभुजी का अमृत मय दिव्य लीला-अमृत अवश्य ही प्रकाशित होना चाहिये, जिससे हमारी विश्व की धार्मिक जनता को आध्यात्मिक एवं प्रेरणात्मक अमूल्य ज्ञान का लाभ मिले। इसी प्रेरणावश मैं लगातार बत्तीस वर्ष तक परम कृपा सागर श्री पूज्य महाप्रभुजी को बारम्बार प्रार्थना करता रहा कि, "हे प्रभु! आपके पवित्र लीला-अमृत को छपवाने की आज्ञा प्रदान करने की कृपा करें।" किन्तु आप निर्मोही,निरइच्छा और संसार को स्वप्नवत् देखने वाले थे, अत: आप अपनी ख्याति पसन्द नहीं करते थे। इसीलिए आपने हमें बहुत समय तक अपनी जीवन-लीलाओं को छपवाने की स्वीकृति नहीं दी। लेकिन अन्त में भगवान् को भक्त वश होना ही पड़ा।
"जो इच्छा करहि मन माहीं।
हरि कृपा कछु दुर्लभ नाहीं॥"
भक्तों की पवित्र दृढ़ एवं शुभ धारणाओं को प्रभु अवश्य ही पूर्ण करते हैं। वह अपना प्रण टाल सकते हैं, परन्तु भक्तों के प्रण को पूर्ण करते हैं, जैसे पिता अवश्य ही अपने बालक के हठ को पूर्ण करता ही है।
मार्च सन् १९६३ में,
श्री पूज्य महाप्रभुजी का मुझे अहमदाबाद में अचानक एक पत्र मिला, जिसमें उन्होंने मुझे शीघ्र अपने पास बुलाया। पत्र पाते ही डॉ. श्री एन.डी. भट्ट और हम खाटू पहुँचे। प्रभु के दर्शन कर नेत्र सफल किये। महाप्रभुजी भी हमको देखकर बड़े प्रसन्न हुए।
एक दिन रहने के उपरान्त दूसरे दिन प्रात: ब्रह्ममुहूर्त में बुलाकर कहा कि, "मैं इसी वर्ष दिसम्बर तारीख ५ को ५ बजे इस संसार रूपी सराय को छोड़ दूंगा। इसीलिये मैंने तुम्हें बुलाया है और तेरी जो भी इच्छा हो, वह तुम माँगो। यदि मेरी शरण में आशा पूर्ण नहीं हुई तो वह फिर कहीं भी नहीं हो सकती। अत: जो चाहो सो माँगो।" तब मैंने हाथ जोड़कर यही प्रार्थना की कि, "हे प्रभु! बहुत वर्षों से मेरी यही इच्छा है कि आपके सुयशमय पवित्र लीला-अमृत को छपवाने की आप आज्ञा प्रदान करें।" तब परमकृपा सागर ने मेरी तरफ अमृत मय दृष्टि से देखकर मधुर-मुस्कराहट के साथ कहा—"तथास्तु"।
यह शब्द सुनते ही मुझे अति हर्ष एवं अवर्णनीय आनन्द प्राप्त हुआ मानो, निर्धन को अपार धनराशि प्राप्त हो गयी हो। मगर सज्जनों! श्री महाप्रभुजी के परमधाम जाने की बात का मैंने बिलकुल विश्वास नहीं किया। मैं तो हरदम यही जानता था कि प्रभु हमेशा विराजमान रहेंगे। हम लोग उनके पावन चरणों को निरखते-निरखते इनकी चरण-रज में समा जायेंगे।
प्रभु के विराजने से अनेक जीवों का भला होगा। प्रभु का विराजना विश्व के लिए वरदान रूप है। विश्व के सौभाग्य का सूर्य अस्त नहीं हो सकता, सुख का समुद्र हमेशा अचल रहेगा। कुदरत हमें ऐसा दिन न दिखाये कि प्रभु के बिना हमारा जीवन दुनिया में रहे। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। जो प्रभु ने फरमाया कुदरत ने वही मंजूर किया। इस बात को हमने नहीं जाना। हम तो प्रभु को देख-देखकर फूले नहीं समाते थे। यह नहीं समझा कि वास्तव में प्रभु बिना हमारा जीवन अपूर्ण हो जायेगा। खैर फिर कुछ समय बाद मैंने प्रत्यक्ष देखी हुई व बहुत-सी सुनी हुई लीलाओं को लिखा और जैसे प्रभु के अवतार को कारण व प्रभु के महासमाधि के समय दिव्य लोकों का वर्णन यह सब मैंने ध्यान में प्रत्यक्ष देखा सो लिखा। ऐसे तो महाप्रभुजी की अनेक अनुपम अमृत -लीलायें हुईं, परन्तु संक्षेप में यह लीला-अमृत लिखा गया है।
सज्जनों! जैसे हंस असार छोड़कर सार ही ग्रहण करता है। वैसे ही सज्जन पुरुष केवल गुण ही ग्रहण करते हैं और कौआ बढ़िया-बढ़िया माल-मेवा खाकर भी जब तक मैला नहीं खाता, तब तक उसकी तृप्ति नहीं होती है। वैसे ही काक वृत्ति वाला दुर्जन मनुष्य भी अनेक धर्मशास्त्र पढ़कर, सुनकर व सन्तों का संग करके और बहुत से तीर्थ नहाकर भी जब तक दूसरों की निन्दा न करे, तब तक उसको तृप्ति नहीं होती है।
पितामह भीष्म ने धर्मराज युधिष्ठिर से कहा—
महात्मानां च चरित्रं श्रोतव्यं नित्यमेक च। महात्माओं के चरित्र को नित्य सुनना चाहिये, क्योंकि महात्माओं के चरित्र को सुनने से मनुष्य को आजमाई हुई अनेक शिक्षा और दीक्षा मिलती है। इसी कारण महात्माओं के जीवन की अमृत मय लीलाएं अवश्य पढ़ना चाहिये। जिससे अनेक सुविचार रूपी रत्न मिलते हैं और अपना जीवन दिव्य बन जाता है।
आपका
स्वामी माधवानन्द पुरी
ॐ विश्व गुरु दीप आश्रम
सोडाला, जयपुर (राज.)
प्रज्ञानं ब्रह्म – तत्त्वमसि – अहं ब्रह्मास्मि – अयमात्मा ब्रह्मा