Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

सतगुरु चरणों में सर्वतीर्थ

प्रसिद्ध महात्मा परमहंस श्री स्वामी अखंडानन्द जी महाराज (गुजरात) अपने शिष्यों सहित हजारों भक्तों को लेकर विशेष रेलगाड़ी से तीर्थयात्रा के लिए जा रहे थे। संयोगवश दिल्ली संन्यास आश्रम में श्री स्वामी शिवानन्दजी महाराज से उनका मिलाप हो गया। वहाँ पर दोनों महात्माओं में घण्टों तक ज्ञान चर्चा होती रही। अन्त में उन्होंने श्री शिवानन्दजी को भी तीर्थयात्रा में चलने का आग्रह किया। वे कहने लगे, "हे महात्मन्! आप हमारे संग चलकर अपने अथाह ज्ञान-सागर से अमृत की कुछ बूंदें हमारे भक्त-मण्डल को भी देकर इनकी प्यास बुझाने की कृपा कीजिये। आपके साथ चलने से हमारी तीर्थयात्रा सफल हो जायेगी।"

श्री स्वामी अखंडानन्दजी के इस प्रेमपूर्वक आग्रह पर श्री स्वामी शिवानन्दजी कहने लगे, "हे महात्मन मेरे सिद्धान्तानुसार तीर्थ का अर्थ केवल भव-दु:खों से तिराने वाला होता है। पहले जमाने में तीर्थ स्थानों पर सिद्धपुरुष एवम् आत्मज्ञानी सन्त रहते थे। उस समय गृहस्थी लोग अपने कार्यों से निवृत्त होकर कुछ समय के लिए ऐसे महात्माओं से सत्संग करने के लिए तीर्थयात्रा पर जाया करते थे, अत: उन स्थानों का नाम 'तीर्थस्थान' हुआ। अब तो तीर्थ स्थानों पर तीर्थ के नाम पर ठग लुटेरे हैं और धूर्त लोग रहने लगे हैं। धर्म के नाम पर भोली-भाली जनता से पैसा ऐंठना ही उनका धर्म रह गया है। अत: हे महात्मन किसी सन्त ने कितने सुन्दर शब्दों में कहा है—

"एकै साधे सब सधे, सब साधे सब जाय।
जो तू सींचे मूल को, फूले फले अधाय॥"

अर्थात् एक गुरुसेवा साधना करने से समस्त साधनाएं सफल हो जाती हैं और गुरुभक्ति बिना सभी साधना करने से सब व्यर्थ चला जाता है। जैसे वृक्ष के मूल को सींचने से डालियाँ, पत्ते, फल-फूल इत्यादि को स्वत: ही पानी मिल जाता है अन्यथा नहीं। इसी प्रकार सच्चे ब्रह्मवेता सद्गुरु सर्व तीर्थों का मूल है। सम्पूर्ण विश्व इन्हीं के आधार पर है। सत्य वह है, जो तीनों कालों में एक-सा रहता है। अब मैं आपको "गुरु" शब्द का अर्थ स्पष्ट कर देता हूँ। 'गु' का अर्थ है 'अन्धकार' और 'रु' का अर्थ है 'प्रकाश'। अर्थात् अन्धकार से प्रकाश की ओर लाने वाला। माया का संचालक 'रु' है जो चैतन्य व्यापक ब्रह्म ज्योति है। 'गुरु' शब्द ऐसा महान् है, जिसमें सम्पूर्ण विश्व समाया हुआ है तथा सम्पूर्ण विश्व में एकमात्र वही है। अंग्रेजी में यह उक्ति सही है—

"All In One, One In All "

सर्व तीर्थों का फल तो आत्मज्ञान के दाता पूर्ण सदगुरु के मिलने से ही प्राप्त हो सकता है। मैं तो मेरे प्राण-प्रिय सदगुरु सर्वव्यापी भगवान्‌ श्री महाप्रभुजी के चरणों में ही अड़सठ तीर्थ मानता हूँ। उनके दर्शन ही मेरे लिए सर्वफलदायक हैं। उनके चरणों की रज को ही सिर पर धारण कर लेने मात्र से ही मैं अपने आपको विश्व के कोटि-कोटि तीर्थ स्थानों पर नहाया हुआ मानता हूँ। उनसे श्रेष्ठ तथा बढ़कर मुझको कोई तीर्थ दिखलाई नहीं देता। अत: हे महात्मन मुझे तो कहीं पर भी आने-जाने की आवश्यकता नहीं है। इस व्याख्यान के पश्चात् श्री स्वामी शिवानन्दजी ने उन महात्माजी को यह भजन सुनाया—

भजन
गुरुचरणों में अड़सठ तीरथ हैं, वे वेद पुराणां गाते हैं॥टेर॥
वहाँ उत्तम जिज्ञासु आते हैं, वो ज्ञान गंगा में नहाते हैं॥ १॥
वहाँ अनुभव वाणी आते हैं, वो सत्यविवेक झुलाते हैं॥ २॥
मन वांछित आनन्द पाते हैं, वो सत्य स्वरूप लखाते हैं॥ ३॥
वो जीवन मुक्त पठाते हैं, फिर जन्म मरण नहीं आते हैं॥ ४॥
वो पारब्रह्म मिल जाते हैं, श्री दीप हरि मन आते हैं॥ ५॥
स्वामी शिवानन्द गुण गाते हैं, फिर आनदेव नहीं ध्याते हैं॥ ६॥

यह भजन सुनकर वे महात्माजी अपने भक्तों सहित श्री स्वामी शिवानन्दजी के चरणों में शीश झुकाकर कहने लगे, "आप महान् एवम् सिद्ध पुरुष हैं। आप जैसे ज्ञानी-महात्मा के दर्शन हमें पूर्व में कभी नहीं किये थे। हमें तो जो गुरु मिले हैं उन्होंने हमें तो लौकिक उपासना का ही ज्ञान दिया है। अत: हम अभी तक सच्चे ज्ञान से अनभिज्ञ ही थे। आप समय-समय पर हमें दर्शन देकर अमृत वाणी द्वारा सत्संग रूपी ज्ञान गंगा में नहाने का शुभ अवसर देते रहें। यह हमारी आपसे नम्र प्रार्थना है।" ऐसा कहकर महात्माजी ने अपने भक्त गणों के साथ वहाँ से प्रस्थान किया।