Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

श्री महाप्रभुजी का खाटू आगमन

राजस्थान के नागौर जिले में खाटू एक बड़ा ठिकाना है। वहाँ के निवासी श्री देव-डूँगरी संन्यास आश्रम आकर श्री महाप्रभुजी के पावन दर्शन कर उनके सत्संग का लाभ उठाया करते थे। धीरे-धीरे ग्रामवासियों के मन में यह इच्छा प्रबल रूप से जागृत हुई कि इस महान्‌ ईश्वरीय विभूति को अपने ग्राम ले जाया जावे, ताकि सभी ग्रामवासी स्त्री-पुरुष-बालक उनके दर्शन कर लाभान्वित हो सकें। पर उनके मन में भय था कि हम गरीब जनता की प्रार्थना क्या वे स्वीकार करेंगे? एक दिन खाटू से आई भक्त मंडली के एक भक्त ने साहस कर हाथ जोड़कर प्रार्थना की, "हे प्रभु, हम सब खाटू निवासी आपके चरणों की शरण लेकर अपना जीवन सफल बनाना चाहते हैं। हम गरीबों का वहाँ पधार कर कल्याण करें।" इस पर श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराकर कहा, "हम तो गुरुदेव के नाम में दीवाने रहते हैं। हमारे लिए राजा-रंक, अमीर-गरीब सब एक समान हैं, मात्र मानव हैं।" फिर श्री महाप्रभुजी ने एक भजन सुमधुर वाणी में सुनाया

भजन
दीवाना सतगुरु नाम का मस्ताना हेली।
बे-परवाह फकीर॥ टेर॥
गगन ओपमा गहरा कहिये, ज्यौं धरनी ज्यूं धीर।
अमृत जैसा मीठा कहिये, शीतल सागर नीर॥ १॥
जात-पाँत की शंका न माने, समान पत्थर हीर।
तीन लोक की इच्छा नाहीं, नाहीं सुख बिना शरीर॥ २॥
नहीं किसी की शंका माने, क्या राजा रंक वजीर।
भूख-प्यास परवाह नहीं, राखै परबत ज्यौं गहर गंभीर॥ ३॥
जीवत ही मुरदा सम रे वै, नहिं सिद्ध नहिं पीर।
स्वामी दीप अवधूत अवलिया, महावीरन का है वीर॥ ४॥

श्री महाप्रभुजी की यह अमृत वाणी सुनकर सभी सज्जन अति हर्षित हुए और कहने लगे कि "श्री महाप्रभुजी तो पूर्ण निष्कामी परमात्मा हैं। अपने भक्तों को कभी निराश नहीं करते।" उसी दिन चैत्र सुदी पूर्णिमा का शुभ दिन श्री महाप्रभुजी के खाटू पधारने का निश्चय कर लिया गया।

पूर्णिमा के दिन बड़े सवेरे से ही श्री महाप्रभुजी के शुभागमन की तैयारियों में सारा गाँव जुट गया। ग्रामवासियों का एक बड़ा दल सुन्दर पोशाकें पहन भजन-कीर्तन करते हुए श्री महाप्रभुजी के स्वागत के लिए श्री देवडूँगरी आश्रम में श्री महाप्रभुजी के दरबार में उपस्थित हुआ। सभी ने हाथ जोड़कर साष्टांग प्रणाम किया। सभी ने श्री महाप्रभुजी को अनेक प्रकार की पुष्पों की मालाएं पहनायीं। उस समय साथ ही विभिन्न प्रकार के बाजों से तुमुल ध्वनि हो रही थी। बाजों की ध्वनि मे कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा था। ऐसा प्रतीत हो रहा था, जैसे इन्द्रलोक की देवसेना पृथ्वी पर उतर आयी हो। समस्त नर-नारियों के चेहरों पर अनोखी मुस्कराहट थी। उसी समय भक्त -भव-भंजन भगवान्‌ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी ऐसे शोभायमान हो रहे थे जैसे आसमान में तारों के बीच पूर्णिमा का चन्द्रमा।

