श्री महाप्रभुजी बड़ी खाटू की बगीची में विराजमान थे और उस समय उपनिषदों की कथा कर कर रहे थे। सत्संग में हजारों भक्त गण श्री महाप्रभुजी से ज्ञानामृत का पान करने के लिए आते थे। गुरुदेव के अनमोल वचनों व धार्मिक प्रवचनों को सुनकर भक्त लोग आनन्द विभोर हो जाते थे। गुरुदेव की सेवा में बहुत से महात्मा भक्त तथा अन्य शिष्य भी उपस्थित रहते थे। इन भक्तों में एक साधारण-सा भक्त बालजी हेड़ा भी था। वह बहुत निर्धन था तथा धनवान बनने की इच्छा से महाप्रभुजी की सेवा में तत्पर रहता था। वह प्रतिदिन आश्रम की सफाई व जूठे बर्तन साफ किया करता था। वह रात दिन श्री महाप्रभुजी के पलंग के नीचे पड़ा रहता था।
एक दिन श्री महाप्रभुजी ने बालजी से पूछा, "बालजी तुम्हारी इच्छा क्या है?" "अन्तर्यामी आप स्वयं जानते हो।" तब ऐसा लगा कि वह धनवान बनने की चाह के कारण रात-दिन यहाँ पड़ा रहता है। गुरुदेव की इच्छा के अनुसार ही बालजी हेड़ा ने उत्तर देते हुए कहा, "हे प्रभु! आप तो अन्तर्यामी हैं। आप से क्या छुपा हुआ है? मैं चाहता हूँ कि आपकी कृपा से मेरे पास भी धन हो। अगर यह इच्छा पूरी हो गयी तो गाँव खाटू के रेलवे स्टेशन पर एक विशाल धर्मशाला बनवाऊँगा। मैं अन्य क्षेत्रों में भी धर्मशालाएं बनवाना चाहता हूँ। इनमें दूर-दूर से आने वाले आपके भक्त जनों, साधु-सन्तों तथा गरीब लोगों के विश्राम करने के लिए सुविधा करूँगा। बस मेरी यही इच्छा है गुरुदेव। मुझे विश्वास है कि आप मुझे निराश नहीं करेंगे।"
यह बात सुनकर श्री महाप्रभुजी मन्द-मन्द मुस्कराने लगे। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, "बालजी, अगर गुरु कृपा से तुझे यह मिल भी जाये तो क्या यह धर्म कार्य तुझसे हो जायेगा? मुझे सन्देह है क्योंकि तुम कंजूस हो। तुम्हारा मन भी छोटा है, जिस प्रकार बकरी के मुंह में तरबूज नहीं रह सकता है, ठीक उसी प्रकार तुम भी ऐसे धार्मिक कार्य को धन होने के पश्चात् भी तुम नहीं कर सकोगे।"
गुरुदेव के इन वचनों को सुनकर श्री बालजी हेड़ा ने हाथ जोड़कर विनम्र प्रार्थना की कि, "हे महाप्रभुजी! आप मुझ गरीब पर कृपा नहीं करना चाहते हो.... परन्तु मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ, परीक्षा के तौर पर ही सही आप एक बार धन देकर तो देखिए।" ऐसा कहते समय श्री बालजी हेड़ा की आँखों से अश्रुधारा बह रही थी।
तब श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा कि, "बालजी, मैं तुम्हें पिछले अनेक जन्मों से देख रहा हूँ। इस बात का तुम्हें पता नहीं है।" इस पर श्री बालजी हेड़ा ने कहा, "हे कृपानाथ गुरुदेव! अब आप एक बार पुन: देख लीजिये, फिर आपको पता लग जायेगा कि मैं आपका सच्चा भक्त हूँ या ढोंगी व कंजूस।"
