Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

श्री स्वामी शिवानन्द जी

श्री बलवन्त सिंह जी ग्राम छोटी खाटू के ठाकुर साहब थे। वे जोधावंशज क्षत्रिय थे। उनके इकलौता लड़का सवाई सिंह था। वह एक सुयोग्य, सुशील, बड़ा वीर तथा अत्यन्त साहसी बालक था। उस बालक में शेर के समान निर्भयता जन्म से ही थी। इसको एक दिन श्री महाप्रभुजी के शुभ दर्शन हुए। उसी दिन से श्री सवाई सिंह नित्य, नियमपूर्वक गुरुदेव के यहाँ सत्संग में आने लगा। तुलसीदास ने कहा है—

चौपाई—

"सठ सुधरे सुसंगति पाई, पारस परस कुधातु सुहाई।"

अर्थात् सठ (मूर्ख) भी सत्संग से देवतुल्य हो जाता है। अगर देव मनुष्य हो तो कल्याण रूपी शिव होने में क्या समय लगता है? मगर सच्चे ब्रह्मवेता महात्माओं की सत्संगति होनी चाहिये, तभी जागृति होती है, वरना यह दुर्लभ है।

श्री सवाई सिंह जी को भी महाप्रभुजी से नित्य सत्संग एवम् तप के प्रभाव से तीव्र वैराग्य हो गया। तब उन्होंने अपने माता-पिता व सभी सदस्यों से यह साफ-साफ कह दिया कि, "मैं अब संन्यास धारण करके आत्म स्वराज्य प्राप्त करूँगा।" यह सुनकर सभी परिवारजनों ने कहा कि तुम अपने पिता के इकलौते पुत्र हो एवम् तुम्हारे पिता वृद्ध हैं। वे तो तुम्हारा विवाह करने की सोच रहे हैं। इस स्थिति में वैराग्य की बात ठीक नहीं लगती। तुम्हारे पिता के मात्र एक तुम्हीं सहारा हो।

श्री सवाई सिंह जी ने कहा कि अगर किसी के पुत्र नहीं भी हो तो उनको भगवान्‌ का सहारा होता है, वैसे भी भगवान्‌ सबका सहायक है। "कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई" अर्थात् इस दुनिया में कोई किसी का नहीं है, अत: सब जंजालों को छोड़कर सच्ची भक्ति करने से ही प्रभुदर्शन संभव है। आप लोग तो मुझे वंश बढ़ाने की बात कह रहे हो तो इसके लिए मुझे यही कहना है कि मेरे चाचाजी हैं, उनके एक लड़का होगा। उसका नाम आप राज सिंह रख लेगा। वह रहेगा। मैंने तो संन्यास लेने का निश्चय कर रखा है। जैसे- "रघुकुल रीत सदा चली आई। प्राण जाई पर वचन न जाई।" वह पुरुष सच्चा है जो अपने वचन तथा धर्म पर अटल रहता है। ऐसी हमारी भारतीय संस्कृति की परम्परा रही है। गाँव के बड़े-बड़े प्रतिष्ठित लोगों ने श्री सवाई सिंह को बहुत समझाया, लेकिन वे अपने निश्चय से विचलित नहीं हुए। जिस प्रकार सिंह का बच्चा अपना स्वरूप पहुँचानने के बाद किसी के बहकावे में नहीं आता, ठीक वैसे ही स्वार्थवश मनुष्य अनेक प्रलोभन का आश्रय लेकर सन्मार्ग पर चलने वालों को सांसारिक मोहमाया के प्रपंचों में डालने का प्रयत्न करता है। अनेक प्रकार से उन्हें समझाने का प्रयत्न किया, परन्तु सभी प्रयत्न असफल रहे। इतना सब कुछ होने पर भी श्री सवाई सिंह ने सतगुरु (श्री महाप्रभुजी) की शरण ग्रहण करने में सफलता प्राप्त की।

श्री महाप्रभुजी ने वैदिक विधि के अनुसार बहुत उत्सव व हर्षोल्लास के साथ संन्यास दीक्षा ग्रहण संस्कार सम्पन्न किया। गुरुदेव ने उनका नाम श्री स्वामी शिवानंद रखा। इस अवसर पर परमहंस श्री स्वामी शिवानंदजी ने श्री महाप्रभुजी की सेवा पूजा की एवम् निमन आरती उनके मुखारविन्द से मधुर स्वरों में प्रस्फुटित हुई—