सुसज्जित रथ में भगवान्‌ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी विराजमान हुए। चारों ओर से हर्षोल्लास के साथ जय-जयकार की ध्वनि से वातावरण गूँज उठा। "भगवान्‌ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी की जय।" सत्यधर्म की जय, सदगुरुदेव की जय, श्री देवपुरीजी महाराज की जय, इस प्रकार की जय-जयकार से आसमान गूँज उठा।

श्री महाप्रभुजी का रथ धीरे-धीरे जुलूस के साथ रवाना हुआ। श्री महाप्रभुजी के रथ के पीछे सभी भक्त गण आगन्तुक मण्डल तथा समस्त नर-नारियां भजन-कीर्तन करते हुए, साज-बाज बजाते हुए बड़े प्रसन्नतापूर्वक मन्द गति से पैदल चल रहे थे। इस समय की शोभा का वर्णन मेरी इस लेखनी द्वारा अवर्णनीय है।

उस समय श्री स्वामी शिवानन्दजी महाराज का यह भजन गाया गया।

भजन
श्री धरम सनातन पालन कारण, गुरु नारायण आये हैं।
सतलोक से आप पधारे हैं, सुरती का ज्ञान उचारे हैं।
प्रतिबोध दिये निज चेतन का, जब भरम अज्ञान निवारा है॥ १॥
निजी रूप दिखायो अपनाई, सब सपना यह संसारा है।
कुकर्म का बन्धन तोड़ दिया, हो शुद्ध स्वरूप हमारा है॥ २॥
भव सिन्धु से पार उतार दिया, महाकष्ट जगत से तार दिया।
हम तन-मन वहाँ पर वार दिया, सब काज हमारा सारा है॥ ३॥
नर तन धार सनातन यही, गुरु ईश्वर गुण गाना है।
श्री जगद्गुरु संन्यासी स्वामी, श्री दीप दयाल हमारा है॥ ४॥
शिवानन्दपुरी करे प्रणामा, नाव निजानन्द जाना है।
परब्रह्म सभा कर सेहजाई, गुरुदेव हरि दीदारा है॥ ५॥

इस भजन के अलावा भी कई भजन गाते हुए बड़ी धूमधाम के जुलूस सहित श्री महाप्रभुजी, नगर बड़ी खाटू पहुँचे। प्रत्येक समाज के लोगों ने कलशों से श्री महाप्रभुजी का अभिषेक कर मंगलाचरण किया। अनेक स्थानों पर श्री महाप्रभुजी की आरती उतारी गयी।

आरती
ॐप्रभु दीप स्वामी, अन्तर्यामी शुद्ध चेतन आत्मा।
प्रभु ज्ञानदाता भ्रम हरता, ब्रह्म रूपी महात्मा॥ टेर॥
प्रभु तत्ववेता, ज्ञानदाता, द्वैत हरता महात्मा।
सत्संग के इस रंग को, जाने न जीव दुरात्मा॥ १॥
प्रभु परम त्यागी, मोक्ष भागी, नित्य निर्गुण महात्मा।
प्रभु भाव राखै, ज्ञान भाखै, अगम हो परमात्मा॥ २॥
सत चरण में, शुभ शरण में, रहता है जीव पुण्यात्मा।
पूर्व पाप के प्रताप से, आवे नहीं पापी आत्मा॥ ३॥
प्रभु दीप सबघट गुप्त प्रकट, तिहूं लोक में विख्यात्मा।
प्रभु अरज बंकटलाल की, अज्ञानता का करो खात्मा॥ ४॥

भजन (पद राग मारवाड़ी डंका श्याम)
प्यारो घणो लागे माने देश मरुधर।
लिया अवतार स्वामी सदगुरु हर॥ टेर॥
श्री पूज्य माता-पिता कुल धन्य हो,
धन्य भूमि धन्य वो नगर।
स्वर्ग स्थान से महिमा अधिक है,
मंगलाचरण घर-घर॥१॥
देवी देव ब्रह्मा वांने बंछे।
विष्णु इन्द्र हरि हर।
अनंत कोटि ऋषि-मुनि अवतारा।
हिन्द देश है सब में जबर॥ २॥
श्री सदगुरु स्वामी दीपनारायण,
खाटू नगर है सदर।
बंकटलाल बजाज की विनती,
चरण-शरण में नजर॥ ३॥

