एक दिन बड़े सवेरे श्री महाप्रभुजी अपने भक्त गणों को साथ लेकर अचलनाथ (अचलगढ़) महादेव के दर्शनार्थ गुरु शिखर से रवाना हुए। वे अपने भक्तों के साथ भयंकर (दुर्गम) पहाड़ों एवं घनघोर जंगलों की ओर रवाना हुए। रास्ते में कई हिंसक जानवर भी आये। जंगली भालुओं को देखकर भक्त गण भयभीत होने लगे। तब श्री महाप्रभुजी ने उन्हें धीरज बंधाते हुए निडर होकर चलने के लिए कहा। आगे जाकर श्री महाप्रभुजी गहन जंगल में रुके तथा कहा, "आप लोग निर्भय होकर सामने पेड़ के नीचे आराम कीजिये। मैं यहीं पर आसन लगा कर कुछ समय तक ध्यान लीन रहूंगा। कोई भी हिंसक प्राणी आवे तो डरना मत।"
ऐसा कहकर श्री महाप्रभुजी एक अशोक वृक्ष के नीचे बैठ गये। अन्य भक्त गण भी उनकी आज्ञानुसार दूर सामने के वृक्ष के नीचे बैठ गये। थोड़ी देर बाद एक केसरी शेर की अति भयंकर दहाड़ सुनाई पड़ी। यह दहाड़ सुनकर भक्त गणों के होश उड़ने लगे। कई भक्त भयभीत होकर पेड़ पर चढ़ गये। इतने में नौहत्था, अति भयंकर, एक केसरी शेर वहाँ आया। उसने श्री महाप्रभुजी को ध्यान मग्न अवस्था में बैठे देखा। वह शेर उनके पास आकर ठिठक गया। उस शेर ने श्री महाप्रभुजी के समक्ष सिर झुकाया, फिर सात बार नमन करने के पश्चात् उसने सात परिक्रमा लगाई तथा वह चुपचाप वहाँ से चला गया।
यह सब लीला देखकर भक्त गण आश्चर्य करने लगे। थोड़ी देर पश्चात् श्री महाप्रभुजी ने आँखें खोलकर मुस्कराते हुए पूछा, "आप लोग डर क्यों गये? मैंने तुम्हें कहा था कि मैं तुम्हारे साथ हूँ, अत: तुम्हें डरने की आवश्यकता नहीं है। जिस व्यक्ति पर गुरु कृपा हो उसका कोई भी प्राणी कुछ भी नहीं बिगाड़ सकता है।"