बालजी हेड़ा के बार-बार आग्रह करने पर कृपासागर गुरुदेव महाप्रभुजी ने बालजी को एकान्त में ले जाकर बम्बई जाने की आज्ञा दी। गुरुदेव की आज्ञा पाकर बालजी हेड़ा बम्बई चले गये। वहाँ पर उन्होंने सट्टे के सौदे मात्र एक सप्ताह में तीस लाख रुपये कमा लिये। इससे कई लोगों में हलचल मच गयी। वहाँ के लोग सोचने लगे कि सट्टा खेलने वाला ऐसा भाग्यशाली पुरुष खिलाड़ी आज दिन तक बम्बई में कोई नहीं आया। इतना धन मिलने के पश्चात् बालजी हेड़ा लखपति सेठ बन गया। बहुत साधन व सामान लेकर वह अपने गाँव बड़ी खाटू लौटा। गाँव के लोगों ने उसका स्वागत किया। बालजी हेड़ा के घर बड़े-बड़े सेठों का आना-जाना प्रारम्भ हो गया। दौलत ने ऐसा रंग दिखाया कि बालजी की कुछ ही दिनों में खाटू में नहीं बल्कि आस-पास के गाँव में भी चर्चा होने लगी।
बालजी हेड़ा बम्बई से लौटते वक्त श्री महाप्रभुजी के लिए एक गर्म शॉल लेकर आये। यह शॉल कीमती था। बालजी ने यह शॉल श्री महाप्रभुजी के चरण कमलों में भेंट कर दी। श्री महाप्रभुजी ने उस भेंट को ग्रहण करने के पश्चात्, अपने पास ही बैठे एक गरीब को वह शॉल दे दी। दयालू स्वभाव के कारण आप अति कीमती वस्तुओं को भी निर्धनों, साधुओं को बाँट दिया करते थे। ऐसे अवसरों पर हम लोग श्रद्धा व प्रेमपूर्वक कई बार गुरुदेव के समक्ष यह सुझाव रख देते कि ऐसी मूल्यवान वस्तुओं को तो अपने पास ही रखना चाहिये।
हमारी इस बात को सुनकर गुरुदेव मुस्कराते हुए कहते कि, "कीमती वस्तुएं तो मेरे पास भेंट स्वरूप आती ही रहती है। मैं उनका संग्रह करके क्या करूंगा। ये गरीब लोग इन कीमती वस्तुओं का आनन्द कब लूटेंगे? अत: इनको भी आनन्द प्राप्त कराना उचित है। जिस प्रकार सरोवर अपने पानी को स्वयं न पीकर दूसरों को उनकी भलाई के लिए बांटता रहता है। जैसे वृक्ष अपने फल स्वयं नहीं खाता, ठीक वैसे ही महापुरुषों का जीवन भी परोपकार के लिए ही होता है।" श्री महाप्रभुजी अत्यन्त साधारण जीवन व्यतीत करते थे। वे सदैव खादी के वस्त्र धारण करते थे। अपने फटे हुए कपड़े को स्वयं अपने हाथों से ही टांका लगाते थे। गुरुदेव के इस व्यवहार पर भक्त गण कहते थे कि "हे गुरुदेव! आप नित्य ही मखमल की पोशाक धारण कर,गरीबों को दान करने में समर्थ हैं, फिर भी आप यह फटे कपड़ों पर टाँका लगाकर इन्हें पुन: धारण क्यों करते हैं? आपके पास कौन-सी कमी है?" तब महाप्रभुजी ने कहा, "मैं भारतीय हूँ। मुझे भारतीय वस्तुओं से प्यार है। मखमल के वस्त्र मात्र धारण कर लेने से कोई महान् नहीं बन सकता, महान् बनने के लिए महान् गुणों का होना जरूरी है।"
कुछ समय बाद सेठ बालजी ने बड़ी खाटू स्टेशन पर धर्मशाला बनवाने के उद्देश्य से दो सौ रुपये के पत्थर वहाँ डलवाये। उनकी नीयत में फर्क आ गया। उनके विचार अचानक ही बदल गये। वे सोचने लगे कि, "मैं अपने भाग्य पर धनवान हुआ हूँ। इसमें कोई महाप्रभुजी की कृपा नहीं है। अगर श्री महाप्रभुजी के आशीर्वाद देने से धनवान बनता हो तो फिर महाप्रभुजी अपने अन्य भक्तों को भी आशीर्वाद देकर लखपति क्यों नहीं बनाते हैं? मैं अपना धन व्यर्थ में नहीं गँवाऊंगा। धर्मशाला बनवाने में तो बहुत-सा धन खर्च हो जायेगा। इस विचार से बालजी हेड़ा ने धर्मशाला बनवाने का विचार रद्द कर दिया।"