भजन (पद राग बृज रसिया बधावा)
धन्य बाँकी मात-पिता देव धन्य हो।
धन्य उण कुल में सन्त अवतारा॥टेर॥
धन्य बाँको देश, धन्य पुर ग्रामा है।
धन्य वाँका भ्रात, मित्र वाँका धन्य है॥ १॥
धन्य वाँकी महिमा, धन्य वाँकी सेवा है।
धन्य वाँकी नीति, प्रेम वाँका धन्य है॥ २॥
धन्य वाँको जोग, जुगत वाँकी धन्य है।
धन्य वाँको नाम, धन्य वाँकी महिमा है॥ ३॥
धन्य वाँ रा दर्शन, धन्य वाँकी कृपा है।
धन्य वाँका सदगुरु, धन्य वाँका शिष्य है॥ ४॥
सद्गुरु सायब श्री देवपुरीजी।
श्री स्वामी दीप चरणचित धारा है॥ ५॥

हम भी बड़े भाग्यशाली हैं। हमारी जन्म-भूमि धन्य है। तभी तो ऐसे महान् सद्गुरु देव के दर्शन व सत्संग का लाभ हमें भी मिला है। सम्पूर्ण गाँव में अनोखा आनन्द छाया हुआ था। प्रत्येक घर में श्री महाप्रभुजी के मंगलाचरण का गुण-गान हो रहा था। इन्हीं दिनों खाटू में प्रत्येक घर में आनन्द वर्षा होती रही।

इसके पश्चात्‌परमकृपानाथ ने श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम हेतु प्रस्थान किया। ग्राम के सभी नर-नारी तथा सेठ-साहूकार श्री महाप्रभुजी को पहुँचाने के लिए श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम तक गये। इन समस्त लोगों की आश्रम से वापस घर जाने की इच्छा नहीं हो रही थी। श्री महाप्रभुजी के दर्शन तथा अमृत सम सत्संग उनके मन का हरण कर चुके थे।

ऐसे अवसर पर श्री महाप्रभुजी ने समस्त भक्त गणों को अपने-अपने घर जाने की आज्ञा दी और कहा, "आप अकेले नहीं हो, मैं सदैव आपके साथ हूँ।" श्री गुरुदेव के इन आत्मीयता भरे शब्दों को सुनकर भक्त गण भाव-विह्वल हो गये। सभी की आँखों से प्रेम की अश्रुधारा बहने लगी। उनका चित्त श्री महाप्रभुजी के चरण कमलों में ही लगा रहा। सभी भक्त गण श्री महाप्रभुजी को प्रणाम कर उनकी महिमा का गुणगान करते हुए अपने-अपने घरों को लौट गये। गाँव में पहुँचने पर उन्हें अहसास होने लगा कि पूरा गाँव श्री महाप्रभुजी के बिना सूना-सूना हो गया।

उसी दिन से ही नित्यप्रति वे लोग श्री महाप्रभुजी के दर्शन हेतु श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम में जाने लगे। एक दिन एक भक्त ने भाव-विभोर होकर श्री महाप्रभुजी को यह दोहा सुनाया—

सतगुरु सम दाता नहीं, सब जग माँगनहार।
क्या राजा क्या बादशाह, सभी खड़ा रहे द्वार॥

अर्थात् "हे महाप्रभुजी! राजा हो या बादशाह, अमीर हो अथवा गरीब चाहेकोई भी क्यों न हो? यदि किसी ने आत्मशान्ति प्राप्त की है तो वह केवल सदगुरुकृपा का ही फल है। वरना वास्तविक शान्ति तो अत्यन्त दुर्लभ है।"

