श्री महाप्रभुजी के सत्संग से अतिप्रभावित बड़ी खाटू निवासियों ने उनसे चातुर्मास उनके यहाँ बड़ी खाटू में करने की विनती की।
तब श्री महाप्रभुजी ने उन्हें समझाया कि "भगवान् तो भक्तों के वश में होते हैं। आप सभी की यही इच्छा है कि मैं इस वर्ष चातुर्मास यहीं करूं, आपकी इच्छा अवश्य पूरी हो जाएगी। परन्तु एक बात का ध्यान रखना कि साधु लोग किसी गृहस्थ के घर पर नहीं ठहरते हैं, अत: गाँव के बाहर एकान्त व शान्त जगह पर जहाँ आप उचित समझें वहीं पर चातुर्मास करूंगा।" श्री गुरुदेव के इन वचनों को सुनकर भक्तों ने कहा, "गुरुदेव, हमारे गाँव में पश्चिम की ओर पहाड़ के नीचे कुछ मकानादि हैं। वहाँ पर आप विराजने की कृपा कीजिये। वहाँ पर कुछ कमी होगी तो आपकी आज्ञानुसार उसे भी अवश्य ही पूरा करने का प्रयत्न करेंगे।"
इतने में धनिक सेठ श्री वेंकटलाल बजाज कहने लगे, "श्री महाप्रभुजी के विराजने के लिए मैं अपनी ओर से एक कमरा बना दूंगा। इतनी सी सेवा का अवसर मुझे भी प्रदान कीजिये।"
इन सब भक्त गणों के पवित्र आग्रह पर उन्होंने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी। श्री महाप्रभुजी अपने भक्तों की इस पवित्र भावना से बहुत प्रसन्न हुए। श्री महाप्रभुजी ने अपने भक्त गणों से कहा, "मैं अवश्य ही निश्चित समय पर आऊंगा।"
यह आज्ञा सुनकर सभी भक्त गण अति प्रसन्न हुए। वे सब श्रीगुरुदेव की जय-जयकार करते हुए प्रणाम करके, चरण रज को मस्तक पर लगाकर वापस अपने-अपने घर चले गये।
बड़ी खाटू ग्रामवासियों ने चातुर्मास के लिए उचित प्रबन्ध किया। उन्होंने खाटू से पश्चिमी ढलान की ओर श्री दीपनारायण भगवान् की बगीची की स्थापना की एवं सेठ श्री वेंकटलाल जी बजाज ने श्रीमहाप्रभुजी के विराजने के लिए एक सुन्दर कमरा बनवाया।
आषाढ़ सुदी एकादशी को प्रात:काल ही ग्राम के गणमान्य निवासियों ने श्री महाप्रभुजी को एक सुसज्जित रथ में विराजमान करके बड़ी धूमधाम के साथ एक जुलूस की तरह गाँव बड़ी खाटू में ले आये। आपके शुभागमन पर अनेक नर-नारियों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्री महाप्रभुजी ने यहाँ पधार सत्संग का शुभारम्भ किया।
श्री गुरुदेव के व्याख्यान से सत्संग में अलौकिक ज्ञानामृत बरसता था। सभी भक्त गण ब्रह्मानन्द में चिंतामुक्त होकर मग्न हो जाया करते थे। आज भी कई लोगों को ऐसा कहते देखा है कि उस सत्संग जैसा परम आनन्द किसी महात्मा के पास या किसी और सतसंग में प्राप्त नहीं हुआ। श्री महाप्रभुजी की असीम कृपा व सान्निध्य का लाभ उठाने हजारों भक्त गण वहाँ प्रतिदिन सत्संग में आया करते थे।
इस प्रकार श्री महाप्रभुजी रोज वहाँ नित्य नवीन आनन्द की वृष्टि करते रहे। वे वेद, उपनिषद, श्रुति, स्मृति, गीता, रामायण, महाभारत, वेदान्त आदि के सूक्ष्मभावों को किसी सुन्दर अभिव्यक्ति द्वारा दृष्टान्त देकर बड़ी सरल भाषा में समस्त भक्त -गणों को समझाते थे। श्री गुरुदेव की सेवा में सन्त, महात्मा, शिष्य लोग तथा बाहर के गृहस्थ भक्त लोग आदि भी रहते थे। प्रतिदिन सैकड़ों लोगों के लिए विविध प्रकार के भोज्य व्यंजन आदि वहीं पर बनते थे। यह चार महीने (चातुर्मास) ज्ञानामृत की वर्षा तथा आनन्दमय वातावरण के साथ अति प्रसन्नतापूर्वक व्यतीत हो गये।
चातुर्मास की समाप्ति पर कार्तिक पूर्णिमा के दिन अत्यन्त विशाल मेले तथा सत्संग का आयोजन हुआ। इस मेले में हजारों स्त्री-पुरुषों के साथ-साथ बहुत से विदेशी भक्त भी उपस्थित हुए थे।
