नागपुर शहर में एक अनाज व्यापारी रहता था। वह सूखे चने की फाँकी ले रहा था। अचानक ही एक चना उसकी नाक में चढ़ गया। उसने नाक से चना निकालने के लिए बहुत छींके लीं, परन्तु चना नाक से निकला नहीं। चना और भी ऊपर नाक में चढ़ गया। नाक के अन्दर और भी फूल गया तथा दर्द बढ़ता ही गया। ऐसी स्थिति में वह डॉक्टर के पास गया।
सम्पूर्ण स्थिति की जाँच करने के पश्चात् डॉक्टर ने उसे ऑपरेशन द्वारा निकलवाने का सुझाव दिया। ऑपरेशन का नाम सुनकर वह सेठ घबरा गया। उसने भय के मारे ऐसा करने से मना कर दिया। सेठ की इस दर्दनाक स्थिति को देखकर एक भक्त ने उसे श्रीमहाप्रभुजी के पास जाने का सुझाव दिया।
भक्त जन के सुझाव के अनुसार वह व्यापारी अपनी कार लेकर बड़ी खाटू श्री महाप्रभुजी के पास श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम में गया। सच है जब कोई प्राणी चारों ओर से निराश हो जाता है तो मात्र एक आशा के सहारे साधु-सन्त जनों के पास जाता है, तब श्री महाप्रभुजी ने उसे नागपुर एक ईसाई के यहाँ जाने की आज्ञा दी और कहा कि, "उस ईसाई के पास अनेक मुर्गे हैं और एक सफेद मुर्गी है, उसको देखते ही तुम्हारी बीमारी मिट जायेगी, अत: तुम शीघ्र ही नागपुर चले जाओ।"
उस ईसाई का पता लेकर वह व्यापारी नागपुर लौट गया। वहाँ जाकर उसने ईसाई के घर का पता लगाया। शीघ्र ही ईसाई के घर का पता लग गया। श्री महाप्रभुजी के आशीर्वाद से सब दु:ख दूर हो जाते हैं। अत: ज्योंही व्यापारी ने कथित मुर्गी को देखा, त्योंही उसको एक जोर से छींक आयी और उस छींक के साथ ही उसकी नाक से चना निकल कर उस मुर्गी के सामने जा गिरा। वह मुर्गी उस दाने को खा गयी। इस प्रकार उस व्यापारी की बीमारी मिट गयी। इसके पश्चात् वह व्यापारी शीघ्र ही श्री महाप्रभुजी के दरबार में पुन: उपस्थित हुआ। गुरुदेव ने उसे कहा, "दाने-दाने पर लिखा है खाने वाले का नाम। अत: वह दाना मुर्गी की किस्मत में ही खाना लिखा था। उसे भला तुम कैसे खा सकते थे।"
"कोई किसी का नहीं, सांच पकड़ भज साँई।"