ॐ सर्व शक्तिमान समर्थ सतगुरु परमात्मा क्या नहीं कर सकते हैं, सब कुछ कर सकते हैं। असम्भव को भी सम्भव कर देते हैं। विधाता का लेख आप मिटा सकते हैं। मगर आपका लिखा ईश्वर भी नहीं मिटा सकता है। जिस दिन समर्थ सतगुरु अपने दीन-हीन शिष्य के सिर पर अपना वृहद हस्त कमल रखते हैं, तो उसी समय रंक से राजा बना देते हैं। राजा भी विश्व के विशाल राज्य का कर देते हैं।
सर्वशक्तिमान, परम दया के सागर भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी ने मेरे सिर पर अपना पावन कर-कमल रखा, उस समय सर्वस्व दे दिया। आशातीत उसका वर्णन कर ही नहीं सकता हूं, न तो जाना न जान सकता हूं। परम कृपा सिन्धु के दयादान उपकार के ऋण को कोटि जन्म नहीं चुका सकता हूँ। क्या आरती गाने से, जय-जयकार बोलने से,लोगों को भजन, कहानी कहने से उस परम दयालु के उपकार का ऋण उतार सकते हैं? कभी भी नहीं।
जैसे कहा है—
जल न डुबावे काठ को।
यही बड़ों की रीत॥
अपने तन से सींचा है।
पाले पीछे की प्रीत॥
जैसे जल लकड़ी को नहीं डुबोता है। कारण कि वह अपना तन देकर तैयार किया है। उसी प्रकार हम कितने ही दुर्गुणी हों, मगर उस प्रभु के दरबार में चरण छाया से पले हैं, तो प्रभु अपना विरद् नियम नहीं छोड़ते हैं। सदा-सदा चरणागत की रक्षा करते हैं, उसकी सम्भाल रखते हैं। ऐसे सर्वशक्तिवान परम कृपा सिन्धु भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी के पवित्र शुभ चरण-कमलों में मेरे अनन्त प्रणाम हैं; जिसने मुझ जैसे अबोध, तुच्छ प्राणी को यह अद्भुत लीला, अनुपम अमृत लिखने की शक्ति प्रदान की, यह सब उसकी परम कृपा का ही फल है। सब कर्म करावन हार आप ही आप हैं। यही हमारा जाप है।
महाप्रभु के दरबार का सेवक
स्वामी माधवानन्द पुरी