Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

हिन्दू धर्म सम्मेलन में प्रवचन

वैसे तो श्री शिवानन्दजी महाराज ज्यादातर उत्तर प्रदेश के विभिन्न भागों में ही निवास करते थे। फिर भी यदा-कदा धर्म प्रचारार्थ पंजाब प्रदेश की ओर भी जाया करते थे। एक बार जालंधर में विशाल हिन्दू धर्म सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस सम्मेलन में श्री शिवानन्दजी भी आमन्त्रित थे। सम्मेलन में श्री शिवानन्दजी ने शानदार प्रवचन दिया। अपने विशिष्ट प्रवचन के दौरान आपने यह भजन भी सुनाया, जिसे सुनकर श्रोताओं के दिल और दिमाग पर एक अमिट छवि अंकित हो गयी।

भजन (राग-लावणी)
अब जागो जी भारत के वासी। घोर नींद क्यूँ छाये हो ॥टेर॥
अज्ञान अवस्था छाय रही। मन में नहीं पछताये हो॥
बात कहत हूँ सत्यधर्म की। तुम सुनो हमारे भाइयों॥१॥
नहीं ध्यान धरोगे अपने धरम का। नर तन तो नहीं पाये हो॥
अब क्या कहना है और अगाड़ी। ओजूं शरम नहीं आवे हो॥२॥
कुलवन्ता हो, निरकुल तम हो गये। सच्चे को कलंक लगाये हो॥
लाज नहीं आवे काज बिगड़ता। देव असुर कहलाये हो॥३॥
श्री दीपदयालू सदगुरु मेरा। दे उपदेश जगाये हो॥
शिवानन्दपुरी पुर नामा। नीति धर्म सुनाये हो॥४॥

इस भजन को श्री शिवानन्दजी के मुखारविन्द से मधुर वाणी में सुनकर समस्त श्रोतागण आत्म-विभोर हो गये। इस प्रकार श्री शिवानन्द जी भजन तथा संगीत के आधार पर अपने अपार ज्ञान का परिचय देते हुए धर्म का प्रचार करते रहे। आपने असंख्य लोगों को दुर्वयसनों से मुक्त कराया। कई मनुष्यों को सत्य मार्ग पर चलना सिखाया। ऐसे महापुरुषों के जीवन में अनेक महत्वपूर्ण घटनाएं घटती रहती हैं।