तब गुरुदेव कहने लगे, "भाई, वही सच्चा पुरुष है जिसने भक्ति योग, आत्मज्ञान तथा भक्ति की मर्यादा को जाना है। दूसरे का आकार मनुष्य का ही होता है, परन्तु यदि उसमें मनुष्यत्व के गुण नहीं हैं तो वह पशु के समान ही होगा।" इस संदर्भ में श्री महाप्रभुजी ने यह भजन सुनाया—

भजन (राग पारवा)
गुरुभक्त जगत में नर है, उसको किसका डर है।
दूजा पशु समान खर है॥ टेर॥
गुरुभक्त थे रोहित तारा, हरिश्चन्द्र राजा अधिकारा।
ज्याँरा हो गया नाम अमर है, गुरु सेवा में मोरध्वज राजा,
त्याग दीनी सब जग की लाजा, मनधारी की खबर जबर है॥ २॥
ध्रुव बालक गुरु आज्ञाकारी,
उनकी धाम अचल कर डारी, उन किया काल को सर है॥ ३॥
गुरु भक्त थे जनक विदेही,
श्रीकृष्ण और रामचन्द्रजी, वे बन गये आप ईश्वर है॥ ४॥
ब्रह्मा विष्णुमहेश्वर देवा, यह सब करें सतगुरु की सेवा,
यह सब सतगुरु के चाकर हैं॥ ५॥
स्वामी दीप सदा समझावै,
गुरुभक्ति बिना जीवन दु:ख पावै, गुरु कर दे अजर अमर है॥६॥
वेदों में लिखा है— (ऋगवेद-१-५९/७)

वैश्वानरो महिम्ना विश्वकृष्टिर्भरद्वाजेषु यजतो विभावा
शातवनेये शतिनीभिरग्नि: पुरुणीथे जरते सूनृतावान् ॥

जो विश्व का संचालक ईश्वर है, वही सर्वप्राणियों के हृदय में विद्यमान है। परन्तु मनुष्य ही उसको अपने हृदय में अनुभव कर सकता है। अत: मनुष्य मात्र को उचित है कि वह परमात्मा को अपने मन में जानकर उसकी भक्ति को, अपने अन्त:करण में स्थिर रखें। अत: हे राजन्! उस परमात्मा को अपनी अन्तर्रात्मा से जाने बिना कोई मनुष्य मुक्ति को प्राप्त नहीं कर सकता है।"

पठन्ति चतुरो वेदान् धर्म शास्त्रादि अनेकश:।
आत्मानं नैव जानाति द्विपाकं रसं यथा॥

अर्थात् चार वेद तथा अनेक धर्मशास्त्रों का ज्ञाता होकर भी आत्मा को नहीं जानता है, तो वह उन शास्त्रों के सार तत्वों को भी नहीं जानता। जैसे हलुवे में खुरपा चलते रहने के बावजूद भी खुरपा, हलुवे के स्वाद को नहीं जानता है।

अत: सदगुरुदेव ही सामर्थ्यवान है, जो अपना दिव्य प्रकाश अपने शिष्य के अन्त:करण में उतार कर उसमें जागृति पैदा कर सकता है। तभी आत्मा-परमात्मा की सच्ची अनुभूति होती है। इसी संदर्भ में किसी सन्त ने ठीक ही कहा है—

सदगुरु समदाता नहीं, याचक शिष्य समान।
तीन लोक की सम्पदा गुरु देते पल में दान।

अत: सदगुरु ही सामर्थ्यवान है जो पलक भर में ही अपने श्रद्धालु शिष्य को निहाल कर सकता है।

इस प्रकार श्री महाप्रभुजी के सान्निध्य में प्राय: हमेशा ही सत्संग का अमूल्य अमृतानन्द बरसता ही रहता था। श्री महाप्रभुजी वेदश्रुति और स्मृति को विविध प्रकार से आत्मा के स्वरूप को अपने अनुभव के द्वारा दृष्टांत देकर ऐसी सरल भाषा में समझाते थे कि उसे सुनने वाले धन्य हो जाते थे। वे सदैव के लिए आपके सत्संग में उपस्थित होना चाहते थे।