Lila Amrit

प्रारम्भ

ॐकारं बिन्दुसंयुक्तं नित्यं ध्यायन्ति योगिन:।

कामदं मोक्षदं चैव ॐकाराय नमो नम: ॥

सर्व विश्व के भीतर और बाहर परिपूर्ण रूप से व्यापक चैतन्य सत्ता ॐकार स्वरूप, परब्रह्म परमात्मा का नित्य निरन्तर महात्मा ऋषि-मुनि तथा योगी ध्यान करते हैं। वही सकल कामनाओं को पूर्ण करने वाला और मोक्ष का प्रदाता है। ऐसे परब्रह्म ॐकार स्वरूप परम गुरु परमात्मा के पवित्र चरणों में बारम्बार नमस्कार करता हूँ।

वही ॐकार स्वरूप परमात्मा जगत के विशेष उपकारार्थ ब्रह्मा, विष्णुतथा सतगुरु व नित्य नैमित्तिक महापुरुषों के रूप में धर्म हेतु अवतार लेते हैं। ऐसा श्रुतियों में लिखा है।

स ब्रह्मा स: शिव: सेन्द्र: सोऽअक्षर: परम: स विराट् स एव विष्णु इत्यादि

(केन उपनिषद्)

अर्थात वह ब्रह्मा है, वह शिव है, वह इन्द्र है, वह अक्षर है, वह विराट स्वरूप है, वह ही विष्णुहै, वह एक ही प्रभु है इत्यादि (केनोपनिषद्)।

अब प्रश्न होता है कि अवतार की पहुँचान क्या है? इसका उत्तर यह है कि किसी जगह पर ईश्वर की विशेष शक्ति का प्रकट होना ही अवतार है। सामान्यत: जिस पुरुष में ईश्वर की नौ कलाओं से लेकर सोलह कलाओं तक का विकास हो वही अवतार कहा जाता है। इसका उल्लेख उपनिषदों में भी किया है, जैसा कि—

षोडश कला वै पुरुष:
षोडश कला सौम्य पुरुष:॥

प्रश्नोपषिद्

संसार में चौरासी लाख योनियाँ मानी जाती हैं। इनके चार भाग हैं— (i) उद्भिज, (ii) स्वेदज, (iii) अण्डज और (iv) जरायुज। जिसमें ईश्वर शक्ति की एक कला उद्भिज में है, दो कलाएं स्वेदज में, तीन कलाएं अण्डज में तथा चार कलाएं जरायुज में है। पशु व मनुष्य भी जरायुज में आते हैं। पंचकोषों से पूर्ण अधिकारी होने के कारण मनुष्य योनि में पाँच कलाओं से लेकर आठ कलाओं तक का विकास होता है। ईश्वरीय महापुरुष में निम्नलिखित सोलह कलाएं उत्पन्न होती हैं—

(१) प्राण, (२) श्रद्धा, (३) रव, (४) वायु, (५) ज्योति, (६) आप, (७) पृथ्वी, (८) मन, (९) इन्द्रिय, (१०) अन्न, (११) वीर्य, (१२) तप, (१३) मंत्र, (१४) कर्म, (15) लोक और (१६) नाम।

ये सभी कलाएं उस परिदृष्टा आत्मा की षोडश कलाएं हैं, प्रश्नोपनिषद्‍ में लिखी हैं। इसी प्रकार सोलह गुण भी इन अवतारों में होते हैं—

१. गुणवान् २. वीर्यवान् ३. धर्मज्ञ ४. कृतज्ञ ५. सत्यवादी, ६. दृढ़व्रत, ७. चरित्रवान्, ८. सर्वभूत हितैषी, ९. विद्वान्, १०. समर्थ, ११. प्रियदर्शन्, १२. आत्मवान्, १३. क्रोध को जीतने वाले, १४. प्रकाशवान्, १५. असूया न करने वाले, १६. युद्ध में क्रोध करने पर देवता भी भयभीत रहते हैं।

अब प्रश्न यह उठता है कि जब ईश्वर सर्वत्र सामान्य रूप से परिपूर्ण है और सामान्य रूप से अपनी सत्ता से सदा उपकार करता ही रहता है तो उसे अवतार धारण करने की क्या आवश्यकता है? इस प्रश्न का उत्तर यह है कि वैसे तो ईश्वर संसार का प्राकृतिक रूप से उपकार करता ही है और करता ही रहेगा। परन्तु धर्म आदि की रक्षा, अधर्म का नाश और अपने भक्तों को तारने का विशेष कार्य अवतार धारण द्वारा ही करता है। जैसे अग्नि और वायु सर्वव्यापी हैं और निराकार होते हुए भी संसार के हितार्थ साकार रूप धारण करते हैं, अर्थात अग्नि और वायु विशेष रूपों में प्रकट होकर संसार का उपकार करते हैं। वैसे ही परमात्मा भी साकार रूप धारण कर विशेष उपकार करते हैं।

