गुरु पूर्णिमा को श्रीदेवडूँगरी संन्यास आश्रम में सत्संग हो रहा था। इस सत्संग में एक अच्छे गायक पण्डितराज भी उपस्थित थे। उनकी मधुर वाणी से गाये गये भजन सभी भक्तों को बहुत पसंद आये। समस्त भक्तों ने उन पण्डितजी को एक दिन और रुकने का आग्रह किया और भजन सुनाने के लिए निवेदन किया।
इस पर पण्डितजी कहने लगे कि, "मेरा समय बहुत कीमती है। मेरे एक भजन पर पलक झपकते ही सैकड़ों रुपयों की आमदनी होती है। मेरे पास समय ही कहाँ है? मैं तो केवल एक ही दिन के लिए श्री महाप्रभुजी की सेवा में हाजिर हुआ हूँ। अत: मैं अब ज्यादा नहीं रुक सकता।"
पण्डित की यह गर्वपूर्ण बात सुनकर श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा, "हे पण्डित राज! यह तो सब भक्तों का विनयपूर्वक निवेदन है, आत्मा की आवाज है, जिसका निरादार करना भूल होती है। परमात्मा इससे प्रसन्न नहीं होते।" यह सुनकर भी पण्डित इस पर ध्यान न देते हुए वहाँ से प्रस्थान कर गये। तभी सभी भक्तों ने अनायास ही विनय किया कि, "हे महाप्रभुजी! इस पण्डितराज के सुरीले कण्ठ से भजन सुनने की लालसा हमारे मन में ही रह जायेगी।"
अपने भक्त जनों को श्री महाप्रभुजी ने आश्वासन देते हुए कहा, "आप लोगों की इच्छा आज ही अवश्य पूरी होगी। गुरुदेव के दरबार में सभी भक्तों की इच्छा पूरी होती है। वह पण्डित कहीं नहीं जा पायेगा। वह पुन: लौटेगा, आपको भजन सुनायेगा। आप लोग जब तक तृप्ति अनुभव नहीं करेंगे, तब तक वह नहीं जा पायेगा।"
गायक पण्डित बाहर आते ही भटक गया, वह आश्रम के चारों ओर चक्कर काटता रहा। पण्डित के साथ उसका पुत्र भी था। दोनों ही व्यक्ति बहुत जल्दी-जल्दी कदम उठाते हुए आश्रम के चारों ओर चक्कर लगा रहे थे।
श्री महाप्रभुजी ने अपने भक्तों को दोनों पिता-पुत्र को आश्रम के चक्कर लगाते हुए दिखाते हुए कहा कि "आप लोग इन्हें मत बतलाना। इन दोनों के मन में चलने की इच्छा थी वह पूरी हो रही है। शाम को वे दोनों पुन: आश्रम में आ जायेंगे।"
दोनों व्यक्ति दिनभर आश्रम के चारों ओर चक्कर काटते हुए आपस में यह वार्तालाप कर रहे थे कि वे आश्रम से बहुत दूर आ गये होंगे। मार्ग में बहुत दूर के गाँवों को पार कर लिया। रास्ते में भयंकर जंगल भी आया, फिर भी हम नहीं रुके। हमने आश्रम में बहुत सारा भोजन किया था, भर पेट हलुवा खाया था, अत: अभी तक भूख नहीं लगी। अब तो अपना घर भी नजदीक आ गया। लो हम थोड़ी देर यहाँ विश्राम कर लेते हैं। ऐसा कहते हुए वे लोग वहीं पर बैठ गये। तब उन्हें अचानक यह भान हुआ कि हम अभी आश्रम के पास ही हैं। उन्हें आश्चर्य होता है कि वे आश्रम के बाहर ही बैठे हुए थे। ऐसी परिस्थिति में पुत्र ने पिता से कहा, "पिताजी, आप गुरुदेव की महिमा को नहीं जानते हैं। वे साक्षात् भगवान् हैं। आपने उनकी आज्ञा का पालन नहीं किया, इसीलिए हमें यह परिणाम भुगतना पड़ा।" पुत्र की इस बात पर पिता ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा, "यह बात सच है कि हम आश्रम के ही चारों ओर चक्कर लगाते रहे, परन्तु रास्ते में आये जंगलों, पहाड़ों एवं गाँवों का रहस्य क्या था? वे सब कहाँ चले गये? हम दिन भर चलते रहे और परिणाम कुछ नहीं मिला। ऐसा कहते हुए दोनों पिता व पुत्र आश्रम में पहुँचे। पहुँचकर दोनों ने श्री महाप्रभुजी के चरणों में दण्डवत् प्रणाम किया और विनम्र शब्दों में कहने लगे, "हे प्रभु! हमने आपको पहचानने में भूल की। हमने तो अपनी कला की मदहोशी में आपको भी साधारण पुरुष ही समझा। आज आपने अपनी अद्भुत लीला द्वारा हमारी आँखें खोल दीं। अब आप अपने चरणों में हमें जगह दें। हम जन्मभर आपके भजन गाते रहेंगे।"
कृपानिधान करुणासागर श्री महाप्रभुजी ने उनको क्षमा प्रदान करते हुए उनके सिर पर वरद हस्तकमल रखकर कहा कि, "अब कभी भी महात्माओं की कोई आज्ञा भंग मत करना। मैं तुम्हें इच्छित वरदान देता हूँ।" उस रोज आश्रम में और भी अनूठा आनन्द आया। एक भजन श्री महाप्रभुजी ने भी अपने सुमधुर शब्दों में गाया। इस भजन को सुनकर पण्डित व बेटा दोनों बहुत प्रभावित हुए।
भजन (राग पारवा)
क्या करते हो गाना बजाना।
बिना कृपा सदगुरु सायब की, भटक-भटक मर जाना॥टेर॥
नाटक चाटक लटका चटका करते हो ताना माना।
अभिमानी आपै में उलज्या, महामूर्ख अज्ञाना॥१॥
ऊंचे स्वर से आलाप बनावे, डाल उंगूली काना।
भूल भरम सिर देवे धधुणियो, मगरुरी में बन्या दीवाना॥२॥
ढोलक-दुकड़ा, पेटी बाजा खंजरी और वीणा।
सारंगी सितार बजावे, साज बाज कर जीना॥३॥
व्यापक ब्रह्म सभी बतलावे, नहीं लाभ नहीं हाना।
सत वचन पर चले सूरमां ज्यां को मिले परवाना॥४॥
सदगुरु सायब देवपुरीजी, अलख फकीर दीवाना।
श्री स्वामी दीप सतगुरु का बाचा, देखो अगम ठिकाना॥५॥
उसी दिन श्री महाप्रभुजी ने गुरु पूर्णिमा के पुनीत पर्व पर एक ही समय पर जगह-जगह (लगभग पच्चीस गाँवों में) अपने भक्तों को दर्शन देकर कृतार्थ किया। कुछ समय तक श्रीमहाप्रभुजी आबू पर्वत पर गुरु शिखर पर विराजमान रहे। लेखक भी साथ था।