एक गाँव में एक भक्त ठाकुर रहते थे। ठाकुर साहब की विशेषता थी कि वे दोनों ही हाथों से दिन भर तेज गति से माला को घुमाते थे। एक दिन मैं उस गाँव में पहुँचा। वहाँ ठाकुर साहब के घर गया। ठाकुर साहब ने प्रणाम किया और बैठने हेतु आसन लगाया। ठाकुर साहब ने भोजन करने हेतु विनती की, तो मैंने कहा भोजन किया हुआ है, भोजन के लिए कष्ट न करें। तब मुझे किसी ग्रामीण ने बताया कि स्वामी जी आपने भोजन के लिए मना करके बहुत बड़ी गलती की। मैंने कहा कैसे? तो बताया गया कि ठाकुर साहब महाकंजूस व्यक्ति हैं। यह ठकुरानी को प्रतिदिन तौलकर २५० ग्राम आटा देते हैं। जिससे ठकुरानी पेट भरकर भोजन भी नहीं कर पाती। यदि आप भोजन करते तो आपके सहारे ठकुरानी को भी पेट भर कर खाने को मिलता। मैंने कहा कि मैंने तो भोजन के लिए मना कर दिया अब तो कह नहीं सकता। कुछ समय पश्चात् उसी गाँव की एक चौधराणी आई और प्रणाम करके २ रु. भेंट चढ़ाई। यह देखकर ठाकुर साहब बहुत क्रोधित हुए और चौधराणी को डाँटा। कहाँ से आ मरी है मुझे तो डुबो दिया। तूने स्वामी जी को दो रु. भेट किये हैं अब मुझे तो पाँच रु. भेंट करने पड़ेगें, गाँव का ठाकुर जो ठहरा, नहीं तो मैं स्वामी जी को (ऐसे ही) बिना भेंट ही सीख दे देता। मुझे यह देखकर बड़ी हँसी आई। जब मैं रवाना होने लगा तो ठकुरानी दर्शन करने बाहर आई। बहुत ही फटे-पुराने कपड़ों में बड़ी मुश्किल से अपने तन को ढके हुए थी, आकर प्रणाम किया और कहा स्वामी जी फिर पधार कर दर्शन देना। यदि आस-पास के गाँव में भी पधारें तो समाचार करना ताकि आपके दर्शन करने आ सकूं। मैंने आशीर्वाद दिया और वहाँ से प्रस्थान किया।
शिष्य · सभी अध्याय