वर्तमान में अधिकतर लोग यह तर्क करते हैं कि राम अथवा कृष्ण ही ईश्वर हैं तो क्या कहीं और ईश्वर नहीं रहता? यहाँ पर उनको अग्नि की स्थिति पर विचार करना चाहिये। किसी एक जगह में विशेष अग्नि के प्रकट होने से सर्वव्यापी अग्नि नष्ट या कम नहीं हो सकती। इसी प्रकार सर्वव्यापी ईश्वर संसार के विशेष उपकार के लिए किसी केन्द्र (इकाई) में अपनी, विशेष कलाओं का विकास करके अवतार धारण करते हैं।

गीता में भी यही कहा है—

अजोऽपि सन्नव्ययात्मा भूतानामीश्वरोऽपि सन्
प्रकृतिं स्वामधिष्ठाय सम्भवाभ्यात्ममायया॥

(श्रीमद्‍ भागवत गीता श्लोक ६, अध्याय ४)

अर्थात मेरा जन्म प्राकृत मनुष्यों के सदृश नहीं है। मैं अविनाशी स्वरूप अजन्मा होने पर भी तथा सर्वभूत प्राणियों का ईश्वर होने पर भी अपनी प्रकृति को आधीन करके योग माया से प्रकट होता हूँ।

श्रीकृष्ण ने गीता में स्पष्ट किया है- यथा

"यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत।
अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्॥"

(श्रीमदभागवत गीता अध्याय ४, श्लोक ६)

अर्थात् हे भारत (अर्जुन)! पृथ्वी पर जब-जब धर्म की हानि और अधर्म की वृद्धि होती है तब-तब ही मैं अपने रूप को रचता हूँ अर्थात् प्रकट होता हूँ।

"परित्राणाय साधूनाम् विनाशाय च दुष्कृताम्।
धर्मसंस्थापनार्थाय संभवामि युगे-युगे॥"
(श्रीमदभागवत गीता अध्याय ४, श्लोक ८)

क्योंकि मैं (ईश्वर रूप), साधु पुरुषों का उद्धार करने के लिए और दूषित कर्म करने वालों का नाश करने के लिए तथा धर्म की पुन: स्थापना करने के लिए युग-युग से प्रकट होता रहा हूँ।

"जन्म कर्म च मे दिव्यमेवं यो वेत्ति तत्वत:।
त्यक्त्वा देहं पुनर्जन्म नैति मामेतिसोऽर्जुन॥"
(श्रीमदभागवत गीता अध्याय ४, श्लोक ९)

इसलिए हे अर्जुन, मेरा जन्म तथा कर्म दिव्य अर्थात अलौकिक है। इस प्रकार जो पुरुष मुझे तत्व से जानता है वह शरीर को त्यागकर फिर जन्म-मरण के बन्धन को प्राप्त नहीं होता है। अपितु मुझे ही प्राप्त होता है। (ऋग्वेद में भी उल्लिखित है।)

"रूपं रूपं प्रतिरूपो बभूव तदस्य रूपं प्रतिचक्षणाय।
इन्द्रो मायाभि: पुरुरूप ईयते युक्ता ह्यस्य हरय: शता दश॥"
(ऋग्वेद मंत्र ६, सु. ४७, मं १८)

परमेश्वर अपनी योग माया एवं विचित्र लीलाओं से अनेक अद्भुत रूप धारण करते हैं। मुमुक्ष एवं भक्त जनों को ज्ञानामृत की पवित्र सरिता में ज्ञान स्नान कराने के लिए सतगुरु के रूप में प्रकट होते हैं।

"गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णु: गुरुर्देवो: महेश्वर:।
गुरु:साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नम:॥"

अर्थात् सर्वात्मा अन्तर्यामी एक ही परब्रह्म सत्ता है तथा वही ब्रह्म रूप होकर सृष्टि तथा वेदों की रचना करता है, वही विष्णुहोकर विश्व का पालन पोषण करता है। धर्मरक्षार्थ अवतार धारण करता है। वही रौद्र रूप से सृष्टि का प्रलय संहार करता है। वही परब्रह्म परमात्मा मोक्ष इच्छा वाले मुमुक्षुओं को मुक्ति देने के लिए आत्मज्ञान के दाता, सतगुरु रूप में अवतार धारण करते हैं।