आरती
श्री गुरु आत्मा परमात्मा हो, महात्मा पुरुषोत्तमा।
सकल जग के अन्तर्यामी, चराचर की आत्मा॥टेर॥
नभ रूप व्यापौ, सत्य आपो, विमल चेतन आत्मा॥प्रभु॥
धून ध्यान आगे अगम जागे, निगम से नित्य आत्मा॥श्री॥
पार से प्रवाण आगे, प्रतीत हो अध्यात्मा॥प्रभु॥
निराधार हो आधार हो, ऐसा हो अविचल आत्मा॥श्री॥
अलख देवा, अजब सेवा,ब्रह्म भेवा आत्मा॥प्रभु॥
सुन्न से हो पार प्रभु, साक्षी शुद्ध आत्मा॥श्री॥
धर ध्यान सोहं मुनि मोहन, सुख स्वरूप सहजाध्यात्मा॥प्रभु॥
गुरु दीप हो प्रणाम सायर, आप ही परमात्मा॥श्री॥
सुरत कर गुरु ध्यान धरसी, भव दु:ख से तरी आत्मा॥प्रभु॥
शिवानन्द बोले आरती, गुरुदेव निर्गुण महात्मा॥श्री॥

श्री शिवानन्दजी प्रारम्भ से ही योग साधना का निरन्तर अभ्यास करते थे। अत: उनको समाधि का पूरा ज्ञान हो चुका था। आश्रम में एक गुफा जैसा कमरा था। श्री शिवानन्दजी ने उसमें विराजमान होकर एक माह तक लगातार समाधिस्थ रहने का संकल्प किया। अपने संकल्प के अनुसार श्री शिवानन्द जी उस गुफा में बैठ गये और बाहर से दरवाजा बन्द करवा दिया। ठीक एक महीना व्यतीत होने के बाद आपने समाधि खोली। उसमें से ॐकार की ध्वनि सुनायी दी। श्री महाप्रभुजी ने उस कमरे का दरवाजा खुलवाया।

गुरुदेव की आज्ञा पाकर दो-तीन भक्त जन गुफा में जाकर अन्दर से श्री शिवानन्द जी को उठाकर बाहर लाये। बाहर लाने के बाद उन्हें कुछ सन्तरों का रस पीने के लिए दिया। दो-तीन दिन पश्चात् दूध एवं गेहूं का दलिया अल्प आहार के रूप में खिलाया। लगभग आठ दिनों में उनका शरीर पूर्ववत् हो गया। श्री शिवानन्दजी महाराज त्यागी व तपस्वी महात्मा थे।

कुछ भक्त जनों ने श्री शिवानन्दजी से एक माह तक समाधिस्थ रहने का कारण जानना चाहा। तब आपने भक्त गणों को यह भजन गाकर सुनाया—

भजन (राग आसावरी)
हेली मेरी दोरा मन समझाना। गुरुगम से गम पाना॥ टेर॥
नाग वेग पवन ज्यौं चाले, बहु रंग तरंग चलाना।
हृदय कमल बीचहांट गुरा की उन माय लेय पठाना॥१॥
अक्षर चार निरक्षर निरख्या, शुद्ध स्वरूप समाना।
अभिमान कर मारे मचोला, रूप दिखावै नाना॥ २॥
उल्टा पवन बंक जाय लागा, मेरुदण्ड बिंधाना।
दशमा माय देश हमारा, जहाँ कियो थिरकाना॥ ३॥
नैन सैन बीच हैं नारायण, आपो आप पहिचाना।
आप कला से होय उजाला, उनके माय समाना॥ ४॥
श्री दीप दयाल दया करी दाता, पुरुषोत्तम पर वाना।
शिवानन्द परम पद पाया, यूं कर मन घर लाना॥ ५॥

इस भजन को सुनकर समस्त भक्त जन आनन्द करते हुए कहने लगे, "आप सच्चे महात्मा बन चुके हैं। आपकी साधना से परम गुरुदेव अवश्य प्रसन्न होंगे।"

