राजस्थान के पाली जिले के एक गाँव बोलागूड़ा में उस समय ठाकुर श्री समरथ सिंह जी बड़े वीर एवम् साहसी योद्धा रहते थे। उनको शेर का शिकार करने का बहुत शौक था। आप जोधपुर में सर प्रताप सिंह जी के पास भी रहा करते थे। इन दोनों में घनिष्ट मित्रता थी।
कहा जाता है कि श्री समरथ सिंह जी का स्वभाव बहुत क्रूर था। गुस्से में आकर वे प्राय: लोगों को पीटते रहते थे। गाँव की जनता भयभीत थी। वे साधु, सन्त, धर्म, कीर्तन, मन्दिर दर्शन इत्यादि में विश्वास नहीं करते थे। उनके विचारों के अनुसार साधु-सन्तों को वे लुटेरे बताते थे। अत: वे हमेशा साधु-सन्तों का निरादर करते थे।
एक बार श्री महाप्रभुजी दीपनारायण भगवान् के छोटे भाई श्री हरिपुरी जी धर्म प्रचारार्थ भ्रमण करते हुए गाँव बोलागूड़ा पहुँचे। वहाँ के ठाकुर श्री राम सिंह जी बड़े सत्संगी तथा धर्मात्मा थे। उन्होंने श्री हरिपुरी जी महाराज का हार्दिक स्वागत किया तथा कुछ समय तक के लिए उन्होंने सत्संग हेतु वहाँ ठहरने का निवेदन किया।
ठाकुर साहब के निवेदन को मानते हुए हरिपुरीजी ने कहा, "मैं यहाँ पर सत्संग करने के लिए तैयार हूँ, परन्तु गाँव के बाहर ही सत्संग करूँगा। अत: आप गाँव के बाहर कहीं भी रहने के लिए छोटी-सी कुटिया बनवा दीजिये।"
श्री ठाकुर साहब ने गाँव के बाहर श्याम तालाब के पास कुटिया बनवा दी। श्री हरिपुरी जी महाराज इसमें रहने लगे। वहीं पर सत्संग भी होने लगा। कभी-कभी हरिपुरी जी महाराज ठाकुर साहब रामसिंह जी के पास गढ़ में भी चले जाते थे। एक दिन दोनों वहाँ बैठे सत्संग कर रहे थे, तभी अचानक समरथसिंह जी आये। उन दोनों को वहाँ बैठे देखकर वे क्रोधित होने लगे और कहा कि,"आप लोग यहाँ क्यों बैठे हैं। गढ़ में साधु का क्या काम? अगर भजन-कीर्तन ही करना है तो जंगल में जाकर क्यों नहीं करते? गाँव में जाकर लोगों को क्यों बहकाते हैं?"
ठाकुर साहब रामसिंह जी पहले से ही उनके स्वभाव को जानते थे। इसलिए वे खामोश रहे। महाराज हरिरामपुरी जी अपना अपमान सह नहीं सके, इसलिए वे उठकर अपनी कुटिया में आ गये। इस घटना के कुछ समय बाद श्री हरिरामपुरी जी बोलागूड़ा से श्री देवडूँगरी आश्रम खाटू पहुँचे। वहाँ पर उन्होंने श्री महाप्रभुजी से अपने अपमान की बात कही और कहा कि, "आप जैसे महान् शक्तिशाली प्रभुजी के होते हुए, आपकी छत्रछाया में रहने वाले हम जैसे साधुओं को जगह-जगह पर अपमान जनक बातें सुननी पड़ रही हैं और हमारे इस बाने (साधु वेश) की लाज आपके हाथ है।" इस पर श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराते हुए कहा, "साधुओं को मान, अपमान, प्रशंसा और निंदा की ओर ध्यान नहीं देना चाहिये। इसके अतिरिक्त यदि तुम चाहो तो मैं तुम्हारे अपमानकर्ता को तुम्हारा शिष्य बना दूं।"
श्री महाप्रभुजी के यह वचन सुनकर श्री हरिरामपुरी जी महाराज ने कहा, "वह अपराधी राक्षस के समान क्रूर है। वहाँ का प्रत्येक व्यक्ति उससे भयभीत है। मुझे ऐसा शिष्य नहीं चाहिये, आप ही क्यों नहीं बना लेते हो?" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा कि "अच्छा देखूंगा।"
कुछ ही दिनों बाद श्री महाप्रभुजी का चातुर्मास जोधपुर में आयोजित हुआ। इस अवसर पर हजारों स्त्री-पुरुष वहाँ पर श्री महाप्रभुजी के दर्शन करने आते थे। एक दिन जब समरथसिंह ने चातुर्मास का समाचार सुना तो वे भी वहाँ आये। उन्होंने वहाँ का दृश्य देखा तो स्तब्ध रह गये। वहाँ पर बहुत से लोग श्री महाप्रभुजी की आरती, मंगलाचरण तथा चरण कमल की पूजा व दण्डवत् प्रणाम आदि बड़ी श्रद्धा के साथ कर रहे थे। तब उनके मन में लगा कि "यह कौन महात्मा है? जो लोगों को बहका रहा है।"