सेठ बालजी हेड़ा के मन को तो श्री महाप्रभुजी जान चुके थे। तब महाप्रभुजी ने बालजी को अपने पास बुलाया और कहा, बालजी! मुझे ऐसा लग रहा है कि तुमने धर्मशालाएं बनवाने का कार्य रद्द कर दिया है। श्री महाप्रभुजी ने कहा कि, "जो व्यक्ति अपना वचन नहीं निभाता या झूठा वादा करके धन अर्जित कर लेता है, परन्तु फिर वायदे के अनुसार कार्य नहीं करता है उसका धन और धर्म सब कुछ चला जाता है। वह व्यक्ति दर-दर की ठोकरें खाने के लिए मजबूर हो जाता है। तू मानता है कि यह धन तुम्हारी किस्मत का है तो यह तुम्हारा भ्रम मात्र है, तुम इसे अब सम्भाल कर नहीं रख सकोगे।"
सेठ बालजी तो धन के मद में अन्धा हो गया था। श्री गुरुदेव की इस चेतावनी पर भी ध्यान नहीं दिया। कुछ ही दिनों बाद बालजी सट्टा सौदा करने के लिए जोधपुर गया। अपने आप को सट्टे का उस्ताद समझने वाला बालजी उस दिन तीस लाख रुपये हार गया। उन रुपयों को वापस प्राप्त करने के लालच में वह जुटा रहा, परन्तु प्रत्येक बार हार गया। हजारों रुपयों का कर्जा लेकर वह पुन: सौदा सट्टा करता रहा, कर्ज करता गया और बालजी हारता ही गया।
बालजी दर-दर का भिखारी हो गया। लखपती सेठ बालजी की ऐसी दुर्दशा देख लोग आश्चर्य करने लगे। ऐसे दुर्दिनों में बालजी को श्री महाप्रभुजी का स्मरण आया। उसने सोचा अगर मैं गुरुदेव के बताये रास्ते पर चलता तो आज मेरी यह हालत नहीं होती। मुझे अपने कर्मों का फल मिला है। धन के लालच में मेरी बुद्धि भ्रष्ट हो गयी थी। अब मुझ पर हजारों रुपयों का कर्जा हो गया है। ऐसा सोचता हुआ, रोता-चिल्लाता हुआ, अपने बालों को नोंचता हुआ पागल बना बालजी हेड़ा गुरुदेव श्री महाप्रभुजी के चरणों में उपस्थित हुआ। वह बार-बार उनके चरणों की रज में अपना सिर रगड़ने लगा।
उसकी यह अवस्था देखकर श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा, "बालू! तुझे धन पर बहुत घमण्ड था। धन तो लक्ष्मी है और लक्ष्मी चंचल होती है। यह तेरे वश की बात नहीं जो तू उसे रोके रखे। तू तो कहता था कि अपने भाग्य से लखपति बना है। अब तुम्हारा भाग्य कहाँ गया? तुम्हारी कमाई और किस्मत का धन अब कहाँ गया? तुमने मुझे कहा था कि एक बार परीक्षा के तौर पर ही मुझे धन देकर देखो। मैंने तुम्हें धन देकर तुम्हारी परीक्षा की, परन्तु तुम इस परीक्षा में असफल रहे। जो व्यक्ति अपने वचन का पालन नहीं करता उसकी यही हालत होती है।"
तब बालजी ने सोचा कि श्री महाप्रभुजी की शरण बिना मेरा उद्धार नहीं, फिर बालजी उसी आश्रम में तीन माह तक गुरुदेव के चरणों में रहा। पहले की भाँति ही आश्रम की सफाई का कार्य करता रहा। फिर गुरुदेव ने उससे कहा कि बालू, तुम अपने घर चले जाओ। वहाँ पर भी तुम्हें दो रोटी तो मिल ही जायेगी। परन्तु अब तुम धनवान नहीं बन पाओगे। आज्ञा पाकर बालजी अपने घर चला गया। किसी प्रकार से उसे रोटी तो मिल जाती, परन्तु धन प्राप्ति की इच्छा उसके मन में रह गयी। कुछ ही दिनों बाद बालजी अपने बीते हुए दिनों की याद करता हुआ बहुत पछताता हुआ चल बसा।