श्री शिवानन्दजी के पास कुछ पुराने सतसंगी आये। उन्होंने श्री स्वामी शिवानन्दजी महाराज से निवेदन किया, "सदगुरु सैन को हम समझ नहीं पाये हैं। आपने सदगुरु सैन को कैसे पहचाना? उस विधि को आप हमें बतलाने की कृपा करें।" तब श्री स्वामी शिवानन्दजी महाराज ने उन्हें यह भजन सुनाया—

भजन (राग-आसावरी)
ऐसे हम गुरुगम सैन बिचारी।
मूल डाला बिना वृक्ष अपारा, फल लागा चहूं फेरी॥टेर॥
बिना आकार पार नहीं उनका, फूल रचा गम गेहरी।
छाया न धूप रूप नहीं उनके, ऐसा अमर अभेरी॥ १॥
फूला वृक्ष बहुत फल लागा, अपरम बहुत अपारी।
दशों दिशा में एक सरीखा, निरभय नेह चल धारी॥ २॥
अधर सुन नीर बिन उगा, बिना धर-अधर अथारी।
जिनकी महिमा सुर नर गाँवै, ऋषि-मुनि अवतारी॥ ३॥
श्री दीपदयाल पूरा गुरु पाया, उलट आप अनुभवरी।
शिवानन्द पूरी सुख धामा, समझाया सैन लखेरी॥ ४॥

यह भजन सुनकर सतसंगी समझ गये कि श्री स्वामी शिवानन्दजी की बुद्धिमत्ता कोई साधारण मनुष्य नहीं समझ सकते। श्री शिवानन्दजी महाराज बहुत कम बोलते थे। कोई भी व्यक्ति प्रश्न करता तो आप उसका उत्तर अपने अनुभव के आधार पर कोई कविता या भजन बनाकर अपनी मीठी तान में सुनाकर दिया करते थे।

श्री स्वामी शिवानन्दजी के पूर्वाश्रम से परिचित लोग आपके पास आये। इन लोगों ने श्री शिवानन्दजी से यह जानने की जिज्ञासा प्रकट की कि वे राजपाट, महल, सुख, वैभव आदि सब छोड़कर साधू क्यों बन गये? श्री शिवानन्दजी इन लोगों के इस प्रकार के अनेक प्रश्नों को सुनकर वे मुस्कराते हुए उत्तर देते, "जैसे एक मनुष्य गाँव छोड़कर किसी शहर में अपना बंगला बनाता है, ठीक उसी प्रकार मैंने राजमहल छोड़कर ब्रह्मलोक में अपना बंगला बनाया है।"

इस पर आगन्तुकों ने प्रश्न किया, "आपका वह बंगला कहाँ है? हम देखना चाहते हैं। कृपया हमें आप आपना बंगला दिखाइये।" आगन्तुकों के प्रश्न के उत्तर में श्री स्वामी शिवानन्दजी ने एक भजन सुनाया—

भजन (राग-आसावरी)
बंगला मैं अजब सुरंगा पाया।
सदगुरु सायब आप बिराजै, निरख्या हूँ नूर सवाया॥ टेर॥
उस बंगला के रूप न रेखा, अधर-पधर ठहराया।
भलहल नूर भाँण ज्यूं भलकै, कुदरत आप अथाया॥ १॥
उस बंगले में धूप नहीं छाँया, रंग-बिरंग सबाया।
मोल अमोला अजब अतोला, बिरला सन्त जन पाया॥ २॥
महिमा अगम पार नहीं पावै, वेद पुराण थकाया।
ॐसोहं जहाँ करत बन्दगी, निराकार निरदाया॥ ३॥
श्री दीपदयाल मिल्या प्रभू पूर्ण, बे-गम गम समझाया।
शिवानन्द शरण सदगुरु की बंगला सत्य बनाया॥ ४॥

इस भजन को सुनकर वे सभी समझ गये कि श्री स्वामी शिवानन्दजी ने ब्रह्मनगर में अपना बंगला बना लिया है। आप सचमुच संसार के वैभव को मिथ्या समझते हैं। राजा भर्तृहरि, गोपीचन्द व भगवान्‌ बुद्ध आदि ने भी संसार के सम्पूर्ण वैभव को मिथ्या मानकर इस बंगले के लिए ही राज वैभव का त्याग किया था। ब्रह्मनगर के बंगले में संसार के जन्म व मृत्यु का भय नहीं रहता है।

