भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी का जीवन अमृत सर्वप्रथम लघु आकार में प्रकाशित हुआ था। उसके हाथों हाथ भक्तों में निकल जाने से क्रमश: दूसरा, तीसरा व चौथा संस्करण व अंग्रेजी, जर्मन, चैक, हंगेरियन, क्रोशियन व गुजराती भाषाओं में रूपान्तरण सम्भव हुआ।
महाप्रभुजी के अनन्य भक्तों की इस पावन कृति की उत्तरोत्तर बढ़ती मांग व महाप्रभुजी के परमकृपापात्र, महामण्डलेश्वर, विश्वगुरु परमहंस स्वामी महेश्वरानन्द पुरी जी के श्रद्घापूर्वक आग्रह से यह पंचम संस्करण पाठकों के हाथों में पहुँचाया जा रहा है।
मैं आशा करता हूँ कि इस अतिवैज्ञानिक व भौतिकतावादी युग में मानव के मानसिक तनाव को शान्त कर, आत्म शान्ति प्रदान करने में यह पवित्र कथा संजीवनी का काम करेगी। लीला अमृत अधिकार में भटकते मानव को जीवन के उद्देश्य की ओर ले जाने वाला विश्वदीप प्रकाश होगा।
मैं यह आशा करता हूँ कि पवित्र पथ गामी पाठक हंस की भाँति अग्राह्य साहित्य का त्याग करके लीला अमृत का सोपान करेंगे व अपने जीवन को धन्य करेंगे। मूल पाठ में आवश्यकतावश कुछ संशोधन किये गये हैं।
श्री रमेश जी बाहरी ने इस ग्रन्थ को अतिशीघ्र मुद्रित करने में जो लगन और प्रेम दिखाया है मैं उसकी सराहना करता हूँ।
जयपुर प्रिन्टिंग सेन्टर एक बहुत ही अच्छा प्रेस है जहाँ बहुत ही सुन्दर, सस्ता एवं अच्छा कार्य होता है। इसके मालिक श्री रमेश जी भी मृदुभाषी, मिलनसार एवं प्रेम से काम करने वाले हैं।
आपका
स्वामी माधवानन्द पुरी