इसलिए मैं उस परब्रह्म परमात्मा गुरुदेव भगवान्‌ श्री दीप नारायण महाप्रभुजी को साष्टांग प्रणाम करता हूँ। ऐसे परमगुरु परमात्मा को केवल वही पहुँचान सकते हैं, जिसकी जन्म-जन्मान्तर की तपस्या नवधा भक्ति परिपूर्ण हो गई हो। अन्य प्राणि उस परम गुरुदेव को अपने ही समान साधारण मनुष्य समझकर उनसे उत्तम ज्ञान का लाभ प्राप्त न करके अपने जीवन को निरर्थक गंवाते हैं। महात्मा सुन्दर दास जी ने कहा है—

"सतगुरु पूरण ब्रह्म है, शिष्य जानत है देह।
सुन्दर कारज नहीं सरै, कैसे मिटे सन्देह॥"

अर्थात् सतगुरु शुद्धस्वरूप परमात्मा है, परन्तु जो शिष्य अपने गुरुदेव को मनुष्य समझता है उसका काम कभी भी सफल नहीं होता है। उसका संशय और भ्रम भी कभी नहीं मिटता है। गोस्वामी तुलसीदासजी ने कहा है—

सोरठा :

बन्दो गुरु पद कंज, कृपा सिन्धु नर रूप हरि।
महामोह तम पुंज जासु वचन रविकर निकर॥
(बालकाण्ड, पंचम सोरठा)

मैं उस गुरुदेव की वन्दना करता हूँ जो नर के रूप में साक्षात् हरि हैं तथा जो कृपा के समुद्र हैं, जिनके मुखारविन्द के शब्द सूर्य समान हैं, उनके वचन शिष्य के हृदय में जो महा-मोहत्तम का पुञ्ज हैं, उसको क्षण मात्र में नष्ट कर देते हैं। ऐसे गुरुदेव के चरण-कमलों की रज को सिर पर चढ़ाने से कोटि तीर्थों के स्नान तथा दर्शन का फल मिलता है।

चौपाई :

"गुरु चरण रज जो सिर धरही।
सकल विश्व को वो वश करही॥"

श्री सत गुरुदेव के भक्त को स्वाभाविक ही सर्व सिद्धियां प्राप्त हो जाती है। जैसे समुद्र में नदियां स्वाभाविक ही आकर मिलती हैं।

ध्यानमूलं गुरुर्मूर्तिः पूजामूलं गुरुर्पदम् ।
मन्त्रमूलं गुरुर्वाक्यं मोक्षमूलं गुरुर्कृपा ॥

अर्थात् ऐसे परमगुरु परमात्मा का ध्यान ही सर्वध्यानों का मूल है, उनके चरण-कमलों की पूजा ही सर्वपूजा का मूल है। श्री गुरु देव के मुखारविन्द के वचन ही सर्व मंत्रों का मूल हैं। उनकी कृपा ही मोक्ष का मूल है।

गुरु कृपा ही केवल—

मूकं करोति वाचालं पंगु लंघयते गिरिम्।
यत् कृपा तमहं वन्दे, परमानन्दम् माधवम्॥

अर्थात् उस परब्रह्म स्वरूप सतगुरुदेव की कृपा से जीव ज्ञानहीन अथवा पंगु होने पर भी आत्मा रूपी शिखर पर चढ़ जाता है। महामोह के अज्ञान में अन्धा प्राणी भी आत्मदर्शी तथा दिव्यदृष्टि वाला हो जाता है। मूक जीव जो जगत रूपी दुर्वासनाओं के गड्डे में पड़ा है, उस पर भी थोड़ी सी कृपा की नजर होती है। वह भी अपार ब्रह्म का वर्णन करने लगता है।

ऐसे परम कृपा के सागर, परम आनन्द स्वरूप अनाथों के नाथ, अधम उद्धारक, जीवों के जहाज, भक्त -भवभंजन तथा मनमोहन के दर्शन, स्पर्श एवम स्मरण मात्र से ही त्रिताप की निवृत्ति होती है।

ऐसे ही दया के समुद्र, विश्ववन्दनीय, ईश्वरीय मूर्ति, वैदिक धर्माचार्य श्रीमद् परमहंस योग वेदान्त के महान् वेत्ता स्वामीजी महाराज श्री श्री १००८ भगवान्‌् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी का शुभावतार हमारे भारतवर्ष के राजस्थान प्रान्त में हुआ। यह सम्पूर्ण विश्व के लिए गौरव की बात है कि ऐसे ही अनेक ईश्वरीय विभूतियों का अवतार इस देवभूमि में होता रहा है और होता ही रहेगा। अस्तु।