खाटू राज्य की जनता की श्री महाप्रभुजी की भक्ति में अटूट श्रद्धा व उत्साह इसी से मालूम होती है, जब ग्रामवासियों ने एकत्रित हो भूमि का एक बहुत बड़ा भाग महाप्रभुजी को भेंट करना चाहा, पर श्री महाप्रभुजी ने उसे यह कहकर अस्वीकार कर दिया कि जहाँ मठ मंदिर में जमीन या किसी प्रकार की माया है वहीं अनर्थ खड़े होते हैं।
भारत में शायद ही ऐसा कोई कोर्ट होगा कि मायापति मठ मन्दिर के गुरु-चेलों के केस नहीं चलता हो, जमीन जायदाद के झगड़े होते ही रहते हैं। मेरे पास बहुत से लोग अपनी जीत होने का आशीर्वाद लेने आते हैं। तब मैं उनको कहता हूँ कि अपने भाग्य का भरोसा रखो, जो तेरे कर्म में लिखा है, वह मिल ही जाएगा। फिर क्यों दुख पाते हो। त्याग में परम सुख है, त्याग का मतलब घर छोड़कर भागना नहीं सिर्फ मिथ्या, कल्पना, तृष्णा को त्यागो, सन्तोष रखो, हरि स्मरण करो। आनन्द से जीवन जीओ। यह जीवन बड़ा अमूल्य है, इस वृथा खटपट में जीवन मत खोइये। तुम घर-बार छोड़ महन्त बने हो, फिर क्यों वकीलों के घर भरते हो।
यह धन संपदा किसी के साथ नहीं गई। साथ में सिर्फ हरि भजन ही चलेगा। इस प्रकार मेरे बार-बार कहने पर भी मेरी बात का ध्यान न देकर मिथ्या तृष्णा में जलते रहते हैं। इस माया का चक्कर ही ऐसा है। ज्यादा क्या कहूँ। ग्रहण ही दुख का कारण, त्याग ही सुख का कारण है।
कोई किसी का नाहीं, साँच पकड़ भज सांईं।
दुनिया के जगडंड में, फंस गए जीव अनन्त।
समझाया समझे नहीं, क्या करे सब सन्त॥
ब्राह्मण होय भरम में भटके, मूरख हो गए महन्त।
स्वामी दीप चुपचाप रहो, कहने में नहीं तंत॥
बड़ी खाटू के गढ़ में दो जंगली सुअर बली चढ़ाने हेतु रखे थे उन्हें भी पुष्कर राज के तीर्थ स्थान पर छोड़कर आजाद कर दिया गया था।
इस प्रकार देखते ही देखते हर्षोल्लास के साथ समय व्यतीत होता रहा। एक दिन एक भक्त गण ने सत्संग में कहा कि "सज्जनों मुझे श्री महाप्रभुजी की परम कृपा तथा आशीर्वाद द्वारा ऐसा आभास हो रहा है कि आज से ठीक एक वर्ष पश्चात् मेरे इस शरीर रूपी पिंजड़े से प्राण पंछी उड़ जायेगा। मैं अत्यन्त प्रसन्न हूँ। गुरुदेव ने मुझे इस भवसागर से तार दिया है। मैं इस जन्म में साक्षात् परब्रह्म गुरुदेव के दर्शन करके अपनी लौकिक व पारलौकिक इच्छाओं को पूर्ण मानता हूँ। श्री महाप्रभुजी से मेरी यही प्रार्थना है कि इसी प्रकार जन्म-जन्म दर्शन देकर मुझे कृतार्थ करें।"
श्री महाप्रभुजी की सेवा में उस समय मैं स्वयं (लेखक) भी उपस्थित था। दो माह तक वहाँ पर बहुत उत्तम सत्संग चलता रहा। श्री भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी ने भक्त गण को विविध प्रकार के ज्ञानोपदेश सुनाये थे। अपना शरीर त्यागने से ठीक एक दिन पूर्व भक्त गण ने गाँव की जनता, सत्संगी बन्धुओं तथा समस्त कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा, "सज्जनों, आप सभी ने मुझे बहुत सहयोग दिया है। आपके इस सहयोग व गुरुदेव के आशीर्वाद के कारण ही मुझे इस जिन्दगी के सफर में सफलता मिलती रही है। अब मेरी मंजिल आ गयी है। न चाहते हुए भी मुझे आपसे विदाई लेनी पड़ रही है। कल प्रात: ब्रह्म मुहूर्त में ठीक चार बजे श्री गुरुदेव के निर्गुण ब्रह्म स्वरूप में मैं ब्रह्मलीन हो जाऊंगा। आप सभी से मेरा निवेदन है कि मेरे द्वारा कभी कोई त्रुटि हो गयी हो तो मुझे क्षमा करें।" ऐसा कहते हुए उन्होंने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। उनकी आँखें छलक आयी थीं। इनके साथ ही हजारों आँखें छलक गयीं। शोकाकुल वातावरण में भी उस रात में बहुत विशाल सत्संग का आयोजन रखा गया। भजन-कीर्तन पूरी रात भर चलते रहे।