कुछ समय तक मौन रहने के बाद समरथसिंह श्रीमहाप्रभुजी के पास आ गया। उस समय वहाँ सत्संग चल रहा था। श्री महाप्रभुजी ज्ञानामृत की वर्षा कर रहे थे। हजारों स्त्री-पुरुष उस ज्ञान गंगा में स्नान कर अपना जीवन सुधार रहे थे। ज्ञान वर्षा की बौछार जब समरथसिंह तक पहुँची तो वह वहाँ पर ठिठक गया और गुरुदेव के व्याख्यान को सुनने लगा। कुछ समय व्याख्यान सुनने के बाद जब उसे आनन्द आने लगा तो वह वहीं पर बैठ गया। अन्तर्यामी श्री महाप्रभुजी ने अपनी कृपा दृष्टि की एक झलक समरथसिंह पर डाली। जब समरथसिंह ने गुरुदेव की ओर देखा तो उसका हृदय परिवर्तन हो गया। जैसे कि सूर्य की पहली किरण उदय होते ही अंधेरा मिट जाता है, उसी प्रकार गुरुदेव की कृपा दृष्टि से ही समरथसिंह का अहंकार मिट गया। उसके हृदय पटल में उजियारे की किरण पहुँच चुकी थी। देखते ही देखते समरथसिंह की आँखें नम हो गयीं। वह गुरुदेव के चरणों में सिर झुकाकर रोते हुए क्षमा माँगने लगा, "गुरुदेव, आज आपकी कृपा दृष्टि ने मेरी आँखें खोल दीं। अभी तक मैं अंधियारे में भटक रहा था। आज से मैं आपकी चरणों की शरण में रहूँगा। मुझे अपना कर इस भवसागर से तार दीजिये प्रभु।" सत्संग में हजारों स्त्री-पुरुष इस दृश्य को देख रहे थे।
उस समय श्री महाप्रभुजी ने समरथसिंह से कहा कि "हम तो साधु लोग हैं, जनता को बहका रहे हैं, अत: आपका हमसे क्या नाता, अत: आप अपने घर चले जाओ।" गुरुदेव के इन व्यंग्य भरे शब्दों को सुनकर समरथसिंह पुन: निवेदन करने लगा, "वह अहंकार राक्षस तो आपकी प्रथम दृष्टि पड़ते ही जलकर भस्म हो गया। आपके ज्ञानामृत को सुनकर मेरे हृदय में श्रद्धा, आस्था तथा विश्वास ने जन्म लिया है। अब तो आपके चरण कमलों में रहने से ही मेरा जीवन सार्थक बन सकेगा। मुझे तीव्रतम वैराग्य हो गया है प्रभु। मुझे दीक्षा देकर कृतार्थ कीजिये। मैं अब संन्यास लेना चाहता हूँ।"
यह सुनकर श्री महाप्रभुजी कहने लगे, "आज तुम्हें यह क्या हो गया है समरथसिंह? तुम तो साधुओं को ठग मानते थे और आज तुम स्वयं साधु बनने के लिए लालायित हो।" तब समरथसिंह ने कहा, "यह सब आपकी कृपा का फल है। आप स्वयं इस बात को जानते हैं, तब भला मैं आपको क्या जवाब दे सकता हूँ ?"
समरथसिंह के वैराग्य को देखकर श्री महाप्रभुजी ने कहा, "पहले तुम अपनी धर्मपत्नी से तो पूछ लो। उसकी सहमति के बिना मैं तुम्हें दीक्षा नहीं दे सकता।"
इसके पश्चात् समरथसिंह जी घर चले गये। वहाँ पर उन्होंने अपनी अर्द्धांगिनी से कहा, "मैं संन्यास ले रहा हूँ और इसके लिए आपकी सहमति आवश्यक है। इसलिए मैं चाहता हूँ कि तुम मेरे गुरुदेव के पास चलो और अपनी सहमति प्रकट करो।"
उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सूरजकँवर सती स्वरूप पतिव्रता देवी थी। वह हाथ जोड़कर कहने लगी, "आज आप यह क्या कह रहे हैं? मुझे तो कुछ भी समझ में नहीं आ रहा है। आज आपको क्या हो गया है? आप तो साधुओं को घृणा व द्वेष की भावना से देखते थे और आज आप स्वयं साधु बनने के लिए तैयार हैं।"
इस पर समरथसिंह जी कहने लगे, "यह तो गुरुदेव की असीम कृपा का फल है। सच्चे गुरुदेव तो महापापी पुरुष का भी कल्याण कर देते हैं। तुम व्यर्थ में समय खराब मत करो। मुझे देर हो रही है। तुम शीघ्र ही तैयार होकर मेरे संग चलो।"
श्रीमती सूरजकँवर ने उनके साथ चलने में ही भलाई समझी। कुछ ही समय पश्चात् दोनों गुरुदेव के चरणों में उपस्थित हुए। श्रीमती सूरजकँवर ने गुरुदेव को प्रणाम करते हुए कहा, "हे महाप्रभुजी! यह आपने कैसी लीला रचायी है? मुझ नादान (अबला) से कैसी स्वीकृति चाहिये?" तब गुरुदेव ने कहा, "हे देवी! आज से समरथसिंह को हमें सौंप दो । यह अमृत ईश्वर का पुत्र होगा।"
गुरुदेव के इन वचनों को सुनकर श्रीमती सूरजकँवर ने अपनी सहमति प्रकट कर दी। वह कहने लगी कि, "हे महाप्रभुजी! स्त्री के लिए पति ही परमेश्वर होता है, अत: इनके दर्शन मुझे होते रहें तो अपना जीवन धन्य समझूंगी। यही मेरी आप से प्रार्थना है।" इस पर श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा कि "तुम्हारी इच्छा पूरी होगी। हे देवी! मैं तुम्हारे पति को संन्यास देकर तुम्हारे गाँव में ही रहने की आज्ञा दूँगा।"
इसके पश्चात् श्रीमती सूरजकँवर व समरथसिंह जी दोनों ही गुरुदेव को दण्डवत् प्रणाम् करने के बाद अपने घर चले गये।
श्री महाप्रभुजी ने भी जोधपुर में चातुर्मास पूरा करने के बाद अपने आश्रम बड़ी खाटू की ओर प्रस्थान कर दिया।