ऋषिकेश के स्वामी नित्यानन्दजी आश्रम में पधारे व श्री शिवानन्दजी से मिले। उन्होंने आपसे पूछा कि "आप कहाँ के निवासी हैं?" इस प्रश्न के उत्तर में श्री शिवानन्दजी महाराज ने इस भजन के द्वारा अपना निवास स्थान बताया—

भजन (राग-आसावरी)
ऐसा हम सुनू चेतक का वासी।
जन्म-मरण काल नहीं वहाँ पर, आप रूप अविनाशी॥ टेर॥
सुन्न शहर में आनन्द ऐसा, गुरुगम ज्ञान प्रकाशी।
अधर-सधर आसन है वहाँ पर, निरभय सेन निवासी॥ १॥
निरभय जाय मिल्या निरगुण में, सेन समझ सुखदासी।
सुन्न के पार सुन्न है और अगम अगोचर वासी॥ २॥
उनके आगे किया पीचाणां, परा पार प्रकाशी।
उनके पार अगम फिर जोया, जब से राम उजासी॥ ३॥
देख्या देस सुरंगा भारी, अनुभव आई हांसी।
करोड़ भांण वहाँ झलकत देख्या, चहुं दिश नूर हमेशी॥ ४॥
देस हमारा अगम पीयाणा, कुदरत लीला ऐसी।
मैं हूँ आप और कोई नाहीं, गुरुगम पाई ऐसी॥ ५॥
श्री दीप दयाल आप अविनाशी, भोम बताई ऐसी।
शिवानन्द शरण सतगुरु की, पारब्रह्म उपदेशी॥ ६॥

यह भजन सुनकर वे स्वामीजी आश्चर्य में डूब गये। वे मन ही मन सोचने लगे, "आप तो एक अलौकिक ईश्वरीय शक्ति हैं।"

स्वामी शिवानन्दजी के पास इनके गृहस्थ जीवन के परिचित एक महानुभाव उपस्थित हुए। यह महानुभाव क्षत्रिय कुल के थे। इन्होंने श्री शिवानन्दजी से आग्रह किया कि, "हे महाराज, आप तो हम में से ही हैं, अत: आप कृपा करके हम लोगों के साथ अपनत्व की भावना रखते हुए खुले दिल से बातें करने की कृपा कीजिये।" इस बात को सुनकर श्री शिवानन्दजी ने महापुरुषों के विचारों को अपने अनुभव के आधार पर एक भजन द्वारा उत्तर दिया—

भजन (राग-हेली)
शब्द सनेही मेरी जात रा, मेरी हेली।
और न आवे मेरे दाय॥ दाय मेरी हेली॥ टेर॥
शब्दों से देणां रामां, शब्दों से लेणां है।
शब्दों से करणी है बात॥बात मेरी हेली॥ १॥
शब्दों से बुझे रामां, शब्दों से सूझे है।
शब्दों से चाले साथ॥ साथ मेरी हेली॥ २॥
शब्दों से भेला रामा, शब्दों से मेला है।
शब्दों से पावे सब ज्ञान॥ज्ञान मेरी हेली॥ ३॥
शब्दों से योग रामां, शब्दों से जुगती हैं।
शब्दों से सहज उधार॥ उधार मेरी हेली॥ ४॥
शब्दों से सुरगुण रामा, शब्दों में निरगुण है।
शब्दों से दीप-दीदार॥दीदार मेरी हेली॥ ५॥
शब्दों से ब्रह्म रामां, शब्दों से माया है।
शब्दों से शिवानन्द पार॥ पार मेरी हेली॥ ६॥

इस भजन को अपनी सुमधुर वाणी में प्रस्तुत करने के बाद आपने उनसे कहा कि, "मेरी जाति व साथी वही है, जिसने परब्रह्म को जान लिया है।" आपके इस वचन से वह क्षत्रिय समझ गया कि आप पहुँचे हुए महापुरुष हैं। जाति बन्धन से सदैव दूर रहना व साधना करना ही आपका परम कर्तव्य हो गया है।